Thursday, 30 April 2015

दिनांक 30 अप्रैल 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
सरकार बनाएगी किसान हितैषी फसल बीमा योजना
--------------
किसानों का एक-एक दाना गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा
--------------
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कमलापुर में समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया
    देवास 30 अप्रैल 2015/ वर्तमान फसल बीमा येाजना बीमा कपंनियों को लाभ पहुंचाने वाली है, किसानों को नहीं। मप्र सरकार ऐसी फसल बीमा योजना बनाएगी, जिससे किसानों को किसी भी प्रतिकूल परीस्थिति में उनके गुजर-बसर के लिए पर्याप्त राशि मिल सके। इसके लिए सरकार बीमा कंपनियों से बात कर रही है। यदि कोई बीमा कंपनी राजी नहीं होती है, तो भी प्रदेश सरकार एक किसान कल्याण प्रकोष्ठ बनाएगी जो किसानों को आपदा की स्थिति में पर्याप्त राशि उपलब्ध कराएगा। किसानों को प्राकृतिक आपदा यथा ओला-पाला से फसलों के नष्ट होने, अन्य किसी कारण से उत्पादन गिरने एवं अप्रत्याशित रूप से भाव गिरने, इन तीनों स्थितियों में सरकार पर्याप्त सहायता उपलब्ध कराएगी। बीमा कंपनियों द्वारा राशि नहीं दिए जाने पर मप्र सरकार द्वारा स्वयं गत दिनों किसानों को हुए नुकसान के लिए 2187 करोड़ राशि उपलब्ध कराई गई है।
    प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज गुरूवार को देवास जिले के ग्राम कमलापुर में स्थित समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान किसानों से ये बात कही। उन्होंने वहां समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने आए किसानों से बातचीत की तथा सम्पूर्ण खरीदी प्रक्रिया को देखा।
एक-एक दाना गेहूं खरीदा जाएगा
    मुख्यमंत्री ने किसानों कहा कि उनका एक-एक दाना गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार से भी बातचीत कर ली है, कि किसानों का चमकहीन तथा पतला पड़ा गेहूं भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। उन्होंने किसानों से कहा कि वे अपना गेहूं साफ कर खरीदी केंद्र पर लाएं। उन्होंने बताया पूरे प्रदेश में अभी तक 44 लाख 40 हजार एम.टी. एवं देवास जिले में 1 लाख 40 हजार एम.टी. गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जा चुका है।
उसी दिन तुल रहा है किसानों गेहूं
    मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरे प्रदेश में ऐसी व्यवस्था की गई है कि किसानों का गेहूं, वे जिस दिन खरीदी केंद्र पर लाएं उसी दिन वह बिक जाए। देवास में जिले में खरीदी कार्य अच्छा चल रहा है। किसी भी किसान को खरीदी केंद्र में रात में नहीं रूकना पड़ रहा है। उन्हें 7 दिन में भुगतान कि सुविधा दी गई है।
बोनस से बेतहर व्यवस्था होगी
    मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष शासन द्वारा गेहूं खरीदी पर बोनस नहीं दिया गया है, परंतु सरकार बोनस से बेहतर व्यवस्था करने जा रही है। उन्होंने बताया कि कि किसानों को खाद, बीज के ऋण के रूप में दी गई राशि में से कुछ राशि सरकार किसानों को देने पर विचार कर रही है। योजना को अंतिम रूप शीघ्र दिया जाएगा।
अपना-अपना खाद ले लें किसान
    मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि इस वर्ष सरकार द्वारा किसानों की आवश्यकता के अनुसार खादों का भंडारण करा लिया गया है। किसान अपनी आवश्यकता अनुसार खाद का उठाव अभी से समितियों से कर ले, जिससे उन्हें बाद में परेशानी न पड़े। उन्होंने बताया कि इसके‍ लिए किसानों को तीन माह का ब्याज नहीं देना पड़ेगा।
बद्रीलाल, जगन्नाथ तथा सवाई सिंह से की बातचीत
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र पर गेहूं बेचने आए किसानों बद्रीलाल दोलाई ग्राम कांजर, जगन्नाथ सिंह ग्राम कवड़िया तथा सवाई सिंह ग्राम ग्यारसपुरा आदि से बातचीत की तथा पूछा कि उन्हें कोई दिक्कत तो नहीं आ रही है। किसानों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका गेहूं आसानी से खरीदी केंद्र पर खरीदा जा रहा है तथा उन्हें कोई परेशानी नहीं आ रही है।
25 हजार क्विंटल गेहूं खरीदा
    मुख्यमंत्री को बताया गया कि समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र कमलापुर द्वारा 18 मार्च से आज दिनांक तक 25 हजार 752 क्विंटल गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी की गई है। अभी तक कुल 464 किसानों द्वारा इस केंद्र पर समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय किया गया है। इसकी 3 करोड़ 73 लाख रूपए की राशि किसानों के खातें में अंतरित की जा चुकी है। खरीदी केंद्र पर जो चमकहीन एवं पतला गेहूं खरीदी जा रहा है, उसके बोरे पर लाल रंग से 'Z' का निशान बनाया जा रहा है।
बैंक मैनेजर को हटाया
    कुछ किसानों द्वारा शिकायत की गई थी कि बैंक ऑफ इंडिया का शाखा कमलापुर का प्रबंधक किसानों के खाते में समर्थन मूल्य पर गेहूं बिक्री राशि नहीं डाल रहा है। उसका व्यवहार भी किसानों के साथ बहुत खराब है। इस पर बैंक मैनेजर हिमांशु जैन को तुरंत हटाए जाने के निर्देश दिए गए।
जनता का अभिवादन स्वीकारा
    मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा हैलीकॉप्टर से उतरने के बाद वहां उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति का हाथ मिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने ग्रामीणजनों से बातचीत की, उनकी समस्याओं को सुना एवं समस्याओं के निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए दिए।
ये थे उपस्थित
    मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी, बागली विधायक श्री चंपालाल देवड़ा, जनपद पंचायत बागली अध्यक्ष श्रीमती निर्मला कंठाली, श्री बहादुर मुकाती, कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सिंह, एसडीएम बागली श्रीमती वर्षा भूरिया, संयुक्त कलेक्टर श्री एएन अरोरा, अतिरिकत्‍ पुलिस अधीक्षक  श्री राजेश रघुवंशी आदि उपस्थित थे ।
क्रमांक 146/146/30-04-2015                 (फोटो-संलग्न)

                जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
19 मई से देवास में होगी 8 जिलों के लिए सेना भर्ती रैली
      देवास 30 अप्रैल 2015/ सेना भर्ती कार्यालय महू द्वारा प्रदेश के आठ जिलों देवास, बड़वानी, बुरहानपुर, अलीजराजपुर धार, मंदसौर, नीमच एवं खंडवा के नौजवानों के लिए सेना की भर्ती रैली इस बार देवास में आयोजित की जाएगी। यह 4 दिन की लंबी भर्ती रैली देवास में 19 मई से 22 मई तक कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम देवास में आयोजित होगी। भर्ती रैली का समय प्रात: 4 बजे से 6 रखा गया है।
       जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि 19 मई को देवास जिले के बेरोजगार आवेदकों की भर्ती का आयोजन रखा गया है। मंदसौर एवं अलीराजपुर जिले के आवेदक 20 मई को, नीमच तथा बुरहानपुर के आवेदक 21 मई को तथा खंडवा, धार, बड़वानी जिलों के आवेदक 22 मई को सेना भर्ती रैली में शामिल होंगे। सेना भर्ती रैली के संबंध में अधिक जानकारी के लिए भर्ती कार्यालय महू के दूरभाष नंबर 07324-271032 तथा जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 07272-222296 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
क्रमांक 147/147/30-04-2015                

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
6 से 14 वर्ष के हर बच्चे का हो स्कूल में दाखिला
कलेक्टर ने दिए शिक्षा विभाग को निर्देश
    देवास 30 अप्रैल 2015/ जिले के प्रत्येक 6 से 14 वर्ष तक की आयु के बच्चे का स्कूलों में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही  कक्षा 6, 9 एवं 11वीं में प्रवेश योग्य बच्चों की सूची तैयार कराए जाकर उनका इन कक्षाओं में प्रवेश कराया जाए। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने ये निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को दिए हैं।
    कलेक्टर ने कहा है कि प्रदेश में नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 प्रदेश में लागू है, अत: इस अधिनियम के प्रावधानों के तहत 6 से 14 वर्ष तक के समस्त बच्चों का नामांकन उनकी उपस्थिति तथा उनकी प्रारंभिक शिक्षा की पूर्णता को सुनिश्चित करने का दायित्व शासन का है। इस वर्ष स्कूल चलें अभियान चार चरणों में संचालित किया जाना है। इसके प्रथम चरण में 1 जून तक ग्राम/वार्ड शिक्षा पंजी को अद्यतन किया जाना है। यह कार्य 5 मई 2015 तक पूर्ण कर लिया जाए।
    कक्षा 6 में प्रवेश योग्य बच्चों की सूची तैयार करने के लिए प्रत्येक मिडिल स्कूल के शिक्षकों को उस मिडिल स्कूल की पोषक शालाओं के लिए शाला प्रभारी बनाया गया है। ये शाला प्रभारी 5वीं कक्षा की पढ़ाई पूरी करने वाले बच्चों की सूची 5 मई 2015 तक तैयार करें। वे पालकों से सम्पर्क कर प्रवेश की जानकारी दें।
    कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि कक्षा 8वीं पास करने वाले समस्त बच्चों को कक्षा 9वीं में दर्ज कराया जाए। प्रत्येक माध्यमिक शाला के प्रधान अध्यापक का यह दायित्व होगा कि वह कक्षा 8वीं पास करने वाले विद्यार्थियों की सूची निकटस्थ हाई अथवा हायर सेकेंडरी स्कूल को उपलब्ध करा दे। पालकों से सम्पर्क  के समय उन्हें बच्चों को निकटस्थ हाई स्कूल में दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
    प्रत्येक हाई स्कूल के प्राचार्य का यह दायित्व होगा कि वह कक्षा 10वीं पास करने वाले विद्यार्थियों की सूची निकटस्थ हायर सेकेंडरी स्कूल को उपलब्ध करा दे। वह 5 मई 2015 तक पालकों से सम्पर्क के समय उन्हें बच्चों को निकटस्थ हायर सेकेंडरी स्कूल में दर्ज कराने के लिए प्रेरित करे।
क्रमांक 148/148/30-04-2015
   

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
शीलनाथ धूनी संस्थान ट्रस्ट भंग
एसडीएम द्वारा कब्जा प्राप्त करने व रिकॉर्ड जप्त करने के निर्देश
    देवास 30 अप्रैल 2015/ अनुविभागीय अधिकारी तथा रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट देवास द्वारा श्री सदगुरू योगेंद्र शीलनाथ धूनी संस्थान पब्लिक ट्रस्ट देवास को पब्लिक ट्रस्ट विधान के विपरीत पंजीबद्ध होने, वैध न्यासियों के न होने तथा संपत्ति का संधारण विधि अनुकूल न होने के कारण भंग कर दिया गया है। साथ ही ट्रस्ट की संपत्तियों की व्यवस्था शासकीय देवस्थान प्रबंधन समिति के द्वारा कलेक्टर देवास की अध्यक्षता में किए जाने के आदेश दिए गए हैं। 
    अनुविभागीय अधिकारी द्वारा यह आदेश मप्र पब्लिक ट्रस्ट एक्ट 1951 की धारा 36 (1) के अंतर्गत्‍ जारी किए गए हैं। साथ ही तहसीलदार देवास को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस ट्रस्ट की चल-अचल संपत्ति का कब्जा शासन पक्ष में प्राप्त कर लें तथा रिकॉर्ड को जप्त कर आय-व्यय पत्रों की जांच कर शासन को हुए हर्जाने का प्रतिवेदन तैयार करें। जांच के दौरान ट्रस्टियों द्वारा सम्पित्त का किसी भी प्रकार दुरूपयोग करने पर उनसे बकाया लगान के रूप में राशि वसूल की जाए। वहां आवश्यक कर्मचारी एवं पुजारी नियुक्त कर संपत्ति की देखरेख की जाए, जिससे धूनी संस्थान के भक्तों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
यह है मामला
    श्री सदगुरू योगेंद्र शीलनाथ धूनी संस्थान पब्लिक ट्रस्ट देवास का पंजीयन रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट द्वारा ट्रस्ट विधान 1951 धारा 4 के अंतर्गत क्रमांक 87/1975-76 दिनांक 26 अप्रैल 1976 को धार्मिक एवं पारमार्थिक प्रयोजन के लिए किया गया था। इस संबंध में संस्थान द्वारा, तत्कालीन देवास जूनियर शासक श्रीमंत यशवंतराव भाऊ साहेब पवार द्वारा 2 सितंबर 1974 को निर्मित डीड, प्रस्तुत की गई, जिसमें संपत्ति का विवरण, ट्रस्ट के उद्देश्य एवं ट्रस्टियों के नाम दिए गए।
ट्रस्ट में कोई मूल ट्रस्टी नहीं
    ट्रस्ट का जब गठन किया गया था तब उसमें महाराज यशवंतराव पवार को अध्यक्ष बनाया गया था तथा मुकुट राव आनंदराव पवार, श्री कंचनसिंह पटेल, श्री शरदचंद रामचंद्र राव जाधव एडवोकेट तथा श्री आरएम काशीकर एडवोकेट को ट्रस्टी बनाया गया था। ट्रस्ट की जांच करने पर पाया गया कि वर्तमान में ट्रस्ट में डीड में उल्लेखित ट्रस्टियों में से कोई भी ट्रस्टी उपलब्ध नहीं है। ट्रस्ट का संचालन मनमाने ढंग से धोखाधड़ी पूर्वक ऐसे व्यक्तियों द्वारा किया जा रहा है जो ट्रस्टी मान्य नहीं हैं। यह संपत्ति निजी न होकर रियासत देवास की है, जो शासन के अधीन है।
ट्रस्ट का ग्ठन नियम विपरीत
    प्रकरण में अनुविभागीय‍ अधिकारी देवास द्वारा पाया गया कि श्री सदगुरू योगेंद्र शीलनाथ धूनी संस्थान पब्लिक ट्रस्ट देवास का गठन तत्कालीन समय में मप्र लोक न्यास विधान की धारा 36 (1) के विपरीत हुआ। इस संस्थान की सम्पूर्ण सम्पत्ति शासन की संपत्ति है, जिसे शासनाध्यक्ष तत्कालीन देवास जूनियर के महाराज मलहार राव ने संस्थान को संचालन के लिए दिया गया था। अत: यह सम्पूर्ण संपत्ति शासन की ही मानी जाएगी।
क्रमांक 149/149/30-04-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
उद्योगों में अधिक से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार दिलायें

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जॉन डियर कंपनी के संचालक एवं अन्य निवेशकों से मुलाकात की

   देवास 30 अप्रैल 2015/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में नये उद्योगों में अधिक से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाया जाये। नये उद्योग स्थानीय लोगों से बेहतर संवाद बनायें। मुख्यमंत्री श्री चौहान गत दिवस भोपाल में निवेशकों से मुलाकात के नियमित क्रम में चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान से जॉन डियर कम्पनी के प्रबंध संचालक श्री सतीश नादिगर और रियो टिंटो डायमंड एण्‍ड मिनरल के चीफ एक्जीक्यूटिव श्री एलेन डेविस ने मुलाकात की। इस दौरान वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा तथा मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री एस.के. मिश्रा भी उपस्थित थे।
   मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में निवेशक मित्र नीति लागू की गयी है। प्रदेश में उद्योगों के लिये सिंगल डोर पालिसी लागू है। उद्योगों में स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने से उनकी आय बढ़ेगी तथा क्षेत्र का विकास होगा। उद्योग अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को निभायें। स्थानीय लोगों को प्रशिक्षण देकर रोजगार दिलाया जाये। बताया गया कि जॉन डियर कंपनी ने हाल ही में प्रदेश से निर्यात शुरू किया है। कंपनी द्वारा देवास में बनाये गये ट्रेक्टर मेक्सिको निर्यात किये गये हैं। रियो टिंटो कंपनी द्वारा भी अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग को बढा़या जा रहा है।
क्रमांक 150/150/30-04-2015


दिनांक -30 अप्रैल 2015

                                                       जिला जनसम्पर्क कार्यालय देवास

फोटो-   मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने देवास जिले के ग्राम कमलापुर के समर्थन मूल्य केंद्र का किया निरीक्षण।


         -- किसानों से की बातचीत।
        -- सम्पूर्ण केंद्र का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश।











Wednesday, 29 April 2015

दिनांक 29 अप्रैल 2015
                                 जिला जनसम्पर्क कार्यालय देवास


जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
विधि-विधान से हुआ 23 जोड़ों का विवाह
   मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत इटावा में हुआ आयोजन
    देवास 29 अप्रैल 2015/ ''सभी दूल्हे मंगलसूत्र पर हल्दी, कुमकुम लगाएं और मंगलसूत्र को वधू के गले में पहना दें। अब वे हाथ में सिक्का लें, उसमें सिंदूर भरें और वधू की मांग में सिंदूर भर दें। यह प्रक्रिया तीन बार करें। अब वर-वधू स्थान बदलें। वर के बाईं और वधू आ जाए।''
    विवाह के मंत्रों के साथ पंडित विवाह पांडाल में माइक से ये घोषणा कर रहे थे और 23 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हो रहा था। यह दृश्य था आज बुधवार को इटावा में जनपद पंचायत देवास द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह सम्मिलन का। इसका आयोजन शासन की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत किया गया।
विवाह सामग्री, एफडी व राशि मिली
    आयोजन के अंतर्गत प्रत्येक वधू को शासन की ओर से 5 हजार रूपए की विवाह सामग्री, 10 हजार रूपए की एफडी, 7 हजार रूपए की बैंक खाते में नगद राशि प्रदान की गई। विवाह सामग्री में मंगलसूत्र, पायजेब, बिछुड़ी, 4 थाली, 6 ग्लास, 1 परात, 2 चम्मच, 1 गगरा तथा 2 तपेली प्रदान किए गए।
1 जोड़े के साथ 50 बराती
    विवाह आयोजन में प्रत्येक जोड़े के साथ 50-50 बराती शामिल हुए। सभी बरातियों के लिए आयोजकों की ओर से नि:शुल्क भोजन आदि का इंतजाम किया गया। योजना अंतर्गत प्रत्येक जोड़े के विवाह आयोजन के उद्देश्य से आयोजक को 3 हजार रूपए की राशि प्रदान की जाती है।


''मुख्यमंत्री ने किया हमारा कन्यादान''
    सामूहिक विवाह आयोजन में सम्मिलित अर्चना, पूजा आदि कन्याएं बताती हैं कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना चालू कर हमारे विवाह की जिम्मेवारी पूरी की है। योजना के माध्यम से वस्तुत: मुख्यमंत्री ने ही हमारा कन्यादान किया है। गुर्जर बापच्या देवास निवासी अर्चना अग्रवाल का विवाह शांति नगर अमोना देवास निवासी रामगोपाल अग्रवाल के साथ तथा ग्राम पितावली निवासी पूजा चंदरसिंह का विवाह पलासिया-डकाचिया निवासी शेखर गेंदालाल के साथ हुआ है।
ये थे उपस्थित
    सामूहिक विवाह आयोजन में 23 वर-वधू, उनके परिजनों के अलावा जनपद उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र सिंह, शेर सिंह चौहान, श्री दिनेश दसोधी, एसडीएम श्री धीरज श्रीवास्तव, सीईओ जनपद देवास श्री विनोद कुमार चौहान, तहसीलदार श्री एल के खरे आदि उपस्थित थे।
राधवगढ़ में 13 जोड़ों का विवाह
    देवास जनपद के अंतर्गत ही आज बुधवार को ग्राम राधवगढ़ में 13 जोड़ों का सामूहिक विवाह मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत सम्पन्न हुआ। इसके पूर्व 20 जोड़ों का विवाह इस वर्ष देवास जनपद पंचायत के अंतर्गत हो चुका है।
3 मई को खेताखेड़ी एवं गोग्या में आयोजन
    जनपद पंचायत सीईओ श्री चौहान ने बताया कि योजना अंतर्गत आगामी 3 मई को देवास जनपद के ग्राम खेताखेड़ी पंचायत बरखेड़ा-कोतापाई तथा ग्राम गोग्या पंचायत सुनवानी कराड़ में सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
क्रमांक 140/140/29-04-2015                   (फोटो-संलग्न)
             

              जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
वोटर लिस्ट शुद्धीकरण के लिए अभियान 1 मई से 31 मई तक
   देवास 29 अप्रैल 2015/ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे निर्वाचक नामावली परिशोधन एवं प्रमाणीकरण अभियान के अंतर्गत निर्वाचक नामावली त्रुटिरहित करने के लिए 1 मई से 31 मई 2015 तक डोर टू डोर सर्वे आयोजित किया गया है। कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र ने सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
   जारी निर्देश में कहा गया है कि कार्य के लिए बीएलओ प्रतिदिन सुबह एवं शाम सर्वे करें। बीएलओ को एसएमएस की ट्रेनिंग दी जाएं, ताकि वे मतदाताओं को प्रेरित कर सके। प्रत्येक बीएलओ 15 से 25 घरों का प्रतिदिन सर्वे कर निर्वाचक नामावली का सुधार एवं आधार लिंक के लिए जानकारी एकत्रित करें तथा बीएलओ रजिस्टर में अंकित करें। जिन मतदाताओं के आधार क्रमांक प्राप्त होते जा रहे हैं, उनकी दो प्रतियों में प्रतिदिन सूची बनाकर बीएलओ सुपरवाइजर एवं ईआर को डाटा एंट्री के लिए प्रदान करें।
   मृत मतदाताओं के नाम पूर्ण पुष्टि उपरांत नियमानुसार निरसित किए जाएं। संबंधित के परिवार से फॉर्म 7 में प्रविष्टि प्राप्त कर ली जाए। दोहरी प्रिविष्टयों को मतदाता स्वयं आकर निरसित कराएं, इसे मतदाताओं में प्रचारित किया जाए तथा विधिक प्रावधानों से भी अवगत कराया जाए। संशोधनों के प्रकरणों में निर्धारित फॉर्म 8 को प्राप्त कर प्रविष्टि संशोधन की नियमानुसार कार्रवाई की जाएं।
   निरंतर अद्यतन के दौरान प्राप्त दावे/आपत्तियों का निराकरण निराकरण अविलंब सुनिश्चित हो। ईआरएमएस में डिजिटल सिग्नेचर से ही केवल निराकरण होता है, अत: डिजिटल सिग्नेचर की महत्ता सिग्नेचर के सामान ही होती है। फोटो सुधार पर भी ध्यान दिया जाए। जो भी फोटोग्राफ सुधार के लिए प्राप्त हो रहे हैं, स्पष्ट कलर एवं फ्रंट फेसिंग वाले होने चाहिएं। नए दावे/आपत्तियों में भी आधार क्रमांक यथासंभव ले लिया जाए। सभी को प्रेरित किया जाए कि आधार क्रमांक, मोबाइल नंबर, ई-मेल आदि निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं प्रमाणिकृत करने के लिए उपयोग में लाए जाएंगे। इनका कहीं भी सार्वजनिक उपयोग नहीं किया जाएगा तथा ये गोपनीय रहेंगे।
क्रमांक 141/141/29-04-2015  

सोनकच्छ में 231 जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह

अब तक का सबसे बड़ा आयोजन

   देवास 29 अप्रैल 2015/ मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत जिले की सोनकच्छ जनपद पंचायत मुख्यालय पर आज बुधवार को आयोजित सामूहिक विवाह सम्‍मेलन में 231 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ। सोनकच्छ में इतनी संख्या में एक साथ जोड़ों का विवाह मुख्यमंत्री योजना के अंतर्गत प्रथम बार सम्पन्न हुआ है। आयोजन जनपद पंचायत सोनकच्छ द्वारा किया गया।
   इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीपशिखा यादव, जनपद सदस्य, पार्षदगण, अनुविभागीय अधिकारी सोनकच्छ श्रीमती अंजली जोसेफ, सीईओ जनपद पंचायत श्रीमती रीना चौहान आदि उपस्थित थे।
8 से 10 हजार बराती
   उत्कृष्ट विद्यालय सोनकच्छ में आयोजित इस सामूहिक विवाह सम्मेलन का नजारा ही कुछ ओर था। यहां वर-वधू के रंगीले एवं चमकीले परिधानों में 231 युवक-युवतियां विवाह-मंडप में मौजूद थे। वहीं 8 से 10 हजार बराती रंग-बिरंगी वेषभूषाओं में विवाह में सम्मलित हुए। सभी के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल आदि की व्यवस्था की गई थी। मंत्रोच्चार के साथ विवाह की सभी रस्में विधि-विधान से सम्पन्न हो रही थीं।
नि:शक्त भी बंधे विवाह बंधन में
    इस आयेाजन की यह भी विशेषता रही कि इसमें 3 नि:शक्त जोड़ों द्वारा भी विवाह किया हुआ। शासन की कन्यादान योजना एवं सामाजिक न्याय विभाग की नि:शक्त विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत उन जोड़ों को 75 हजार रूपए तथा 50 हजार रूपए की राशि शासन की ओर से प्रदान की गई। इन जोड़ों में मंजू अंबाराम ग्राम खजूरिया कनका एवं नितिन रतनसिंह ग्राम अगेरा (दोनों नि:शक्त) को 75 हजार रूपए की राशि, ममता जगन्नाथ सोनकच्छ (नि:शक्त) एवं विजेंद्र नंदराम ग्राम खामखेड़ा जात्रा को 50 हजार रूपए की राशि तथा राधा जगदीश ग्राम बावई (नि:शक्त) एवं राजेश कैलाश ग्राम सिया को 50 हजार रूपए की राशि शासन के प्रावधानों के अनुसार प्रदान की गई। इसके अलावा प्रत्येक वधू को शासन की ओर से 5 हजार रूपए की विवाह सामग्री, 10 हजार रूपए की एफडी, 7 हजार रूपए की बैंक खाते में नगद राशि प्रदान की गई। विवाह सामग्री में मंगलसूत्र, पायजेब, बिछुड़ी, बर्तन आदि प्रदान किए गए। विवाह आयोजन के लिए प्रति जोड़े 3 हजार रूपए की राशि आयोजक को शासन की ओर से दी गई।
क्रमांक 142/142/29-04-2015                   (फोटो-संलग्न)

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

बरसात से पहले कराएं तालाबों का गहरीकरण

कलेक्टर ने की सरपंचों से अपील

   देवास 29 अप्रैल 2015/ बारिश से पूर्व अपनी ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक तालाब का गहरीकरण कराएं, जिससे बारिश आने पर उनमें अधिक मात्रा में जल संग्रहित हो सकें।
   कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों से यह अपील की है। कलेक्टर ने सरपंचों से कहा है कि तालाबों से निकलने वाली मिट्टी, अत्यंत उपजाऊ होती है, अत: इसका इस्तेमाल गांव के खेतों में किया जाए। तालाबों से निकलने वाले मुरम आदि का प्रयोग मेड़ बनाने तथा गांवों के मार्ग निर्माण में किया जा सकता है।
   कलेक्टर ने कहा है कि इसके अलावा अन्य जल स्त्रोतों की साफ-सफाई तथा गहरीकरण का कार्य भी कराया जाए। हैंड पंप के आसपास तथा जहां पानी एकत्रित होता है, वहां सोख्ता गड्ढे बनाए जाएं। इससे गंदा पानी इकट्ठा नहीं होगा और छनकर जमीन में चला जाएगा।
क्रमांक 143/143/29-04-2015
अब ई-ऑक्शन द्वारा होंगी नीलामियां
अधिकारियों एवं ठेकेदारों की कार्यशाला सम्पन्न
   देवास 29 अप्रैल 2015/ शासन के निर्देश अनुसार प्रदेश में आगामी सभी नीलामियां केवल ई-ऑक्शन द्वारा ऑनलाइन बिडिंग के माध्यम से ही होनी हैं। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों एवं जिले के ठेकेदारों को ई-ऑक्शन द्वारा ऑनलाइन बिडिंग की प्रक्रिया के प्रति समझ बढ़ाने एवं उसके लाभों से अवगत कराने के उद्देश्य से गत दिवस क्षेत्रीय क्षमता संवर्धन केंद्र देवास में ई-ऑक्शन पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के खनिज अधिकारी/कर्मचारियों सहित जिले के सभी संबंधित अधिकारी, नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने वाले ठेकेदार आदि उपस्थित रहे।
   जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि प्रथम बार प्रदेश में नीलामी प्रक्रिया ऑनलाइन बिडिंग के माध्यम से की जा रही है। ई-ऑक्शन का प्रमुख उद्देश्य नीलामी की वर्तमान जटिल प्रणाली को सरल, सुलभ एवं पारदर्शी बनाना है। कार्यशाला में क्षेत्रीय क्षमता संवर्धन केंद्र के प्रशिक्षकों द्वारा ई-ऑक्शन के संबंध में पूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
क्रमांक 144/144/29-04-2015            (फोटो-संलग्न)

 

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

महुआ लहान व कच्ची शराब जब्त

   देवास 29 अप्रैल 2015/ जिला आबकारी दल द्वारा आज बुधवार को ग्राम बरोठा के सांसी मोहल्ले में दबिश दी गई। कार्रवाई में लगभग 4 क्विंटल महुआ लहान नष्ट किया गया तथा 35 लीटर कच्ची शराब जप्त की गई। बरोठा में तालाब किनारे बड़ी मात्रा में महुआ लहान गढ़ा पाया गया। इस संबंध में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। गौरतलब है कि बरोठा कच्ची शराब का गढ़ है। कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक हरेंद्रसिंह घुरैया, मुख्य आरक्षक विष्णु प्रसाद कलोसिया, राजाराम रायकवार तथा आरक्षक गजेंद्र‍ चौहान, नितिन सोनी आदि शामिल थे।
क्रमांक 145/145/29-04-2015                 (फोटो-संलग्न)


  
  





दिनांक 29 अप्रैल 2015
                                                 

                                        जिला जनसम्पर्क कार्यालय देवास

फोटो-- मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत युवक-युवितयों का विवाह सम्पन्न।
--सोनकच्छ में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतगर्त विवाह सम्मेलन आयोजित।
--खनिज विभाग की ई-ऑक्शन कार्यशाला सम्पन्न।
--महुआ लहान जब्त की।















Tuesday, 28 April 2015

दिनांक 28 अप्रैल 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय देवास

फोटो- जनसुनवाई में आवेदन देते  आवेदक।





दिनांक 28 अप्रैल 2015
                जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
समस्याओं का हुआ त्वरित ‍निराकरण
कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई में आए 86 आवेदन
     देवास 28 अप्रैल 2015/ कलेक्टर स्तर पर स्थानीय मल्हार स्मृति मंदिर में आयोजित जनसुनवाई में आज मंगलवार को 86 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी एवं अन्य अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। सभी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर ने उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, डीएसपी ट्रेफिक श्री बीएल बुनकर सहित सभी जिला अधिकारी मौजूद थे।
अवैध रूप से लगाया गया होर्डिंग हटवाया जाये
    आवेदिका नाहेदा बी पठान निवासी नयापुरा देवास ने आवेदन दिया कि उसकी कालानी बाग शिबा होटल के समीप दुकान के सामने विकास एडवोटाईजिंग कंपनी के दो होर्डिंग्स अवैध रूप से लगा दिए गए हैं, जिससे उसकी दुकान का मुख्य हिस्सा दब गया है। प्रकरण में कलेक्टर ने आयुक्त नगर निगम को जांच कर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये।
पानी को मोटर वापस दिलाई जाये
    आवेदक दिलीप सिंह पिता रूगनाथ सिंह निवासी ग्राम गोन्दलिया तहसील देवास ने आवेदन दिया कि उसके घर के ट्यूबवेल में लगी हुई सिंगल फेज की पानी की मोटर लाइनमेन द्वारा बिना अनुमति के निकाल ली गई। उसकी मोटर वापस दिलाई जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये। 
प्लॉट वापस दिलाया जाये
    आवेदिका रामूबाई पति स्व. श्री गोपालजी निवासी रेवाबाग देवास ने आवेदन देकर बताया कि उसके पति द्वारा वर्ष 2000 में बालगढ़ में 15 बाय 40 वर्गफीट आकार का प्लाट क्रय किया था, जिसका इकरारनामा भी उपलब्ध है। जिस व्यक्ति से प्लाट क्रय किया था, उसकी मृत्यु हो चुकी है। उसके परिजनों द्वारा प्लॉट पर कब्जा कर लिया गया है। प्रकरण में कलेक्टर ने पुलिस विभाग को जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिये।
अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा दिलाया जाये
    आवेदक रामभरोसे पिता घीसाजी निवासी ग्राम चिड़ावद तहसील टोंकखुर्द ने आवेदन देकर बताया कि पटवारी हल्का नम्बर 18 स्थित उसकी भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग में अधिग्रहीत हो चुकी है। राजस्व दस्तावेजों में उक्त भूमि के मालिकाना हक एवं आधिपत्य के रूप में उसका नाम अंकित है, किन्तु अधिग्रहण सूचना में उसके नाम के साथ त्रुटिवश जगन्नाथ पिता दर्याव का नाम भी जुड़ा हुआ है, जबकि उक्त भूमि का एकमात्र स्वामी वही है। त्रुटिवश जुड़े जगन्नाथ पिता दर्याव के नाम को हटवाये जाकर अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा उसे दिलाया जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने भू-अर्जन अधिकारी राष्ट्रीय राजमार्ग को जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिये।
कनेक्शन नहीं काटा, बिल दिया जा रहा है
    आवेदिका श्रीमती सरस्वती पति शंकरलाल पटेल निवासी सूर्योदय नगर देवास ने आवेदन दिया कि उसकी माताजी के नाम पर एक बत्ती घरेलू विद्युत कनेक्शन था। माताजी की मृत्यु के उपरांत विद्युत विभाग में विद्युत कनेक्शन काटने के लिए आवेदन दिया गया, किन्तु कोई कार्यवाही नहीं की गई। विभाग द्वारा नियमित रूप से विद्युत बिल दिया जा रहा है। प्रकरण में कलेक्टर ने विद्युत विभाग को कार्यवाही के निर्देश दिये।
आवास दिलाया जाये
    आवेदक गोपाल पिता छगनलाल सोलंकी निवासी मोती बंगला देवास ने आवेदन दिया कि उसका नाम बीपीएल सूची में दर्ज है तथा उसके पास रहने के लिए स्वयं का मकान नहीं है और नहीं कोई प्लॉट है। उसे राजीव आवास योजना अन्तर्गत मकान दिलाया जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने नगर निगम को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये।
फर्जी तरीके से अन्य व्यक्ति ने लिया ऋण
    आवेदक तकेसिंह पिता कन्हैयालाल निवासी ग्राम अचलूखेडी तहसील देवास ने आवेदन दिया कि उसको बैंक ऑफ इंडिया शाखा औद्योगिक क्षेत्र देवास द्वारा नोटिस जारी किया गया है कि पटवारी हल्का नम्बर 32 स्थित सर्वे क्रमांक 303, 394, 431 एवं 526  की कृषि भूमि बैंक में बंधक रखे जाकर केसीसी के माध्यम से 1 लाख 50 हजार रूपये का ऋण लिया गया है, जिसकी ब्याज सहित 3 लाख 42 हजार रूपये की वसूली की जाना है। जबकि उसने बैंक ऑफ इंडिया से कभी भी किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बनवाया और न ही किसी प्रकार का कोई ऋण लिया है। प्रकरण में कलेक्टर ने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को कार्यवाही के निर्देश दिये।
विधवा पेंशन दिलाई जाये
    आवेदिका गीताबाई पति स्व. श्री सवाईसिंह निवासी उमाकांत कॉलोनी देवास ने आवेदन दिया कि उसकी आयु लगभग 70 वर्ष हो चुकी है तथा जीवन-यापन को कोई साधन नहीं है। उसने विधवा पेंशन के लिए नगर निगम में आवेदन दिया था, किन्तु कोई कार्यवाही नहीं की गई। प्रकरण में कलेक्टर ने नगर निगम को कार्यवाही के निर्देश दिये।
क्रमांक 132/132/28-04-2015
 जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह आयोजन आज

      देवास 28 अप्रैल 2015/ मुख्यमंत्री कन्यादान योजनान्तर्गत जनपद पंचायत देवास द्वारा 22 कन्याओं का विवाह कार्यक्रम 29 अप्रैल को मौलाना आजाद कॉलेज उज्जैन रोड इटावा में आयोजित किया जाएगा।
    मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवास ने बताया कि विवाह अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को 10 हजार रूपए की एफडी, 7 हजार रूपए का नगद बैंक के बचत खाते में तथा 5 हजार रूपए की गृहस्थी सामग्री शासन द्वारा दी जाएगी। विवाह आयोजन के लिए 3 हजार रूपए प्रति जोड़े राशि आयोजक को दी जाएगी।
क्रमांक 133/133/28-04-2015
           स्वीप कार्य के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
      देवास 28 अप्रैल 2015/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी ने मतदाता जागरूकता अभियान के कार्य (स्वीप) के लिए केपी कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. पलाश्या के स्थान पर केपी कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. एसपीएस राणा को स्वीप गतिविधियों के क्रियान्वयन के लिए जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
क्रमांक 134/134/28-04-2015

जघन्य अपराधों के आधार पर थानों को चार श्रेणियों में बांटा जाएगा

      देवास 28 अप्रैल 2015/ गृह एवं जेल मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने कहा है कि प्रदेश के थानों को जघन्य अपराधों के रिकार्ड के आधार पर चार श्रेणियों में बांटा जाएगा। इनमें ऐसे थाने, जहाँ क्राइम जीरो है और ऐसे थाने जहां सर्वाधिक है, उनके बीच विभाजन होगा। इस आधार पर ऐसे अपराधों को रोकने की रणनीति बनाकर और उस पर अमल भी करवायेंगे। श्री गौर ने यह बात गत दिवस मुम्बई में पुलिस कमिश्नर श्री राकेश मारिया और मुम्बई पुलिस के अन्य अधिकारियों से अपराधों की रोकथाम के लिये अपनाये जा रहे तरीकों पर चर्चा के बाद कही।
   श्री गौर ने कहा कि मुम्बई में जघन्य (हत्या आदि) अपराधों के प्रकरणों के आधार पर सभी 94 थानों को चार श्रेणी में बाँटकर रणनीति बनायी गयी है। प्रदेश में भी अब इसी तरह भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर महानगरों सहित अन्य स्थान के थानों का श्रेणीकरण करेंगे। वे थाने, जो अधिक संवेदनशील हैं और जहाँ जघन्य अपराध अधिक हैं, वहाँ पर पुलिस बल की बढ़ोत्तरी, आदतन अपराधियों की पहचान, धर-पकड़ और निगरानी आदि की रणनीति तैयार करवायेंगे। रणनीति पर अमल भी होगा और जघन्य अपराध को रोकने/कम करने की दिशा में पुलिस बल कार्य करेगा।
   श्री गौर ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने में जीरो टालरेंस की रणनीति को और अधिक कारगर बनवायेंगे। महानगरों के ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित किया जायेगा, जहाँ पर महिलाओं के विरुद्ध अपराध होने की अधिक शिकायतें हैं। इन स्थानों पर गश्त बढ़ाने के साथ महिला पुलिस की गश्त में तैनाती की जायेगी। महिलाओं को तत्परता से सुरक्षा उपलब्ध करवाने में आई.टी. का उपयोग बढ़ाया जायेगा। महिलाएँ किसी भी स्थान से, यात्रा के दौरान एस.एम.एस. से अथवा फोन कर अपराध एवं सुरक्षा के संबंध में जानकारी दें और उनकी तुरंत मदद की जाये, ऐसी व्यवस्था भी शुरू करेंगे। उन्होंने पुलिस बल के सहयोग के लिये स्टूडेंट फोर्स के गठन सहित यातायात व्यवस्था में सुधार के नये कार्यक्रम शुरू करने की बात कही।
   पुलिस कमिश्नर श्री मारिया ने मुम्बई पुलिस की कार्य-प्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुम्बई में 50 हजार 618 का पुलिस बल है, जो महाराष्ट्र पुलिस का एक चौथाई हिस्सा है। मुम्बई में 24 लाख 75 हजार वाहन रजिस्टर्ड होने के साथ रोजाना 511 वाहन का रजिस्टर्ड होना ट्रेफिक पुलिस को चुनौती है। ट्रेफिक और अपराध नियंत्रण पर अपनाई जा रही रणनीति की भी उन्होंने जानकारी दी।
क्रमांक 135/135/28-04-2015

नेपाल गये भारतीयों की जानकारी इकट्ठा करने राज्य-स्तरीय नियंत्रण-कक्ष

नेपाल भूकंप में जिले से लापता तीर्थ-यात्रियों की तत्काल सूचना दें कलेक्टर

   देवास 28 अप्रैल 2015/ नेपाल गये भारत के यात्रियों की जानकारी एकत्रित करने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राज्य-स्तरीय नियंत्रण-कक्ष संचालित किया है। नियंत्रण-कक्ष प्रभारी श्री संतोष जाट जिला कमाण्डेंट एवं प्रभारी अधिकारी राज्य आपदा मोचन बल एवं राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण हैं।
   प्रमुख सचिव राजस्व एवं राहत आयुक्त श्री अरुण तिवारी ने सभी जिला कलेक्टर को अपने जिले से नेपाल भूकंप में यात्रियों के लापता होने की जानकारी तत्काल नियंत्रण-कक्ष को देने के निर्देश दिये हैं। राज्य-स्तरीय नियंत्रण-कक्ष का पता जिला होमगार्ड कार्यालय जहाँगीराबाद, पुलिस ऑफीसर मेस के सामने, भोपाल है। राहत आयुक्त ने कहा है कि अपने जिले की जानकारी तत्काल दूरभाष क्रमांक 0755-2573829, 2922183 पर दें।
   माह अप्रैल, 2015 में नेपाल में प्राकृतिक आपदा भूकंप के कारण काफी जन-हानि एवं अन्य क्षति हुई है। शहडोल जिले से नेपाल यात्रा पर गये 17 यात्री की कोई जानकारी प्राप्त नहीं होने की सूचना दी गई है। इसी प्रकार अन्य जिलों में भी भूकंप के कारण ऐसी स्थिति हो सकती है।
क्रमांक 136/136/28-04-2015 

विश्व के सबसे बड़े 750 मेगावाट के सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना को मंजूरी

एमपीडब्ल्यूएसआरपी की 2498 करोड़ की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति 
वित्त निगम के कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु अब 60 वर्ष 
आई.टी.आई. में अतिथि व्याख्याताओं के 14 पद मंजूर 

   देवास 28 अप्रैल 2015/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज मंगलवार को हुई मंत्रि-परिषद् की बैठक में राज्य में 750 मेगावाट क्षमता के विश्व के सबसे बड़े सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना की स्वीकृति दी गई। संयंत्र रीवा जिले की गुढ़ तहसील में स्थापित किया जायेगा। इस अल्ट्रा-मेगा सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना के लिये संयुक्त कम्पनी गठित किये जाने का निर्णय लिया गया है। परियोजना में विश्व बेंक द्वारा ऋण उपलब्ध करवाया जायेगा। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग शासन की नीति के तहत परियोजना के लिये राजस्व भूमि के उपयोग की अनुमति देगा। परियोजना में उत्पादित विद्युत के ग्रिड से अंतर्संयोजन एवं ट्रांसमिशन लाइन का कार्य पॉवर ग्रिड कार्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा किया जायेगा। परियोजना क्षमता की 40 प्रतिशत उत्पादित विद्युत का क्रय मध्यप्रदेश पॉवर मेनेजमेंट कम्पनी द्वारा किया जायेगा।
   मंत्रि-परिषद् ने मध्यप्रदेश वॉटर सेक्टर रिस्ट्रक्चरिंग परियोजना (एमपीडब्ल्यूएसआरपी) की 2,498 करोड़ की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति एवं निवेश निकासी की अनुमति दी।
   मंत्रि-परिषद् ने मध्यप्रदेश वित्त निगम के श्रेणी 'अ' और 'ब' कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु 58 से बढ़ाकर 60 वर्ष करने का निर्णय लिया। यह निर्णय मध्यप्रदेश वित्त निगम के संचालक मंडल द्वारा की गई अनुशंसा पर लिया गया।
   मंत्रि-परिषद् ने केन्द्रीय जेल भोपाल में महिला बंदियों और केन्द्रीय जेल उज्जैन में पुरुष बंदियों के लिये आई.टी.आई. में अतिथि व्याख्याताओं के 14 पद सृजित करने का निर्णय लिया। इसमें प्रत्येक अतिथि व्याख्याता को मानदेय 110 रुपये प्रति घंटा या 10 हजार रुपये प्रतिमाह अधिकतम की दर से दिया जायेगा। यह निर्णय मुख्यमंत्री श्री चौहान की स्किल समिट में की गई घोषणा के परिप्रेक्ष्य में लिया गया है।
   मंत्रि-परिषद् ने भारत और राज्य सरकार की संयुक्त हिस्सेदारी में कम्पनी अधिनियम के तहत मध्यप्रदेश राज्य कृषि उद्योग विकास निगम में धनावेष्टित समता अंश पूँजी क्रय करने के लिये भारत सरकार की अंश पूँजी 120 लाख को 90 लाख रुपये में क्रय करने की अनुमति दी।
क्रमांक 137/137/28-04-2015

 1100 श्रमिकों को हिपेटाइटिस ''बी'' टीका लगा

    देवास 28 अप्रैल 2015/ कर्मचारी राज्य बीमा सेवाए द्वारा प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक संस्थानों एवं कल कारखानों में कार्यरत श्रमिकों को एक अभियान चलाकर हिपेटाइटिस ''बी'' टीकाकरण किया जा रहा हैं। इसी के अंतर्गत आयशर इंजिनिंयरिंग कम्पोनेंट्स देवास में 1100 श्रमिको को हिपेटाइटिस ''बी'' टीके का प्रथम डोज आज मंगलवार को दिया गया।
    कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं देवास के प्रभारी डॉ. संजीव श्रीवास्वत ने बताया कि हिपेटाइटिस बी एक प्रकार का पीलिया है, जो लीवर को प्रभावित करता है। यह संक्रामक रोग है। इसका इलाज बहुत मंहगा है। इससे बचने के लिए हिपेटाइटिस ''बी'' का टीका अतिआवश्यक हैं। टीके के 3 डोज एक एवं पांच माह के अंतराल में दिए जाते हैं। यह टीका 15 वर्ष तक कारगर रहता हैं। इसके कुछ साइड इफेक्ट नही होते है।
क्रमांक 138/138/28-04-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

वार्षिक योग पंचांग घोषित

देवास के शिक्षकों का प्रशिक्षण 1 से 30 जून तक

   देवास 28 अप्रैल 2015/ राज्य शासन ने इस साल शिक्षकों को योग का प्रशिक्षण देने के लिये वार्षिक योग पंचांग घोषित कर दिया है। भोपाल के राज्य-स्तरीय शासकीय योग प्रशिक्षण केन्द्र में कार्यक्रम कर शिक्षक/योग प्रभारी/अधिकारी/प्राचार्य को प्रशिक्षित किया जाता है। राज्य सरकार द्वारा घोषित योग नीति-2007 में योग शिक्षा को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। योग नीति के अनुसार प्रत्येक विद्यालय के कम से कम एक शिक्षक/प्राचार्य को योग में प्रशिक्षित किया जाता है।
   वार्षिक योग पंचांग 2015-16 के अनुसार प्रत्येक संभाग से 50 शिक्षकों का चयन किया जाता है। चुने हुए शिक्षकों की सूची प्रशिक्षण शुरू होने के 15 दिन पहले शासकीय योग प्रशिक्षण केन्द्र को भेजी जाती है।
   इस वर्ष योग पंचांग निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एक से 30 मई तक इंदौर संभाग के इंदौर, धार, अलीराजपुर, खण्डवा, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी जिले के कक्षा एक से बारहवीं के शिक्षक एवं खेल शिक्षक भाग लेंगे। एक से 30 जून के तीस दिवसीय प्रशिक्षण में उज्जैन संभाग के उज्जैन, शाजापुर, देवास, नीमच, मंदसौर, रतलाम और आगर-मालवा के शिक्षक शामिल होंगे। एक से 10 जुलाई तक इंदौर एवं उज्जैन संभाग के 50 विभागीय अधिकारी और उ.मा.वि. एवं हाई स्कूल के प्राचार्य योग प्रशिक्षण लेंगे। जबलपुर संभाग के 13 जुलाई से 11 अगस्त और 17 अगस्त से 15 सितम्बर तक सागर संभाग के जिलों के शिक्षक और खेल शिक्षक योग प्रशिक्षण लेंगे। इसी तरह 17 सितम्बर से 26 सितम्बर तक जबलपुर और सागर संभाग के पचास विभागीय अधिकारी एवं उ.मा.वि. तथा हाई स्कूल के प्राचार्य योग सीखेंगे।
   ग्वालियर संभाग के जिलों के शिक्षकों के लिये तीस दिवसीय प्रशिक्षण 29 सितम्बर से 28 अक्टूबर और शहडोल संभाग के लिये 30 अक्टूबर से 28 नवम्बर तक होगा। इन दोनों संभाग के अधिकारियों और हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्राचार्यों का प्रशिक्षण 30 नवम्बर से 9 दिसम्बर तक होगा। भोपाल संभाग के शिक्षकों का प्रशिक्षण 14 दिसम्बर से 13 जनवरी, 2016 तक होगा। रीवा संभाग के शिक्षक 18 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रशिक्षण लेंगे। भोपाल एवं रीवा संभाग के अधिकारी और प्राचार्यों का प्रशिक्षण 18 से 27 फरवरी 2016 के दौरान होगा।
उच्च-स्तरीय प्रशिक्षण
   इंदौर, उज्जैन, सागर एवं भोपाल संभाग के 25 जिले के कक्षा एक से बारहवीं में अध्यापन कार्य करवाने वाले पूर्व से योग प्रशिक्षित शिक्षक एवं जिला योग प्रभारी को 15 दिन का उच्च-स्तरीय प्रशिक्षण दिया जायेगा। यह प्रशिक्षण एक से 15 मार्च 2016 तक होगा। इसी क्रम में जबलपुर, ग्वालियर, शहडोल, नर्मदापुरम् एवं रीवा संभाग के 26 जिले में बारहवीं कक्षा तक पढ़ाने वाले पूर्व योग प्रशिक्षित शिक्षकों और जिला योग प्रभारी को 17 से 31 मार्च तक योग प्रशिक्षण दिया जायेगा। योग प्रशिक्षित सभी 700 शिक्षक को 10-दिवसीय कम्प्यूटर प्रशिक्षण भी दिया जायेगा। इन्हीं शिक्षकों की स्वैच्छिक आधार पर 6-दिवसीय हेप्पीनेस प्रोग्राम में सहभागिता होगी। प्रशिक्षण केन्द्र में आम लोगों के लिये 15-दिवसीय सशुल्क योग कक्षाएँ भी लगेंगी।
क्रमांक 139/139/28-04-2015