Thursday, 3 September 2015

दिनांक‍ 02 सितंबर 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
जामुन के पेड़ के नीचे कलेक्टर ने लगाई चौपाल
विधायक श्री आशीष शर्मा के साथ कलेक्टर ने किया सांसद आदर्श ग्राम अजनास का दौरा

        देवास 02 सितंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने विधायक आशीष शर्मा के साथ आज बुधवार सांसद आदर्श ग्राम अजनास का दौरा किया। उन्होंने ग्राम में जामुन के पेड़ के नीचे चौपाल लगाई और गांव वालों से अब तक हुए कामों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि ग्रामवासी सांसद श्रीमती सुषमा स्वराज के प्रति आभारी हैं क्यों कि गांव के आदर्श ग्राम चयन के बाद अनेक सकारात्मक बदलाव आए हैं।
घर के सामने लगेंगे फलदार और फूलदार पौधे
        कलेक्टर ने ग्रामवासियों से कहा कि आदर्श आचरण, नशाबंदी, नसबंदी, कम बच्चे, कुलहाड़ बंदी, खेती के अलावा मछली, दूध, मुर्गी पालन से अतिरिक्त आमदनी, हर घर में शौचालय और स्वच्छ-सुंदर गांव तथा सभ्य एवं शिष्ट समाज से ही कोई गांव आदर्श गांव बन सकता है। ग्रामवासी इन मापदंडों पर खरा उतरें। उन्होंने गांव में प्रत्येक के घर के सामने फलदाल व फूलदार पौधा लगाने और उसे पल्लिवित करने का वायदा भी ग्रामीणों से लिया।
फलोद्यान लगाने का लिया संकल्प
        ग्राम के रामचंद्र जायसवाल ने अपनी एक एकड़ जमीन में फलोद्यान लगाने का संकल्प लिया। चौपाल में ग्रामवासी विजय राठौर, प्रहलाद, हसन, प्रकाश धनगर, और कय्युम की पांच सदस्यीय समिति बनाई गई। जो गांव में बांस रोपण अभियान की मुहिम चलाएंगे। इसमें शासन की तरफ से बांस लगाने वाले किसानों को अनुदान भी मिलेगा।
खेती का आधुनिक तरीका अपनाया
        चौपाल में बताया कि गांव में अनेक किसानों ने ड्रिप इरिगेशन अपनाई है और बायोगैस बनाए हैं। बॉयोगैस से जलाऊ लकड़ी की बचत हो रही है। गांव के कमलेश, बलराम, मनोज, रेवाशंकर गुर्जर, सहित छ: किसानों ने रेज्ड बेड पद्धति से फसल लगाई है। कुछ किसानों ने मल्चिंग सीट लगाकर नए तरीके से खेती की है। इससे फसल भी अच्छी हो रही है और खरपतवार में कमी आई है।
तालाब में पानी देखकर किसान हर्षित नजर आए
        गांव में बलराम तालाब के प्रति भी रूचि बढ़ी है और यहां छ: किसानों द्वारा बलराम तालाब बनाए जा रहे हैं। सुनील गुर्जर और देवीसिंह पवार अपने खेत में बने तालाब में लबालब भरे पानी की जानकारी कलेक्टर को देते हुए हर्षित नजर आए। कलेक्टर ने अन्य किसानों से आग्रह किया है कि वे भी नए ढंग से खेती करके पूरे गांव को समृद्धि की राह पर ले जाए।
विधायक के हिमोग्लोबिन का परीक्षण किया
        कलेक्टर एवं विधायक श्री शर्मा गांव के विद्यालय भी पहुंचे वहां निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही कलेक्टर एवं विधायक ने छात्रावास का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हैंड पंप, सोलर ऊर्जा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने बेड शीट मंगवाने तथा छात्रावास में अतिरिक्त पंखे लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर एवं विधायक ने छात्रावास में बने रसोई घर का भी निरीक्षण किया। स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। साथ ही विधायक श्री शर्मा का हिमोग्लोबिन भी चेक करवाया जिसकी रिपोर्ट में 13.2 हिमोग्लोबिन पाया गया जो कि नॉर्मल था। स्कूल एवं स्वास्थ्य केंद्र में बाउंड्रीवाल बनाने के निर्देश भी दिए।
कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में हो रहा सुधार
        चौपाल में ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि गांव में सभी महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ है। गांव में आंगनवाड़ी के माध्यम से 11 कुपोषित बच्चों के ग्रेड में सुधार आया है।
शौचालय निर्माण कार्य में धीमी गति पर कलेक्टर ने लगाई फटाकर
        कलेक्टर ने गांव की सभी गलियों में स्ट्रीट लाइट जनसहयोग से लगाने के निर्देश विद्युत मंडल और पंचायत को दिए। गांव में मुख्यमंत्री आवास मिशन के तहत 64 मकान पूर्ण होना बताया गया। कलेक्टर ने इंदिरा आवास की भी जानकारी ली और पिछले वर्ष की किश्त शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। गांव में शैाचालय निर्माण की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने संबंधितों को फटकार लगाते हुए शौचालयों को एक महीने में प्रगति के निर्देश दिए। गांव में अगले सप्ताह पंजाब नेशनल बैंक के कैम्प की जानकारी कलेक्टर ने दी और कहा कि इसमें किसानों को पशुपालन हेतु ऋण दिया जाएगा।
------------------------------
दूरस्थ ग्रामों में पहुंचे कलेक्टर
         देवास 02 सितंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी और विधायक श्री आशीष शर्मा ने आज बुधवार को खातेगांव ब्लॉक के दूरस्थ अंचल के ग्रामों का भ्रमण किया। वे राजोर, भीलखेड़ी, चिचली ग्राम पहुंचे ग्रामीणों से संवाद कर उन्होने ग्रामीण विकास की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने "ग्रीन इंडिया मिशन" की जानकारी ग्रामीणों को दी, और किसानों से बांस उत्पादन करने का आव्हान किया।
----------------------- 
युवा उद्यमी शिविर सम्पन्न
        देवास 02 सितंबर 2015/ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत गत दिवस प्रेस्टीज इन्स्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट देवास में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा एक दिवसीय मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया, जिसमें करीब 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिविर में विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। योजना की पुस्तिका का वितरण भी किया गया।
        महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने बताया कि कार्यक्रम में मोटीवेटर एवं कॉपोरेट ट्रेनर अजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए स्वरोजगार के लिए उद्यमिता जाग्रत करने का आव्हान किया तथा योजना अंतर्गत ऋण प्राप्त कर उद्यम स्थापित करने के लिए मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में उज्जैन संभाग के संयुक्त उद्योग संचालक आरके जैन, संस्था निदेशक अमिताभ जोशी, सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।
--------------------
ड्रिप संयंत्र स्थापना के लिए चयनित कृषकों की सूची उपलब्ध
        देवास 02 सितंबर 2015/नेशनल संस्टेनेबल एग्रीकल्चर मिशन (NMSA) के घटक (माइक्रो इरीगेशन) ड्रिप संयंत्र स्थापना के लिए जिला देवास के कृषकों द्वारा ऑनलाइन पंजीयन काराया गया है। ऑनलाइन पंजीकृत कृषकों में से योजना का लाभ दिए जाने के लिए 21 जुलाई 2015 को राज्य मुख्यालय भोपाल द्वारा लॉटरी के माध्यम से 1902 कृषकों का चयन किया गया है। लॉटरी में चयनित कृषकों की सूची विकासखण्ड के वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई है।
        उप संचालक उद्यान ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए कृषक वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय अथवा जिला कार्यालय में संपर्क कर सूची में नाम देखकर निर्धारित प्रपत्र में आवेदन जमा करा सकते है। आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 20 सिंतबर 2015 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि तक आवेदन प्राप्त नही होता है, तो लॉटरी में चयनित नाम स्वतः निरस्त माना जाएगा।
----------------------
जिले में 1054.73 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
         देवास 02 सितंबर 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 1054.73 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1368, खातेगांव में 1236, उदयनगर में 1138.80, कन्नौद में 1074, देवास में 1043, टोंकखुर्द में 941, बागली में 841 तथा सतवास में 796 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
               24 घंटे में 1.70 मिमी वर्षा दर्ज की गई
    पिछले 24 घंटों में 1.70 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें उदयनगर में 8.60, टोंकखुर्द में 3, खातेगांव में 2, देवास में, सोनकच्छ में, बागली में, कन्नौद में तथा सतवास में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को 9.63 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
    गत वर्ष 02 सितंबर को जिले में 9.36 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें कन्नौद में 27, उदयनगर में 20, टोंकखुर्द में 9, सोनकच्छ में 7, देवास में तथा खातेगांव में 6-6, बागली में 2 तथा सतवास में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 449.90 मिमी औसत वर्षा
        अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 449.90 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें उदयनगर में 520.20, सोनकच्छ में 512, कन्नौद में 471, टोंकखुर्द में 452, देवास में 444, खातेगांव में 429, बागली में 423, सतवास में 348 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
--------------------------------

दूसरी,  तीसरी में पढ़ने वाले बच्चों का होगा बेसलाइन सर्वे

        देवास 02 सितंबर 2015/ मध्यप्रदेश की शासकीय शालाओं की कक्षा दूसरी एवं तीसरी में पढ़ने वाले बच्चों का बेसलाइन सर्वे करवाया जाएगा। सर्वे में विद्यार्थियों की लिखने-पढ़ने और गणित एवं अंग्रेजी की मूलभूत दक्षताओं की अद्यतन स्थिति पता की जायेगी। वास्तविक स्थिति के आकलन के बाद प्रशिक्षण के माड्यूल में विद्यार्थियों को होने वाली कठिनाई संबंधी बिन्दुओं को शामिल किया जायेगा।
       राज्य शासन ने बेसलाइन सर्वे के संबंध में सभी डाईट प्राचार्य और डीपीसी को निर्देश जारी किये हैं। बेसलाइन सर्वे डी.एड. छात्र-अध्यापकों के माध्यम से करवाया जायेगा। जहाँ छात्र-अध्यापक उपलब्ध नहीं होंगे, वहाँ जन-शिक्षक से सर्वे का कार्य करवाया जायेगा। विगत वर्षों के दौरान कक्षा एक एवं दो को पढ़ाने वाले शिक्षकों का प्रशिक्षण हुआ था। चालू शिक्षा सत्र में भी प्रशिक्षण होना है। शिक्षकों के प्रशिक्षण से यह पता लगेगा कि विद्यार्थी की शिक्षा की गुणवत्ता में क्या सुधार आया है।
       सर्वे की प्रक्रिया में सबसे पहले शालाओं का चिन्हांकन होगा। चिन्हांकन वर्तमान संकुल प्राचार्य के अधीन एक प्राथमिक शाला का चयन रेंडम आधार पर होगा। ऐसी शालाओं का चिन्हांकन होगा, जहाँ कक्षा 2 एवं 3 को मिलाकर 30 से 50 बच्चे दर्ज हों। चिन्हांकन के बाद 3 सितम्बर को राज्य शिक्षा केन्द्र में एक-दिवसीय उन्मुखीकरण होगा, जिसमें प्रशिक्षण प्रभारी डाईट तथा जहाँ डाईट नहीं है, वहां के एपीसी भाग लेंगे। वे अपने साथ प्रति संकुल के मान से एक छात्र-अध्यापक की नामांकित सूची लायेंगे। डी.एड. प्रथम/द्वितीय वर्ष के छात्र-अध्यापकों का चिन्हांकन प्रदाय की गयी सूची के अनुसार होगा। दो छात्र-अध्यापकों के ग्रुप में 2 शाला का आवंटन किया जायेगा। यह कार्यवाही 4 सितम्बर को होगी।
       चिन्हित छात्र-अध्यापकों का बेसलाइन टूल्स पर दो-दिवसीय उन्मुखीकरण आदि 7-8 सितम्बर को होगा। छात्र-अध्यापक/जन-शिक्षक द्वारा रेण्डमली 33 प्रतिशत विद्यार्थी का निर्धारित प्रपत्र में सर्वे 10-11 एवं 14-15 सितम्बर को होगा। छात्र-अध्यापकों द्वारा निर्धारित प्रपत्रों पर विद्यालयवार विश्लेषण एवं प्राचार्य को रिपोर्ट का प्रस्तुतिकरण 17-18 सितम्बर को किया जायेगा। निर्धारित प्रपत्र में शालाओं के विश्लेषण के बाद संकलित रिपोर्ट ई-मेल के माध्यम से 22 सितम्बर को भेजी जायेगी। इसकी समेकित रिपोर्ट 24 सितम्बर को प्रस्तुत होगी।

-----------------------

गंधर्वपुरी में स्वास्थ्य शिविर आज: स्वास्‍थ्य मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा भी आएंगे

        देवास 02 सितंबर 2015/ स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोनकच्छ ब्लॉक के ग्राम गंधर्वपुरी में 3 सितंबर गुरूवार को महिला स्वास्थ्य शिविर का आयेाजन किया जा रहा है। शिविर में स्वास्थ्य मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा भी उपस्थित रहेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके दीक्षित ने क्षेत्र की सभी महिलाओं से शिविर का लाभ उठाने का आव्हान किया है।
-------------------
दूरस्थ ग्रामों में पहुंचे कलेक्टर
         देवास 02 सितंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी और विधायक श्री आशीष शर्मा ने आज बुधवार को खातेगांव ब्लॉक के दूरस्थ अंचल के ग्रामों का भ्रमण किया। वे राजोर, भीलखेड़ी, चिचली ग्राम पहुंचे ग्रामीणों से संवाद कर उन्होने ग्रामीण विकास की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने "ग्रीन इंडिया मिशन" की जानकारी ग्रामीणों को दी, और किसानों से बांस उत्पादन करने का आव्हान किया।
-----------------------                  
                जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण
           देवास, 02 सितंबर 2015/  कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम आत्मा के अंतर्गत पीपी पार्टनर सतपुड़ा विज्ञान सभा के तत्वाधान में एक दिवसीय जिला स्तरीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम  बुधवार को कृषि विज्ञान केन्द्र बालगढ़ देवास में सम्पन्न हुआ।
           सर्वप्रथम परियोजना संचालक श्री उत्तमसिंह जादौन द्वारा कृषकों को कम लागत तें अधिक उत्पादन लेने के बारे में तकनीकी जानकारी प्रदान की। डॉ. आर.पी. शर्मा कार्यक्रम समन्वयक कृषि विज्ञान केन्द्र देवास ने कृषकों को सोयाबीन में कीट नियंत्रण हेतु खेत में पक्षियों के बैठने के लिए टी (T) आकार की खूटियां 25.25 मीटर की दूरी पर खेत में लगाएं तथा एक हैक्टर में 5.10 फेरोमेन ट्रेप का उपयोग करने की सलाह दी। सोयाबीन में पीला मोजेक व सफेद मच्छर/मक्खी की रोकथाम के लिए थायोमेथाक्जाम 25 डब्ल्यू.जी. 100 ग्राम प्रति हेक्टेयर, नीम का तेल 2 लीटर प्रति हेक्टेयर या डायफेन्प्यूरान 50 डब्ल्यूपी 500 ग्राम प्रति हेक्टेयर 500 लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करें। साथ ही चने एवं गेंहॅू की नई प्रजातियों के संबंध में जानकारी दी जो कि कम पानी में अधिक उत्पादन दे सकें।
     कार्यक्रम का संचालन सतपुडा विज्ञान सभा के कार्यक्रम समन्वय श्री मुकेश आर्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डॉ. मनीष कुमार, डॉ. डी.व्ही. भगत, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री संजय शर्मा, एवं कृषि अधिकारी उपस्थित हुये। अंत में आभार श्री दिनेश चौधरी कार्यक्रम संयोजक सतपुडा विज्ञान सभा देवास द्वारा किया गया।
----------------------------











No comments:

Post a Comment