Friday, 18 September 2015

दिनांक 17 सितंबर 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
फोटो- संलग्न
हॉकी के जादूगर थे मैजर ध्यानचंद- दीपक जोशी
61वीं शालेय कबड्डी एवं खो खो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ
    देवास 17 सितंबर 2015/ खेल के प्रति लगन और समर्पण देखना हो तो हॉकी के जादूगर मैजर ध्यानचंद से सीखा जा सकता है। वे हॉकी के जादूगर थे। आज हमारे बीच उनके सुपुत्र श्री अशोक कुमार ध्यानचंद जी मौजूद हैं‍, जिन्होंने अपने खेल के दम पर अपने देश को हॉकी में गोल्ड मैडल दिलाया है। उक्त बातें प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी ने आज गुरूवार को हाटपीपल्या में प्रारंभ हुई 61वीं शालेय कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता में कही।
    इस अवसर पर श्री अशोक कुमार ध्यानचंद, जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, प्रदेश के सभी संभागों से आए खिलाड़ी एवं अन्य उपस्थित थे। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। श्री अशोक कुमार ध्यानचंद ने कार्यक्रम के उद्घाटन की घोषणा करते हुए कहा कि मैं अशोक कुमार ध्यानचंद आज 61वीं शालेय कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता 2015 की विधिवत शुभारंभ की घोषणा करता हूं।
लगन एवं समर्पण से आप भी विजेता बन सकते हो
    कार्यक्रम में श्री अशोक कुमार ध्यानचंद ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी सफलता बिना संघर्ष, लगन एवं समर्पण के नहीं मिल सकती है। अगर जीवन में सफल होना है तो मेहनत व संघर्ष से कभी मत कतराओ। सच्ची मेहनत, लगन एवं समर्पण से आप भी विजेता बन सकते हों।
कई खेल प्रतिभाएं उभर कर आई है
    कार्यक्रम में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने कहा कि हमारा देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है, फिर हम कैसे खेल के क्षेत्र में पिछड़ सकते है। आज खेलों में कई प्रतिभाएं खेल के जगत में उभर कर आई है।
        स्कूल के बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
    प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर स्कूल के बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई, जिसमें दहेज प्रथा, नारी शक्ति एवं देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति की सभी ने खुले मन से प्रशंसा की।








-------------------------------
राज्य स्तरीय कबड्डी एवं खोखो प्रतियोगिता का शुभारंभ किया
      देवास 17 सितंबर 2015/ राज्य स्तरीय कबड्डी एवं खोखो प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरूवार को प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने किया। इस अवसर पर हाकी खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी एवं अन्य अतिथि उपस्थित थे। उक्त प्रतियोगिता 21 सितंबर तक चलेगी।
      भोपाल संभाग, उज्जैन संभाग, जबलपुर संभाग, ग्वालियर संभाग सहित अन्य संभागों की टीमों के खिलाड़ियों द्वारा मेला ग्राउंड खेल स्थल से मार्च पास्ट निकाला, जिसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। मार्च पास्ट नगर के प्रमुख मार्गों से निकला, जहां कई स्थानों पर विभिन्न शासकीय संस्थाओं, सामाजिक, राजनीतिक द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।


----------------------------------

विकलांग व्यक्तियों की समस्याओं के निराकरण के लिए मोबाईल कोर्ट
       देवास 17 सितंबर 2015/ निःशक्त व्यक्तियों की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से तथा उन्हें प्रदत्त सुविधाओं एवं उनके अधिकारों को सरंक्षित किए जाने के लिए मोबाईल कोर्ट का दल आएगा। यह कोर्ट देवास में 30 सितंबर 2015 को सुबह 11 बजे से सायं 5.00 बजे तक तक मल्हार स्मृति मंदिर देवास में लगेगी।
       उपरोक्त चलन्त न्यायालय (मोबाईल कोर्ट) में नि:शक्तजनों की समस्याऐं सुनी जाएंगी एवं उनका मोबाइल कोर्ट में यथासंभव तत्समय ही निराकरण कर आदेश पारित किए जाएंगे।
मोबाइल कोर्ट में इन शिकायतों की सुनवाई होगी
    उप संचालक सामाजिक न्याय ने बताया कि मोबाइल कोर्ट में विकलांगता प्रमाण पत्र जारी करने संबंधी शिकायत, 18 वर्ष तक की आयु के विकलांग बच्चों के निःशुल्क एवं उचित वातावरण में शिक्षा से संबंधित शिकायत, शैक्षणिक संस्थाओं में प्रवेश आरक्षण से संबंधित शिकायत, रोजगार/नौकरियों में आरक्षण से संबंधित शिकायत, गरीबी उन्मूलन कार्यक्रमों में आरक्षण संबंधित शिकायत, विकलांग व्यक्तियों को निःशक्त अधिनियम 1995, शासकीय आदेश एवं अन्य सरकारी निर्देशों इत्यादि के तहत प्रदत्त अधिकारों एवं सुविधाओं से संबंधित शिकायत, विकलांगता के आधार पर किसी भी प्रकार के भेदभाव संबंधी शिकायत तथा अन्य शिकायतें जो विकलांगों के अधिकारों के हनन की हो आदि समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
यहां से ले आवेदन फॉर्म
          विकलांगों द्वारा अपनी शिकायत, समस्या बताने के लिए आवेदन पत्र आयुक्त नगर निगम, जनपद पंचायतों तथा नगर पंचायतों कार्यालयों में उपलब्ध कराये गये है। निःशक्तजन आवेदन प्राप्त कर अपनी शिकायत, समस्या लिख कर सचिव/ वार्ड प्रभारी को दे जाएगी।
       विकलांगों की ओर से प्राप्त होने वाली शिकायतों को सचिव/वार्ड प्रभारी द्वारा प्राप्त कर पंजी में दर्ज किया जाएगा तथा एकत्रित सभी शिकायतों को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, आयुक्त नगर पालिक निगम, नगर पालिका अधिकारी के माध्यम से उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण को उपलब्ध कराएंगे। जिला उपसंचालक द्वारा प्रत्येक शिकायत की विभागवार स्क्रुटिनी की जाकर संबंधित अधिकारी से टीप, अभिमत प्राप्त कर आवेदन पत्र के साथ संलग्न कर लिया जाएगा। उक्त सभी आवेदन पत्रों को अंतिम सुनवाई, निराकरण मोबाइल कोर्ट में आयुक्त नि:शक्तजन मप्र के न्याय निर्णयन् के लिए प्रस्तुत किए जाएंगे। चलन्त न्यायालय मोबाईल कोर्ट में नि:शक्तजनों की समस्याऐं सुनी जाएंगी एवं उनका मोबाइल कोर्ट में यथासंभव तत्समय ही निराकरण कर आदेश पारित किए जाएंगे।

क्रमांक 103/1075/17-09-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
2 अक्टूबर को जिले में शुष्क दिवस रहेगा
    देवास 17 सितंबर 2015/ शासन द्वारा 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर एक दिन का शुष्क दिवस घोषित किया गया है। जिला आबकारी अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार लोक शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत शुष्क दिवस पर देवास जिले की सभी देशी विदेशी मदिरा दुकानें, सभी मद्य भण्डागार पूर्णतः बंद रहेंगे एवं मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।

-----------------------------------

कन्नौद में उद्योग निगम द्वारा शिविर का आयोजन आज
    देवास 17 सितंबर 2015/ मप्र औद्योगिक केंद्र विकास निगम लि. उज्जैन द्वारा देवास जिले के नेमावर में 40 हेक्टेयर भूमि पर 100 औद्योगिक भूखंड विकसित किए गए है, जो कि उद्यमियों को स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए आवंटन के लिए उपलब्ध है।
    मप्र औद्योगिक केंद्र विकास निगम के प्रबंध संचालक ने बताया कि इस शिविर में अधिकाधिक उद्यमी एवं बेरोजगार युवक लाभांवित हो। इसके लिए उद्यमियों एवं बेरोजगार युवाओं को उक्त भूखंड आवंटन की प्रक्रिया एवं संपूर्ण जानकारी से अवगत कराने के लिए 18 सितंबर को प्रात: 11 बजे से जनपद पंचायत सभा भवन कन्नौद में शिविर का आयोजन किया जाएगा।

------------------------------

साधारण सभा की बैठक 26 सितंबर को
    देवास 17 सितंबर 2015/ जिला पंचायत देवास की साधारण सभा की बैठक 26 सितंबर दोपहर 2 बजे से जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित होगी। जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा ने बैठक में सभी संबंधितों से उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
बैठक के ये रहेंगे एजेंडे
       जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि बैठक में गत बैठक के कार्यवाही विवरण का पालन प्रतिवेदन, प्रधानमंत्री सड़क योजना, लोक निर्माण, मत्स्य विभाग, पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग तथा जिला पंचायत/ ग्राम, विकासखंड, अ. प्रकोष्ठ एवं अन्‍य योजनाओं का माह जुलाई एवं अगस्त 2015 के आय-व्यय का अनुमोदन एवं अन्य विषयों चर्चा की जाएगी।

-------------------------------

       स्थाई समिति की बैठक 26 सितंबर को
    देवास 17 सितंबर 2015/ जिला पंचायत देवास की सा.प्रा. स्थायी समिति की बैठक 26 सितंबर दोपहर 1 बजे से जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित होगी। जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा ने बैठक में सभी संबंधितों से उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
------------------
-महाराष्ट्र के लातूर जिले से आएं किसानों ने देखें बलराम तालाब
    देवास 17 सितंबर 2015/ महाराष्ट्र के लातूर जिले से आए 72 कृषकों के दल ने टोंकखुर्द, गोरवा, हरनावदा एवं टोंककला के बलराम तालाबों में लबालब भरे पानी को देख अभीभूत हुए। कृषकों ने तालाब की तकनीकी, उत्पादन एवं अन्य निर्माण के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कृषक दल को दिलाई शपथ
        इस अवसर पर कृषकों को जिले में बने बलराम तालाब, रेवासागर की कार्य योजना, निर्माण एवं इससे आए सामाजिक, आर्थिक, पर्यावरण, पशुपालन, दूध उत्पादन एवं अप्रवासी पशु पक्षियों के बदलाव की जानकारी देकर तालाब बनाने की शपथ दिलाई गई।
देवास को मॉडल बनाकर अभियान चला रहे हैं
    कृषक दल के किसानों ने बताया कि लातूर जिले में गत तीन वर्षों से बारिश नहीं हो रही है, वहां अकाल पड़ा है। जिला प्रशासन एवं मंत्रालय द्वारा मप्र के देवास जिले को तालाब के लिए मॉडल बनाकर तालाब निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है। वहां इसे एक अभियान का रूप दिया गया है।

--------------------------------

जिले में 1080.58 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
      देवास 17 सितंबर 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 1080.58 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1377, खातेगांव में 1256, उदयनगर में 1196.60, कन्नौद में 1148, देवास में 1049, टोंकखुर्द में 941, बागली में 841 तथा सतवास में 836 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
24 घंटे में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई
  पिछले 24 घंटों में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें कन्नौद में, उदयनगर में, देवास में, सतवास में, खातेगांव में, सोनकच्छ में, टोंकखुर्द में तथा बागली में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को 2.38 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
    गत वर्ष 17 सितंबर को जिले में 2.38 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें सोनकच्छ में 11, सतवास में 1, टोंकखुर्द में 1, देवास में, खातेगांव में, बागली में, उदयनगर में तथा कन्नौद में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 557.83 मिमी औसत वर्षा
     अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 557.83 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें सोनकच्छ में 699, उदयनगर में 618.60, देवास में 608, टोंकखुर्द में 587, कन्नौद में 541, बागली में 528, खातेगांव में 487, सतवास में 394 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
------------------------------

शौचालय वाले परिवारों की जानकारी समग्र पोर्टल पर 26 सितंबर तक होगी दर्ज

समय-सीमा में सत्यापन और प्रविष्टि पर पुरस्कार, लापरवाही पर सजा

      देवास 17 सितंबर 2015/ समग्र पोर्टल पर शौचालय सहित परिवारों का ब्यौरा दर्ज करने के काम में बरती जा रही लापरवाही पर राज्य शासन ने नाराजगी जताई है। इसके साथ ही जनपद स्तर पर शौचालय सहित परिवारों के विवरण की मॉनीटरिंग का काम गंभीरता से किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में जिन परिवारों के पास शौचालय की सुविधा उपलब्ध है उनके सत्यापन के बाद संपूर्ण ब्यौरा समग्र पोर्टल पर दर्ज किया जाता है। ब्यौरा गत 1 सितंबर 2014 के समग्र डाटा बेस के आधार पर तैयार किया जा रहा है।
      अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्रीमती अरूणा शर्मा ने सभी जिला कलेक्टर को स्वच्छ भारत मिशन की वेबसाइट पर बेस लाइन सर्वे 2012 में दर्ज शौचालययुक्त परिवार तथा वर्ष 2013-14 से अगस्त 2015 तक बने शौचालय की संख्या को शामिल करते हुए शौचालय सुविधा वाले परिवारों की प्रविष्टि समग्र पोर्टल में पंचायतवार दर्ज करवाया जाना सुनिश्चित करने को कहा है। इसके लिये 26 सितंबर 2015 की समय-सीमा निर्धारित की गई है। समय-सीमा में प्रविष्टि और सत्यापन कार्य करने वाले ग्राम रोजगार सहायक/प्रविष्टिकर्ता को प्रति पंचायत 500 रुपये के मान से पुरस्कृत किया जायेगा। इसी तरह जो ग्राम पंचायत समय-सीमा में प्रविष्टि एवं सत्यापन कार्य पूरा नहीं करेगी उनके जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारियों को दंडित करने के निर्देश भी दिये गये हैं। इस काम में लापरवाही बरतने वाले जनपद स्तर के अधिकारी और कर्मचारियों के विरूद्ध विभागीय जाँच संस्थित करने को भी कहा गया है।
-----------------------------

मतदाता-सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संशोधित

    मतदाता-सूची के प्रारूप का प्रकाशन अब 2 नवम्बर को

      देवास 17 सितंबर 2015/ भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता-सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन किया है। अब मतदाता-सूची के प्रारूप का प्रकाशन 2 नवम्बर को होगा। सूची से दावे और आपत्तियाँ, अर्थात नाम जोड़ना, हटवाना और सुधार का कार्य 2 से 30 नवम्बर तक होगा। इन तिथियों में सभी बीएलओ तथा अधिकारी पोलिंग-बूथ पर उपस्थित रहकर दावा एवं आपत्तियाँ प्राप्त करेंगे।
      ग्रामसभा, स्थानीय निकाय, रेसीडेंसियल वेलफेयर सोसायटी एवं शहरी क्षेत्र में 3 नवम्बर तथा 17 नवम्बर को संबंधित बीएलओ समूह को इकठ्ठा कर मतदाता-सूची का वाचन करेंगे। इससे संबंधित क्षेत्र के मतदाताओं को यह पता लग सकेगा कि उनका अथवा उनके परिजन का नाम सूची में है अथवा नहीं। साथ ही ऐसे व्यक्ति, जिनका नाम सूची में है, वे वहाँ रहते हैं अथवा उनकी मृत्यु हो गयी है। सभी मतदाता से अपील की गयी है कि दोनों तिथि में बीएलओ से सम्पर्क करें। मतदाता-सूची के वाचन के दौरान मतदाताओं से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है।
      रविवार 8 नवम्बर एवं 22 नवम्बर को राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ-लेवल एजेंट से दावे-आपत्तियाँ निर्धारित प्रपत्र में प्राप्त करने के लिये स्पेशल केम्प लगाया जायेगा। आयोग 21 दिसम्बर तक प्राप्त सभी दावे-आपत्तियों का निराकरण करेगा। इस तिथि में संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बीएलओ, सुपरवाइजर सक्रिय रहकर त्रुटिरहित मतदाता-सूची बनाने का कार्य करेंगे। आयोग ने डाटा-बेस अपडेट एवं छायाचित्रों की प्रविष्टि कर सप्लीमेंट्री लिस्ट मुद्रित करने के लिये सभी तैयारी करने के निर्देश दिये। मतदाता-सूची का अंतिम प्रकाशन 11 जनवरी, 2016 को किया जायेगा।
      प्रदेश के सभी 62 हजार 690 मतदान-केन्द्र में ग्राम अथवा वार्ड जागरूकता समूह का गठन कर लिया गया है। समूह मतदाताओं को सुविधा देने के साथ ही सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। समूह में बूथ-लेवल पर पदस्थ सभी विभाग के कर्मचारी, युवा संस्थाएँ, स्वैच्छिक संस्थान, गैर-राजनैतिक संगठन तथा राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए सदस्य बनाये गये हैं। मतदाताओं से अपील की गयी है कि निर्धारित तिथियों में लगाये जाने वाले केम्प में सक्रिय भाग लें।
-----------------------------------
बसेरा से बुजुर्ग दम्पति की घर वापसी
       देवास 17 सितंबर 2015/ पांच महीने से राजौदा रोड स्थित वृद्धाश्रम बसेरा में रहने वाले बुजुर्ग दम्पति के लिए गणेश चतुर्थी का पर्व खुशियां लेकर आया। पांदा जगीर निवासी 65 वर्षीय पुंजराज परमार एवं उनकी पत्नी संपत बाई परिवार की बेरुखी के कारण वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर थे। पश्चाताप के बाद बेटे दिनेश का दिल पसीजा और माता पिता को ससम्मान घर वापसी लेने की कवायद शुरू की।
       औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शुक्रवार को परमार दम्पति एक बार फिर अपने घर जाएंगे। प्रबंधक दिनेश चौधरी के मुताबिक दिनेश परमार ने संपर्क किया कि वह माता पिता को घर ले जाना चाहते हैं। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के बाद मंजूरी दी गई। परमार दम्पति को एक ओर तो घर जाने की खुशी है, वहीं बसेरा के अपने साथियों से बिछडऩे का भी गम है। हालांकि परमार दम्पति साथियों को ये भरोसा दिला रहे हैं कि बसेरा उनका दूसरा घर है और वे यहां आते रहेंगे।
कुरीतियों पर गाते हैं भजन
       परमार कई वर्षों से भजन गा रहे हैं। वे स्वयं भजन लिखते और संगीत बनाते हैं। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन पर भी उन्होंने कई कार्यक्रमों में शिरकत की है। इसके अलावा देश के कई शहरों में बड़े मंचों से सामाजिक कुरीतियों पर कटाक्ष करते भजनों की प्रस्तुति दे चुके हैं।
--------------------------------------
गांवों में लगे जनसमस्या निवारण शिविर
जिला अधिकारियों ने सुनी समस्याएं
    देवास 17 सितंबर 2015/ देवास जनपद के अंतर्गत आज गुरूवार को विभिन्न ग्रामों में जनसमस्याओं निवारण शिविरों का आयोजन  किया गया। इनमें जिला मुख्यालय के अधिकारियों ने जाकर समस्याएं सुनी। प्राप्त आवेदनों को पंचायत स्तर पर संधारित किया जा रहा है। आवश्यकता अनुसार इन्हें निराकरण के लिए ब्लॉक एवं जिला स्तर भेजा जाएगा। शीघ्र निराकरण कर इसकी सूचना आवेदक को लिखित में दी जाएगी।
    गांवों में पहुंचे अधिकारियों ने गांव का भ्रमण भी किया। इस दौरान उन्होंने गांव की सामूहिक समस्याओं तथा रास्ते, पेयजल सफाई, शौचायल इत्यादि को भी नोट किया। इसका प्रतिवेदन कलेक्टर को प्रस्तुत किया जाएगा।
        शिविरों को दूसरा चरण 19 सितंबर को  
       देवास जनपद में दूसरे चरण में 19 सितंबर को देवास जनपद की 47 ग्राम पंचायतों में शिविर लगाएंगे जाएंगे। देवास जनपद पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दिन को टिगरिया गोगा, टिगरिया छोटा, कुमारिया, भड़ा पीपल्या, छापरी, सुनवानी कराड़, टिमरनी, कैलोद, सन्नौड़, पटाड़ी, पर्वतपुरा, नारियाखेड़ा, पटाड़ा, दखनाखेड़ी, चौबापीपल्या, बरोठा, खोकरिया, बड़ी चुरलाय, जलोदिया, पत्थर गुराड़िया, मोरूखेड़ी, भाटखेड़ी, सदाशिवपुरा, खतेड़िया, सिरोल्या, सुतारखेड़ा, नापाखेड़ी, भानगढ़, गुराड़िया भील, बांगरदा, आक्या, बालोदा, जामगोद, खटांबा, कानकुंड, गुर्जरबापच्या, आंवल्या पीपल्या, बरखेड़ा कोतापाई, राजोदा, अखेपुर, अकबरपुर, बारोली, राघोगढ़, बराय, सारोल, मिर्जापुर, टिनोनिया  में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
----------------------------------------


                                                     


No comments:

Post a Comment