Thursday, 28 May 2015

दिनांक 28 मई 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

सेवा भावना हो तभी अच्छा कार्य हो सकता है
स्कूल शिक्षा मंत्री ने किया देवास जिले का भ्रमण
     देवास 28 मई 2015/ मन में सेवा भावना हो तभी अच्छा कार्य हो सकता है। शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक तीन आवासीय‍ विद्यालय में भवन का जीर्णोद्धार एवं सौन्दर्यीकरण का जो कार्य किया गया है तथा वहां विद्यार्थियों को जो शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, वे सराहनीय हैं। इसके लिए संबंधित एनजीओ तथा सभी संबंधित अधिकारी, विशेष रूप से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत देवास बधाई के पात्र हैं।
     प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री पारस जैन ने आज गुरूवार को शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक तीन आवासीय‍ विद्यालय में बच्चों से मुलाकात एवं निरीक्षण के दौरान बच्चों को सम्बोधित करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम में महापौर श्री सुभाष शर्मा, श्री बहादुर मुकाती, श्री राजेश यादव, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी, कार्यक्रम समन्वयक सर्वशिक्षा अभियान आदि उपस्थित थे।
अगले महीने तक सभी विद्यालयों में शौचालय
     शिक्षा मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रत्येक विद्यालय में बालक एवं बालिकाओं के लिए पृथक-पृथक शौचालय बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अगले महीने तक प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में शौचालय होंगे। उन्होंने देवास जिले में अपने निरीक्षण के दौरान शौचालय निर्माण कार्य की सराहना की। श्री जैन ने हाल ही में चालू की गई बीमा एवं पेंशन योजनाओं का लाभ लेने की सलाह दी।
शिक्षा का महत्वपूर्ण स्थान
     इस अवसर पर महापौर श्री सुभाष शर्मा ने कहा कि हमारे जीवन में शिक्षा का अत्यन्त महत्वपूर्ण स्थान होता है। बच्चे खूब मन लगाकर पढ़ें तथा आगे बढ़ें। शिक्षा से ही हमारी प्रगति के द्वार खुलते हैं।

एक वर्ष में हुआ कार्य
     सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक सिंह ने बताया कि इस विद्यालय भवन एवं छात्रावास के नवीनीकरण का कार्य एक वर्ष पूर्व प्रारंभ किया गया था। तब इसकी हालत बहुत खराब थी। एक वर्ष के अथक परिश्रम एवं एक स्वयं सेवी संस्था के प्रयासों से यह कार्य संभव हो पाया है। इस कार्य में नगर निगम देवास का भी बहुमूल्य योगदान है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में जिले के प्रत्येक स्कूल को बहुत अच्छा बनाया जायेगा।
वाचनालय एवं सभागृह का शुभारंभ किया
     शिक्षा मंत्री ने इसके पूर्व विद्यालय में खोले गये नवीन वाचनालय एवं पुर्ननवीनीकृत सभागृह का शुभारंभ किया। सभागृह में अतिथियों एवं बच्चों ने एक लघु फिल्म के माध्यम से विद्यालय के विकास की पूरी कहानी जानी।
पानी एवं बिजली की व्यवस्था करें
     इसके पूर्व शिक्षा मंत्री श्री जैन द्वारा ग्राम जैतपुरा के शासकीय माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान वहां की प्राचार्य ने उन्हें बताया कि विद्यालय में पानी एवं बिजली की उपलब्धता नहीं है। हेण्डपम्प में पानी नहीं है तथा नल एवं बिजली का बिल भरने के लिए विद्यालय के पास पर्याप्त राशि नहीं है। विद्यालय में बिजली एवं पानी की व्यवस्था के लिए वर्ष में 5 हजार रूपये की राशि मिलती है। विद्यालय को बिजली विभाग द्वारा 2-3 माह का बिल 7 हजार रूपये का दिया गया। बिल भरने में अक्षम होने पर बिजली कटवा दी गई। मंत्री श्री जैन द्वारा विद्यालय में पानी और बिजली की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये गये।
सुकल्या में भी किया निरीक्षण
     शिक्षा मंत्री श्री जैन ने ग्राम सुकल्या पहुंचकर वहां शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां निर्माणाधीन शौचालय के कार्य को देखा। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता की सराहना की।
क्रमांक 178/329/28-05-2015            (फोटो-संलग्न)


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का नाम बताने पर मिला इनाम
शिक्षा मंत्री अगेरा में कस्तुरबा बालिका छात्रावास पहुंचे
     देवास 28 मई 2015/ 'बच्चों देश के प्रधानमंत्री का नाम बताओ?' ‘नरेंद्र मोदी’ 'प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम बताओ?' ‘शिवराजसिंह चौहान’। 'यहां आप लोगों को कैसा लगता है?' ‘बहुत अच्छा लगता है।’
     प्रदेश के शिक्षामंत्री श्री पारस जैन आज गुरूवार को जब कस्तूरबा बालिका छात्रावास अगेरा पहुंचे और वहां की बच्चियों से प्रश्न पूछे तो बच्चों ने प्रश्नों के पूरे आत्म विश्वास के साथ जवाब दिए। देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री का सही नाम बताने वाली बालिकाओं को मंत्रीजी द्वारा नगद इनाम भी दिया गया। इस अवसर पर सोनकच्छ क्षेत्र के विधायक श्री राजेंद्र वर्मा, श्री चंद्रभानसिंह गौतम, श्री दशरथ यादव, डीपीसी, डीईओ, एसडीएम सोनकच्छ आदि मौजूद थे।
छात्रावास का निरीक्षण किया
     मंत्री श्री पारस जैन द्वारा बालिका छात्रावास का निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने  वहां शिक्षक कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष, कौशल विकास कक्ष, पुस्तकालय आदि को देखा। उन्होंने वहां बच्चों के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा तथा खाने की मीनू आदि की भी जानकारी प्राप्त की।
विधायक ने दी जानकारी
     विधायक श्री वर्मा ने मंत्री श्री जैन को जिले में 'स्कूल चलें हम' अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। अभियान के अंतर्गत जिले में प्रत्येक स्कूल जाने वाले उम्र के बच्चे का विद्यालयों में प्रवेश कराया जा रहा है। साथ ही प्रयास किए जा रहे हैं कि बच्चे रोज स्कूल आएं व नियमित रूप से विद्या अध्ययन करें। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए जिले में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया
शिक्षामंत्री श्री पारस जैन द्वारा ग्राम जामगोद में शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया। उन्होंने वहां बनाए जा रहे शाला शौचालय के काम को भी देखा।
क्रमांक 179/330/28-05-2015                    (फोटो-संलग्न)

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

प्रभारी मंत्री श्री पटवा कल देवास जिले में
शिप्रा, भौंरासा एवं सतवास में कार्यक्रमों में शामिल होंगे
     देवास 28 मई 2015/  प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री एवं जिले के प्रभारी श्री सुरेंद्र पटवा 30 मई शनिवार को देवास जिले के भ्रमण पर आएंगे। वे भ्रमण के दौरान शिप्रा, भौंरासा एवं सतवास में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं जीवन ज्योति बीमा योजना के शिविरों में भाग लेंगे।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अुनसार प्रभारी मंत्री श्री पटवा 30 मई को पूर्वाह्न 10.30 बजे शिप्रा आएंगे तथा यहां प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं जीवन ज्योति बीमा योजना के शिविर का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के पश्चात वे भौंरासा के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रभारी मंत्री श्री पटवा भौंरासा में दोपहर 12.10 बजे से उक्त्‍ योजना के शिविर में भाग लेंगे।
     प्रभारी मंत्री श्री पटवा अपरांह 4.10 बजे सतवास में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा एवं जीवन ज्योति बीमा योजना के शुभारंभ शिविर में भाग लेंगे। इसके पश्चात वे सायं 5.10 बजे सतवास से प्रस्थान करेंगे।
क्रमांक 177/328/28-05-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

अन्तर्राष्ट्रीय तम्बाकू एवं धूम्रपान निषेध दिवस 31 को
    देवास 28 मई 2015/ राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी 31 मई को जिले में तम्बाकू एवं धूम्रपान निषेध दिवस मनाया जायेगा। इस अवसर पर शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में सेमीनार, रैली, प्रदर्शनी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, प्रश्न मंच, चित्रकला प्रतियोगिता, गीत, नृत्य आदि आयोजित किये जायेंगे। राज्य शासन द्वारा तम्बाकू तथा तम्बाकू से बने उत्पाद पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिसका व्यापक पैमाने पर असर देखने को मिल रहा है।
   कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि इस अवसर पर तम्बाकू एवं धूम्रपान के सेवन से दुष्परिणामों पर आधारित कार्यक्रम जैसे सेमीनार, रैली, पोस्टर, प्रदर्शनी, वाद-विवाद, निबंध लेखन, प्रश्नमंच, चित्रकला प्रतियोगिताएं व नुक्कड नाटक, गीत, नृत्य आदि आयोजित किये जायेंगे। इन कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, स्कूल, नगर निगम, नगर पालिका/पंचायत, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, स्वैच्छिक संस्थाएं तथा स्थानीय जन-प्रतिनिधि सम्मिलित होगें।
क्रमांक 171/322/28-05-2015
समाधान ऑन लाईन दो जून को
   देवास 28 मई 2015/ समाधान ऑनलाईन कार्यक्रम दो जून को शाम 04 बजे से आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वीडियो कांन्फ्रेस के माध्यम से विभागीय योजनाओं एवं विभिन्न स्तरों पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की जाएगी। सभी विभाग प्रमुखों को निर्धारित तिथि एवं समय पर वांछित जानकारी के साथ जिला मुख्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिये गये हैं।
क्रमांक 172/323/28-05-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

अग्रिम भण्डारण योजना का लाभ अधिकाधिक किसानों को दिलायें
   देवास 28 मई 2015/ रासायनिक उर्वरकों की अग्रिम भण्डारण योजना का लाभ अधिकाधिक किसानों को दिलायें। इसके लिये किसानों को प्रोत्साहित किया जाए। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने इस आशय के निर्देश कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
   प्रदेश सरकार द्वारा रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के मकसद से “रासायनिक उर्वरकों की अग्रिम भण्डारण योजना” शुरू की गई है। योजना के तहत खरीफ फसलों के लिये किसान 31 मई तक बिना ब्याज के उर्वरकों का अग्रिम भण्डारण कर सकते हैं। इसी तरह रबी मौसम में एक अगस्त से 15 सितम्बर तक उर्वरकों का अग्रिम भण्डारण किसान कर सकते हैं। इस अवधि का ब्याज सरकार वहन करेगी। जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में अग्रिम भण्डारण योजना के निरंतर अनुश्रवण के लिये जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। इसमें उपसंचालक कृषि, उपायुक्त सहकारिता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक व जिला विपणन अधिकारी शामिल किए गए हैं।
क्रमांक 173/324/28-05-2015
सत्र 2015-16 में ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया 26 जुलाई से
   देवास 28 मई 2015/ प्रदेश के महाविद्यालयों में सत्र 2015-16 में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के बाद रिक्त स्थानों की जानकारी 25 जुलाई को पोर्टल पर उपलब्ध होगी। इन स्थानों पर ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया 26 जुलाई से शुरू होगी।
   ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया में आवेदक 26 से 28 जुलाई तक जिले के अग्रणी महाविद्यालय में निर्धारित आवेदन-पत्र प्रस्तुत करेंगे। दस्तावेजों के सत्यापन के लिये आवेदक को मूल प्रमाण-पत्र साथ ले जाना होगा। प्राप्त आवेदनों को प्राचार्य द्वारा पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करवाया जायेगा। महाविद्यालय एवं पाठ्यक्रमवार मेरिट सूची 30 जुलाई को जारी होगी। आवेदक को 31 जुलाई तक संबंधित महाविद्यालय में शुल्क जमा कर प्रवेश लेना होगा।
क्रमांक 174/325/28-05-2015
संभाग स्तरीय किसान सम्मेलन आज उज्जैन में
मुख्यमंत्री श्री चौहान होंगे शामिल
     देवास 28 मई 2015/ कृषि महोत्सव के तहत संभाग स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन 29 मई को  दोपहर 2 बजे नानाखेड़ा स्टेडियम उज्जैन में आयोजित होगा। किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन करेंगे। विशेष अतिथि प्रदेश के एवं नगरीय प्रशासन व पर्यावरण मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय तथा स्कूल शिक्षा मंत्री श्री पारस जैन उपस्थित रहेंगे।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने जिले के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कृषि महोत्सव के अंतर्गत आयेाजित किसान सम्मेलन में शामिल होने का आग्रह किया है। देवास जिले से सम्मेलन में लगभग 10 हजार किसानों के सम्मिलित होने की संभावना है।
क्रमांक 175/326/28-05-2015
सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति की बैठक 1 जून को
     देवास 28 मई 2015/  जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समि‍ति की बैठक आगामी 1 जून को दोपहर 1 बजे जिला पंचायत देवास के नवीन भवन में सभापति कमलसिंह मर्सकोले की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति जिला पंचायत देवास के सचिव ने समिति की प्रथम बैठक में सर्व संबंधितों से सम्मिलित होने को आग्रह किया है।
क्रमांक 176/327/28-05-2015









Wednesday, 27 May 2015

27 मई 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

स्टाम्प वेंडर की जगह अब सेवा प्रदाता

 लाइसेंस ऑनलाइन दिए जाएंगे

     देवास 27 मई 2015/ सम्पूर्ण प्रदेश में दस्तावेजों का संपदा एप्लीकेशन द्वारा ई-पंजीयन अतिशीघ्र प्रारंभ किया जा रहा है, जिसके द्वारा ऑनलाइन पंजीयन किया जाएगा। इसके अंतर्गत स्टाम्प वेन्डर एवं दस्तावेज लेखकों के स्थान पर अब सर्विस प्रोवाइडर (सेवा प्रदाता) को लाइसेंस दिए जाएंगे। सेवा प्रदाता के लाइसेंस के लिए स्टाम्प नियम 26 के अंतर्गत पात्रता निर्धारित की गई है। लाइसेंस के लिए आवेदन ऑनलाइन ही किए जा सकेंगे।
सेवा प्रदाता की पात्रता
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि सेवा प्रदाता बनने के लिए आवेदक के पास कम्प्यूटर, प्रिंटर बायोमैट्रिक डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक राइटिंग पेन, वेब कैमरा, यूपीएस, स्कैनर, कम्प्यूटर पैरीफेरल तथा ब्रांड बैंड/हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्शन होने चाहिएं। ई-स्टांपो के विक्रय एवं अन्य संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए साख-सीमा प्राप्त करने के लिए वित्तीय रूप से समक्ष होना चाहिए। वह कम्प्यूटर के प्रचालन की जानकारी रखता हो, 21 वर्ष से अधिक आयु का एवं 12वीं उत्तीर्ण हो तथा किसी भी शासकीय विभाग/शासकीय उपक्रम/स्थानीय निकाय में नियोजित नहीं हो। हिन्दी तथा अंग्रेजी दोनों ही भाषाओं में सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्षम हो और भारतीय स्टांप अधिनियम एवं रजिस्ट्रीकरण अधिनियम तथा उनके अधीन बनाए गए नियमों का कामकाजी ज्ञान रखता हो।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
     कोई भी इच्छुक व्यक्ति सर्विस प्रोवाइडर के लाइसेंस के लिए विभागीय वेबसाइट www.mpigr.gov.in में जाकर नए उपयोगकर्ता के रूप में अपना यूजर आईडी तथा पासवार्ड तैयार करेगा, तत्पश्चात बाएं टैब में 'सेवा प्रदाता' फील्ड में जाकर सेवा सुविधाओं के अनुज्ञप्ति के लिए आवेदन की लिंक पर क्लिक करेगा। अगली स्क्रीन पर सेवा प्रदाता का प्रकार जैसे व्यक्तिगत अथवा संस्था का चयन किया जाकर अन्य जानकारियों जैसे, शैक्षणिक  योग्यता, ज्ञात भाषाओं आदि का चयन कर अपने कार्य स्थल का विवरण दर्ज करेगा। इसके उपरांत दी गई फील्ड्स जैसे नगर, तहसील इत्यादि का चयन किया जाएगा। इसके उपरांत आवश्यक दस्तावेज जैसे जन्मतिथि प्रमाण-पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, आपराधिक गतिविधियों में सम्मिलित न होने संबंधी शपथ-पत्र, पी.ए.एस. की आवश्यकता के अनुसार हार्डवेयर की उपलब्धता का हलफनामा तथा कार्य स्थल संबंधी स्वयं का मकान या किरायानामा आदि दस्तावेज तथा सेवा प्रदाता के स्वयं के फोटोग्राफ स्केन कर अपलोड किए जाकर आवेदन सबमिट किया जाएगा।
अनुमोदन का मिलेगा संदेश
     आवेदन जिला पंजीयक द्वारा अनुमोदित किए जाने पर आवेदक को संदेश प्राप्त होगा, जिसके उपरांत वह 'सेवा प्रदाता लाइसेंस आवेदन' में जाकर नियत फीस 1000 रूपए का भुगतान ऑनलाइन अथवा चालान द्वारा कर सकेगा। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जून 2015 निर्धारित की गई है।
क्रमांक 165/316/27-05-2015
अति-वर्षा एवं बाढ़ से निपटने करें  की पूर्व तैयारियाँ

सभी जिलों में नियंत्रण-कक्ष जरूरी, देवास है बाढ़ संभावित जिला

     देवास 27 मई 2015/ राज्य शासन द्वारा अति-वर्षा एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने की पूर्व तैयारियों के संबंध में हुई बैठक में समस्त संभागायुक्त एवं कलेक्टर्स को निर्देश दिये गये हैं कि संभावित जिले में कंट्रोल-रूम 15 जून, 2015 तक आवश्यक रूप से खोलें। तहसील-स्तर पर भी आवश्यकतानुसार कंट्रोल-रूम खोला जाये। अधीक्षक भू-अभिलेख को कंट्रोल-रूम का प्रभारी अधिकारी नियुक्त करें।
   प्रभारी अधिकारी बाढ़ संबंधी समस्त जानकारी से पूरी तौर पर अवगत होकर राहत आयुक्त और अन्य अधिकारियों को जानकारी देने के लिये जिम्मेदार होगा। प्रभारी अधिकारी का नाम, टेलीफोन नम्बर, फेक्स नम्बर आदि की जानकारी राहत आयुक्त कार्यालय को तुरंत दी जाये। यह जानकारी आम नागरिकों को देने के लिये समाचार-पत्रों में भी प्रकाशित करें।
   जिले में बाढ़ की आकांक्षा पर नियंत्रण-कक्ष 24 घंटे कार्यरत रखा जाये और बाढ़ की स्थिति की जानकारी राज्य-स्तर के कंट्रोल-रूम तथा सेना के सब एरिया कमाण्डर भोपाल को दी जाये। राज्य-स्तर के कंट्रोल-रूम को स्थिति से लगातार अवगत करवाया जायेगा। बाढ़ संबंधी प्रतिवेदन की अद्यतन जानकारी की एक प्रति कंट्रोल-रूम में रखी जायेगी, जिससे आवश्यक होने पर जानकारी ली जा सके।
   जिले में स्थापित वर्षा-मापक केन्द्र द्वारा दैनिक वर्षा की जानकारी संचालक मौसम केन्द्र, अरेरा हिल्स, भोपाल के फेक्स क्रमांक 0755-2552743 एवं ई-मेल mausambhopal@redifmail.com  पर दी जा सकती है।
   ऐसे क्षेत्र, जहाँ अक्सर बाढ़ आती है, वहाँ निगरानी की विशेष व्यवस्था की जायेगी। आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर लोगों को पहुँचाने तथा ठहराने के लिये केम्प आदि के स्थानों की पहचान के साथ सम्पूर्ण योजना भी तैयार होगी। ऐसे क्षेत्र के लोगों को बाढ़ से बचाव की जानकारी देकर प्रशिक्षित किया जायेगा। इस कार्य में पंचायतों, नगरपालिका एवं स्थानीय स्वयंसेवी संस्था को संबद्ध किया जायेगा। बाढ़ बचाव संबंधी उपकरण भी शीघ्र ठीक करवायें जायेंगे।
   जिन जिलों में मोटर-बोट्स तथा बोट्स उपलब्ध हैं, इसकी जानकारी तत्काल राहत आयुक्त को भेजें। बाढ़ की स्थिति में पुलिस बल और होमगार्डस की मदद ली जाये। इसके बाद की स्थिति में सेना की मदद लेने का निर्णय संभागीय कमिश्नर से विचार-विमर्श कर लिया जाये। इसकी जानकारी तत्काल प्रमुख सचिव राजस्व तथा राहत आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से टेलीफोन पर दें।
   प्रदेश में बाढ़ संभावित जिले - देवास, ग्वालियर, मुरैना, मंदसौर, गुना, भिण्ड, जबलपुर, नरसिंहपुर, होशंगाबाद, दमोह, विदिशा, खण्डवा, रायसेन, मण्डला, छिन्दवाड़ा, बैतूल, रतलाम, खरगोन, धार, बालाघाट, सतना, रीवा, छतरपुर, शिवपुरी, झाबुआ, सागर, हरदा, बड़वानी, श्योपुर, नीमच, कटनी तथा डिण्डोरी हैं। जिन दुर्गम क्षेत्रों में बाढ़ के कारण नहीं पहुँचा जा सकता है, वहाँ पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री तथा जीवन-रक्षक दवाइयाँ आदि पहले से उपलब्ध होना चाहिये।
   बाढ़ से हुई हानि/नुकसान की जानकारी नियमित रूप से भारत शासन, गृह मंत्रालय के कंट्रोल-रूम के दूरभाष 011-23093563, 011-23093564 फैक्स क्रमांक 011-23093750 तथा राज्य-स्तर के कंट्रोल-रूम दूरभाष 0755-2441419 एवं फैक्स क्रमांक 0755-2440032, 2440032 पर दी जायेगी।
क्रमांक 166/317/27-05-2015

 

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

1 से 3 जून तक होगा कृषि मेला

कलेक्टर ने दिए व्यवस्थाओं संबंधी निर्देश

     देवास 27 मई 2015/ किसानों को कृषि की उन्नत तकनीकि की जानकारी एवं खेती में लगने वाले कृषि आदान उन्नत बीज, खाद, दवाई एवं नवीनतम कृषि उपकरण, उन्नत सिंचाई के साधन आदि की जानकारी एक ही स्थान पर दिलाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय पर 1 जून से 3 जून तक कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण क्रमांक 2 में कृषि मेला 2015 का आयोजन किया जा रहा है।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने संबंधित विभागों को मेले के आयोजन की व्यवस्थाओं संबंधी निर्देश दिए हैं।
स्टॉल लगेंगे
     मेले में विभिन्न कृषि उत्पाद निर्माण कंपनियां अपने स्टॉल लगाकर किसान उपयोगी जानकारियां देंगे। इस संबंध में कलेक्टर ने कृषि उत्पाद निर्माण कंपनियों को पत्र लिखकर कहा है कि वे मेले में अपनी कंपनी का स्टॉल/प्रदर्शनी लगाकर कंपनी के नवीन उत्पादों का जीवंत प्रदर्शन के माध्यम से किसानों को जानकारी देकर लाभांवित कराएं। स्टॉल बुकिंग जिला उप संचाकलक कृषि, किसान कल्याण तथा कृषि विकास, जिला देवास के कार्यालय में निर्धारित शुल्क जमा कराएं। स्टॉल पंजीयन शुल्क रूपए 2000 प्रति स्टॉल होगा। मेला स्थल पर प्रति स्टॉल 15x15 के स्टॉल में 2 टेबल, 3 कुर्सियां, बिछात एवं स्टॉल बंद करने के लिए कनात की व्यवस्था होगी। स्टॉल पंजीयन शुल्क नगद राशि/बैंक ड्राफ्ट मां चामुंडा एग्रीकल्चर टेक्नॉलाजी मैनेजमेंट एजेंसी आत्मा के नाम बनाकर 30 मई तक जमा कराएं।
क्रमांक 167/318/27-05-2015


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

पिछड़ा वर्ग पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति-2014-15 में पुन: आवेदन आमंत्रित

छात्रवृत्ति पोर्टल 1 से 15 जून तक खुला रहेगा

    देवास 27 मई 2015/ राज्य शासन ने पिछड़ा वर्ग पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति वर्ष 2014-15 के पुन: आवेदन और पूर्व में किए गए आवेदनों में सुधार के लिए 1 से 15 जून 2015 तक छात्रवृत्ति पोर्टल पुन: खोलने का निर्णय लिया है। छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 30 दिसम्बर 2014 थी। विद्यार्थियों को यह छूट इसलिए दी जा रही है क्योंकि वर्ष 2014-15 में छात्रवृत्ति पोर्टल के निर्माण के चलते और मार्च 2015 में आहरण पर वित्तीय प्रतिबंध के कारण छात्रवृत्ति वितरित नहीं हो पाई है। विद्यार्थियों के हितों के मद्देनजर विभाग द्वारा पहली बार ऐसा निर्णय लिया गया है। जिन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन 30 दिसम्बर के पहले लॉक कर दिया है, उन्हें पुन: आवेदन की जरूरत नहीं है।
    पिछड़ा वर्ग के ऐसे विद्यार्थी जो किसी कारणवश पूर्व में आवेदन प्रस्तुत नहीं कर पाए थे, वे इस दौरान ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन कर सकेंगे। जिन विद्यार्थियों के ऑनलाइन भरे आवेदन स्थाई रूप से निरस्त किए गए हैं वे स्थाई अस्वीकृति के कारणों की पूर्ति करते हुए आवेदन-पत्रों को अपडेट कर सकेंगे। उन विद्यार्थियों के लिए भी यह एक मौका है जिन्होंने आवेदन तो ऑनलाइन भरा था पर अंतिम रूप से लॉक नहीं किया था, वे अब अपने आवेदन को अंतिम रूप से लॉक कर सकेंगे। इसी तरह ऑनलाइन शाखा द्वारा विलंब से जानकारी देने से निर्धारित अंतिम तिथि 30 दिसम्बर के बाद अपलोड हुए पाठ्यक्रम में आवेदन न भर पाने से छात्रवृत्ति से वंचित रह गए विद्यार्थी भी आवेदन कर सकेंगे।
    विद्यार्थियों हेतु पोर्टल 1 जून से 15 जून तक खोला जाएगा। संस्थाओं द्वारा 22 जून 2015 तक अनिवार्य रूप से प्रमाण-पत्रों एवं समस्त अभिलेखों का परीक्षण कर संबंधित जिले के सहायक संचालक की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। सहायक संचालक द्वारा 30 जून तक आवेदन स्वीकृत-अस्वीकृत किए जा सकेंगे। इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।
क्रमांक 168/319/27-05-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

भूकंप पीड़ितों के लिए 26 लाख 31 हजार की सहायता
कलेक्टर ने सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी राशि
     देवास 27 मई 2015/ नेपाल में आए भूकंप से पीड़ित व्यक्तियों के परिवारों की मदद के लिए देवास जिले से कुल 26 लाख 71 हजार 777 रूपए की राशि एकत्रित की गई। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने यह राशि मप्र शासन सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी है।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि भूकंप पीड़ितों के लिए पूर्व में जिले से 21 लाख 87 हजार 957 रूपए की राशि भिजवाई जा चुकी है। अब 4 लाख 83 हजार 820 रूपए की राशि भेजी गई है।
क्रमांक 169/320/27-05-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

नर्मदा-क्षिप्रा लिंक से क्षिप्रा बेराज लबालब भरा

देवास की पेयजल समस्या का हुआ स्थायी समाधान

    देवास 27 मई 2015/ देवास नगर को पेयजल आपूर्ति के लिये क्षिप्रा नदी पर बना बेराज जो कभी मई और जून में पूरे देवास नगर को जल संकट की चपेट में ले लेता था अब साल भर से नर्मदा के जल से लबालब भरा है। यह संभव हुआ है नर्मदा-क्षिप्रा-सिंहस्थ लिंक परियोजना से। परियोजना के जरिये नर्मदा का जल 348 मीटर उदवहन कर 48 किलोमीटर लंबी पाईप लाइन से क्षिप्रा उदगम पर प्रवाहित किया जा रहा है। लगभग सूख चुकी क्षिप्रा नदी को प्रवाहमान बनाने के लिये प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की परिकल्पना को साकार करते हुए 25 फरवरी 2014 को परियोजना से जल प्रवाह आरम्भ किया गया था।
    देवास पेयजल आपूर्ति के लिये क्षिप्रा नदी पर बने बेराज का पूर्ण जलाशय स्तर 494 मीटर है। क्षिप्रा में प्रवाहित नर्मदा जल से बेराज 490.45 मीटर तक निरंतर भरा हुआ है। देवास नगर निगम, बेराज से वर्तमान में प्रतिमाह लगभग 150 एम.एल.डी. पेयजल प्राप्त कर रहा है। परियोजना से नगर के 33 हजार नल कनेक्शनधारी परिवार को अब आवश्यक जल आपूर्ति हो रही है। पेयजल की माँग बढ़ने पर भविष्य में माँग अनुसार जल-प्रदाय की पूर्ति परियोजना से हो सकेगी।
    नर्मदा-क्षिप्रा-सिंहस्थ लिंक परियोजना की क्षमता प्रतिदिन 432 मिलियन लीटर जल उदवहन कर क्षिप्रा में प्रवाहित करने की है। परियोजना को नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा 432 करोड़ रूपये लागत से 14 माह की रिकार्ड अवधि में निर्मित किया गया था। परियोजना के आरम्भ होने से अब तक क्षिप्रा में 35.25 एम.सी.एम. जल प्रवाहित किया जा चुका है। क्षिप्रा के प्रवाहमान होने से क्षिप्रा क्षेत्र के भू-जल स्तर में भी बढ़ोत्तरी हुई है। इससे ग्रामीण अंचल के कुओं, हेण्ड-पम्प का जल-स्तर बढ़ने का लाभ भी इस गर्मी में ग्रामीणों को मिल रहा है।
क्रमांक 170/321/27-05-2015



 

Tuesday, 26 May 2015

दिनांक 26-05-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

जनसुनवाई में समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण

----------------------------

कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई में आए 79 आवेदन

     देवास 26 मई 2015/ कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई में आज मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में 79 आवेदकों ने कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के समक्ष अपने आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। कलेक्टर द्वारा सभी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक सिंह सहित सभी संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

किराने की दुकान से शराब का विक्रय

      आवेदिका नूरी बाई पति फत्तू भिलाला ने आवेदन देकर बताया कि ग्राम पीपरी का शराब ठेकेदार प्रतिदिन वाहन से ग्राम पोटला तहसील उदयनगर में अवैध रूप से शराब लाता है तथा ग्राम की किराने की दूकानों से बिकवाता है। ठेकेदार के विरूद्ध कार्रवाई की जाए तथा ग्राम में शराब का अवैध विक्रय रूकवाया जाए। कलेक्टर ने आबकारी अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। 

सरकारी सेवकों के नाम बीपीएल सूची में

     करण सिंह भीमसिंह ने आवेदन देकर बताया कि ग्राम पंचायत साबूखेड़ी में गरीबी रेखा की सूची में कई सरकारी सेवकों के नाम शामिल हैं। राकेश पिता गजानंद जायसवाल, संतोष पिता जगदीश राठौर, कन्हैया लाल आदि सरकारी सेवक हैं, जिनके नाम बीपीएल सूची में हैं। इनके नाम हटवाए जाएं। प्रकरण में तहसीलदार को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

रास्ते से अतिक्रमण हटवाया जाए

     आवेदक माखन पिता इदरिस खान मेवाती एवं अन्य ने आवेदन दिया कि उनकी ग्राम बड़ौदा तहसील सतवास स्थित कृषि भू‍मि पर आने-जाने के सरकारी जमीन पर बने रास्ते पर फकीर मोहम्मद शेख मोहम्मद द्वारा कब्जा कर लिया गया है। कब्जा हटवाकर रास्ता खुलवाया जाए। प्रकरण में कलेक्टर द्वारा तहसीलदार सतवास को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत राशि 8 माह बाद भी नहीं मिली

     शंकरलाल पिता भागीरथ यादव निवासी ग्राम पीपल्या सड़क टोंकखुर्द ने आवेदन दिया कि उसके पेट के ऑपरेशन के लिए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 50 हजार रूपये की राशि सितम्बर 2014 में स्वीकृत की गई थी, जो उसे आज दिनांक तक प्राप्त नहीं हुई है। प्रकरण में कलेक्टर द्वारा कलेक्टर कार्यालय की स्वेच्छानुदान शाखा को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पति की मृत्यु के बाद बीपीएल कार्ड पत्नी के नाम बनवाना

     आवेदिका सुशीला पति रमेश चन्द्र सुतार निवासी शंकरगढ़ ने आवेदन दिया कि उसके पति की मृत्यु हो गई है, अत: अब बीपीएल सूची में उसका नाम दर्ज हो तथा राशन कार्ड पर परिवार के मुखिया के रूप में उसका नाम चढा़या जाए। प्रकरण में अनुविभागीय अधिकारी देवास को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सीमांकन एवं बटांकन करवाएं

     आवेदक महेन्द्र पिता निर्भय सिहं गा्रम चंदाना देवास ने आवेदन दिया कि उसकी कृषि भूमि ग्राम चंदाना पटवारी हल्का नंबर 25 में स्थित है। उसने तहसीलदार को भूमि के सीमांकन एवं बटांकन के लिए आवेदन दिया था, जो अभी तक नहीं हुआ है। कलेक्टर द्वारा तहसीलदार देवास को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 

रोक के बाद भी शंकरगढ़ पहाड़ी पर उत्खनन जारी

     बालगढ़ ग्राम के रहवासियों द्वारा आवेदन दिया गया कि कलेक्टर द्वारा गत दिनों शंकरगढ़ क्षेत्र की पहाड़ियों पर खनिज उत्खनन कार्य करने पर रोक के आदेश जारी किए गए थे, परन्तु इसके बावजूद वहां खनन कार्य एवं वहां से खनिज का अवैध परिवहन जारी है। रात में यह कार्य तेजी से चलता है। अवैध उत्खनन पर रोक लगवाई जाए। प्रकरण में कलेक्टर द्वारा खनिज विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

खनन नियमों के विरूद्ध उत्खनन

     आवेदक शांतिलाल रामगोपाल पटेल एवं अन्य ग्राम सिरोलिया ने आवेदन दिया कि सिरोल्या-देवास रोड से धामन्दा रोड के बीच एक स्टोन क्रशर 7-8 वर्ष से संचालित है, जो खनिज नियमों के विरूद्ध खनन कार्य कर रहा है। निर्धारित गहराई से अधिक खनन कर रहा है। इससे क्षेत्र का भूजल स्तर नीचे चला गया है तथा पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। क्रशर से बड़ी मात्रा में निकलने वाले धूल के गुबार से उनकी फसलें खराब हो रही है। प्रकरण में कलेक्टर द्वारा खनिज विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 

गंदा पानी घर के सामने छोड़ना

     आवेदिका गीताबाई पति स्व दरियाब सिंह पटवर्धन मार्ग देवास ने आवेदन दिया कि उसका पड़ौसी त्रिलोक चंद जलोदिया कई कंपनियों के कपड़े धोता है तथा उसका कैमिकल युक्त गंदा पानी मोटर से घर के सामने छोड़ देता है। इससे उस क्षेत्र में काफी गंदगी एवं कीचड़ हो गई है। प्रकरण में कलेक्टर द्वारा नगर निगम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शासकीय विभागों में बिजली का हो रहा अपव्यय

     आवेदक अरूण परमार निवासी मैनाश्री कॉम्प्लेक्स देवास ने आवेदन देकर बताया है कि शासकीय कार्यालयों, विशेष रूप से जिला अस्पताल में, विद्युत का अपव्यय हो रहा है। यहां पर डॉक्टर अपने कक्षों में नहीं रहते है, फिर भी अपने कक्षों के पंखे, लाइट हमेशा चालू छोड़कर चले जाते है। इस पर कलेक्टर द्वारा सिविल सर्जन को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

क्रमांक 159/310/26-05-2015                  (फोटो-संलग्न)


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

 

29 मई को कृषि सम्मेलन में शामिल होंगे जिले के 10 हजार किसान

----------------------------

कलेक्टर ने व्यवस्थाओं संबंधी बैठक ली

 

     देवास 26 मई 2015/ प्रदेश में 25 मई से 15 जून तक चलाए जा रहे कृषि महोत्सव के अंतर्गत 29 मई को उज्जैन में संभाग स्तरीय कृषक सम्मेलन, संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में देवास जिले के कृषकगण सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने सम्मेलन में जिले के किसानों को उज्जैन भिजवाए जाने की व्यवस्थाओं संबंधी बैठक आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में ली। बैठक में उप संचालक कृ‍षि, पीडी आत्मा, उप संचालक पशु चिकित्सा, एसडीएम देवास एवं सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

किसानों को न हो कोई परेशानी

      कलेक्टर श्री अवस्थी ने निर्देश दिए कि सम्मेलन में सम्मिलित होने के लिए जाने वाले किसानों के लिए परिवहन, स्वच्छ जल, भोजन आदि की अच्छी व्यवस्थाएं की जाएं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उनके साथ संबंधित विभागों के कर्मचारी भी जाएं, जो सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहनी चा‍हिए।

लगभग 10 हजार किसानों के शामिल होने की संभावना

     बैठक में बताया गया कि उज्जैन में आयोजित होने वाले कृषक सम्मेलन में जिले के सभी विकासखण्डों से कुल लगभग 10 हजार किसानों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में बीज उत्पादन समिति, दुग्ध उत्पादन समिति, उन्नत एवं प्रगतिशील कृषक, प्रगतिशील पशु पालक आदि सम्मिलित हों।

बीज उत्पादक समितियों को दें खाद-बीज के लाइसेंस

     कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में गठित सभी समितियों को खाद एवं बीज के लाइसेंस दिलवाए जाएं। उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में कुल 71 बीज उत्पादन समितियों में से 61 समितियों को बीज के तथा 9 समितियों को खाद के लाइसेंस दिए जा चुके हैं। शेष को लाइसेंस दिलवाने की कार्रवाई की जा रही है।

सम्मेलन स्थल पर व्यवस्थाएं करें

     कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के किसानों को उज्जैन में सम्मेलन स्थल पर व्यवस्थित रूप से बिठाने की व्यवस्था उनके साथ जाने वाले विभागीय कर्मचारी/अधिकारी करें। जिले के किसानों की पहचान के लिए कैप, बैनर आदि की व्यवस्था भी की जाए।

स्टॉल्स भी लगाए जाएंगे

     बैठक में बताया गया कि सम्मेलन स्थल पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनी में जिले की फर्टिलाइजर कंपनियों, बीज उत्पादक समितियों आदि द्वारा स्टॉल्स भी लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से कृ‍‍षि एवं संबंधित विषयों की उपयोगी जानकारी किसानों को दी जाएगी।

क्रमांक 160/311/26-05-2015                  (फोटो-संलग्न)


साधारण सभा की बैठक 27 मई को
      देवास 26 मई 2015/ जिला पंचायत देवास की साधारण सभा की बैठक 27 मई बुधवार को दोपहर 02 बजे जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेन्द्रसिंह राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित की गई है। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, उद्यान विभाग, जिला पंचायत/ग्रा.वि.अ.प्रकोष्ठ एवं माह नवम्बर 2014 से मार्च 2015 तक आय व्यय के अनुमोदन के साथ अन्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
क्रमांक 161/312/26-05-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

त्रुटि रहित मतदाता सूची अभियान जारी

वोटर आई से आधार नंबर लिंक कराएं

      देवास 26 मई 2015/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में नेशनल इलेक्टोरल प्यूरिफिकेशन एवं अथेन्टिकेशन प्रोग्राम NWRPAP के अंतर्गत फोटो निर्वाचक नामावली के शुद्धीकरण एवं सत्यापन का अभियान 3 मार्च 2015 से प्रारंभ हो चुका है। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं डुप्लीकेट प्रविष्टि रहित बनाए जाने के लिए वोटर आईडी (ईपिक) नंबर को आधार नंबर लिंक कराने के लिए अपने बीएलओ/ सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को अपना नाम, आधार नंबर, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल एड्रेस, ईपिक नंबर के साथ उपलब्ध कराएं। मतदाता अपने नाम, पिता/पति का नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग आदि प्रविष्टियों (हिंदी/अंग्रेजी) में व्याप्त अशुद्धयिों में सुधार के लिए एवं अस्पष्ट अथवा ब्लैक एंड व्हाइट फोटो को बदलवाने के लिए नियमानुसार फार्म 8 भरकर बीएलओ अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कराएं।
     प्रभारी प्रमुख निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल ने सभी मतदाताओं से आग्रह किया है कि उनकी जानकारी में उनका नाम उनके निवास स्थान के अलावा अन्य स्थान पर भी मतदाता सूची में दर्ज हो तो मतदाता स्वेच्छा से घोषणा कर फॉर्म 7 भरकर अन्य स्थानों से नाम काटे जाने की कार्रवाई करे। साथ ही आधार नंबर की ईपिक से लिंक कराने के लिए मतदाता अपनी सुविधानुसार भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.eci.in या निर्वाचन पदाधिकारी, मप्र भोपाल की वेबसाइट www.ceomadhyapradesh.nic.in पर जाकर अपने आधार कार्ड को मतदाता सूची से जुड़वाएं। लिंक का उपयोग कर स्वयं आधार नंबर एवं मोबाइल नंबर की जानकारी अपने मतदाता परिचय पत्र से लिंक कर सकते है। राज्य कॉल सेंटर 1950 पर कॉल करके अपना विवरण नोट कराकर लिंक करा सकते हैं।
इस तरह मोबाइल से करें लिंक
     मतदाता अपने मोबाइल से एसएमएस के माध्यम से अपने वोटर कार्ड को आधार नंबर से भी लिंक करा सकते हैं। इसके लिए ECILINK EPICNUMBER AADHARNUMBER टाइप करके 51969 पर भेजकर मतदाता अपने वोटर कार्ड को आधार नंबर से लिंक करा सकते हैं।
क्रमांक 162/313/26-05-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

डीएलएड पत्राचार फॉर्म  की अंतिम तिथि 29 मई तक

      देवास 26 मई 2015/ डीएलएड पत्राचार प्रथम वर्ष 2015 के लिए ऑफ लाइन प्रवेश प्रिक्रिया डाइट कॉलेज देवास में प्रारंभ हो चुकी है। इसके लिए 200 स्थान निर्धारित है।
     प्राचार्य डाइट देवास ने बताया कि डीएलएड पत्राचार प्रथम वर्ष फॉर्म जमा करने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके लिए अंतिम तिथि 29 मई है। इसमें 20 प्रतिशत स्थान शासकीय विद्यालयों में अध्यापन कर रहे शासकीय सेवकों के लिए आरक्षित हैं एवं 80 प्रतिशत स्थान जिले के अशासकीय विद्यालयों में अध्यापन कर रहे शिक्षकों के लिए निर्धारित  किए गए हैं।
फॉर्म यहां सबमिट करें
     प्राचार्य डाइट कॉलेज ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी डाइट देवास से आवेदन प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेज जिला शिक्षा अधिकारी से प्रमाणित करवाकर जिला शिक्षा एवं  प्रशिक्षण संस्थान में जमा करें। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान देवास में संपर्क किया जा सकता है।
क्रमांक 163/314/26-05-2015      
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

जाति प्रमाण पत्र बनवाने का कार्य पूरी गंभीरता से करें

जाति प्रमाण पत्र संबंधी बैठक में संयुक्त कलेक्टर ने दिये निर्देश

    देवास 26 मई 2015/ विद्यार्थियों के जाति प्रमाण-पत्र बनवाने का कार्य शासन के प्राथमिकता वाले कार्यों में शामिल है। इस कार्य की प्रदेश स्तर पर निरंतर समीक्षा की जाती है। संकुल प्राचार्य एवं स्कूल संचालक इस कार्य को पूरी गंभीरता से करें। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के शतप्रतिशत विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र संबंधी आवेदन शीघ्र जमा करायें।
    उक्त निर्देश आज मंगलवार को संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सारिका भूरिया ने शासकीय चिमनाबाई विद्यालय में संपन्न अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के जाति प्रमाण-पत्र संबंधी बैठक में संकुल प्राचार्यों एवं अशासकीय विद्यालयों के संचालकों को दिए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री रामेश्वर खेड़े, डीपीसी श्री अनिल कुशवाह, जिला प्रबंधक लोक सेवा प्रबंधन तथा सभी संबंधित उपस्थित थे।
विद्यार्थियों के लिए अत्यधिक लाभकारी
    जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र जारी करने का कार्य विद्यार्थियों के लिए अत्यधिक लाभकारी है। उन्होंने निर्देश दिये कि स्कूल संचालक अपने विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए आगामी तीन दिन में शतप्रतिशत आवेदन लोक सेवा केन्द्र में जमा करायें।  
रजिस्ट्रेशन नम्बर के माध्यम से कभी भी प्रिन्ट
    जिला प्रबंधक लोक सेवा प्रबंधन श्री सौरभ जैन ने बताया कि अजा, अजजा एवं पिछड़ा वर्ग के कक्षा 1 से 12 तक के समस्त विद्यार्थियों के जाति प्रमाण-पत्र बनाने के लिए आवेदन संबंधित क्षेत्र के लोक सेवा गारंटी केंद्र पर जमा कराना होगा। उन्होंने बताया कि प्रमाण पत्र का कभी भी एवं कहीं भी प्रिन्ट लिया जा सकता है। इसके लिए केवल रजिस्ट्रेशन नम्बर की आवश्यकता होगी।
डिजिटल होगा जाति प्रमाण-पत्र
    श्री जैन ने बताया कि लोक सेवा गारंटी केंद्र द्वारा प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज कर संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार के पास भिजवाया जाता है। तहसील कार्यालय में कार्रवाई के बाद संबंधित क्षेत्र का एसडीएम डिजिटल जाति प्रमाण-पत्र जारी करता है, जिसका प्रिंट आउट लोक सेवा गारंटी केंद्र के माध्यम से संबंधित विद्यालय को भिजवा दिया जाता है, जहां विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर दिए जाते हैं।
क्रमांक 164/315/26-05-2015                  (फोटो-संलग्न)