31-03-2016
॥ स मा चा र॥
जिला
जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
चैत्र नवरात्रि पर्व की तैयारी को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक
देवास, 31 मार्च 2016/ नवरात्रि
पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन करने में परेशानियां न आएं। मार्ग में पीने की
पानी की उचित व्यवस्था की जाए। आरओ का मैनेटेंस पूर्ण किया जाए। वाटर कूलर के पास जो
पैवर्स रखें है, उन्हें निश्चित स्थान पर लगाया जाए। साथ ही जहां छायादार शेड नहीं
हैं, वहां पर छायादार शेड लगाया जाए। उक्त निर्देश कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने गत दिवस
चैत्र नवरात्रि पर्व की तैयारियों की बैठक में अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर बैठक
में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
मंदिर के भीतर नारियल तोड़ने पर रहेगा प्रतिबंध
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पर्व के दौरान माताजी के भीतर नारियल
तोड़ने पर प्रतिबंधित किया जाए। रात्रि के समय दर्शनार्थियों को आने-जाने में परेशानियां
न हो इसके लिए भोपाल चौराहे से एसबीआई तक तथा गजरागियर्स चौराहे तक लाइट की उचित व्यवस्था
की जाए। टेकरी व आसपास जो भी अशासकीय बैनर पोस्टर लगे हैं, उन्हें हटाया जाए।
प्लास्टिक की थैली प्रतिबंधित
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि माताजी की टेकरी पर पॉलीथीन की थैलियां
पूर्णत: प्रतिबंधित की जाए। टेकरी पर कोई भी नई दुकान नहीं लगना चाहिए।
सुलभ शौचालय सुचारू रूप से प्रारंभ किया जाये
कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि टेकरी के मार्ग में बने सुलभ शौचालय सुचारू
रूप से चालू किए जाए। वहां पर पानी की उचित व्यवस्था की जाए, जिससे दर्शनार्थियों को
परेशानियों का सामना न करना पड़े। टेकरी पर परमानेंट सफाई कर्मी रखें जाए जो निरंतर
टेकरी की साफ-सफाई करें।
अतिक्रमण न हो पाए
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि टेकरी पर ऐसी व्यवस्था की जाए कि वहां पर
अतिक्रमण न होने पाए। बाउंड्रीवॉल को वायर के साथ बनाई जाए। कबीर आश्रम क्षेत्र में
विशेष सख्ती से काम करें। संबंधित अधिकारी सुबह व शाम को टेकरी की परिक्रमा करें और
कमियों को दूर करें।
सीसीटीवी
कैमरे से करें मॉनीटरिंग
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि माताजी की टेकरी पर लगे कैमरे नीचे
कंट्रोल रूम से संचालित किए जाए तथा हर प्रकार की गतिविधियों को नजर रखी जाएं। शरारती
तत्वों की सीसीटीवी से पहचान कर उनकी धरपकड़ की जाए।
मंदिर का करें सौंदर्यीकरण
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि माताजी के मंदिरों की सुंदरता बनाए
रखने के लिए मंदिरों पर उचित रंग-रोगन कर उनका सौंदर्यीकरण किया जाए। सीढ़ी मार्ग पर
जो पत्थर निकले हैं, उन्हें वापस लगाया जाए। प्रसाद वितरण का कार्य प्रबंधन समिति द्वारा
किया जाए।
दान पेटियां सही जगह रखें
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में रखी दान पेटियां
ऐसी जगह रखी जाए जहां पर दर्शनार्थी आसानी से दान डाल सकें। मंदिरों से पुजारियों की
थालियां हटाई जाएं।
कर्मचारियों को जॉब चार्ट बनाया जाए
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि टेकरी पर लगे कर्मचारियों में काम
का बंटवारा किया जाए। उनके लिए डेस्क लगाई जाए। समिति के कर्मचारियों का जॉब चार्ट
बनाया जाए। टेकरी पर व्यवस्था के लिए पटवारियों की ड्यूटी लगाने के लिए तहसीलदार को
निर्देश दिए।
अस्थायी कॉटेज बनाया जाए
कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि जैन मंदिर एवं शनि मंदिर के पास
अस्थायी कॉटेज बनाया जाए।
तीन अप्रैल को कलेक्टर करेंगे टेकरी का निरीक्षण
नवरात्रि पर्व पर माताजी की टेकरी पर कराए गए कार्यों का अवलोकन 3 अप्रैल
को कलेक्टर श्री अवस्थी द्वारा किया जाएगा।
------------------------------
आदिवासी परिवारों के लिए एक कदम उजाले की ओर
देवास, 31 मार्च 2016/ कलेक्टर
आशुतोष अवस्थी द्वारा आदिवासी परिवारों की जीवन स्थिति में सुधार के लिए पहल की गई
है। एकीकृत आदिवासी विभाग उपयोजना के तहत गरीब आदिवासी परिवारों को कौशल उन्नयन के
लिए तीस हजार रुपए की सहायता दी जाएगी। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग
द्वारा सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक लेकर इस संबंध में आवश्यक
निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा भी उपस्थित थे।
सभी सीईओ से चयनित परिवारों की सूची अविलंब भेजने के लिए कहा गया। पशुपालन
विभाग के माध्यम से बकरी पालन, मुर्गी पालन जैसी छोटी-छोटी जीविका उपार्जन इकाई के
प्रकरण तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि ऐसा हर छोटा सा प्रयास
एक गरीब परिवार के आंगन में खुशियों की बारिश कर सकता है। हमारा यह एक कदम इन वंचित
परिवारों को उजाले की ओर ले जाएगा।
-----------------------------
कालीसिंध से रोकें अवैध उत्खनन
देवास, 31 मार्च 2016/ कलेक्टर
आशुतोष अवस्थी ने सोनकच्छ के राजस्व महकमे को निर्देश दिए है कि कालीसिंध नदी से अवैध
उत्खनन को सख्ती से रोकें। गत दिवस वीडियो कांफ्रेंसिंग में उन्होंने सोनकच्छ तहसीलदार
से इस संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जिला सेनानी होमगार्ड को सैनिक उपलब्ध कराने
के निर्देश दिए। खनिज विभाग से समन्वय करते हुए अवैध उत्खनन पर कार्रवाई के निर्देश
दिए गए हैं।
------------------------------
कलेक्टर के स्टेनो कुशवाह को दी गई भावभीनी विदाई
छत्तीस वर्षों की सुदीर्घ सेवा के बाद हुए सेवा निवृत्त
देवास 31 मार्च 2016/ कलेक्टर
के स्टेनो एमएस कुशवाह आज 36 वर्षों की सुदीर्घ शासकीय सेवा के पश्चात सेवानिवृत्त
हो गए। सेवानिवृत्त पर उन्हें समारोहपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी
ने इस अवसर पर कहा कि मृदुभाषी श्री कुशवाह की कमी कलेक्टर कार्यालय में सदैव खलेगी।
आयोजित विदाई कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, एडीएम कैलाश बुंदेला एवं
कलेक्टर कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
छब्बीस
कलेक्टरों के साथ काम किया
शाजापुर जिले से अपनी शासकीय सेवा
आरंभ करने वाले श्री कुशवाह ने कुल 26 कलेक्टरों के साथ काम किया। काम को सदैव प्राथमिकता
देने और हमेशा शांति से प्रत्युत्तर देने के सिद्धांत का उन्होंने पालन किया।
कलेक्टर
ने कहा कल तक कर देना, आज ही किया
श्री कुशवाह अपनी सेवा के आखिरी दिन
भी पहले की ही भांति काम करते रहे। मार्च के अंतिम दिन कलेक्टर द्वारा उन्हें चार पेज
का डिक्टेशन दिया गया और कहा कि कल तक हस्ताक्षर करा लें। श्री कुशवाह ने दोपहर तक
ही कार्य पूरा कर हस्ताक्षर हेतु प्रस्तुत कर दिया। काम में डूबे कलेक्टर ने पूछा कहा
कि इसे तो कल प्रस्तुत करना था। तब श्री कुशवाह ने विनम्रता से कहा कि मैं आज ही सेवानिवृत्त
हो जाउंगा। कलेक्टर ने श्री कुशवाह की कर्त्तव्यपरायणता को सराहा और उनके स्वस्थ व
उज्जवल भविष्य की कामना की।
-----------------------
कलेक्टर ने दिए जल सम्मेलन आयोजन के निर्देश
देवास 31 मार्च 2016/ ग्रामीण
अंचल में नए तालाब बनाने और पुरानी जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार के लिए अभियान चलेगा।
कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने इस संबंध में जागरूकता एवं वातावरण निर्माण के लिए जल सम्मेलन
आयोजित करने के निर्देश दिए है। गत दिवस वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा जिले के सभी मुख्य
कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत से उन्होंने चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान
सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा भी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा कि जल संरक्षण आज एक
बहुत बड़ी चुनौती है। पंच, सरपंचों, ग्रामीणजनों को जल संरक्षण के लिए सहभागी बनाकर
ग्रामीण विकास विभाग का अमला काम करें। जल सम्मेलन के साथ स्वच्छता सम्मेलन भी आयोजित
किए जाए। प्रत्येक पंचायत में कम से कम एक संरचना बनाई जाए। पुराने तालाब की गाद निकालकर
उन्हें गहरा किया जाए। कुएं, बावड़ी जैसी पुरानी संरचनाओं की मरम्मत की जाए। कलेक्टर
ने कहा कि 14वें वित्त की राशि से संधारण का कार्य किया जा सकता है।
बैठक में कलेक्टर ने सभी सीईओ से जल
सम्मेलनों की प्रस्तावित तिथियों की जानकारी ली। देवास में 13 अप्रैल, बागली में
15 अप्रैल, टोंकखुर्द में 20 अप्रैल, सोनकच्छ 22 अप्रैल, कन्नौद में 23 अप्रैल तथा
खातेगांव जनपद में 24 अप्रैल को जल सम्मेलन आयोजित करने की जानकारी दी गई।
गोडाउन
जैसा नहीं लगे पंचायत कार्यालय
कलेक्टर ने सभी सीईओ को उनके क्षेत्र
की ग्राम पंचायत नियमित रूप खोला जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा
कि पंचायत एक अच्छे कार्यालय के रूप में नजर
आनी चाहिए। यहां पर सीमेंट एवं निर्माण सामग्री भरकर उसे गोडाउन नहीं बनाया जाए।
------------------------------
आज से आरंभ होगा जिले में राजस्व अभियान
देवास, 31 मार्च 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी
के निर्देश पर आज से जिले में राजस्व अभियान आरंभ हो रहा है। यह अभियान उन किसानों
के लिए सुनहरा मौका है जो नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे के लिए पटवारियों के चक्कर
लगा रहे है। राजस्व अभियान के दौरान प्रत्येक गांव में पटवारी द्वारा बी-वन का वाचन
किया जाएगा। फोती नामांतरण की सूची बनाई जाएगी और किसानों को घर बैठे पावती दी जाएगी।
कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों की वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा
बैठक लेकर अभियान की सफलता के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने
निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले प्रत्येक प्रकरण को पंजीबद्ध किया
जाए। राजस्व निरीक्षक सीमांकन के लिए एक रजिस्टर संधारित करें जो तहसीलदार द्वारा प्रभाणित
किया जाएगा। जिला स्तर से अधिकारियों की टीम रेंडम चैकिंग करेगी। कलेक्टर ने सतवास
और उदयनगर क्षेत्र में खसरा नंबर में कम्प्यूटर की गलती के कारण किसानों को होने वाली
परेशानी का भी जिक्र किया। उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए कि अपने क्षेत्र
में यह सुनिश्चित करें कि खसरा नंबर में यह त्रुटि जानबुझकर नहीं हो। इरादातन ऐसा करने
वाले पटवारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
----------------------------
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित
देवास
31 मार्च 2016/ पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला द्वारा फरार आरोपियों को बंदी बनाने,
बंदी बनाने के लिए सूचना देने वालों 5-5 हजार रुपए की इनाम की उद्घोषणा की गई है।
जारी आदेश अनुसार अनुसार हाटपीपल्या
थाना क्षेत्र अंतर्गत गुड्डू उर्फ सवई भागवंत बंजारा उम्र 30 वर्ष निवासी डोकरखेड़ा,
हिंदू नरसिंह बंजारा उम्र 30 वर्ष निवासी बारोली, थाना उदयनगर क्षेत्र अंतर्गत रेनसिया
उर्फ रेनसिंह पिता रीछा भील उम्र 35 वर्ष निवासी धार्डी तलाव, पीपलरावां थाना क्षेत्र
के रंजीत पिता इंदुरिया कंजर उम्र 30 निवासी चौबाराधीरा, रामलाल पिता देवाजी उम्र
45 वर्ष निवासी मेड़ाखेड़ी थाना रामसी जिला चित्तोड़गढ़ पर 5-5 हजार रुपए राशि का इनाम
घोषित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक
शशिकांत शुक्ला ने बताया है कि प्रकरणों में फरार आरोपियों को जो कोई व्यक्ति बंदी
बनाएगा, बंदी करवाएगा, बंदी बनाए जाने के लिए सूचना देगा या बंदीकरण का विरोध करने
पर विधि संगत बल का प्रयोग कर बंदी बनाएगा या बंदी करेगा, उसे पुलिस रेग्युलेशन अनुसार
5 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। एक से अधिक उम्मीदवार होने की दशा में धनराशि
का समान रूप से वितरण होगा। इनाम वितरण के संबंध में निर्णय पुलिस अधीक्षक देवास का
होगा।
---------------------------
मछुआरों को मिले क्रेडिट कार्ड
देवास, 31 मार्च 2016/ मत्स्योद्योग में संलग्न
मछुआरों को मछली पालन के लिए अल्प कालीन ऋण (फिशरमेन क्रेडिट कार्ड) के लिए वर्ष
2015-16 में 17 हितग्राहियों/समूह/समिति के कुल 213 सदस्यों को जिला सहकारी केंद्रीय
बैंक के माध्यम से फिशरमेन क्रेडिट कार्ड बनाए गए हैं। जारी आदेश में 16 समूह/समितियों
को 3 लाख 95 हजार 485 रुपए तथा 11 हितग्राहियों को 32 हजार 500 रुपए की अनुशंसित राशि
स्वीकृत की गई है।
सहायक संचालक
मत्स्यद्योग देवास एचके मीणा ने बताया है कि फिशरमेन क्रेडिट कार्ड की स्वीकृत में
शामिल समितियों में मां कालका महिला म.स.स. देवास को 8 हजार रुपए, मां भवानी मत्स्य
सहायता समूह को 16 हजार रुपए, चामुंडा समूह देवास को 24 हजार रुपए, श्री बालाली स्वयं
सहायता समूह को 20 हजार रुपए, गढ़कालिका स्वयं सहायता समूह ग्राम सोंडा को 20 हजार रुपए,
रामचरण बौद्ध मछुआ समूह ग्राम एनाबाद को 6 हजार रुपए, अंबिका स्वयं सहायता समूह ग्राम
राघोगढ़ को 24 हजार रुपए, मछुआ समूह ग्राम पालड़ी को 24 हजार रुपए, प्रस्ता. समर्थ मत्स्यद्योग
सहाकरी समिति सेकली को 37 हजार 485 रुपए, बाबा महांकाल मत्स्यद्योग सहाकारी संस्था
मर्या. सतवास को 48 हजार रुपए, पांडूतालाब सामाजिक विकास समिति पांडू तालाब को 22 हजार
रुपए, मछुआ समूह सतवास को 44 हजार रुपए, आदर्श मछुआ स्वयं सहायता समूह आनंदपुर डुंगरिया
को 8 हजार रुपए, प्रस्ता. डॉ. बीआर अंबेडकर मछुआ सहकारी समिति पीपल्या को 42 हजार रुपए,
प्रस्ता. महिला मत्स्यद्योग सह. समिति चौबाराधीरा को 28 हजार रुपए तथा आरके मछुआ समूह
देवास को 24 हजार रुपए की ऋण स्वीकृति प्रदान की गई है।
सोलह हितग्राहियों
को मिली राशि
इसी प्रकार
जारी आदेश में संस्था जयश्री कृष्ण स्वयं सहायता समूह अमोना के शंकरलाल सिद्धनाथ, धन्नालाल
पदमजी, जयनारायण बापूजी, कोदूलाल पीरूजी, बाबूलाल कालूजी, हुकुमसिंह लक्ष्मणजी, गिरधारीलाल
कालूरामजी, कमलसिंह गोपीलाल, गोविंद बोंदाजी, रतनलाल बावलजी, गोरधन मोतीजी, मोहनलाल
उंकारलालजी, नारायण मोतीजी को 2500-2500 रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
---------------------------
नापाखेड़ी ग्राम पंचायत खुले में शौच मुक्त घोषित
देवास, 31 मार्च 2016/ देवास
जनपद की नापाखेड़ी ग्राम पंचायत खुले में शौच मुक्त घोषित की गई है। ग्राम पंचायत के
अंतर्गत मैरखेड़ी और हापाखेड़ी गांव भी आते हैं। इन तीनों गांव में सभी घरों में शौचालय
बना लिए गए है। आज समारोहपूर्वक खुले में शौच मुक्त होने की घोषणा की गई। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा भी उपस्थित थे।
------------------------------
राज्य स्तरीय नि:शक्तजनों के लिए नि:शुल्क परिचय/विवाह सम्मेलन
जबलपुर में होगा आयोजित
देवास, 31 मार्च 2016/ नि:शक्तजनों के सामाजिक
पुनर्वास के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत आयुक्त जबलपुर संभाग
द्वारा राज्य स्तरीय परिचय सम्मेलन/सामूहिक नि:शक्त विवाह सम्मेलन का आयोजन 05 अप्रैल
2016 को स्थान मानस भवन जबलपुर में प्रात: 10 बजे किया जाएगा। इस सम्मेलन में ऐसे नि:शक्तजन
युवक 21 वर्ष तथा युवती 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली हो के लिए परिचय सम्मेलन होगा तथा
परिचय सम्मेलन के बाद 20 अप्रैल 2016 तक नि:शक्त जोड़ों के विवाह के लिए रजिस्ट्रेशन
का कार्य किया जाएगा।
उपसंचालक
सामाजिक न्याय एवं नि:शक्त्जन कल्याण देवास ने बताया है कि 30 अप्रैल को नि:शक्त विवाह
सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में इच्छुक नि:शक्तजन अधिक जानकारी के लिए
अपर आयुक्त नगर निगम जबलपुर गजेंद्रसिंह मोबाइल नंबर 9424700986, उपायुक्त नगर निगम
राहुल सिंह जबलपुर 9977106333, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण
जबलपुर राजश्री राय 9425140026 से संपर्क कर सकते हैं।
-------------------------------
कलेक्टर ने दो आरोपियों
को किया जिलाबदर
देवास 31 मार्च 2016/ जिला
दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के
अन्तर्गत अशरफ उर्फ फट्टू पिता अकरम खान उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम सिया थाना बीएनपी
देवास को छ: माह जिला तथा लक्ष्मीनारायण पिता मिश्रीलाल पारदी उम्र 50 वर्ष निवासी
सारोल पुलिस थाना बरोठा जिला देवास को 6 माह के लिए जिलाबदर कर दिया गया है।
जिला दंडाधिकारी द्वारा आरोपियों को यह आदेश
दिया गया है कि वे आदेश प्राप्ति से 24 घण्टे के भीतर, आगामी 6-6 माह की कालावधि के
लिये जिला देवास एवं उसके आस पास के सीमावर्ती जिलों इन्दौर, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर,
हरदा, खण्डवा, खरगोन की राजस्व सीमाओं से बाहर चले जाए तथा जिला दंडाधिकारी न्यायालय
की बिना पूर्व अनुज्ञा के प्रवेश ना करें।
न्यायालय जिला दण्डाधिकारी
देवास में पुलिस अधीक्षक देवास द्वारा प्रतिवेदन दिया गया था कि आरोपियों के विरूद्ध
भारतीय दण्ड संहिता सहित अन्य अधिनियमों के अन्तर्गत कई अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी अशरफ
खान वर्ष 2009 से निरंतर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और इस अवधि में उसके
विरूद्ध पुलिस थाना बैंक नोट प्रेस पर 09 संज्ञेय अपराध दर्ज हुए है तथा दो प्रतिबंधात्मक
कार्यवाही के आपराधिक प्रकरण दर्ज हुए है। यह अपराध मुख्य रूप से मारपीट, गाली गलौच,
घर में घुसकर महिलाओं से छेड़छाड़, चौरी, बलात्कार, नाबालिक लड़कियों को बहला फुसलाकर
कर अपहरण आदि से संबंधित है।
इसी प्रकार आरोपी लक्ष्मीनारायण
पारदी वर्ष 2004 से निरंतर अपराध में लिप्त रहा है। इस अवधि में उसके विरूद्ध पुलिस
थाना बरोठा पर 7 संज्ञेय अपराध तथा 3 प्रतिबंधात्मक कार्यवाही के आपराधिक प्रकरण दर्ज
हुए है। आरोपी के विरूद्ध पुलिस थाना बरोठा में अवैध शराब, मारपीट, अवैध हथियार रखना,
जान से मारना की धोंस, ठगी करना आदि दर्ज हुए है।
उक्त आरोपी की आपराधिक
गतिविधियों को नियंत्रित किए जाने की सख्त आवश्यकता थी अन्यथा किसी भी दिन उक्त अपराधी
कोई जघन्य अपराध कर क्षेत्र की लोक शांति व व्यवस्था को भंग कर सकते थे। पुलिस अधीक्षक
के प्रतिवेदन के आधार पर उक्त दोनों आरोपियों को जिला बदर किया गया है।
--------------------------------------------
उद्यम आरंभ करने के सभी अनुकूल अवसर जिले में उपलब्ध:- कलेक्टर
युवा उद्यमियों के सम्मेलन में अनुभव हुए साझा
देवास 31 मार्च 2016/ जिले में उद्यम आरंभ करने के सभी अनुकूल अवसर उपलब्ध
हैं। शासन की हरसंभव सहायता उद्यमियों को मिल रही है। नियम कानून सरलीकृत हो गए है।
इसका युवा उद्यमी फायदा उठाएं और जिले के साथ-साथ
प्रदेश को तरक्की की राह में ले जाएं। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने युवा उद्यमियों के
सम्मेलन में यह बात कही।
स्थानीय सृष्टि क्लब देवास में
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें
वित्तीय वर्ष 2015-16 में लाभाविंत हितग्राहियों ने भाग लिया। उद्योग विभाग द्वारा
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की संक्षिप्त जानकारी दी गई। साथ ही योजना की पुस्तिका
उपस्थित समस्त विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में उपस्थित लाभाविंत हितग्राहियों
द्वारा एक-एक कर स्वयं का तथा अपने उद्यम का परिचय दिया एवं अभी तक उनके द्वारा प्राप्त
की गई उपलब्धियों एवं सहायता के आधार पर उद्यम स्थापित करके स्वयं की तथा अन्य सहायक
कर्मियों को रोजगार प्रदान करते हुए उनकी आजीविका चलाने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम मुख्य अतिथि कलेक्टर
श्री अवस्थी ने अपने उद्बोधन में हितग्राहियों को उत्प्रेरित करते हुए उद्यमिता के
गुण के प्रभावी बनाने का आह्वान किया। लाभाविंत हितग्राहियों को उद्यम स्थापित करने
में आने वाली कठिनाईयों के निराकरण हर प्रकार का प्रशासनिक सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में उज्जैन संभाग के संयुक्त उद्योग संचालक आरके जैन एवं जिला व्यापार एवं
उद्योग केंद्र देवास के महाप्रबंधक भी उपस्थित थे।
---------------------------------