Friday, 4 September 2015

03-09-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
सड़क सुरक्षा समिति ने चिन्हित किए दुर्घटना स्पाट
    देवास 03 सितंबर 2015/ शहर एवं जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का चयन किए जाने के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया गया था। भिन्न-भिन्न पुलिस थानों से प्राप्त जानकारी के आधार पर जहां पर कि दुर्घटना संभावित होती है, उन स्थानों को चिंहित कर लिया गया है।
चिंहित किए गए स्थान
     मक्सी रोड बायपास मैन चौराहा, राजोदा रोड बायपास, ननासा रोड कन्नौद, कलवार घाट, लाल गड्ढा खटांबा, एबी रोड देवास शहर, सोनकच्छ गंधर्वपुरी फाटा, बागली बड़ी चौराहा, झाबरिया सतवास, सागर चौपाल के आगे एबी रोड, उज्जैन रोड तिराहा से जवाहर नगर तक इंदौर रोड, भोपाल रोड टोल नाका से कांकड़दा फाटा तक, सिखेड़ी नाका से भौंरासा फाटा तक, खातेगांव में संदलपुर पेट्रोल पंप के सामने, खातेगांव बस स्टैंड, नेमावर डाक बंगला चौराहा, अतवास, बेराखेड़ी रोड चौबारा पीपलरावां, सोनकच्छ माताजी मंदिर बायपास इंदौर भोपाल हाइवे रोड, उदयनगर पोलाखाल फाटा, बरोठा राघोगढ़ माइलस्टोन, नेमावर में दुलवा, पीपलरावां में देहरिया पेंट तथा नेमावर पिपल्या नानकर को चिंहित किया गया है।
विशेष संकेतक चिंह लगाए जाए
    अधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के कारण यातायात थाना प्रभारी एवं लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया है कि मार्ग का निरीक्षण किया जाकर विशेष संकेतक चिंह लगाए जाए। ननासा एवं कलवार घाट पर अधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के कारण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभाग को निर्देशित किया गया है कि ऐसे स्थानों का चयन किया जाए जहां पर स्पीड ब्रेकरों का निर्माण किया जा सके।
स्पीड ब्रेकर्स का निर्माण किया जाए
    कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राजकीय राजमार्गों को जोड़ने वाले दूसरे ग्रामीण मार्गों से प्रारंभ स्थान पर स्पीड ब्रेकर्स का निर्माण किया जाए। इसके अतिरिक्त पीडब्ल्यूडी, आरईएस एवं पीएमजीएसवाय के समस्त मार्गों पर उचित स्थानों का चयन किया जाकर डम्बल्स स्पीड ब्रेकर्स बनवाए जाए तथा गति सीमा के संकेतक लगाए जाए। निर्धारित समय सीमा में उक्त सभी मार्ग चिन्हांकित किए जाकर आगामी एक माह में ब्रेकरों का निर्माण किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।

बसों के संचालन के समय होता है विवाद
    देवास से इंदौर मार्ग पर संचालित होने वाली यात्री बसों में समय अंतराल काफी कम होता है, जिससे मार्ग पर बसों के संचालन के समय रेसिंग होती है तथा विवाद उत्पन्न होते हैं। साथ ही समय-चक्र का उल्लेख भी परमिट पर नहीं किया जाता है, जिससे कि वाहन का वास्तविक समय-चक्र ज्ञात हो सकें। इसके लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी इंदौर को पत्र प्रेषित करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं।
अनुक्षरण शुल्क नहीं देने वालों की सूची दें
       देवास शहर में बस स्टैंड पर आने वाली यात्री बसों द्वारा अनुक्षरण शुल्क प्रदाय नहीं किए जाने के संबंध में जिला परिवहन अधिकारी के माध्यम से कार्रवाई होगी। अनुक्षरण शुल्क की रसीद प्रस्तुत करने के उपरांत ही परमिट जारी किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया गया है कि अनुक्षरण शुल्क प्रदान नहीं करने वाले यात्री वाहनों की सूची परिवहन कार्यालय में उपलब्ध कराएं।
------------------------
जिले में 1054.73 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
        देवास 03 सितंबर 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 1054.73 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1368, खातेगांव में 1236, उदयनगर में 1138.80, कन्नौद में 1074, देवास में 1043, टोंकखुर्द में 941, बागली में 841 तथा सतवास में 796 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
              24 घंटे में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई
    पिछले 24 घंटों में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें देवास में, उदयनगर में, टोंकखुर्द में, खातेगांव में, सोनकच्छ में, बागली में, कन्नौद में तथा सतवास में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को 15.38 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
    गत वर्ष 03 सितंबर को जिले में 15.38 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें सोनकच्छ में 43, टोंकखुर्द में 32, देवास में 29, बागली में 14, कन्नौद में 3, सतवास में 2, उदयनगर में तथा खातेगांव में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।

पिछले साल 465.28 मिमी औसत वर्षा
       अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 465.28 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें सोनकच्छ में 555, उदयनगर में 520.20, टोंकखुर्द में 484, कन्नौद में 474, देवास में 473, बागली में 437, खातेगांव में 429, सतवास में 350 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
-----------------
लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक 7 सितंबर को
      देवास, 03 सितंबर 2015/ लंबित समयावधि पत्रों की बैठक का आयोजन 7 सितंबर सोमवार को प्रातः 10.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में किया जाएगा। कलेक्टर ने सर्वसंबंधितों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
क्रमांक 21/993/03-09-2015 

वंचित विद्यार्थियों के लिये छात्रवृत्ति पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन 15 सितम्बर तक

       देवास 03 सितंबर 2015/ अनुसूचित-जाति/जन जाति के विद्यार्थियों के वर्ष 2014-15 छात्रवृत्ति पोर्टल 2.0 में वंचित विद्यार्थियों के लिये पोर्टल पुन: खोले जाने की अनुमति राज्य शासन ने दी है। जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग ने बताया कि वर्ष 2014-15 के छात्रवृत्ति से वंचित ऐसे अनुसूचित-जाति/जन जाति के विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 2.0 में करने के लिये 15 सितम्बर, 2015 तक पोर्टल खुला रहेगा।
--------------------------
महिला स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का स्वास्थ्य मंत्री ने किया शुभारंभ -गंधर्वपुरी में उपस्वास्थ्य केंद्र की इमारत के लिए 20 लाख रुपए का प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश
    देवास 03 सितंबर 2015/ स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्र ने आज गुरुवार को गंधर्वपुरी स्थित पंचायत भवन में आयोजित महिला स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में उपस्वास्थ्य केंद्र की नई इमारत के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए 20 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने की बात कही एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से इस संबंध में जल्द से जल्द प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसके पूर्व श्री मिश्रा ने पंचायत भवन में आयोजित महिला स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की पहल पर प्रदेशभर में दो अक्टूबर तक दस लाख महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य तय किया गया गया है और अभी तक चार लाख महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। इस अवसर पर सोनकच्छ विधायक राजेंद्र वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
    शिविर 17 अगस्त से प्रारंभ होकर निरंतर चल रहा है, जिसमें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को मिलाकर कुल 471 शिविरों के माध्यम से 15251 महिलाएं जिसमें 3477 गर्भवती महिलायें व 10191 अन्य महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया जिसके अंतर्गत 582 हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं तथा 1101 अन्य महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हेतु रैफर किया गया। महिला स्वास्थ्य शिविर गंधर्वपूरी में कुल 1787 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया जिसमें 131 गर्भवती महिलायें तथा 1656 अन्य महिलाओं व किशोरी बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
--------------------------

आई.टी.आई. में सुधार के लिये ए.डी.बी. से मिलेंगे 993 करोड़

      देवास 03 सितंबर 2015/ प्रदेश की शासकीय आई.टी.आई. की अधोसंरचना में सुधार एवं तकनीकी शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिये एशियन विकास बैंक द्वारा 150 मिलियन डॉलर (लगभग 993 करोड़ रुपये) की ऋण सहायता दी जायेगी। राज्य सरकार का हिस्सा 90 मिलियन डॉलर (596 करोड़ रुपये) का होगा। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने बताया है कि इस राशि से उद्योगों की माँग अनुरूप पाठ्यक्रम डिजाइन कर अधिक से अधिक युवा को प्रशिक्षित किया जायेगा।
      श्री गुप्ता ने बताया है कि इससे मल्टी-स्किल डेव्हलपमेंट सेंटर, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और आई.टी.आई. को सुदृढ़ किया जायेगा। इस प्रोजेक्ट का मुख्य लक्ष्य अकुशल तथा बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षित करना है। आदिवासी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। प्रोजेक्ट की अवधि 5 साल है।
      प्रोजेक्ट में 10 संभागीय मुख्यालयों पर स्थित आई.टी.आई. को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जायेगा। जिला मुख्यालय की आई.टी.आई. को मॉडल आई.टी.आई. के रूप में विकसित किया जायेगा। आर्थिक रूप से विकसित क्षेत्रों में 7 नये मल्टी-स्किल डेव्हलपमेंट सेंटर खोले जायेंगे। भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और इंदौर के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में सभी ट्रेड खोले जायेंगे। मॉडल आई.टी.आई. में स्मार्ट क्लास-रूम, डिजिटल लायब्रेरी और मल्टी मीडिया सेंटर बनाये जायेंगे। प्रशिक्षकों के लिये 3 माह की इंटर्नशिप जरूरी होगी। मल्टी-स्किल डेव्हलपमेंट सेंटर स्किलिंग हब-कम-प्रोडक्शन सेंटर के रूप में काम करेंगे।
----------------------

शासकीय उचित मूल्य दुकान के आवंटन की कार्यवाही 30 सितम्बर तक

कलेक्टर को जारी किये गये निर्देश

      देवास 03 सितंबर 2015/ प्रदेश में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकान के आवंटन की कार्यवाही 30 सितम्बर तक पूरा किये जाने के निर्देश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा जिला कलेक्टर को दिये गये हैं।
      मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश-2015 के प्रावधान के अंतर्गत आवंटन की कार्यवाही जिलों में की जा रही है। विभाग ने पूर्व में इस कार्यवाही को पूरा करने के लिये 31 अगस्त, 2015 तक पूरा किये जाने की तिथि तय की थी।
-------------------------




No comments:

Post a Comment