Tuesday, 15 September 2015

दिनांक 15 सितंबर 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

                    ॥ स मा चा र॥   

 

जनसुनवाई में आए 78 आवेदन

कलेक्टर ने दिए जांच कर निराकरण के निर्देश

    देवास 15 सितंबर 2015/ कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई में आज मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में 78 आवेदकों ने कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के समक्ष अपने आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी पर कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
        खेत पर जाने का रास्ता खुलवाया जाए  
    जनसुनवाई में आवेदक हरिप्रसाद पिता रामप्रसाद पटेल निवासी ग्राम पटाड़ी तहसील देवास ने आवेदन देते हुए बताया कि ग्राम पटाड़ी में उसकी पैतृक जमीन है तथा वर्षों से स्वयं और उसके पूर्वज पुराने रास्ते से निकलते आ रहे हैं। वह रास्ता उसके कुंए पर जाने का एक मात्र रास्ता है। उक्त रास्ता सुनील चौधरी ने बंद कर दिया तथा वहां से निकलने के दौरान झगड़ा करता है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार देवास को निराकरण के निर्देश दिए।
      
नगर पंचायत द्वारा पैमेंट नहीं किया जा रहा
       आवेदक मिश्रीलाल भागीरथ पाराशर निवासी करनावद तहसील बागली ने आवेदन दिया कि उसने नगर पंचायत करनावद के वार्ड क्रमांक 2 एवं 10 में साल 2012 में सीसी रोड का निर्माण ठेका लिया था तथा कार्य को 2012 में ही पूर्ण कर दिया। इस कार्य का पैमेंट नगर पंचायत द्वारा नहीं किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित नगर पंचायत सीएमओ को निराकरण के निर्देश दिए।
अवैध रूप से रजिस्ट्री करवा ली
       आवेदक रामदास पिता भगवान दास निवासी बालगढ़ ने आवेदन देकर बताया कि उसका मकान श्री शीलनाथ धूनी संस्थान के पास स्थित है। उस मकान में वह वर्षों से रह रहा है। कुछ वर्ष पूर्व उसने यह मकान अपने मामा के लड़के को दिया था। इसके बाद वह गांव चला गया फिर काफी दिनों उसे पता चला कि उसके मामा के लड़के एवं उसकी पत्नी ने उक्त मकान की अवैध रूप से रजिस्ट्री करवा ली। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम देवास को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
---------------------------     

कैंसर शिविर से जागी मरीजों की खोई उम्मीदें
जिला अस्पताल में आयोजित हुआ कैंसर शिविर
    देवास 15 सितंबर 2015/ जिला अस्पताल में रविवार को कैंसर रोग निवारण शिविर का आयोजन किया गया।  तीसरे चरण के शिविर में 35 मरीज चिंहित हुए, जिनका ईलाज अब यहां होगा। शिविर में मरीजों ने अपने स्वास्थ्य का परीक्षण करवाते हुए कहा कि वे अपना ईलाज करवाकर खुशी महसूस कर रहे हैं, अब हमारी उम्मीद लौट आई है कि हम फिर स्वस्थ हो जाएंगे। शिविर में सिविल सर्जन डॉ. प्रकाश गर्ग, अशोक वर्मा, डॉ. खरे एवं अन्य डॉक्टर उपस्थित थे।
               तंबाकू से होता है कैंसर
       मुंबई से आए कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पेढ़ारकर एवं उनकी टीम, जिला कैंसर नोडल अधिकारी डॉ. तारिक अहमद शेख, राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी डॉ. सीएम त्रिवेदी ने मरीजों की जांच की। डॉ. पेढ़ारकर ने बताया कि प्रदेश में 40 से 50 प्रतिशत मरीजों को कैंसर तंबाकू के कारण होता है। जिले में भी यही स्थिति है। मरीजों को अब निजी अस्पतालों में लाखों खर्च करने की जरूरत नहीं अब इनका इलाज नि:शुल्क जिला चिकित्सालय देवास में होगा।
              5 लाख तक खर्च चुके हैं     
    जिले से आए मरीजों ने कहा कि स्तन कैंसर एवं पेट के कैंसर से इलाज के लिए अब तक 3 से 5 लाख रूपए तक खर्च कर चुके हैं। शिविर में आकर अब हमारी उम्मीद जागी है।
रूपए खत्म होने से रूका था इलाज
    देवास निवासी एक मरीज ने बताय कि पूर्व में इलाज करवाया था। हमारे पास जब तक रूपए थे तब तक इलाज करवाते रहे। रूपए खत्म होने की स्थिति में 8 माह से इलाज बंद था। शिविर में आने के बाद जब देवास में ही इलाज हो सकेगा। एक महिला ने बताया कि एक बार की कीमोथेरोपी में 35 से 40 हजार रूपए का खर्च आता है।
फिर बंधी जीने की उम्मीद
     एक मरीज ने कहा कि इंदौर शहर के निजी अस्पताल में  करीब डेढ़ लाख रूपए खर्च कर चुके हैं, लेकिन कोई उम्मीद नहीं थी। मजूदरी करके अपना जीवन यापन करते है। अब हमारे पास इलाज के लिए पर्याप्त रूपए नहीं है। शासन द्वारा शुरू की गई इस सुविधा से  अब जान बचने की उम्मीद जागी है। डॉक्टर ने तीन दिन में जिला चिकित्सालय में कीमोथैरेपी शुरू करने का समय दिया है।
मरीज हमसे कर सकते हैं सम्पर्क
    डॉ. तारिक अहमद ने बताया कि कैंसर जानलेवा एवं जटील बीमारी है। इसका इलाज काफी महंगा है। इसलिए दूरदराज के लोग शहर जाकर इलाज कराने से डरते हैं, लेकिन अब यह इलाज सरल हो गया है। अब यहां पर हर वर्ग का मरीज इलाज कराने आता है। मुंबई एवं अहमदाबाद से लौटने वाले मरीज की यहां इलाज के लिए संपर्क कर चुके हैं तथा इलाज करा रहे हैं। अब हर महीने 20 से 30 मरीजों को कीमोथेरेपी दे रहे हैं। जिसका खर्च लाखों में आता है, यह सब नि:शुल्क उपलब्ध है।
------------------------------
सभी खाद्य दुकानों के संचालक कराएं पंजीयन
    देवास 15 सितंबर 2015/ जिले के समस्त खाद्य करोबार कर्ता, होटल, किराना, खाद्य पदार्थों के ठेले वाले, चाट वाले, फल, सब्जी, हाट बाजार में दुकाने लगाने वाले, दूध डेयरी, दूध विक्रेता, नमकीन निर्माता, मांट-मटन, मछली वाले, अंडे के ठेले वाले, मध्यान्ह भोजन वाले, स्वयं सहायता समूह राशन की दुकान वाले, फेरी वाले, ट्रांसपोटर, खाद्य पदार्थों का परिवहन करने वाले वाहन, ढाबा, रेस्टोरेंट केंटर्स, टिफिन सेंटर बेनर हाउस वाले कारोबार कर्त्ता को सूचित किया जाता है कि असुविधा एवं दंड से बचने के लिए अपने प्रतिष्ठान का पंजीयन, लाइसेंस एफएसएसएआई (FSSAI) के वेबसाइट पर mponline के माध्यम से कराएं।
    जिला खाद्य एवं औषधी अधिकारी ने बताया कि  वार्षिक टर्न ओवर 12 लाख से कम वाले खाद्य कारोबार कर्ताओं के लिए पंजीयन शुल्क 100 रूपए प्रतिवर्ष हैं एवं 12 लाख ये अधिक टर्न ओवर वाले खाद्य कारोबार कर्ताओं के लिए लाइसेंस शुल्क दो हजार रूपए निर्धारित हैं। mponline शुल्क प्रति आवेदन 20 रूपए हैं। खाद्य एवं औषधि विभाग जिला देवास पंजीयक एवं लाइसेंस के लिए कैम्प का आयोजन एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर किया जाएगा।
यहां पर होंगे पंजीयन
    जिला खाद्य एवं औषधि अधिकारी ने बताया कि तहसील देवास के लिए सांई कम्प्यूटर राजोले मार्केट, तहसील कन्नौद के लिए दुबे ऑनलाइन बस स्टैंड, सतवास तहसील के लिए एमपी ऑनलाइन नगर पंचायत के पास तथा योगेश ऑनलाइन मंडी प्रांगण, तहसील सोनकच्छ  के लिए साईं कम्प्यूटर जैन मार्केट, शर्मा एमपी ऑनलाइन मेन रोड सोनकच्छ, कांटाफोड के लिए एमपी ऑनलाइन, टोंकखुर्द तहसील के लिए सांई कम्प्यूटर सूरज कुड स्टेट बैंक के पास, चौबाराधीरा के लिए वर्धमान ऑनलाइन, खातेगांव तहसील के लिए पंवार कम्प्यूटर एमपी ऑनलाइन सावरकर मार्ग,  एस कम्प्यूटर चमन चौक खातेगांव, बागली तहसील के लिए खराड़िया कम्प्यूटर्स बाजार चौक, हाटपीपल्या तहसील के लिए चंद्रवाला कम्प्यूटर्स नेवरी रोड, एमपी ऑनलाइन सेंटर नगर पंचायत के पास, चापड़ा के लिए राहुल एमपी ऑनलाइन बस स्टैंड पर 21 सितंबर 2015 तक ऑनलाइन आवेदन करा सकते हैं। पंजीयन एवं लाइसेंस कार्यालय द्वारा आपके ईमेल पर भेजा जाएगा।
------------------------------
जिले में 1076.55 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
      देवास 15 सितंबर 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 1076.55 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1377, खातेगांव में 1256, उदयनगर में 1190.40, कन्नौद में 1122, देवास में 1049, टोंकखुर्द में 941, बागली में 841 तथा सतवास में 836 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
24 घंटे में 13.55 मिमी वर्षा दर्ज की गई
  पिछले 24 घंटों में 13.55 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें उदयनगर में 46.40, कन्नौद में 28, सतवास में 20, खातेगांव में 14, देवास में, सोनकच्छ में, टोंकखुर्द में तथा बागली में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को शून्य मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
    गत वर्ष 15 सितंबर को जिले में शून्य मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें देवास में सतवास में, बागली में, कन्नौद में, खातेगांव में, सोनकच्छ में, टोंकखुर्द में, उदयनगर में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 548.83 मिमी औसत वर्षा
     अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 548.83 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें सोनकच्छ में 688, उदयनगर में 618.60, देवास में 592, टोंकखुर्द में 564, कन्नौद में 541, बागली में 528, खातेगांव में 474, सतवास में 385 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
-----------------------------
शांति समिति की बैठक सम्पन्न
     देवास 15 सितम्बर 2015/ जिले में आगामी समय में मनाये जाने वाले सभी त्यौहार आपसी भाईचारे तथा पूर्ण सौहार्द्रता के साथ शांतिपूर्वक मनाये जायेंगे। जिले की अमन चैन की परंपरा को आगे भी कायम रखा जायेगा। इस कार्य में शांति समिति के सभी सदस्यगण पूर्ण सहयोग करेंगे।
     उक्त निर्णय कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में आज मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न्‍ शांति समिति की बैठक में सर्वसम्मति से लिये गये। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभयसिंह, अपर कलेक्टर श्री कैलाश बुंदेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंशी, एसडीएम देवास श्री रजनीश कसेरा, आयुक्त नगर‍ निगम श्री हिमांशु सिंह तथा शांति समिति के सभी सदस्यगण उपस्थित थे।
     बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतिमा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबंधित संस्था के ही कार्यकर्ता तैनात रहेंगे, जो 24 घंटे स्थल की सुरक्षा करेंगे। इस संबंध में एसडीएम तथा सीएसपी उत्सव संचालकों एवं अखाड़े के मुखियाओं की बैठक आयोजित कर कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर श्री अवस्थी ने कहा कि प्रतिमा स्थलों पर विद्युत व्यवस्था के लिए बिजली विभाग से संबंधित आयोजक को अस्थायी बिजली कनेक्शन लेना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिये कि आवेदक को सुगमता के साथ बिजली विभाग बिजली का कनेक्शन उपलब्ध कराये। त्यौहार के अवसरों पर बिजली विभाग बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करे। इसके अलावा नगर निगम स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करें।
     पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने कहा कि गणेश उत्सव के अवसर पर प्रतिमा स्थल इस तरीके से बनाये जायें कि आम नागरिकों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। प्रतिमा स्थलों के पास से पुलिस प्रशासन की गाडि़यां तथा एम्बुलेंस आदि आसानी से निकल सकें, इस बात का पूरा ध्यान रखा जाये।
     बैठक में बताया गया कि गणेश उत्सव के दौरान लाउड स्पीकर बजाने की अनुमति अनुविभागीय दण्डाधिकारी से प्राप्त करनी होगी। यह अनुमति प्रातः 7.00 बजे से प्रातः 9.00 बजे तक तथा सायं 7.00 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक ही प्रदान की जायेगी। लाउड स्पीकर निर्धारित आवाज में ही बजाये जा सकेंगे।
     बैठक में निर्णय लिया गया कि गत वर्ष अनुसार इस वर्ष भी कालूखेड़ी तालाब पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया जायेगा, मीठे तालाब पर कोई भी प्रतिमा विसर्जित नहीं होगी। क्षिप्रा नदी में किसी भी प्रतिमा का विसर्जन नहीं किया जायेगा। कलेक्टर ने बताया कि ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देश अनुसार किसी भी प्रतिमा का नदी में विसर्जन नहीं किया जा सकता, इसके लिए नदी के पास कुण्ड बनाकर उसमें विसर्जन किया जा सकता है। कलेक्टर ने कहा कि इस प्रतिबंध का प्रतिबंधित क्षेत्रों एवं प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शन किया जाये।
     बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि ईदुज्जुहा पर्व पर मस्जिदों के आसपास आवश्यक साफ सफाई एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाये। उन्होने यह भी निर्देश दिये कि त्यौहार के अवसर पर कोई भी नागरिकों से जबरन चंदा वसूली न करे। निकाली जाने वाली झांकियों में धारदार हथियारों का प्रदर्शन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। अफवाह फैलाने वाले तथा असामाजिक तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
     बैठक में प्रहलाद अग्रवाल, मुश्ताक अली फौजी, जगन्नाथ दादा, डॉ. मनोहर भाले, कल्याण भूतड़ा, रेवंत राजोले,डॉ. डीपी श्रीवास्तव, दिलीप परमार, अशोक लखमानी, गुरूचरणसिंह सलूजा, अनिलराजसिंह सिकरवार, दरियावसिंह मालवीय आदि भी उपस्थित थे।
--------------------------------

जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक संपन्न

    देवास 15 सितंबर 2015/ जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक गत दिवस को सायंकाल कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कर्मचारी संघों के पदाधिकारीगण एवं जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी के द्वारा शासकीय सेवकों के लंबित स्वत्वों के निराकरण की कार्रवाई प्राथमिकता से की जाएं। इसी के साथ शासकीय सेवकों को समय पर पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ मिले। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सेवा निवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों का विदाई समारोह कार्यक्रम जिला कार्यालय में माह के अंतिम दिवस में आयोजित किया जाएं और सेवानिवृत्त के सभी स्वत्वों का‍ निराकरण उसी दिन संबंधित कर्मचारी को प्रदाय हो जाए।
    बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इन सबसे अतिरिक्त किसी भी शासकीय सेवक की कोई समस्या आदि संज्ञान में हो तो कर्मचारी, पदाधिकारी अथवा शासकीय सेवक स्वयं जिला कार्यालय में उपस्थित होकर स्थिति से अवगत कराएं, जिससे नियमानुसार निराकरण की कार्रवाई यथा समय की  जा सकें।
    कलेक्टर श्री अवस्थी ने समस्त कर्मचारी/ अधिकारियों एवं संगठनों के पदाधिकारियों से अनुरोध किया है कि आम जनता का कार्य भी समय-सीमा में किया जाना चाहिए। इसके लिए कर्मचारी संगठनों को आगे आकर मिशन के रूप में कार्य करने की आवश्यकता है।
---------------------------------
20 सितंबर तक विस्फोटक विज्ञप्तिधारकों व परिवहन यानों की जांच करें
कलेक्टर ने किए दल गठित, अनुभाग स्तर पर एसडीएम करेंगे जांच, नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
     देवास, 15 सितंबर 2015/ जिले में विस्फोटक पदार्थ के विज्ञप्तिधारकों एवं परिवहन यानों की जांच के लिए कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने अनुभाग स्तर पर जांच दलों का गठन किया है। अनुभाग स्तर पर एसडीएम एवं एसडीओपी जांच कर 20 सितंबर तक प्रतिवेदन जिला दंडाधिकारी को सौंपेंगे।
     जिला दंडाधिकारी श्री अवस्थी व पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह ने अपर मुख्य सचिव मप्र शासन (गृह विभाग) के 13 सितंबर को जारी निर्देश के संबंध में दल गठित किए हैं। दलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विस्फोटक नियम 2008 में उल्लेखित प्रक्रिया का कड़ाई से पालन किया जाना सुनिश्चित करें।
5 दल हुए गठित
     जांच के लिए देवास अनुभाग में एसडीएम रजनीश कसेरा व सीएसपी तरुणेंद्रसिंह बघेल, सोनकच्छ में एसडीएम अंजलि जोसेफ एवं एसडीओपी भारतसिंह कदम, बागली में एसडीएम पुरूषोत्तम कुमार एवं एसडीओपी बीएस गौरे, कन्नौद में एसडीएम रंजना पाटने एवं एसडीओपी शेरसिंह भूरिया और खातेगांव में एसडीएम राजकुमार नागराज व थाना प्रभारी तहजीब काजी को जांच की जिम्मेदारी दी गई है।
13 बिंदूओं पर होगी जांच
     दल गठन के साथ ही जिले के 17 अनुज्ञप्तिधारियों की सूची भी दी गई है। दलों को विस्फोटक पदार्थों की मात्रा, लायसेंस एवं स्टॉक, वितरण रजिस्टर की जांच करना होगी। गोदामों में संग्रहित विस्फोटक पदार्थों का भौतिक सत्यापन, रजिस्टर में दर्ज संख्या से मिलान। पिछले दो वर्षों में खरीदे गए बिल वाउचरों की जांच। जिन लोगों को विस्फोटक बेचा गया, उनकी जानकारी। लायसेंस में दर्शाए स्थान के पर भंडारण है या कहीं ओर, इसकी जांच करना। संग्रहण स्थल एक मंजिला है या बहुमंजिला इसकी जांच करना। आपदा की स्थिति में बचाव के क्या साधन हैं, उनकी जांच। लायसेंस की शर्तों का पालन हो रहा है या नहीं यह जांचना। विस्फोटक का विक्रय केवल लायसेंस धारी को हो रहा है या नहीं, यह जांच करना। पिछले दो वर्षों में जिनको विक्रय किया है, उनके नाम, पता, मोबाइल नंबर की जानकारी। साथ ही विज्ञप्तिधारक के गोदामों के अलावा निवास स्थल की जांच भी होगी। निर्धारित प्रोफार्मा में जांच प्रतिवेदन जिला दंडाधिकारी को प्रस्तुत करना होगा।
-------------------------

 

No comments:

Post a Comment