Saturday, 26 September 2015

दिनांक 26 सितंबर 2015/ 
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
श्रीमती सुषमा स्वराज के प्रयासों से विकास की राह में अग्रसर हुआ अजनास
    देवास 26 सितंबर 2015/ खातेगांव विकासखंड का गांव अजनास क्षेत्रीय सांसद और विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज के कारण विकास की राह में निरंतर अग्रसर हैं। श्रीमती स्वराजा द्वारा इस गांव में विकास-गतिविधियों की निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है। उनके द्वारा गांव में भ्रमण कर समारोहपूर्वक गांव का सांसद आदर्श ग्राम के रूप में चयन किया गया था। साथ ही अनेक बार यहां के कार्यों की उनके द्वारा समीक्षा भी की गई है। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी और अन्य जिला अधिकारी गांव का निरंतर भ्रमण करते हैं। क्षेत्रीय विधायक श्री आशीष शर्मा के साथ कलेक्टर श्री अवस्थी गांव में चौपाल भी लगा चुके हें।
    उल्लेखनीय है कि ग्राम अजनास को विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज द्वारा ग्राम अजनास को चिन्हांकित किया है। ग्राम को आदर्श ग्राम बनाने के लिए श्रीमती स्वराज द्वारा 16 अप्रैल 2015 ग्राम में भ्रमण कर ग्राम को आदर्श ग्राम बनाने के लिए ग्रामीणजनों से आहवान किया था। उनके द्वारा आदर्श ग्राम की कार्ययोजना तैयार कराई तथा 17 अप्रैल 2015 तथा 01 मई  2015 भोपाल में तथा 12 जून 2015 को कन्नौद में बैठक कर समीक्षा की गई तथा उनके प्रतिनिधि द्वारा ग्राम में 08 जून 2015 तथा 08 अगस्त 2015 को ग्राम का भ्रमण कर विकास कार्यो की जानकारी प्राप्त की गई थी तथा कार्य समय सीमा में कराये जाने के निर्देश दिये थे।
लगातार किए जा रहे हैं कार्य
    अजनास को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए वृक्षारोपण एवं पर्यावरण विकास, स्वच्छता एवं सौन्दर्यीकरण, वाटर रिचार्जिंग सिस्टम, कृषि एवं बीज उत्पादक कार्यक्रम, सौर ऊर्जा, जैविक खेती, शिक्षा एवं कौशल विकास, कुपोषण से मुक्ति, डिजिटल लिटरेसी, स्ट्रीट लाईट, आवास तथा अधोसंरचना विकास के माध्यम से कार्य कराये जा रहे हैं।
हितग्राहियों को मिल रही शासन की योजनाओं का लाभ
    ग्राम में उद्यानिकी के क्षेत्र में 45 हेक्टेयर ड्रिप संयत्र की स्थापना की जा चुकी है। साथ ही 20 हेक्टर में प्लास्टिक मल्चिंग की स्थापना भी की जा चुकी है। इसी प्रकार कृषि विभाग के माध्यम से जैविक खेती को बढावा देने के लिए वर्मी कम्पोस्ड, 7 गोबर गैस संयत्र, रीज एंड फेरो- रेज्ड बेड पद्धती का विकास किया जा रहा है। कृषि के क्षेत्र में ही 440 कृषकों को मृदा कार्ड उपलब्ध कराए जा चुके है। साथ ही जैविक खेती को बढावा देने हेतु अब तक 05 प्रशिक्षण कराये जा चुके है। ग्राम में डेयरी विकास हेतु 55 हितग्राहियों के प्रकरण तैयार किये जाकर वितरण की कार्यवाही की जा रही है।
70 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण
    ग्राम में मुख्य मंत्री ग्रामीण आवास मिशन अंतर्गत 70 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा 56 आवासों का कार्य प्रगतिरत है। पर्यावारण की सुरक्षा एवं विकास के लिए ग्राम में मार्गों पर दोनों ओर मय ट्री गार्ड के पौधों का रोपण किया जा चुका है।
तालाबों को हुआ निर्माण
    जल संरक्षण के क्षेत्र में ग्राम में 02 तालाबों का निर्माण कार्य किया जा चुका है। मछली उत्पादन को बढावा देने हेतु ग्राम के 04 तालाबों में 23000 मत्स्य बीज छोडा जा चुका है।
सौर ऊर्जा हुई प्रारंभ
    सौर उर्जा के क्षेत्र में ग्राम के आदिवासी बालक छात्रावास में सोलर उर्जा के माध्मय से नलकूप का संचालन प्रारंभ किया जा चुका है।
स्वरोजगार को दिया बढ़ावा
    स्वरोजगार को बढावा दिये जाने हेतु 32 बेरोजगार युवकों को डीआईसी के माध्यम से तथा कौशल उन्नयन के माध्यम से 79 बेरोजगारों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुके  है तथा उन्हें स्वरोजगार गतिविधियों से जोडा जा रहा है। श्री लालचंद जायसवाल को 10.00 का ऋण खाद बीज एवं दवाई भण्डारण हेतु, श्रीमती निशा पंचोली को 10.00 का ऋण बैकरी एवं चाकलेट निर्माण हेतु, श्री महेन्द्र सिंह को 10.00 लाख इलेक्ट्रिक दुकान एवं रिपेयर हेतु तैयार किये गये है शेष प्रकरण राशि रूपये 2 से 10 लाख के मध्य के तैयार किये गये है।
विद्यार्थियों को दिया जा रहा क्म्प्यूटर का ज्ञान
    एक महत्वपूर्ण कार्य जो कि जनसहयोग के माध्यम से कराया गया है ग्राम के शाला परिसर में 08 कम्प्यूटरों की स्थापना की गई है जहां पर शाला के बालक/बालिकाएं कम्प्यूटर का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही जन सहयोग के माध्यम से ग्राम में मुख्य मार्गों पर 50 एलईडी स्ट्रीट लाईट लगाई गई है।
नुक्कड़ नाटक से दी जा रही समझाइश
    ग्राम को सामाजिक बुराईयों से दूर कराने हेतु नशामुक्ति शिविरों का आयोजन, स्वच्छता के प्रति जागरूकता हेतु नुक्कड नाटक का आयोजन कराया गया है तथा ग्राम में मुख्य चैक पर स्थित शराब दुकान को ग्राम के बाहर स्थांतरित किया जा चुका है।
ब्लॉक पैवर्स लगाए गए
    ग्राम को सौंदर्यता की दृष्टि से ग्राम के मध्य स्थित बाजार चौक पर पेबर्स ब्लॉक लगाये गए है।
उद्यान का हुआ निर्माण
    मनोरंजक गतिविधियों को बढावा देने एवं ग्रामीणजनों को बैठने हेतु उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने की दृष्टि से ग्राम में उद्यान का निर्माण किया गया है।
कुपोषित बच्चों को मिल रहा उचित आहार
    कुपोषण से ग्राम को मुक्त कराने हेतु अति कम वजन के बच्चे चिन्हित किये गए है तथा  उन्हे विदेश मंत्री श्रीमती स्वराज कि ओर से प्रति दिवस दूध एवं केले का वितरण किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किये जा रहे है।
यह भी किए रहे हैं
    इसके अतिरिक्त ग्राम में अधोसंरचना विकास के लिए राजीव गांधी सेवा केन्द्र, स्व सहायता समूहों को कार्य करने हेतु उपयुक्त स्थल उपलब्ध कराने की दृष्टि से वर्क शेड का निर्माण, अनाज भण्डारण के लिए 200 मी.टन के गोदाम का निर्माण, 05 आंगनवाडी भवन, 7 अतिरिक्त कक्ष, 1 शाला भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिन्हें शीघ्र पूर्ण कराया जा रहा हैं।
--------------------------------
मंत्री श्री जोशी द्वारा तीन अतिरिक्त कक्षों को लोकार्पण
      देवास 26 सितंबर 2015/ शासकीय महारानी चिमनाबाई कन्या विद्यालय में आज शनिवार को उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी ने मप्र पाठ्य पुस्तक निगम द्वारा स्वीकृत 9 लाख की लागत से बने तीन अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्री सुभाष शर्मा ने की। इस अवसर पर बैंक नोट प्रेस के महाप्रबंधक एमसी वैलप्पा, क्षेत्रीय पार्षद पूर्णिमा खंडेलवाल, प्राचार्य एफडी मानेकर, रवींद्र मल्होत्रा, प्रवीण श्रीवास्तव, राजीव खंडेलवाल, स्कूल की छात्राएं एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।
छात्राओं के लिए हैं अधिकतर योजनाएं
        कार्यक्रम में मंत्री श्री दीपक जोशी ने छात्राओं को अपने उद्बोधन में कहा कि मप्र में छात्राओं के लिए साइकिल वितरण योजना 2003 से लागू की गई थी, जो कि आज भी सतत जारी हैं। इसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने अनेकोअनेक योजनाएं लागू की है, जिसमें अधिकतर योजनाएं छात्राओं पर केंद्रित है।
2016-17 में होंगे यह कार्य
        मंत्री श्री जोशी ने बीएनपी महाप्रबंधक श्री वैल्लपा से स्टेज पर चर्चा कर कहा कि आगामी 2016-17 में आने वाले सीएसआर फंड से छात्राओं के लिए महारानी चिमनाबाई स्कूल में एडीटोरियल हॉल बनाया जाएगा। साथ ही कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में खेल की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए इस फंड का उपयोग किया जाएगा। साथ ही मंत्री श्री जोशी ने नेत्रहीन विद्यालय की छात्राओं को 15 हजार रूपए की देने की घोषणा की।         
अपने जन्मदिन पर दो पौधे जरूर लगाएं
        कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महापौर श्री सुभाष शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि छात्राएं और स्कूल स्टाफ स्कूल को हराभरा करने के लिए नगर निगम से पेड़-पौधे लेकर लगाए तथा उनका रखरखाव करें। जिससे वे बड़े होकर छाया एवं हमें फल प्रदान करें। साथ ही महापौर ने छात्राओं से विनम्र अनुरोध किया है कि छात्राएं अपने जन्मदिन पर दो पौधें अवश्य लगाएं। जिससे हमारा देवास हराभरा नजर आएं। साथ ही छात्राएं अपने घर तथा आसपास स्वच्छता का ध्यान रखें।
पौधारोपण किया
        कार्यक्रम में अति‍‍थियों द्वारा स्कूल परिसर में नारियल के पौधे लगाए गए।       
स्कूल छात्राओं ने दी कराटे की प्रस्तुति
        कार्यक्रम में मंत्री श्री दीपक जोशी एवं अन्य अतिथियों के समक्ष चिमनाबाई स्कूल की छात्राओं द्वारा अपनी आत्मरक्षा के लिए जूडो कराटे की प्रस्तुति दी। जिन्हें देखकर अतिथियों ने उनकी प्रस्तुति की सराहना की। साथ ही कराटे स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मंत्री श्री जोशी द्वारा सम्मानित किया गया।     
        मास्टर ट्रेनर योग प्रशिक्षण में हुए शामिल श्री जोशी
        इसके पूर्व मंत्री श्री दीपक जोशी सपत्नीक माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 3 में 14 सितंबर से 28 सितंबर तक आयोजित मास्टर ट्रेनर योग प्रशिक्षण में शामिल हुए। योग प्रशिक्षण में योग गुरू ने विभिन्न योग विधाओं के बारे में बताया। योग प्राणायाम की प्रस्तुति भजन के माध्यम से की गई। प्रशिक्षण में श्री जोशी द्वारा मास्टर ट्रेनरों का सम्मान भी किया गया।
बच्चों की चर्चा
        मंत्री श्री जोशी ने माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 3 के आवासीय विद्यालय के छात्रों से चर्चा कर भोजन एवं अन्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही स्कूल में खेलकूद व अन्य सामान की आवश्यकता है कि नहीं। इस पर बच्चों ने बड़ी मासूमियत से मंत्री श्री जोशी से कहा कि हमें कैरम बोर्ड एवं वालीबॉल किट की आवश्यकता है। जिस पर मंत्री श्री जोशी ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि बच्चों को जो भी खेल सामग्री चाहिए उन्हें जल्द से जल्द दिलावाई जाए।
क्रमांक 163/1135/26-09-2015   (फोटो-संलग्न)
कलेक्टर आशुतोष अवस्थी केंद्रीय मंत्री द्वारा पुरस्कृत
        देवास, 26 सितंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी को गत दिवस भोपाल में केंद्रीय मंत्री श्री राव विरेंद्रसिंह और प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव द्वारा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन को यह उपलब्धि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा हाथ धुलाई के लिए रिकॉर्ड बनाने पर दिया गया है। कलेक्टर श्री अवस्थी ने इस पुरस्कार का श्रेय देवास के शासकीय कर्मचारियों को श्रेय दिया।
----------------------------

जिले में 1126.61 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
      देवास 26 सितंबर 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 1126.61 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1379, खातेगांव में 1345, कन्नौद में 1238, उदयनगर में 1227.90, देवास में 1064, टोंकखुर्द में 945, सतवास में 930 तथा बागली में 884 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
24 घंटे में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई
  पिछले 24 घंटों में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें देवास में, सतवास में, कन्नौद में, उदयनगर में, खातेगांव में, सोनकच्छ में, टोंकखुर्द में तथा बागली में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को शून्य मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
    गत वर्ष 22 सितंबर को जिले में शून्य मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें सोनकच्छ में, सतवास में, टोंकखुर्द में, देवास में, खातेगांव में, बागली में, उदयनगर में तथा कन्नौद में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 563.00 मिमी औसत वर्षा
     अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 563.00 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें सोनकच्छ में 702, उदयनगर में 630, देवास में 626, टोंकखुर्द में 596, कन्नौद में 541, बागली में 528, खातेगांव में 487, सतवास में 394 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
---------------------------

मातृभाषा में शिक्षा के लिये स्थानीय बोली और भाषा का संकलन

राज्य शासन ने सभी कलेक्टर को दिये निर्देश

   देवास 26 सितंबर 2015/ मध्यप्रदेश में नि:शुल्क बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के प्रावधान के अनुसार मातृभाषा में शिक्षा के लिये स्थानीय बोलियों/भाषाओं का संकलन किया जा रहा है। राज्य शासन ने इस संबंध में सभी जिला कलेक्टर को निर्देश जारी कर 30 सितम्बर तक कार्यवाही करने को कहा है।
   अधिनियम में प्रावधान है कि 'शिक्षा का माध्यम, जहाँ तक साध्य हो बालक की मातृभाषा में हो'। इसकी प्रतिपूर्ति के लिये शाला से राज्य स्तर तक विभिन्न स्थानीय बोलियों/भाषाओं को संकलित कर प्राथमिक स्तर में पढ़ने वाले बच्चों को चिन्हांकित करने के लिये यह कार्यवाही की जा रही है। जानकारी का संकलन शाला स्तर से संकुल, विकासखण्ड और जिला स्तर पर किया जा रहा है।
   जिलों में डाइट प्राचार्य प्रचलित भाषा/बोलियों के जानकार व्यक्तियों, शिक्षाविदों की सूची उपलब्ध करवायेंगे। यदि जिले में प्रचलित भाषा/बोलियों पर पहले कोई कार्य किसी स्तर पर किया गया हो तो उसकी प्रति उपलब्ध करवायी जायेगी। साथ ही बोली/भाषा की वॉक्यूबलरी एवं ग्रामर पर कोई कार्य होने पर उसकी भी प्रति उपलब्ध करवायी जायेगी। प्रत्येक जिले द्वारा बच्चों के शैक्षणिक उन्नयन में स्थानीय भाषा/बोली के प्रभाव का अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार की जायेगी। डाइट स्तर से स्थानीय भाषा एवं बोली के प्रभाव से हिन्दीभाषी बच्चों एवं स्थानीय बोली/भाषा के बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव का तुलनात्मक अध्ययन किया जायेगा।
   जिला कलेक्टर को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि बच्चों अथवा उनके परिवार द्वारा जो भी बोली/भाषा बोली जा रही हो, उसका विवरण निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध करवाने के लिये संबंधित को निर्देशित करें। संकलित की गयी जानकारी राज्य शिक्षा केन्द्र को हार्ड कॉपी तथा सॉफ्ट कॉपी rsk.curriculum@gmail.com पर अनिवार्यत: भेजने को कहा गया है।

---------------------

छोटे रोजगार धंधों के लिये मुद्रा योजना में ऋण वितरण

प्रदेश में 2 अक्टूबर तक होंगे मेगा केम्प

   देवास 26 सितंबर 2015/ प्रधानमंत्री जन-धन योजना के दूसरे चरण में शुरू की गयी प्रधानमंत्री मुद्रा (माइक्रो यूनिट्स डेव्हलपमेंट एण्ड रिफायनेंस एजेंसी) योजना में मध्यप्रदेश में 2 अक्टूबर तक मेगा केम्प लगाये जायेंगे।
   राज्य सरकार द्वारा सभी संभागायुक्त, कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर निगम आयुक्त, नगर पालिका के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंकों के राज्य स्तरीय प्रमुखों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक अध्यक्षों, राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध संचालक तथा अग्रणी जिला प्रबंधकों को कहा गया है कि इन केम्पों में 50 हजार रुपये तक के ऋण शिशु योजना में दिये जा सकते हैं। भारत सरकार द्वारा योजना में प्रत्येक शाखा के लिये 25 प्रकरण में ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
   राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना, मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना तथा वीवर्स क्रेडिट-कार्ड योजना में लक्षित हितग्राहियों को भी मुद्रा योजना में लाभान्वित किया जा सकता है। पत्र में कहा गया है कि राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं में संबंधित विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ही प्रकरण तैयार कर बैंकों को उपलब्ध करवाये जायें। जिला स्तर पर अधिकाधिक प्रकरण तैयार कर बैंकों को भेजे जायें, जिससे वे केम्प के दौरान प्रकरणों को स्वीकृत कर वितरण का कार्य सुनिश्चित कर सकें।
----------------------------------







No comments:

Post a Comment