Tuesday, 29 September 2015

दिनांक 29 सितंबर 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी समस्याएं

    देवास 29 सितंबर 2015/ कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई में आज मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के समक्ष अपने आवेदन पत्र प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने सभी पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, संयुक्त कलेक्टर सारिका भूरिया, एसडीएम रजनीश कसेरा तथा अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जालसाजी से जमीन बेच दी
    आवेदक सेवाराम पिता लक्ष्मण निवासी सिंदनी तहसील टोंकखुर्द ने आवेदन दिया है कि उसकी जमीन जाल साजी से बेच  दी। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार टोंकखुर्द को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
              जन्म प्रमाण पत्र बनावाए
    जनसुनवाई में आवेदिका ज्योति पिता जयकिशन सिंह निवासी शांति नगर अमोना देवास ने आवेदन देते हुए कलेक्टर को बताया कि उसकी बहन मंदबुद्धि है जिसका जन्म प्रमाण पत्र चाहिए। आवेदिका ने बताया कि उसको नगर निगम से तहसील तथा तहसील से नगर भेजा जा रहा है, परंतु आज तक उसका जन्म प्रमाण पत्र नहीं बना। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि आवेदिका को जन्म प्रमाण पत्र बनाएं।
कृषि भूमि पर जाने का रास्ता खुलवाएं
    आवेदक समदर पिता दरियावसिंह निवासी पर्वतपुरा ने आवेदन देते हुए कलेक्टर को बताया कि ग्राम पर्वतपुरा में कृषि भूमि है, जिस पर हम वर्षों से निकल रहे हैं। वहीं के निवासी कुछ लोगों ने रास्ता बंद कर दिया है, जिससे मुझ प्राथी को खेत पर जाने में समस्या आती है। इस पर कलेक्टर ने कार्रवाई कर निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
सहायता राशि दिलवाए
    आवेदक राजेश कुमार बापूलाल निवासी हरनावदा तहसील टोंकखुर्द ने आवेदन देते हुए कलेक्टर को बताया कि इस बार हुई अति बारिश के कारण घर में रखा गेहूं व अन्य सामग्री बारिश में गीली होने के बाद खराब हो गई थी। इसका सर्वे पटवारी मेडम द्वारा किया गया था तथा कहा गया कि सहायता राशि मिलेगी जो मुझे आज तक नहीं मिली। इस पर कलेक्टर ने जांच कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
----------------------
सर्वशिक्षा अभियान के तहत होगा डाइस पखवाड़े का आयोजन
    देवास 29 सितंबर 2015/ सर्वशिक्षा अभियान अंतर्गत, 30 सितम्बर से 15 अक्टूबर 2015 तक "डाइस" पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत विकासखण्ड एवं शाला स्तर पर कम्प्यूटरी कृत सूचना प्रणाली को सशक्त बनाने के लिए एक कम्प्यूटरी कृत तंत्र स्थापित किया जाएगा। इसके तहत डाइस सॉफ्टवेयर में जिले की समस्त शासकीय एवं अशासकीय मान्यता प्राप्त शालाओं का डाटाबेस फीड किया जाएगा, ताकि निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
       उल्लेखनीय है कि विद्यालयों में डाइस प्रणाली विगत 15 वर्षों से संचालित की जा रही है तथा शालेय शिक्षा की समस्त प्रकार की सूचना एवं आंकड़ों का संकलन डाइस सॉफ्टवेयर के माध्यम से शाला स्तर से राज्य स्तर तक तथा राज्य स्तर से भारत शासन तक जानकारियों का आदान-प्रदान किया जाता है। किसी भी विद्यालय की जानकारी उसके डाइस कोड के आधार पर एजुकेशन पोर्टल से ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है।

    ए.डी.पी.सी द्वारा अवगत कराया गया है कि प्रतिवर्ष डाइस सॉफ्टवेयर के माध्यम से समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों की जानकारी अद्यतन की जाती है तथा इसके आधार पर आगामी वर्ष की शैक्षणिक गतिविधियों एवं कार्य योजनाओं का संचालन एवं क्रियान्वयन किया जाता है। जिले में शासकीय एवं समस्त अशासकीय विद्यालय इस प्रणाली से जुड़े हुए है। जिन प्रायवेट शालाओं के डाइस कोड वर्तमान में उपलब्ध नहीं है उन्हें भी आर.टी.ई. के तहत डाइस प्रपत्र भरकर पंजीयन कराना अनिवार्य है। इस के लिए वे जिला शिक्षा केन्द्र के प्रोग्रामर अथवा एम.आय.एस. प्रभारी से सम्पर्क कर सकते है। इस संबंध में विकास खण्ड स्तर पर झोन वाइज प्रभारियों एवं जनशिक्षकों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है तथा 30 सितम्बर से 10 अक्टूबर 2015 तक समस्त जनशिक्षा केन्द्र स्तर पर ही डाइस डाटा भरने के लिए संबंधित शाला प्रभारियों को बुलाया गया है। इस के लिए जिला शिक्षा केन्द्र में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है जिसका दूरभाष क्रमांक 254520 है।
--------------------------
मद्य निषेध सप्ताह 2 अक्टूबर से
    देवास 29 सितम्बर 2015/ राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर 2 से 8 अक्टूबर 2012 तक "मद्य निषेध सप्ताह" का आयोजन किया जाएगा। सप्ताह के दौरान समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के दुष्परिणामों से सभी आयु वर्ग के व्यक्तियों को अवगत कराकर जागरूकता का वातावरण तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान का "प्रदेश बनाओ कार्यक्रम" में " नशामुक्ति अभियान" को भी प्राथमिकता क्रम में रखा गया है। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मद्य निषेध सप्ताह के दौरान स्थानीय स्वैच्छिक/ सामाजिक/ शैक्षणिक संस्थाओं को प्रेरित कर जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया जाना सुनिश्चित करें।
ये कार्यक्रम होंगे
    कलेक्टर ने बताया कि मद्य निषेध सप्ताह के दौरान मद्य निषेध की प्रतिज्ञा एवं शपथ पत्र भरवाना, मद्य निषेध/नशांबदी से संबंधित प्रदर्शनी आयोजित करना, सभी उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, महाविद्यालयों में मादक पदार्थों से होने वाली हानियों पर वाद-विवाद, निबंध, भाषण, चित्रकला, नारे लेखन प्रतियोगिता तथा गोष्ठियां एवं सेमीनार आदि का आयोजन किया जायेगा।
प्रतिवेदन 12 अक्टूबर तक भेजें
    कलेक्टर द्वारा नगरीय निकायों के अधिकारियों, सीईओ जनपद पंचायत, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालयों महाविद्यालयों के प्राचार्य, अन्य संबंधितों व स्वेच्छिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम आयोजन पश्चात पालन प्रतिवेदन 12 अक्टूबर तक उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को भिजवाना सुनिश्चित करें।
------------------------

पंचायत निर्वाचन के लिये मतदाता-सूची बनाने का कार्यक्रम जारी

   देवास 29 सितंबर 2015/राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में विभिन्न स्तर की पंचायतों में 30 सितम्बर, 2015 की स्थिति में रिक्त स्थानों के लिये उप चुनाव दिसम्बर, 2015 में करवाने का निर्णय लिया गया था। इसके साथ ही नव-गठित ग्राम पंचायतों तथा ऐसी पंचायत, जिनका कार्यकाल दिसम्बर में पूर्ण हो रहा है एवं जिन्हें आरक्षण वर्ग से अपवर्जित किया गया है, में भी चुनाव करवाया जायेगा। इन पंचायतों की मतदाता-सूची बनाने का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
     अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. कैलाश बुंदेला ने जानकारी दी है कि रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति एवं उनका प्रशिक्षण एक अक्टूबर तक करना होगा। प्रारूप मतदाता-सूची 12 अक्टूबर तक तैयार की जायेगी। वेण्डर द्वारा प्रारूप मतदाता-सूची मुद्रित कर 30 अक्टूबर को निर्वाचन कार्यालय में दी जायेगी। मतदाता-सूची के संबंध में सार्वजनिक सूचना का प्रकाशन तथा दावे-आपत्ति प्राप्त करने का कार्य 30 अक्टूबर से शुरू होगा। दावे-आपत्ति 6 नवम्बर तक लिये जायेंगे। दावे-आपत्ति का निराकरण 12 नवम्बर तक किया जायेगा। मतदाता-सूचियों का अंतिम प्रकाशन 20 नवम्बर, 2015 को होगा।
----------------------------
मनरेगा अभिसरण से 800 से अधिक शौचालय का निर्माण
सर्वाधिक 649 शौचालय खातेगांव विकासखण्ड में
        देवास 29 सितम्बर 2015/ देवास जिले में स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत मनरेगा अभिसरण से वित्तीय वर्ष 2015-16 में 830 से अधिक शौचालय का निर्माण हुआ है। इससे 800 से अधिक परिवारों को शौचालय उपलब्ध हुए है। जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रबल सिपाहा ने बताया कि विगत 06 माह में जिले में मनरेगा अभिसरण से तीव्र गति से 830 शौचालय का निर्माण हुआ है। सर्वाधिक 649 शौचालयों का निर्माण खातेगांव विकासखण्ड में हुआ है।

       जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि खातेगांव विकासखण्ड की संदलपुर, इकलेरा, सोनगांव, सवासरा, खुडगांव, बागदा, राजौर, मेलपिपल्या, बुदवास, औंकारा, पलासी, विक्रमपुर, हरणगांव, ओलम्बा, सुकरास, सुकर्डी, पुरोनी, जीयागांव, सन्नौड, रीछी, भटासा, बच्छखाल, साक्ट्या ग्राम पंचायत में शौचालयों का निर्माण हुआ है। इससे 800 से अधिक शौचालय विहिन परिवार शौचालय का उपयोग करने में सक्षम हुए है। हितग्राही श्री रामनारायण, चंदर, सुंदर, श्यामलाल, छीतर ने बताया कि शौचालय का निर्माण होने से अब उनके परिवारों को दिशा मैदान के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता।  
-----------------------------
फोटो- जनसुनवाई


No comments:

Post a Comment