Monday, 28 September 2015

दिनांक 28 सितंबर 2015


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

लापरवाही पर जिला शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस
      देवास 28 सितंबर 2015/ सीएम हेल्पलाइन में आए आवेदनों के निराकरण में लापरवाही बतरने, विभागीय कार्यों में अरूचि और महत्वपूर्ण बैठकों में अनुपस्थिति पर जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर खेड़े को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं। आज सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक में क्रमिक रूप से कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने जिले के प्रत्येक ब्लॉक में जनसमस्या निवारण शिविर लगाने के निर्देश दिए है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा, अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला, संयुक्त कलेक्टर सारिका भूरिया, सभी एसडीएम एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।
धारा 40 में करें कार्रवाई
    बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि धारा 40 और धारा 92 के प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में करें। ऐसे सरपंच एवं सचिव जिन्होंने शासकीय राशि का आहरण कर कार्य नहीं कराएं हैं, उनके खिलाफ आरआरसी जारी कर वसूली की कार्रवाई की जाए।
   
नि:शक्त जोड़ों को मिलेगी सवा लाख रूपए की सहायता
      कलेक्टर ने नि:शक्तजन विवाह योजना के तहत हितग्राहियों के चयन  के लिए महिला एवं बाल विकास एवं सामाजिक न्याय विभाग को निर्देश दिए हैं। सभी जनपद के सीईओ को अपने जनपदों में योजना के प्रचार-प्रसार करते हुए हितग्राहियों के चयन के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि इस योजना में दिसंबर माह में जिला मुख्यालय पर वृहद आयोजन होगा। विवाहित जोड़े को लगभग सवा लाख रूपए की सहायता मिलेगी।
उपसंचालक कृषि को लगाई फटकार
             बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। इसमें ग्राम पीपल्या बक्सू ब्लॉक सोनकच्छ के धर्मेद्रसिंह सेंधव द्वारा कृषि विभाग से रोटावेटर नहीं मिलने की शिकायत पर कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि वास्केल से जवाब तलब किया। आवेदक द्वारा कृषि विभाग के मैदानी अमले द्वारा पैसे लिए जाने की शिकायत पर कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए। मामले की लीपापोती करने पर कलेक्‍टर ने उपंसचालक कृषि को फटकार भी लगाई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से संज्ञान में लें।
-----------------------------
कलेक्टर ने ली निर्वाचन के नोडल अधिकारियों की बैठक
      देवास 28 सितंबर 2015/ कलेकटर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी ने देवास विधानसभा के प्रस्तावित उप निर्वाचन के संदर्भ में नियुक्त विभिन्न नोडल अधिकारियों की आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराया और दायित्व संबंधी अग्रिम तैयारी के निर्देश दिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला भी उपस्थित थे।
---------------------------
23 व्यक्तियों को 1 लाख 13 हजार से अधिक रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत
      देवास 28 सितंबर 2015/ विधायक स्वेच्छानुदान निधि से बागली विधायक श्री चंपालाल देवड़ा की अनुशंसा पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा 23 व्यक्तियों को चिकित्सा एवं शिक्षा सहायता के रूप में 1 लाख 13 हजार 500 रूपए की स्वीकृति जारी की गई है।
     जारी आदेश अनुसार विकासखंड बागली के ग्राम उदयनगर निवासी तुलसीराम पिता श्रीवार, शीलाबाई पति तुलसीराम ग्राम उदयनगर, ग्राम  पोलाखाल के नानूराम पिता कालू, ग्राम पोलाखाल के मुकेश पिता राधेश्याम, ग्राम पोलाखाल की मोमाबाई पति मेवाराम, ग्राम पोलाखाल के अजय पिता जगदीश, ग्राम पोलाखाल के  राजेश पिता बाबूलाल, ग्राम पोलाखाल के सुखलाल पिता अमरसिंह, ग्राम पोलाखाल के अनिल पिता दिनेश, ग्राम कमलापुर की मेघा गोस्वामी, ग्राम पताड़ीपाला के रामसिंह पिता ऊंकार, ग्राम सोवल्यापुरा के नंदकिशोर पिता लालसिंह, ग्राम पीपलपाटी के मोतीलाल पिता सिकदार 5-5 हजार रूपए की चिकित्सा एवं शिक्षा सहायता की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई। इसी प्रकार ग्राम पीपरी की आशाबाई दीपू को 3500 रूपए की चिकित्सा सहायता की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई।
कन्नौद विकासखंड
       जारी आदेश अनुसार कन्नौद विकासखंड के ग्राम बेड़गांव निवासी  मीराबाई ब्रदी, ग्राम चिचली के दिनेश पिता रेवाराम, ग्राम चिचली के गोपाल पिता बाबूलाल, ग्राम चिचली के ओमप्रकाश पिता मूलचंद, ग्राम चिचली के गोरेलाल पिता बद्रीप्रसाद, ग्राम बड़कन के नारायण ‍पिता बाबूलाल, ग्राम बड़कन के मुकेश पिता रमेश तथा नगर पंचायत कांटाफोड़ निवासी कु. अश्विनी अमोलकर तथा मंतशा हमीद को 5-5 हजार रूपए की चिकित्सा एवं शिक्षा सहायता की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
-----------------------------
बालरंग महोत्सव 2015-16
बालरंग महोत्सव के अंतर्गत होगी संस्कृत प्रतियोगिताएं
    देवास 28 सितंबर 2015/ लोक शिक्षण संचनालय भोपाल के निर्देश पर विद्यार्थियों में सृजनात्मकता के नए आयाम दिलाने के लिए तथा विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को विकसित करने के लिए बालरंग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसके अंतर्गत संस्कृत प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी।
    सभी शासकीय अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश दिए गए है कि संस्कृत प्रतियोगिता में निबंध लेखन, नृत्य नाटिका, भाषण, वेद पाठ श्लोक गायन प्रतियोगिता का आयोजन करें। उक्त प्रतियोगिताएं दो वर्गों में आयोजित की जाएगी। कनिष्ट वर्ग कक्षा 6टी से 8वीं तक के विद्यार्थी तथा वरिष्ठ वर्ग में 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल होंगे।
शाला स्तर पर 25 सितंबर से 30 सितंबर तक
    शाला स्तर पर प्रतियोगिताएं 25 सितंबर से प्रारंभ होकर 30 सितंबर होगी, जिसमें संबंधित प्रधानाध्यापक, प्राचार्य प्रतिदिन एक-एक प्रतियोगिताएं कराएंगे।
विकासखंडों में होंगी प्रतियोगिताएं
    विकासखंड स्तर पर प्रतियोगिताएं 8 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे होंगी। देवास विकासखंड में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्री नारायण विद्या मंदिर क्रमांक 1 में, सोनकच्छ विकासखंड में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक में, विकासखंड टोंकखुर्द में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक, विकासखंड  बागली में शासकीय संस्कृत पाठशाला में, विकासखंड खातेगांव में  शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक में तथा विकासखंड कन्नौद में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक में आयोजित की जाएंगी।
------------------
विधायक द्वारा खातेगांव में मुख्यमंत्री कप का शुभारंभ
       देवास 28 सितंबर 2015/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय खातेगांव में आयोजित "मुख्यमंत्री कप" प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक श्री आशीष शर्मा द्वारा किया गया।
       इस अवसर पर विधायक श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से खिलाड़ियों के उत्थान एवं खेलों के विकास के लिये बहुत काम किए है, और ये प्रशंसनीय है। कार्यक्रम की शुरूआत माँ सरस्वती की वंदना से की गई।
       कार्यक्रम के विशेष अतिथि कमल टाडा प्रतिनिधि अध्यक्ष जनपद पंचायत खातेगांव, बलराम दावठा जिला पंचायत सदस्य देवास, रामेश्‍वर यादव थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष खातेगांव निलेश जोशी ने की।
---------------------------
अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस 1 अक्टूबर को मनाया जाएगा
    देवास। वृद्धजनों के सम्मान के लिए आगामी 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर मनाया जाएगा। इस अवसर पर वृद्धजनों का सम्मान किया जाएगा।
    कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने जिले की सभी ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय एवं जनपद पंचायत तथा जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने आयोजन के लिए उपसंचालक सामाजिक न्याय को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए प्रभावी व्यवस्था व समन्वय के निर्देश दिए हैं।
100 वर्ष पूर्ण होने पर शतायु सम्मान होगा
    कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने बताया कि 01 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर शतायु सम्मान किया जाएगा। शतायु सम्मान उन वृद्धजनों को दिया जाना है, जिनकी आयु 100 वर्ष या उससे अधिक के हों। शतायु सम्मान के अंतर्गत एक हजार रूपए की नगद राशि, 1 शॉल व श्रीफल से एक अक्टूबर को कार्यक्रम स्थल पर जो वृद्धजन होंगे उनको सम्मानित किया जाएगा। सौ वर्ष की आयु के वृद्धजन की आयु की पुष्टि के लिए वही आधार माना जाएगा जो अन्य प्रयोजनों के लिए माना जाता है।
यह कार्यक्रम करें आयोजित
    कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की देखभाल पर आधारित जागरूकता सृजन कार्यक्रम, वरिष्ठजनों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन, परिवार आधारित स्वास्थ्य निवारण कार्यक्रम, वरिष्ठजनों के लिए स्वास्थ्य बीमा संबंधी क्लेमों का निराकरण, शासकीय  चिकित्सालयों में वरिष्ठजनों के लिए विशेष ओपीडी, योगा कार्यक्रम, अधिक आयु में उत्पन्न होने वाली बीमारियों का उपचार, कार्यक्‌रम में आने वाले वरिष्ठजनों का सम्मान तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन तथा वरिष्ठ नागरिकों की रूचि, आयु को देखते हुए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन, वृद्धों की टेलेंट हंट स्पर्धा, वरिष्ठ नागरिकों को पारिवारिक वातावरण देने के लिए स्कूली छात्राओं के साथ सम्मिलित कर खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा सकता है।
-----------------------------
जिले में 1126.61 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
      देवास 28 सितंबर 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 1126.61 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1379, खातेगांव में 1345, कन्नौद में 1238, उदयनगर में 1227.90, देवास में 1064, टोंकखुर्द में 945, सतवास में 930 तथा बागली में 884 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
24 घंटे में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई
  पिछले 24 घंटों में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें देवास में, सतवास में, कन्नौद में, उदयनगर में, खातेगांव में, सोनकच्छ में, टोंकखुर्द में तथा बागली में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को 2.13 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
    गत वर्ष 28 सितंबर को जिले में 2.13 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें खातेगांव में 12, सोनकच्छ में 5, सतवास में, टोंकखुर्द में, देवास में, बागली में, उदयनगर में तथा कन्नौद में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 572.00 मिमी औसत वर्षा
     अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 572.00 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें सोनकच्छ में 707, उदयनगर में 665, देवास में 626, टोंकखुर्द में 596, कन्नौद में 541, बागली में 548, खातेगांव में 499, सतवास में 394 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
---------------------------


No comments:

Post a Comment