Tuesday, 1 September 2015

दिनांक 01-09-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

                      ॥ स मा चा र॥      

जनसुनवाई में भाई-बहिन का कलेक्टर ने स्कूल में कराया एडमिशन

    देवास 01 सितंबर 2015/ कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई में आज मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में 94 आवेदकों ने कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के समक्ष अपने आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। सभी पर कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री कैलाश बुन्देला सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बच्चों को स्कूल में एडमिशन दिलाने के दिए निर्देश
        जनसुनवाई में मंगलवार को भाई-बहिन राज सोलंकी एवं  शिवानी सोलंकी ने आवेदन देते हुए कलेक्टर को बताया कि उनके माता-पिता का एक्सीडेंट हो गया है, उन्हें और आगे पढ़ाई करना है। इस पर कलेक्टर ने दोनों बच्चों स्कूल में एडमिशन कराने के निर्देश डीपीसी को दिए। बालक को आरएसटी एवं बालिका को कन्या छात्रावास कमतखेड़ा में भर्ती करा दिया गया।
कृषि भूमि से पानी की निकासी करवाएं
        आवेदक देवगिरी पिता हरिगिरी गोस्वामी निवासी जामगोद ने आवेदन देते हुए बताया कि इंदौर-भोपाल रोड पर उसकी जमीन है। फोरलेन निर्माण के बाद पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं किये जाने से पानी उसके खेत में भर जाता है तथा फसल चौपट हो जाती है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिक्रमण को हटवाएं
        आवेदक संतोष कुमार श्रीराम यादव निवासी ग्राम ननासा तहसील कन्नौद ने आवेदन दिया कि कन्नौद के सिविल अस्पताल परिसर में उसे दुकान आवंटित की गई है। परिसर में एक व्यक्ति ने अतिक्रमण कर गुमटी रख ली। उसके गुमटी रखने से अतिक्रमण को बढ़ावा मिल रहा है। कलेक्टर ने तहसीलदार कन्नौद को कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्लाट दिलाया जाए
        आवेदिका बेबीबाई राजपूत निवासी ग्राम टिनोनिया तहसील देवास ने आवेदन देते हुए बताया कि उसका प्लाट ग्राम टिनोनिया में है। वहां के सरपंच में प्लाट लेते हुए यह कहा कि हम यहां पर पंचायत भवन बनाएंगे तथा इसके बदले में तुम्हें दूसरी जगह पर प्लाट दे देंगे। इस प्रकार के करार के बाद भी आज तक मुझे प्लॉट नहीं दिया गया। आवेदिका की आवेदन पर कलेक्टर ने कार्रवाई करते हुए सीईओ जिला पंचायत को कार्रवाई के निर्देश दिए।
--------------------------
जिले में जनसुनवाई ऑनलाइन
जिला प्रशासन की अभिनव पहल का एक वर्ष पूर्ण
        देवास 01 सितंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की पहल पर जिले में होने वाली जिला स्तरीय जनसुनवाई को 2 सितंबर 2014 से ऑनलाइन किया गया है। जिला प्रशासन की इस अभिनव पहल को एक वर्ष पूर्ण हो चुका है। ऑनलाइन जनसुनवाई से आवेदकों के आवेदनों का त्वरित निराकरण हो रहा है।
        जिला प्रबंधक, ई-गर्वेनेंस श्री देवेन्द्र राठौर ने बताया कि जनसुनवाई में आने वाले आवेदकों के आवेदनों का ऑनलाइन पंजीयन कर रसीद प्रदान करने के लिए 6 कम्प्यूटर सिस्टम लगाये गये हैं, जिन पर 12 कर्मचारियों की डयूटी लगाई जाती है। आवेदकों की शिकायत ऑनलाइन ही संबंधित विभाग को चली जाती है तथा संबंधित विभाग द्वारा उस शिकायत का निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन ही निराकरण कर संबंधित आवेदक को फोन से सूचित किया जाता है।
        जिला प्रबंधक ई-गर्वेनेंस ने बताया कि आवेदक स्वयं भी dewas.nic.in पर अपनी शिकायत की स्थिति को जान सकते हैं। पिछले एक साल में ऑनलाइन जनसुनवाई में कुल 4 हजार 997 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4 हजार 759 आवेदन का निराकरण किया जा चुका है।
क्रमांक 02/974/01-09-2015                    (फोटो-संलग्न)
प्रेस क्लब ने भूमि आवंटन का मांग पत्र सौंपा
        देवास 01 सितंबर 2015/ मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के गत दिवस प्रवास के दौरान स्थानीय पत्रकारों ने प्रेस क्लब के लिए भूमि आवंटन का मांग पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री श्री सिंह ने कलेक्टर आशुतोष अवस्थी को इस संबंध में अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए।
---------------------
वाहन पार्किंग के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई
        देवास 01 सितंबर 2015/ मां चामुंडा देवस्थान प्रबंध समिति देवास के अंतर्गत शंखद्वार स्थित रपट मार्ग एवं सीढ़ी मार्ग पार्किंग पर दो पहिया एवं चार पहिया वाहन पार्किंग आगामी एक वर्ष तक के लिए नीलामी की जाएगी। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित की गई है।
        जिला कोषालय अधिकारी ने बताया है कि इच्छुक उम्मीदवार 8 सितंबर को शाम 5 बजे तक सीलबंद निविदा कार्यालय मां चामुंडा शासकीय देवस्थान प्रबंध समिति कलेक्टोरेट देवस्थान शाखा देवास को प्रस्तुत कर सकता है। नियत अवधि के बाद प्राप्त होने वाली किसी प्रकार की निविदाओं पर विचार नहीं किया जाएगा। वाहन पार्किंग के लिए अर्नेस्ट मनी 20 हजार रूपए का डीडी निविदा के साथ लगाना अनिवार्य होगा। शर्तें कार्यालय में आकर देखी जा सकती है।
----------------------------
उचित मूल्य दुकानों के आवंटन की तिथि में संशोधन
        देवास 01 सितंबर 2015/ जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय उचित मूल्य दुकानों के आवंटन के लिए आवेदन पत्र प्राप्त करने की तिथि में संशोधन किया गया है। पहले यह तिथि 31 अगस्त 2015 थी, जिसे बढ़ाकर 10 सितंबर 2015 कर दिया गया है। पात्र संस्थाएं निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र 10 सितंबर तक संबंधित कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
क्रमांक 05/977/01-09-2015
        
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
अधूरे निर्माण तेजी से पूर्ण करने के कलेक्टर ने दिए निर्देश
        देवास 01 सितंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के विभिन्न अधूरे कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि कार्यों में गति लाएं तथा उन्हें तय सीमा में पूर्ण करें।
ठेकेदार के विरूद्ध कार्रवाई क्यों नहीं की गई ?
        कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि सतवास बाल्या मार्ग पर चंद्रकेश्वर नदी पर ब्रिज का कार्य 28 फरवरी 2012 को दिया गया था, लेकिन उक्त कार्य 47 प्रतिशत हुआ है। कार्य अधूरा होने के बाद भी निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार के विरूद्ध कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। इसी प्रकार  इस्माईलखेड़ी से कांजर कालीसिंध नदी पर ब्रिज निर्माण का कार्य 29 मार्च 2012 को किया गया था, लेकिन उक्त कार्य 25 प्रतिशत हुआ है। इस प्रकरण में भी कलेक्टर ने ठेकेदार के विरूद्ध कार्रवाई करने तथा दोनों कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कार्य को समयावधि में पूर्ण किया जाए
        कलेक्टर ने निर्देश दिए कि तहसील सोनकच्छ के ग्राम खरसी से पारदीखेड़ा सड़क निर्माण कार्य अधूरा है, उस कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके व सही मापदंड से निर्माण कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए है कि उक्त कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य को समयावधि में पूर्ण कराने के दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि खातेगांव क्षेत्र के ग्राम मोला से सन्नौड़ तक निर्माणाधीन सड़क 3.75 किमी है, जिसकी लागत करीब 220.29 लाख है। उक्‍त कार्य अभी तक अधूरा है। कार्य को वर्ष 2016 तक किसी भी हालत में पूर्ण किया जाए।
छतिगस्त पुलिया का निर्माण गुणवत्तापूर्ण हो
        कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्राम काकड़दा से जलोदिया रोड पर पुलिया टूटकर काफी छतिग्रस्त हो गई है। पुलिया का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दुर्घटना रोकने के लिए पुलिया पर लोहे की रेलिंग लगाई जाएं।
बंद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए
        कलेक्टर ने निर्देश दिए कि तहसील बागली के ग्राम पुंजापुरा से खरेड़ी, पुंजापुरा से चंदूपुरा, लक्ष्मीनगर, कनेरिया की निर्माणाधीन सड़क का कार्य पिछले 3 वर्ष से बंद पड़ा है। इसे जल्द प्रारंभ कर पूर्ण किया जाए।
--------------------------
चापड़ा के आदतन अपराधी को कलेक्टर ने किया जिलाबदर
   देवास 01 सितंबर 2015/ जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के अन्तर्गत रवि पिता शिवलाल यादव उम्र 24 वर्ष निवासी चापड़ा, पुलिस थाना बागली, जिला देवास को छ: माह के लिए जिलाबदर कर दिया गया है।
   जिला दंडाधिकारी द्वारा आरोपी को यह आदेश दिया गया है कि वे आदेश प्राप्ति से 24 घण्टे के भीतर, आगामी एक साल की कालावधि के लिये जिला देवास एवं उसके आस पास के सीमावर्ती जिलों इन्दौर, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खण्डवा, खरगोन की राजस्व सीमाओं से बाहर चले जाए तथा जिला दंडाधिकारी न्यायालय की बिना पूर्व अनुज्ञा के प्रवेश ना करें।
   न्यायालय जिला दण्डाधिकारी देवास में पुलिस अधीक्षक देवास द्वारा प्रतिवेदन दिया गया था कि उक्त आरोपी के विरूद्ध भारतीय दण्ड संहिता सहित अन्य अधिनियमों के अन्तर्गत कई अपराध पंजीबद्ध है। उक्त आरोपी वर्ष 2009 से निरंतर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और इस अवधि में उसके विरूद्ध पुलिस थाना बागली पर 05 संज्ञेय अपराध दर्ज हुए है, यह अपराध मुख्य रूप से आम जनता के साथ मारपीट, गाली गलौच, जान से मारने की धमकी देना, अवैध वसूली, अवैध हथियार रखना तथा अवैध शराब आदि से संबंधित है तथा इनमें से कुछ अपराध तो वर्तमान में भी न्यायालय में विचाराधीन है। उक्त आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को नियंत्रित किए जाने की सख्त आवश्यकता थी अन्यथा किसी भी दिन उक्त अपराधी कोई जघन्य अपराध कर क्षेत्र की लोक शांति व व्यवस्था को भंग कर सकते थे। पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन के आधार पर उक्त आरोपी को जिला बदर किया गया है।
------------------------
जिले में 1053.03 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
         देवास 01 सितंबर 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 1053.03 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1368, खातेगांव में 1234, उदयनगर में 1130.20, कन्नौद में 1074, देवास में 1043, टोंकखुर्द में 938, बागली में 841 तथा सतवास में 796 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
               24 घंटे में 13.13 मिमी वर्षा दर्ज की गई
    पिछले 24 घंटों में 13.13 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें खातेगांव में 31, सतवास में 28, बागली में 12, उदयनगर में 11, देवास में 9, कन्नौद में 8, टोंकखुर्द में 6 तथा सोनकच्छ में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को 24.50 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
    गत वर्ष 01 सितंबर को जिले में 24.50 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें सोनकच्छ में 72, कन्नौद में 42, टोंकखुर्द में 23, देवास में 21, सतवास में 18, बागली में 11, खातेगांव में 5 तथा उदयनगर में 4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 440.28 मिमी औसत वर्षा
        अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 440.28 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें सोनकच्छ में 505, उदयनगर में 500.20, कन्नौद में 444, टोंकखुर्द में 443, देवास में 438, खातेगांव में 423, बागली में 421, सतवास में 348 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
क्रमांक 08/980/01-09-2015
       
संघर्ष से ही सफलता प्राप्त होती हैं।
        देवास 01 सितंबर 2015/ संघर्ष से ही सफलता प्राप्त होती है। खेलों में किसी तरह का शॉर्टकट नहीं होता हैं। उक्त बातें खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा खेल दिवस के अवसर पर के.पी. कॉलेज में आयोजित बास्केटबॉल प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण के अवसर पर देवास जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव संजय पाटिल ने कही। इसके पूर्व कार्यक्रम में महान हॉकी खिलाड़ी कैप्टन ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उनका स्मरण किया गया।
         इस अवसर पर कार्यक्रम में के.पी. कॉलेज खेल अधिकारी संग्राम साठे, आकाश अवस्थी, धर्मेन्द्र सिंह ठाकुर, बास्केटबॉल कोच, राष्ट्रीय खिलाड़ी वीरेन्द्र ठाकुर, नरेन्द्र यादव, आशीष यादव एवं खिलाड़ी उपस्थित थे। उक्त प्रतियोगिता का आयोजन एडिशनल एसपी तथा जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी राजेश रघुवंशी के मार्गदर्शन में किया गया।
प्रतियोगिता का परिणाम
            प्रतियोगिता की विजेता टीम बास्केटबॉल कोंचिग सेन्टर खेल विभाग ने के.पी. कॉलेज टीम को 45.32 अंकों से पराजित किया।
--------------------------

गणवेश और साइकिल वितरण के प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश

         देवास 01 सितंबर 2015/ राज्य शासन ने चालू शिक्षा सत्र के दौरान विद्यार्थियों को नि:शुल्क गणवेश और साइकिल वितरण के बाद उसका प्रमाण-पत्र उपलब्ध करवाने के निर्देश जारी किये हैं। सभी जिले के डीपीसी से कहा गया है कि कक्षा एक से 6 तक के सभी विद्यार्थी को गणवेश तथा कक्षा 6वीं के पात्र विद्यार्थियों को साइकिल वितरण के बाद उसका प्रमाण-पत्र जमा करवायें।
------------------------
फोटो- जनसुनवाई में आवेदन  देते है।




No comments:

Post a Comment