Thursday, 24 September 2015

दिनांंक 24 सितंबर 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

कार्यालय परिसरों से हटेगा अतिक्रमण
      देवास 24 सितंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में विगत दिनों संपन्न जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक में यह संज्ञान में लाया गया कि शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं आवासगृहों के आस-पास अनाधिकृत अतिक्रमण स्थिति निर्मित हो रही है। विशेष रूप से सिंचाई विभाग, शिक्षा विभाग, पीजीपीटी कॉलेज, आलोट पायगा विद्यालय, चिमनाबाई विद्यालय, सिविल लाइन, जिला चिकित्सालय आदि में अतिक्रमण की कार्रवाई बढ़ रही है। जिसके संबंध में निर्णय लिया गया है कि, यदि शासकीय सेवकों के द्वारा अतिक्रमण किया गया हो तो, स्वयं हटा लें, अन्यथा विभागीय कार्यवाही अंतर्गत, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवास के मार्गदर्शन में आयुक्त नगर निगम, नगर पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार आदि अधिकारीगण संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई संयुक्त रूप से संपादित करेंगे। इसी अनुक्रम में अनुविभागों में भी, संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोनकच्छ, बागली, कन्नौद, खातेगांव अपने-अपने अनुविभागीय क्षेत्र अंतर्गत्‍ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाही अपने स्तर से संपादित करेंगे और पालन प्रतिवेदन के माध्यम से अवगत कराना सुनिश्चित करें।
    कलेक्टर श्री अवस्थी ने निर्देश दिए है कि शासकीय आवासगृहों, कार्यालय, विद्यालय आदि के आस-पास नियमिति रूप से साफ-सफाई होती रहे। इस संबंध में संबं‍धित संस्था एवं शासकीय सेवक अपने स्तर से प्रयास करेंगे और साफ-सफाई की ओर विशेष ध्यान दिया जाना सुनिश्चित किया जाएं। शासकीय आवासगृहों में मरम्मत, दूरूस्ती तथा रंगाई-पुताई आदि कार्यवाही लोक निर्माण विभाग देवास द्वारा समय पर करवाई जाएं। शासन से प्राप्त आवंटन में मित्व्ययता बरतते हुए, सभी आवासगृहों में आवश्यकता नुसार मरम्मत, पुताई आदि का कार्य करवाकर, पालन प्रतिवेदन के माध्यम से कलेक्टर को अवगत कराना सुनिश्चित करेंगे।
------------------------------------

दास्तान कामयाबी की

अयूब खां ने प्लास्टिक मल्चींग  अपनाकर, खेती को बनाया लाभ का धंधा
      देवास 24 सितंबर 2015/ वैज्ञानिक तकनीक से टमाटर और मिर्च का रिकॉर्ड उत्पादन कर जिले के एक किसान ने उन्नत खेती का एक नया आयाम पेश किया है। हम बात कर रहे हैं देवास जिले के कन्नौद विकासखंड की ग्राम पंचायत डाबरी बुजुर्ग के किसान अयूब खां पिता रसूल खां की। जिन्होंने मप्र शासन के ध्येय वाक्य "खेती को बनाए लाभ का धंधा" को एक यथार्थ के रूप में  स्थापित किया है। उद्यानिकी  विभाग से तकनीकी सहायता और प्रशिक्षण प्राप्त कर अयूब खां ने अपनी पारम्परिक खेती के साथ  ही वैज्ञानिक खेती को भी आजमाया और कम समय में ही टमाटर और मिर्च से ही अच्छा खासा लाभ अर्जित किया है।
    वर्ष 2012-13 तक अयूब खां पारंपरिक खेती ही करते थे तथा रबी और खरीफ की फसलों पर ही निर्भर रहते थे। अयूब खां को इन होने वाली फसलों से औसतन 1.75 लाख रूपए वार्षिक आय ही होती थी। परंतु जब उन्हें उद्यानिकी विभाग की सब्जी क्षेत्र विस्तार योजना का पता लगा तो आगे आकर उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया। जहां से उन्होंने सब्जी क्षेत्र में वैज्ञानिक तकनीकों को जाना व समझा, साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त कर वर्ष 2014-15 में उन्होंने  प्लास्टिक मल्चींग से 1 हैक्टेयर में टमाटर व 1 हैक्टेयर में मिर्च की खेती की खेती का कार्य प्रारंभ किया। जिसके लिए उन्हें 57000 रूपए अनुदान भी प्राप्त हुआ।
    अयूब खां के पास नलकूप और कुएं की सुविधा पहले से थी। इस सुविधा ने सोने पे सुहागा का काम किया। मल्चींग अपनाने से कम पानी व कम दवा का उपयोग हुआ। जिससे  खेती की लागत में कमी आई, और मेहनत व पानी दोनों की बचत हुई।
    वर्ष 2015-16 के मध्य तक अयूब खां ने टमाटर में 22 टन के लगभग और मिर्च में 29 टन तक रिकॉर्ड उत्पादन किया। जहां उन्होंने टमाटर को 7 रूपए प्रति किलो की दर से विक्रय कर 1,54,000 रुपए की राशि प्राप्त हुई तथा लागत व्यय 54,000 रुपए घटाकर  उन्हें एक लाख रुपए का शुद्ध लाभ हुआ। इसी प्रकार मिर्च में उन्होंने 18 रुपए प्रतिकिलो की औसत से बिक्री कर 5,22,000 रुपए की राशि प्राप्त की, जिसमें से 1,25,000 रुपए की लागत व्यय घटाकर शुद्ध 3,97,000 रुपए का लाभ अर्जित किया।
    इस प्रकार अयूब खां ने 4,97,000 रुपए का वार्षिक शुद्ध लाभ प्राप्त किया। इस बड़ी रकम के अयूब खां का जीवन खुशहाली की ओर चल पड़ा। इस रकम से अयूब खां ने अपना कच्चा मकान अब पक्का बनवा लिया है। अपने व अपने बच्चों के लिए दो मोटर साइकिल भी ले ली है तथा गांव के आवागमन के साधनों में अब उनकी टाटा मैजिक भी शामिल हो गई है। इस मैजिक के आने से न केवल ग्रामीण जनों को आने-जाने की राह आसान हुई बल्कि जरुरत अनुसार अयूब खां इसी मैजिक से अपनी सब्जियां भी मंडी तक आसानी से पहुंचा पाते हैं। इसी बीच उन्होंने अपनी पुत्री की शादी भी धूमधाम से संपन्न कराई है। आज अयूब खां पूरे डाबरी बुजुर्ग में प्रेरणा का नया स्त्रोत बन गए हैं। वे अपने ग्रामवासियों से कहते है कि "आगे आए, लाभ उठाए"।
-----------------------------
लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक 28 सितंबर को
      देवास, 24 सितंबर 2015/ लंबित समयावधि पत्रों की बैठक का आयोजन 28 सितंबर सोमवार को प्रातः 10.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में किया जाएगा। कलेक्टर ने सर्वसंबंधितों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
---------------------------------
जिले में 1126.61 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
      देवास 23 सितंबर 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 1126.61 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1379, खातेगांव में 1345, कन्नौद में 1238, उदयनगर में 1227.90, देवास में 1064, टोंकखुर्द में 945, सतवास में 930 तथा बागली में 884 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
24 घंटे में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई
  पिछले 24 घंटों में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें देवास में, सतवास में, कन्नौद में, उदयनगर में, खातेगांव में, सोनकच्छ में, टोंकखुर्द में तथा बागली में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को शून्य मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
    गत वर्ष 22 सितंबर को जिले में शून्य मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें सोनकच्छ में, सतवास में, टोंकखुर्द में, देवास में, खातेगांव में, बागली में, उदयनगर में तथा कन्नौद में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 563.00 मिमी औसत वर्षा
     अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 563.00 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें सोनकच्छ में 702, उदयनगर में 630, देवास में 626, टोंकखुर्द में 596, कन्नौद में 541, बागली में 528, खातेगांव में 487, सतवास में 394 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
------------------------------------
2 कार्यों के लिए 23 लाख रूपये से अधिक की प्रशासकीय राशि स्वीकृत
      देवास, 24 सितंबर 2015/ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना अन्तर्गत विधायक सोनकच्छ विधायक श्री राजेंद्र वर्मा की अनुशंसा पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा 2 निर्माण कार्यों के लिए 23 लाख 15 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृत जारी की गई है।
      जारी आदेश अनुसार विकासखण्ड सोनकच्छ में शमशान घाट पर हॉल निर्माण, वार्ड क्रमांक 4 (बस स्टैंड से पीपलेश्वर महादेव रोड) के लिए 18 लाख 15 रूपए तथा स्टॉपडेम निर्माण पीपलरावां, वार्ड क्रमांक 14 साप्ताहिक हाट बाजार एवं लालकराई कॉलोनी में निर्माण के लिए 5 लाख रूपये प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
-------------------------


No comments:

Post a Comment