Thursday, 28 January 2016

दिनांक 28 जनवरी 2016

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  स मा चा र  ।।

क्षिप्रा के संरक्षण के लिए शिप्रा मित्रमंडल का होगा गठन

संभागायुक्त उज्जैन ने किया क्षिप्रा के तटीय गांवों का भ्रमण
    देवास 28 जनवरी 2016/ क्षिप्रा नदी के संरक्षण के लिए क्षिप्रा मित्र मंडल का गठन ‍किया जाए। इसमें युवाओं, विद्यार्थियों, स्वैच्छिक संगठनों और तट के गांवों के ग्रामीणों को शामिल किया जाए। नदी का संरक्षण समाज का उत्तरदायित्व है। सभी के समेकित प्रयासों से हम यह जिम्मेदारी पूरी करेंगे। उज्जैन के संभागायुक्त डॉ. रवींद्र प्रस्तौर ने आज गुरुवार को ग्राम क्षिप्रा में  ग्रामीणों को संबोधित करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
अधिकारी सतत ग्रामीणों के संपर्क में रहें
    संभागायुक्त डॉ. पस्तौर ने सिंहस्थ के संदर्भ में क्षिप्रा की शुद्धि और तटीय क्षेत्रों में जैविक पट्टी बनाए जाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे सतत ग्रामीणों से संपर्क में रहें और उत्प्रेरक की भूमिका निभाए।
क्षिप्रा को आने वाली पीढ़ी के लिए रखें संरक्षित
    संभागायुक्त ने क्षिप्रा के तट का निरीक्षण किया। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा यहां अभियान चलाकर कराए गए सफाई कार्यों की सराहना की। श्री पस्तौर ने ग्रामीणों से जैविक खेती के प्रति जागरूकता का आह्वान किया। उन्होंने गांव में क्षिप्रा का पौराणिक महत्व बताया और कहा कि क्षिप्रा के किनारे-किनारे के क्षेत्रों में व्यापक वृक्षारोपण कर क्षिप्रा को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखें। कलेक्टर ने बताया कि गांव में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए 20 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हो गई है।
जैविक खेती को देखा
    संभागायुक्त ने सुकल्या गांव में किसानों द्वारा की जा रही जैविक खेती को भी देखा। मदन के खेत में जाकर गोबर गैस प्लांट को देखा और किसानों से चर्चा की। संभागायुक्त ने छापरी, टिनोनिया गांव का भी भ्रमण किया और चौपाल लगाकर ग्रामीणों से चर्चा की। ग्राम टिनोनिया में कमिश्‍नर ने पहाड़ी के वृक्षारोपण के पूर्व कुल्हाड़ी बंदी के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। उन्होंने उपसंचालक कृषि को निर्देश दिए कि गांव के किसानों को आगर जिला का भ्रमण कराएं जिससे वे वहां बीज उत्पादक सहकारी समिति के कार्यों को देखकर प्रेरणा ले सकें। भ्रमण के दौरान वन संरक्षक पीएस चंपावत, प्रभारी सीईओ जिला पंचायत ब्रजेश पटेल, एसडीएम देवास सारिका भूरिया तथा क्षिप्रा जल संरक्षण अभियान के नोडल अधिकारी योगेंद्र गिरी भी उपस्थित थे।


--------------------------।

अवैध शराब जब्त कर प्रकरण किया दर्ज

    देवास 28 जनवरी 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी मनीष खरे द्वारा गठित   आबकारी उड़नदस्तों ने अवैध शराब के विरूद्ध अभियान चलाकर अवैध शराब जप्त की है।
    जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 18 जनवरी 2016 को गोपाल पिता ब्रदीलाल, 19 जनवरी को रामचेत पिता रामसमूज, रेशमा पति सूरजसिंह, बलराम पिता गंगाराम, सलीना पति प्रतापसिंह एवं राजेश पिता संतलाल सिसोदिया, 20 जनवरी को हरीसिंह पिता कमलसिंह, 21 जनवरी को हरी पिता रामगोपाल, 23 जनवरी को राजू पिता बाबूलाल आदि से लगभग 20 लीटर हा.भ.म. एवं 54 पाव देशी मदिरा जप्त कर उन्हें आबकारी धारा 34 के तहत गिरफ्तार किया। इस क्रम में 27 जनवरी को देवास जिले के सामूहिक रूप से कार्यपालिक दल द्वारा ग्राम चौबाराधीरा, इलियाखेड़ी, दोंता जागीर, सोंसर नदी आदि स्थानों पर दबिश दी गई, जिसमें भारी मात्रा में मदिरा बरामद कर 6 प्रकरण दर्ज किए गए। दबिश में 25 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद कर सेंपल लेकर नष्ट किया गया तथा मौके पर 5 चलती भट्टियों के उपकरणों सहित मौके पर नष्ट किए गए। जप्त की मदिरा की कीमत 40 हजार रुपए है।
    उक्त कार्रवाई में सुशील सेठ, जावेद अहमद खान एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राघवेंद्र सिंह कुशवाह, निलेश नेमा, महेशचंद्र पटेल, योगेश कुमार टटवाड़े, शंभूदयाल सिंह जाटव एवं उनके सहयोगी सम्मिलित थे।
---------------------------

पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु आवेदन की

 अंतिम तिथि 31 जनवरी

        देवास 28 जनवरी 2016/ पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल 2.0 वर्ष 2015-16 पर शैक्षणिक सत्र 2015-16 के लिए विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाईन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2016 निर्धारित की गई। सभी विधार्थियों तथा शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वह नियमानुसार आवेदन पत्र जमा कराएं। विद्यार्थी अपना आवेदन लॉक करने से पहले पूर्ण रूप से सुनिश्चित कर लें कि उनके द्वारा आवेदन पत्राता एवं नियमानुसार भरा गया है।
-----------------------------

प्रदेश में शहीदों की स्मृति में 30 जनवरी को 2 मिनट का मौन रखा जायेगा

      देवास 28 जनवरी 2016/भारत के स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में शनिवार 30 जनवरी को मौन रखा जायेगा। इस दिन सुबह 11 बजे 2 मिनट का मौन रखकर कार्य और गतिविधियाँ रोक दिये जाने के निर्देश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किये गये हैं। सभी विभाग, विभागाध्यक्ष, संभागीय आयुक्त और कलेक्टर को इस संबंध में अवगत करवाया गया है।
      निर्देश में कहा गया है कि यह श्रद्धांजलि केवल सरकारी दफ्तरों तक सीमित न रहकर सार्वजनिक परिपाटी होना चाहिये। इस दिन व्यापक रूप से आम जनता की भागीदारी होना चाहिये। इसके लिये प्रदेशभर में सुबह 11 बजे कार्य और अन्य गतिविधियाँ रोककर 2 मिनट का मौन रखा जाये। सायरन बजाकर अथवा सेना की तोप दागकर मौन शुरू होने तथा समाप्त होने की सूचना दी जाये। सायरन के जरिये मौन शुरू होने की सूचना 10.59 बजे से 11 बजे तक और मौन समाप्त होने की सूचना 11 बजकर 2 मिनट से 11 बजकर 3 मिनट तक दी जाना चाहिये। सायरन सुनकर सभी व्यक्ति खड़े होकर मौन धारण करें। संभव हो तो अकेले खड़े होने की बजाय एक ही स्थान पर इकट्ठे होकर मौन रखा जाये।
      प्रत्येक जिले और शहर में सायरन बजाने की व्यवस्था करने को भी कहा गया है। निजी संस्थाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, अशासकीय संस्थाओं, स्कूलों और महाविद्यालयों को भी इस संबंध में निर्देश दिये गये हैं।
      शहीद दिवस को गंभीरता और जनता की भागीदारी से मनाये जाने के आवश्यक उपाय करने को कहा गया है। जिला प्रशासन को जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाओं और निजी एवं सार्वजनिक उपक्रमों को शहीद दिवस सम्पूर्ण गरिमा के साथ मनाये जाने के निर्देश देने के लिये कहा गया है। जिले में विभिन्न वाणिज्य और उद्योग संघों से भी भागीदारी करने को कहा गया है।
-----------------------------

निर्धारित विधि के अनुसार ही बनाये मीठा दूध

       देवास 28 जनवरी 2016/शासन द्वारा प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केन्द्र एवं प्राथमिक शालाओं में अध्ययनरत छात्र छात्राओं के स्वास्थ्य संवर्धन हेतु मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम अंतर्गत मीठा सुगंधित दुग्ध का वितरण का कार्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व शिक्षकों द्वारा किया जा रहा है। दुग्ध चूर्ण के पैकिट से दूध बनाने की विधि दुग्ध चूर्ण के पैकिट पर स्पष्ट अंकित है। साथ ही मैदानी अमले को दुग्ध चूर्ण से दूध बनाने की विधि अच्छे से समझाई गई है।
       मैदानी अमले को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित विधि अनुसार मीठा सुगंधित दूध बनाया जाये जिससे कि निर्मित दूध की गुणवत्ता व स्वाद में कोई अन्तर न आये।
-------------------------------






Wednesday, 27 January 2016

‍दिनांक 27 जनवरी 2016


जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।। स मा चा र ।।
देशभक्ति का भाव लिए सांस्कृतिक रंगों से रंगा भारत पर्व
           देवास 27 जनवरी 2016/ गणतंत्र दिवस की संध्या पर माता टेकरी सिंहद्वार के समीप प्राकृतिक सौंदर्य से सजी नवनिर्मित ओपन कलावीथिका पर भारत पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। दर्शनीय स्थल पर हुए इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, कबीर गायन, शास्त्रीय नृत्य एवं देश के विभिन्न अंचलों के लोक नृत्यों ने बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। यह पहला अवसर था जब जिला प्रशासन द्वारा आयोजित भारत पर्व माता टेकरी की तलहटी पर प्रकृति की गोद में हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर आशुतोष अवस्थी अपनी धर्मपत्नी श्रीमती किरण अवस्थी के साथ उपस्थित रहे। एडीएम डॉ. कैलाश बुंदेला, निगम आयुक्त हिमांशु सिंह, एसडीएम सारिका भूरिया, तहसीलदार डॉ. नरेंद्र बाबू यादव, जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर खेड़े, शहरी विकास अभिकरण स्मिता रावल सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित थे।
मां, मैं भी पिता की तरह देश के काम आऊंगा
    कार्यक्रम का आरंभ श्री गणेश वंदना पर आधारित शास्त्रीय नृत्य के प्रदर्शन से हुआ। इसके पश्चात लोक गायक मानसिंह भोंदिया एवं साथियों ने देशभक्त्‍िा से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत किया, जिसमें सरहद पर शहीद हुए पिता के नन्हें पुत्र एवं मां बीच का संवाद था। जिसमें हर त्योहार पर बेटा मां से पूछता है कि मां बाबा कब आएंगे और मां हर बार अगले त्योहार पर आने का दिलासा अपने बच्चें को देती है। समय के साथ समझदार बेटा वास्तविकता समझ जाता है तथा मां से वादा करता है कि वो भी पिता की तरह देश के काम आएगा। गीत की इस प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों की आंखों को नम कर दिया। इसके पश्चात कबीर गायक पद्मश्री प्रहलाद टिपाणिया ने जरा धीरे-धीरे गाड़ी हांको लोक गीत सुनाकर दर्शकों को भाव विभोर किया। टिपाणिया के साथियों ने सूफी गायन से सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
बाल कलाकारों ने किया मंत्र मुग्‍ध
    पद्मश्री प्रताप पवार के शिष्य प्रफुल्ल्‍ गेहलोद की संस्था घुंघरू एवं कन्नौद शासकीय उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं तथा उत्कृष्ट विद्यालय देवास, कन्या विद्यालय टोंकखुर्द, के होनहार बाल कलाकारों ने अपने लोक नृत्य प्रदर्शन से समा बांध दिया। दर्शनीय हरीभरी पहाड़ी एवं रंग-बिरंगे परिधान पहने बाल कलाकारों का संगम  अनोखी छटा प्रस्तुत कर रहा था। कन्नौद की बालाओं ने असम के बीहू लोकनृत्य एवं निमाड़ का भगोरिया प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब दाद बटोरी। गणतंत्र दिवस की संध्या पूरी तरह भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत हो गई। जब घुंघरू के नन्हें-मुन्ने कलाकारों ने शास्त्रीय नृत्य संगीत का शुद्धतम रूप प्रस्तुत कर मन जीत लिया। वहीं कालबेलिया नृत्य घुमर, भवई नृत्य का प्रदर्शन कर वातावरण को सांस्कृतिक ऊंचाईयों पर पहुंचाया। गणतंत्र दिवस पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त उत्कृष्ट विद्यालय के बाल कलाकारों ने गणगौर पर्व की थीम पर नृत्य प्रस्तुति दी। अंत में पंजाब के लोक नृत्य भांगड़ा करते हुए कलाकारों ने गणतंत्र दिवस की संध्या को उल्लास से सराबोर कर दिया।
जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी को सराहा
    भारत पर्व समारोह स्थल पर जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई प्रदर्शनी को लोगों ने देखा एवं सराहा। प्रदर्शनी में मप्र की विकास गाथा का चित्रों सहित वर्णन किया गया। आने वाले सिंहस्थ पर्व की आध्यात्मिक भव्यता की चित्रमय झलकी देखकर  उपस्थित जनों ने अधिकारियों को बधाई दी। समस्त कलाकारों को कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए एवं उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शाबासी दी।
स्थानीय लोगों ने कलेक्टर को दी बधाई
    समारोह के अंत में कार्यक्रम स्थ्ल पर स्थानीय लोगों ने कलेक्टर आशुतोष अवस्थी से मिलकर  बताया कि टेकरी का यह स्थान पहले पूरी तरह उजाड़ था। यहां कचरा, पॉलीथीन, गंदगी आदि ढेर था परंतु अब यह एक सुंदर स्थान में परिवर्तित हो गया। जहां यह कार्यक्रम देखकर एक अलग आनंद एवं संतोष का अनुभव हुआ। कलेक्टर ने बधाई स्वीकार करते हुए आग्रह किया कि टेकरी पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देते रहें। कार्यक्रम का सफल संचालन अरविंद त्रिवेदी ने किया।




















----------------------------- 
26 जनवरी 2016
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास

जिले में उल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस
स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने ध्वजारोहण कर सलामी ली
    देवास 26 जनवरी 2016/ जिले में गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्र ध्वज की महिमा के साथ मनाया गया। जिले में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोहों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया एवं राष्ट्रगान गाया गया। स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरियां निकाली गईं तथा देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। जिला मुख्यालय पर पुलिस परेड ग्राउण्ड पर आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने ध्वजारोहण कर सलामी ली।
        इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया, परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया गया, स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों, सेना के शहीदों के परिजनों एवं मीसाबंदियों का शॉल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया। पुलिस बल आदि ने आकर्षक एवं भव्य मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। पूरे जोश एवं उमंग के साथ स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय ने करतल ध्वनि से बच्चों की प्रस्तुतियों को खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में श्रेष्ठ सांस्कृतिक कार्यक्रमों, झांकियों, उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन, मेधावी विद्यार्थियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं शासकीय सेवकों को पुरूस्कार प्रदान किए गए।
    कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत, सोनकच्छ विधायक राजेंद्र वर्मा, महापौर सुभाष शर्मा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश सरिता सिंह एवं अन्य न्यायाधीश गण, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला के अलावा गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित था। कार्यक्रम का संचालन अरविंद त्रिवेदी ने किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यालय प्रथम
    समारोह में नगर के विभिन्न विद्यालयों ने संदेशपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। निजी एवं शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पीटी प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय प्रथम, चिमनाबाई स्कूल द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर नूतन स्कूल रहा। इनोवेटिव स्कूल को सांत्वना पुरूस्कार प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा दिये गये पीटी एवं व्यायाम के प्रदर्शन को विशेष सराहना मिली। ताल एवं लय के साथ व्यायाम का प्रदर्शन उत्कृष्ट था।
परेड में सीआईएसएफ प्रथम
    मुख्य समारोह में उत्कृष्ट परेड के लिए सीआईएसएफ को प्रथम, जिला होमगार्ड को द्वितीय तथा जिला पुलिस बल तृतीय स्थान पर रहा।
विभिन्न विभागों ने निकाली झांकियों
    मुख्य समारोह में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा झांकियों प्रदर्शित की गई। इन झांकियों में जिला शिक्षा केंद्र की प्रतिभा पर्व पर, पीएचई विभाग की जनभागीदारी आधारित नलजल योजना की झांकी, श्रम विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, उद्यानिकी विभाग की पॉली हाउस से फूलों की खेती वाली झांकी, पशुपालन विभाग की कड़कनाथ योजना पर आधारित झांकी, कृषि विभाग, जिला उद्योग केंद्र ने युवा उद्यमी योजना पर झांकी, ड्ब्ल्यूआरडी की पीपलरावां का मॉडल झांकी, स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग, वन विभाग की टेकरी पर किए गए विकास कार्यों की झांकी तथा‍ जिला पंचायत की देवास की प्रतिभाओं पर आधारित झांकियां निकाली गई।
उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारी/कर्मचारी पुरस्कृत
       मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने के लिए वन संरक्षक पीएस चंपावत, सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, एसडीएम  देवास सारिका भूरिया, कृषि उपज मंडी सचिव संजीव श्रीवास्तव, पशु चिकित्सा सेवाएं उपसंचालक डॉ. जीडी वर्मा, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख वंशिका इंगले, पशु चिकि.वि. अधिकारी बागली डॉ. विजयकुमार शर्मा, उपसंचालक कृषि केसी वास्केल, वरिष्ठ लेखा लिपिक लोक निर्माण विभाग संध्या तिवारी सहित कुल 182 अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।
सरपंच एवं कृषक हुए सम्मानित
       मुख्य अतिथि द्वारा पंचायत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए बछखाल सरपंच गीताबाई गौरा, डोकाकुई सरपंच विनोद तापड़िया, नयापुरा सरपंच शांतिलाल, खटांबा सरपंच मानकुंवरबाई को सम्मानित किया गया। साथ जिले में उन्नत एवं आधुनिक पद्धति से खेती करने वाले कृषक रामप्रसाद  पाटीदार ग्राम नेवरी, ग्राम अमोना टोंकखुर्द के मनोहर कुमार, ग्राम बरोठा के राहुल, ग्राम कराड़यापरी सोनकच्छ के विक्रम बड़कानिया, ग्राम तालोद के मनोहरलाल मालवी को सम्मानित किया गया।
शिप्रा नदी की सफाई में सराहनीय कार्य के लिए किया सम्मानित
    मुख्य अतिथि द्वारा समारोह में शिप्रा नदी की सफाई अभियान के अंतर्गत सराहनीय कार्य के लिए जिला कमांडेट होमगॉर्ड जीपी प्रजापति, राजनारायण मंडलोई, बापूलाल नायक, भगत लांस, भैयालाल, अंतरसिंह, कैलाश, दिनेश, राजेंद्रसिंह कैलाश पटेल, रेवाराम को सम्मानित किया गया।
इन्हें किया गया सम्मानित
    मुख्य अतिथि द्वारा अंकुश मेश्राम, प्रभारी शासकीय आयुर्वेद औषधालय शरद जेम्स, अपर वन मंडलाधिकारी बागली पीसी दायमा, वनपरिक्षेत्राधिकारी डीएस चौहान, वन रक्षक सजनसिंह चौहान, तहसीलदार सोनकच्छ पल्लवी पौराणिक, संयोजित निर्वाचन शाखा सोनकच्छ जयसिंह परमार, अध्यापक संयोजित ‍निर्वाचन शाखा धीरजसिंह राजपूत को सम्मानित किया गया।
 शिक्षक, शिक्षा, खेल एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मानित
    मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों में सैयद सदाकत अली, अदिति गुप्ता, नोशिन  कुरैशी को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए, मिर्जा मुशब्बिर बैग को साफ्ट टेनिस में कुशल प्रतिनिधित्व के लिए, जावेद पठान आउटडोर खेल परिसर के लिए भूमि आवंटन की कार्यवाही में उत्कृष्ट कार्य के लिए, संजय पाटिल प्रभारी विकासखंड अधिकारी देवास को निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए, पायोनियर पब्लिक स्कूल के कक्षा 10वीं के आदित्य दुबे एवं राजवीर नागर को साफ्ट टेनिस के लिए सम्मानित किया गया। इसी प्रकार सहायक प्राध्यापक प्रो. संजय गाड़गे को महाविद्यालय के समस्त कार्य दक्षतापूर्ण करने के लिए, सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय काले को भारत निर्वाचन में सफलता पूर्वक कार्य करने पर सम्मानित किया गया। सहायक प्राध्यापक प्रो.एसपी एस राणा को स्वीप कार्य के लिए सम्मानित किया गया। जवाहर नगर निवासी वैष्णवी कमल बैरागी, परिधी देवीदास बैरागी, चंचल चंद्रावत तथा अदिति चंद्रावत द्वारा चेन्नई बाढ़ पीढ़ित के लिए 8050 रुपए की राशि एकत्र करने के लिए सम्मानित किया गया। बच्चों को पचास तक पहाड़े याद करवाने के लिए संविदा शिक्षक पोटला के जितेंद्र सिंह बाघेला को, अंग्रेजी माध्यम से श्रेष्ठ कार्य करने के लिए सहायक प्राध्यापक देवनालिया के सुमित शर्मा को, जनशिक्षक पांडुतालाब देवेंद्र राठौर, बीएसीबीआरसी महेश गोस्वामी, शिक्षक मुकेश गोयल, बीएसीबीआरसी किशोर वर्मा, सहायक अध्यापक शोभा पालके, प्र.अ गिरीश चौरे, प्र.अ. रामनारायण सरयाम, सहायक अध्यापक गजराजसिंह यादव, प्र.अ. महेश हिरवे, सहायक शिक्षक घनश्याम गुप्ता, प्र.अ. अंबाराम पांचाल, सहायक शिक्षक विक्रमसिंह सिसोदिया, बीआरसीसी अर्जुनसिंह मालवीय, बीआरसीसी हेमंत कानूनगो, चेतना चौबे, रश्मि मेहता, पुष्पलता चौधरी, मनोरमा वर्मा, अंशु दबाड़े, हरिओम वैष्णव, मीना सोनी, अशोक सालुंके, रेणु गुप्ता, उमा जोशी को सम्मानित किया गया।
कलेक्ट्रेट में किया गया ध्वजारोहण
    मुख्य समारोह से पूर्व कलेक्ट्रेट में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा सलामी ली गई। सभी ने राष्ट्रगान गाया। इस अवसर पर एडीएम डॉ. कैलाश बुंदेला सहित अन्य अधिकारी तथा कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित सभी शासकीय कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
















---------------------------
राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने विद्यार्थियों के साथ किया मध्यान्ह भोजन
    देवास 26 जनवरी 2016/ गणतंत्र दिवस पर आज प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला, गोपीकृष्ण व्यास, अनिल झंवर, प्रवीण श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने ग्राम खटांबा में पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ मध्याह्न भोजन किया। इसके पूर्व उन्होंने अपने हाथों से छात्र-छात्राओं को खीर, पुडी, लड्डू आदि परोसे व भोजन के पूर्व भोजन मंत्र पढ़ा।
    मंत्री श्री दीपक जोशी ने विद्यालय भवन एवं परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने वहां किए गए कार्यों की प्रशंसा भी की। मंत्री श्री जोशी ने अगले सत्र में स्कूल में फर्नीचर की घोषणा की।



-----------------------------
डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ
    देवास 26 जनवरी 2016/ गणतंत्र दिवस पर आज प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने जिला अस्पताल में डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर  कलेक्टर आशुतोष अवस्थी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
-------------------------------
मंत्री श्री जोशी ने टेकरी पर किया पौधारोपण
    देवास 26 जनवरी 2016/ गणतंत्र दिवस पर आज प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी माताजी की टेकरी में नवनिर्मित पक्षी विहार के समीप पहुंचकर पौधारोपण किया। मंत्री श्री जोशी ने टेकरी पर किए गए कार्यों का अवलोकन करते हुए कलेक्टर आशुोष अवस्थी की प्रशंसा की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत, विधायक सोनकच्छ राजेंद्र वर्मा, महापौर सुभाष शर्मा, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।



---------------------------
जिला पंचायत में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित
जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण
        देवास 26 जनवरी 2016/ जिला पंचायत देवास में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला पंचायत कार्यालय में प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ध्वजारोहण जिला पंचायत अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह राजपूत द्वारा किया गया। इस अवसर पर सोनकच्छ विधायक राजेन्द्र वर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे। ध्वजारोहण कार्यक्रम में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यपालन यंत्री, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी ब्रजेश पटेल एवं कार्यालय के समस्त अधिकारी कर्मचारी गण उपस्थित थे।
      इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह राजपूत ने गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस का यह पर्व हमें राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम एवं भाईचारे की भावना के साथ एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। गणतंत्र दिवस के मौके पर हम सब सांप्रदायिक सौहार्द, सद्भावना, प्रेम एवं भाईचारे की गौरवशाली परम्परा को बरकरार रखते हुए जिले को समृद्धशाली बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प ले ।
बैठक हाल का हुआ शुभारंभ
        इस अवसर पर जिला पंचायत कार्यालय में नवनिर्मित प्रथम तल, आधुनिक साज-सज्जा से सुसजिज्त बैठक हॉल एवं अध्यक्ष के नवनिर्मित कक्ष का शुभारंभ अतिथिद्वय द्वारा किया गया।
---------------------------