Tuesday, 1 September 2015

दिनांक 31 अगस्त 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
देवास शहर के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे- मुख्यमंत्री
शहर का होगा कायाकल्प, मुख्यमंत्री ने दी शहर को करोड़ों रूपए की सौगातें, शहर बनेगा स्मार्ट सिटी
स्व. श्री तुकोजीराव पवार की लगेगी आदमकद प्रतिमा
                 देवास, 31 अगस्त 2015/ देवास शहर के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। शहर का चहुंमुखी विकास किया जाएगा। देवास शहर को स्मार्ट सिटी बनाएंगे। शहर में स्वर्गीय श्री तुकोजीराव पवार की स्मृति में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज सोमवार को देवास में आयोजित विकास सम्मेलन में जन सभा को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देवास शहर के कायाकल्प के लिए 571.68 करोड़ रूपए लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों की सौगातें दी।  मुख्यमंत्री ने 173.24 करोड़ रूपए लागत के ग्रामीण विकास एवं अन्य विभागों के कार्यों का भूमि पूजन भी किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद श्री मनोहर ऊंटवाल, प्रदेश के स्कूल एवं शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी, स्व. श्री तुकोजीराव पवार की धर्मपत्नी श्रीमती गायत्री राजे पवार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत, विधायक श्री चंपालाल देवड़ा, श्री राजेंद्र वर्मा, श्री आशीष शर्मा, महापौर श्री सुभाष शर्मा, निगम सभापति श्री अंसार अहमद, संभागायुक्त डॉ. रवींद्र पस्तौर, आईजी वी.मधुकुमार, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, पुलिस अधीक्षक अभयसिंह, श्री बहादुर मुकाती, श्री दुर्गेश अग्रवाल मौजूद थे।

करोड़ों की घोषणाएं
        मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में देवास शहर के विकास के लिए करोड़ों रूपए की घोषणाएं की। उन्होंने शहर की सीवरेज व्यवस्था के लिए 270 करोड़ रूपए, पानी के निकास के लिए 155 करोड़ रूपए, औद्योगिक क्षेत्र में फायर बिग्रेड व्यवस्था के लिए 3 करोड़ रूपए, शहर में कचरा एकत्री करण एवं निपटान के लिए वाहन हेतु 2 करोड़ रूपए, शहर में पेयजल व्यवस्था के लिए अतिरिक्त रूप से 45 करोड़ रूपए, मेंढकी रोड रेलवे क्रासिंग पर ओवर ब्रिज निर्माण, एबी रोड पर सर्विस निर्माण के लिए 13.74 करोड़ रूपए, बालगढ़ सर्विस रोड निर्माण के लिए 8.77 करोड़ रूपए, एमआर-8 पर अतिरिक्त कार्यों के लिए 1 करोड़ रूपए देने की घोषणा की।
विजयागंज मंडी को टप्पा तहसील बनाने की घोषणा की
        मुख्यमंत्री ने विजयागंज मंडी को टप्पा तहसील बनाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवास को स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने शहर के नागरिकों से भी आग्रह किया है कि स्मार्ट सिटी बनाने में स्वच्‍छता, शत-प्रतिशत बच्चों का स्कूलों में प्रवेश, कचरा संग्रहण और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट जैसे मुद्दों पर सहयोग करते हुए स्मार्ट सिटी की दिशा में सहयोग करें।
शहर को देंगे भरपूर पानी
        मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब देवास बूंद-बूंद पानी के लिए तरसता था। शासन ने नर्मदा-शिप्रा लिंक योजना जैसे असंभव कार्य को साकार किया। इस योजना का लाभ सबसे पहले देवास शहर को मिला। देवास के नागरिकों को भरपूर पानी उपलब्ध कराया है। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री ने नर्मदा को शिप्रा, पार्वती, कालीसिंध, लोदरी एवं अन्य नदियों से जोड़ने की योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे मालवा हराभरा हो जाएगा।
किसान के दर्द को समझते हैं
        मुख्यमंत्री ने कहा कि हम किसान के दर्द को अच्छे से समझते हैं। किसानों के हित में राज्य शासन संवेदनशीलता से कार्य कर रहा है। फसल नुकसानी पर फसल बीमा योजना का सम्पूर्ण लाभ किसानों को दिलवाएंगे। इस संबंध में पूर्ण सर्वेक्षण करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती की दृष्टि से आज मप्र दुनिया का अव्वल राज्य है। किसान हितैषी योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान को पहले 18 प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिलता था। इसको राज्य शासन द्वारा कम करते हुए क्रमश: शून्य प्रतिशत पर ला दिया। अब इससे भी आगे बढ़ते हुए निर्णय लिया गया कि किसान यदि एक लाख रूपए का ऋण लेता है तो उसे अब सिर्फ 90 हजार रूपए ही वापस भरने पढ़ेंगे।
            मप्र के हर बांशिदे के पास अपना घर होगा
        मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन के संसाधनों पर पहला हक गरीब का होता है। राज्य शासन ने यह सुनिश्चित किया है कि मप्र में पैदा होने वाले हर बांशिदे के पास उसका अपना घर होगा। मप्र के हर व्यक्ति के लिए घर एवं प्लाट का इंतेजाम सरकार करने जा रही है।
              कॉलेज के विद्यार्थियों को देंगे स्मार्ट फोन  
        मुख्यमंत्री ने कहा कि मप्र के धरती पर बच्चों की शिक्षा का सम्पूर्ण इंतेजाम शासन द्वारा किया जा रहा है। अब आगे बढते हुए कॉलेज के प्रथम एवं द्वितवीय वर्ष के विद्यार्थियों को शासन स्मार्ट फोन देगा। कक्षा 12वीं में 85 प्रतिशत अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए जा रहे है। अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में मप्र के बेटे-बेटियों को सफलता दिलाने के लिए राज्य शासन हर स्तर पर मदद कर रहा है। इसके सार्थक परिणाम भी आए हैं, अब प्रदेश के बच्चें यूपीएससी, एआईपीएमटी आदि परीक्षाओं में टॉप कर रहे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन द्वारा सामान्य वर्ग के निर्धन बच्चों को भी स्कॉलर शिप देने का प्रावधान कर दिया  गया है। शहरों में पढ़ाई के लिए आने वाले कॉलेज विद्यार्थियों को आवास के लिए किराया भी शासन दे रहा है।
हमारे प्रदेश के बच्चें उद्योगपति बनकर रोजगार देंगे
        मुख्यमंत्री ने शासन की उद्योग फ्रेंडली नीति का जिक्र अपने उद्बोधन में करते हुए कहा कि उद्योग संवर्धन नीतियों से प्रदेश में बड़े-बड़े उद्योग स्थापित हो रहे है। शासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि हमारे प्रदेश के बच्चें उद्योगपति बने और अन्य व्यक्तियों को रोजगार दे। इसके लिए टेक्नोलाजी ट्रेनिंग, मार्केटिंग सहयोग और  आधार भूत पूंजी की व्यवस्था राज्य शासन कर रहा है। राज्य शासन द्वारा 10 लाख रूपए लेकर एक करोड़ रूपए की ऋण बैंकों से दिलवाया जाकर ऋण गारंटी शासन दे रहा है।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम
        मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की नीति सार्थक दिशा में जा रही है। नगरीय निकायों में महिला आरक्षण द्वारा अब बड़ी संख्या में महिलाएं चुनकर आ रही है। अब पुलिस विभाग में भी 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे जाएंगे। राज्य शासन ने महिलाओं के स्वास्थ्य जांच परीक्षण की योजना बनाई है। मां-बहनों को गंभीर बीमारी होने पर उपचार का खर्च शासन वहन करेगा। भले ही उपचार के लिए मुंबई, दिल्ली या फिर अन्यंत्र जाने पड़े।
रूंधे गले से भावुक होकर याद किया स्व. तुकोजीराव पवार को
        मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन के प्रारंभ में देवास के स्व. विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री तुकोजीराव पवार को रूंधे गले व भावुक होकर याद करते हुए कहा कि मैंने अपने अभिन्न साथी को खो दिया है। साथ मिलकर जनहित में स्व. श्री पवार के साथ बहुतेरे कार्य किए हैं। देवास उनके दिल में बसता था। उनके विकास के सपनों को साकार करने में हम कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।
महापौर ने दी विकास कार्यों की जानकारी
        कार्यक्रम के प्रारंभ में देवास महापौर श्री सुभाष शर्मा ने अपने उद्बोधन में देवास शहर में किए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अभी शहर एक दिन छोड़कर पानी दे रहे हैं। आगामी दिनों  से शहर को प्रतिदिन पानी दिया जाएगा।
173 करोड़ रूपए से अधिक राशि के विकास कार्यों का भूमिपूजन
        मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 173.24 करोड़ रूपए लागत के ग्रामीण विकास एवं अन्य विभागों के कार्यों का भूमि पूजन भी किया। इनमें 14 करोड़ 53 लाख रूपए लागत के 27 ग्रामीण विकास कार्य लोक निर्माण विभाग के 58 करोड़ 65 लाख रूपए लागत का एक कार्य विद्युत वितरण कंपनी के 34 करोड़ रूपए लागत के तीन कार्य सम्मिलित हैं।
-------------------------------
मुख्यमंत्री दे गए देवास को करोड़ों रूपए की सौगात
         देवास 31 अगस्त 2015/ मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान देवास शहर के भ्रमण के दौरान करोड़ों की सौगात दे गए हैं। इसमें प्रमुख शहर की जलावर्धन योजना भी है। इस योजनान्तर्गत शहर में सुगमता से जलप्रदाय किये जाने के लिए शहर के शेष भागों में लगभग 40 कि.मी. जलप्रदाय पाईप लाईन, इन्टेक वेल से जलशोधन संयंत्र तक एवं जलशोधन संयंत्र से देवास शहर तक 600 एम.एम. की 13 कि.मी. पाईप लाईन लगाई जाएगी। दो उच्च स्तरीय टंकियों का निर्माण एवं जल शोधन संयंत्र का निर्माण कार्य किया जावेगा। योजना की लागत 40 करोड़ हैं।
नगर निगम का नवीन प्रशासकीय भवन बनेगा
        शहर के नागरिकों एवं निगम के परिषद सदस्यों तथा अधिकारियों/ कर्मचारियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए नवीन प्रशासकीय भवन का निर्माण होगा, जिसकी लागत 1200 लाख रूपए हैं। उक्त योजना में बेसमेंट में कवर्ड पार्किंग, जो कि 130 दो पहियों तथा 45 कार पार्किंग की सुविधा प्रदान की जाएगी।
         भू-तल पर शहरों के नागरिकों की सुविधा हेतु इनर्फोरमेषन सेंटर, कन्ट्रोल रूम तथा सामाजिक सुरक्षा, खाद्य आपूर्ति, बिल्डिंग अनुमति, सम्पत्ति कर, आम जनता से संबंधित विभाग होगें।
        प्रथम तल पर महापौर कक्ष, आयुक्त कक्ष, मिटिंग हॉल तथा संबंधित विभिन्न विभाग के कक्ष होगें। सर्वसुविधायुक्त विधानसभा जैसा परिषद सदन, एम.आई.सी. सदस्यों एवं पार्षदों के लिए कक्ष, बैठक कक्ष, अधिकारियों हेतु कक्ष आदि रहेंगे। भवन ग्रीन बिल्डिंग के रूप में बनाया जाएगा। दिन में प्राकृतिक रोशनी भवन में रहेगी सोलर लाइटिंग आदि की व्यवस्था रहेगी।
सीवरेज योजना से शहर बनेगा स्वच्छ
         देवास शहर की स्वच्छता को दृष्टिगत रखते हुए सीवरेज योजना लागत 14000 लाख रूपए तैयार की गई हैं। जिसमें 239 कि.मी. सीवर लाईन डाली जावेगी। घरों से मेन सीवर लाईन को जोड़ने वाली लाईन लगभग 265 कि.मी. डाली जाएगी। शहर के 03 क्षेत्रों में एक-एक ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाएगा तथा इस योजना के पूर्ण होने के पश्चात 10 वर्षों तक संचालन एवं संधारण का कार्य भी योजना में सम्मिलित किया गया हैं।
मां चामुण्डा पर्वत परिक्रमा पथ का हुआ लोकार्पण
         माँ चामुण्डा टेकरी पर पधारे दर्शनार्थियों की सुविधा एवं पर्यटन तथा सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने हेतु शंख द्वार से सीढ़ी मार्ग तक 700.00 मीटर के परिक्रमा पथ का निर्माण किया गया हैं। योजनान्तर्गत पाथ-वे, झरने, लेण्डस्केपिंग, स्ट्रीट लाईट, ब्रिज के निर्माण से सुसज्जित किया गया हैं। यह कार्य राशि रू. 23.46 लाख की लागत से किया गया हैं। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण करते हुए जिला प्रशासन को इस कार्य के लिए बधाई दी।
----------------------------
लोक निर्माण मंत्री श्री सरताजसिंह आज देवास में
       देवास 31 अगस्त 2015/ प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री सरताज सिंह मंगलवार एक सितंबर को देवास आएंगे। निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम अनुसार मंत्री श्री सरताज सिंह 1 सितंबर को दोपहर 1.00 बजे इंदौर से सड़क मार्ग द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 1.45 बजे देवास पहुंचेंगे तथा देवास में श्री गुरूसिंघ सभा द्वारा आयोजित प्रकाश पर्व पर नई पालकी साहिब की स्थापना के कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री सिंह दोपहर 3.30 बजे देवास से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
---------------------------------    
मुख्यमंत्री ने मां चामुंडा पर्वत परिक्रमा पथ का लोकार्पण किया
         देवास, 31 अगस्त 2015/ अपने देवास भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज सोमवार को स्थानीय मां चामुंडा टेकरी परिसर में निर्मित किए गए मां चामुंडा पर्वत परिक्रमा पथ का लोकार्पण किया। कुल 94.60 लाख रूपए लागत से निर्मित इस परिक्रमा पथ में जिला प्रशासन द्वारा 23.46 लाख रूपए लागत से शंख द्वार से सीढ़ी मार्ग निर्माण, 24.86 लाख रूपए लागत से सीढ़ी मार्ग से शीलनाथ धूनी संस्थान मार्ग, 24.75 लाख रूपए लागत से शीलनाथ धूनी संस्थान मार्ग शंखद्वार तक एवं 21.53 लाख रूपए लागत से परिक्रमा पथ पर जलप्रदाय एवं ड्रीप सिस्टम से सिंचाई के लिए पाइप लाइन कार्य निमार्ण कराया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पौधारोपण भी किया। मुख्यमंत्री ने टेकरी पर किए गए कार्यों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
         मुख्यमंत्री ने देवास जिला चिकित्सालय में नव निर्मित ट्रामा सेंटर का लोकार्पण किया। बस स्टैंड स्थित सिख गुरूद्वारे में पहुंच कर श्रद्धाभाव से मत्था टेका तथा वेबसाइट का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने नगर पालिका निगम देवास में आयोजित कार्यक्रम में 66 करोड़ रूपए लागत के कार्यों का भूमि पूजन भी किया। इन कार्यों में 40 करोड़ रूपए लागत की देवास शहर की जलप्रदाय योजना द्वितीय चरण, 14 करोड़ रूपए लागत की सीवरेज योजना और 12 करोड़ रूपए लागत से नगर पालिका निगम देवास के कार्यालय भवन का भूमि पूजन सम्मिलित है। मुख्यमंत्री अपने देवास आगमन पर पूर्व देवास विधायक एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री स्व. श्री तुकोजीराव पवार के निवास पर पहुंचे।
-------------------------
जिले में 1039.90 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
         देवास, 31 अगस्त 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 1039.90 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1368, खातेगांव में 1203, उदयनगर में 1119.20, कन्नौद में 1066, देवास में 1034, टोंकखुर्द में 932, बागली में 829 तथा सतवास में 768 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
              
               24 घंटे में 2.63 मिमी वर्षा दर्ज की गई
    पिछले 24 घंटों में 2.63 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें खातेगांव में 21, कन्नौद में, सतवास में, बागली में, उदयनगर में, सोनकच्छ में, देवास में एवं टोंकखुर्द में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को 15.50 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
    गत वर्ष 31 अगस्त को जिले में 15.50 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें बागली में 65, उदयनगर में 22, कन्नौद में 21, देवास में 9, सतवास में 5, खातेगांव एवं टोंकखुर्द में 1-1, सोनकच्छ में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 415.78 मिमी औसत वर्षा
        अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 415.78 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें उदयनगर में 496.20, सोनकच्छ में 433, टोंकखुर्द में 420, खातेगांव में 418,  देवास में 417, बागली में 410, कन्नौद में 402, सतवास में 330 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
---------------------------------

दो हजार स्कूल में शुरू होगी आईसीटी योजना

देवास‍ जिले में भी एक सितंबर से होगा प्रारंभ
              देवास, 31 अगस्त 2015/ मध्यप्रदेश के 2000 शासकीय स्कूल में आई.सी.टी. (इन्फॉरमेशन कम्युनिकेशन टेक्नालॉजी) स्कूल योजना शुरू की जा रही है। योजना लागू करने कम्प्यूटर आदि सामग्री की उपलब्धता स्कूलों के लिये की जा रही है। योजना के लिये शिक्षकों का प्रशिक्षण मैप-आई.टी. द्वारा एक सितम्बर से शुरू होगा। पहले चरण में मैप-आई.टी. के 15 केन्द्र में प्रशिक्षण होगा। यह केन्द्र 15 जिलों में स्थित है। इनमें भोपाल, देवास, गुना, ग्वालियर, इंदौर, खण्डवा, मुरैना, रीवा, सागर, होशंगाबाद, जबलपुर, मंदसौर, सिवनी, शहडोल ओर छतरपुर शामिल हैं।
       राज्य शासन ने इन जिलों से डीईओ और डीपीसी को शिक्षकों को निर्धारित स्थल पर प्रशिक्षण के लिये भेजने को कहा है। प्रशिक्षण 10 दिवसीय रहेगा। प्रशिक्षण में भोपाल जिले के 23, मंदसौर एवं छतरपुर के 30-30, देवास के 28, गुना, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा के 24-24, सिवनी, शहडोल, एवं इंदौर के 25-25, होशंगाबाद, खण्डवा, मुरैना और सागर के 20-20 शिक्षक भाग लेंगे। भोपाल में प्रशिक्षण कोलार रोड स्थित क्षेत्रीय क्षमता संवर्धन केन्द्र में होगा। छतरपुर का प्रशिक्षण 24 सितम्बर से, होशंगाबाद, जबलपुर, मंदसौर का 14 सितम्बर, सिवनी का 15 सितम्बर, शहडोल का 16 सितम्बर तथा शेष जिलों का प्रशिक्षण एक सितम्बर से आरंभ होगा।

---------------------------





No comments:

Post a Comment