Thursday, 10 September 2015

दिनांक 10-09-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
     ॥ स मा चा र॥      
कलेक्टर ने बच्चों का हौंसला बढ़ाया
        देवास 10 सितंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी आज गुरूवार को उत्कृष्ट विद्यालय देवास पहुंचे और यहां आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए, विज्ञान प्रर्दशों को रूचि पूर्वक देखा और उनका हौंसला बढ़ाया। उन्होंने बच्चों से कहा कि विज्ञान के प्रति जिज्ञासु दृष्टिकोण रखने हेतु और नवीन ज्ञान के प्रति सदैव सचेष्ट रहे।
--------------------    
प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत पर होगी कानूनी कार्यवाही
        देवास 10 सितंबर 2015/ स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति एवं चिकित्सकीय कार्य के सुदृढ़ीकरण के लिए अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला द्वारा स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निरंतर बैठक लेकर कार्य की समीक्षा लेकर निरंतर कार्यों की मॉनीटरिंग भी की जा रही है। इसी के अंतर्गत गत दिवस देवास शहर क्षेत्र के स्वास्थ्य सुपरवाइजर, स्वास्थ्य कार्यकर्ता तथा शहरी आशा कार्यकर्ताओं की बैठक ली गई। बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला द्वारा मातृ एवं शिशु कार्यक्रम के अंतर्गत दी जा रही सेवाएं व एम.सी.टी.एस. की समीक्षा की गई जो कि असंतोषजनक पाई गई। इस संबंध में समस्त शहरी आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सुपरवाइजर व स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया की, एक सप्ताह में समस्त गर्भवती महिलाओं एवं एक वर्ष तक के बच्चों का सर्वे कर शत-प्रतिशत पंजीयन एवं अपडेशन एम.सी.टी.एस. के माध्यम से किया जाए। यदि किसी गर्भवती महिला की प्रसव पूर्व जांच टीकाकरण एवं गर्भावस्था के खतरे की पहचान के अभाव में चिकित्सकीय प्रबंधन नहीं होने से यदि महिला की प्रसव के दौरान अथवा गर्भावस्था एवं प्रसव पश्चात 42 दिन के अन्दर महिला की मृत्यु होती है तो संबंधति स्वास्थ्य सुपरवाइजर, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं संबंधित सेक्टर चिकित्सा अधिकारी के विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी ।
         जानकारी देते हुए सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रकाश गर्ग ने बताया की परिवार कल्याण की समीक्षा करने पर अधिकांश स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की 10 से 12 प्रतिशत उपलब्धि पाई गई। इस के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा शहरी आशा कार्यकर्ताओं के सक्रीय होकर एक माह के अन्दर अनुपातिक लक्ष्य का 95 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया गया तथा माह जनवरी तक पूरे वर्ष के लक्ष्य का 90 से 95 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया गया। कार्य में प्रगति लाने एवं आशा, शहरी आशा को प्रोत्साहित करने के लिए यह भी निर्देश दिए गए की परिवार नियोजन ऑपरेशन प्रोत्साहन राशि केवल आशा कार्यकर्ताओं को ही देय होगा। इस के लिए शहरी नोडल अधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया की 2015-16 में भुगतान किये गये प्रोत्साहन राशि की सूची तैयार कर 7 दिवस के अन्दर प्रस्तुत करेंगे, जिससे स्वास्थ्य कर्मियों, चिकित्सकों को भुगतान की गई प्रेरक राशि वापस ली जाकर संबंधित आशा कार्यकर्ताओं को भुगतान किया जा सके एवं भविष्य में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, अधिकारी, चिकित्सक को परिवार कल्याण प्रोत्साहन राशि का भुगतान न किया जाए।
         बैठक में यह भी निर्णय लिया गया माह अक्टूबर में
 एवं उसके बाद होने वाली बैठकों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मी, आशा कार्यकर्ता को सम्मानित किया जाएगा। निष्क्रीय स्वास्थ्यकर्मी, आशा कार्यकर्ताओें के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी, शहरी नोडल अधिकारी, जिला मीडिया अधिकारी एवं शहरी कार्यक्रम प्रबंधक तथा शहरी क्षेत्र के समस्त स्वास्थ्य सुपरवाइजर, कार्यकर्ता, शहरी आशा उपस्थित हुई।
-------------------------
जिले में 1057.23 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
      देवास 10 सितंबर 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 1057.23 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1368, खातेगांव में 1238, उदयनगर में 1138.80, कन्नौद में 1090, देवास में 1045, टोंकखुर्द में 941, बागली में 841 तथा सतवास में 796 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
24 घंटे में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई
  पिछले 24 घंटों में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें कन्नौद में, देवास में, खातेगांव में, बागली में, उदयनगर में, टोंकखुर्द में, सोनकच्छ में तथा सतवास में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को 0.70 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
    गत वर्ष 10 सितंबर को जिले में 0.70 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें बागली में 4, देवास में 2, कन्नौद में, खातेगांव में, सतवास में, सोनकच्छ में, टोंकखुर्द में, उदयनगर में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 537.13 मिमी औसत वर्षा
     अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 537.13 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें सोनकच्छ में 688, उदयनगर में 589, देवास में 574, टोंकखुर्द में 543, कन्नौद में 529, बागली में 524, खातेगांव में 474, सतवास में 376 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

-------------------------

मनरेगा संबंधी संपर्क के लिये मोबाइल नंबर 9111243243 पर करें काल

       देवास 10 सितंबर 2015/ महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी 'मनरेगा' से संबंधित संपर्क के लिये रोजगार गारंटी परिषद भोपाल में मोबाइल कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। मनरेगा से संबंधित किसी तरह की जानकारी के लिये नागरिक, मोबाइल नंबर 9111243243 पर कॉल या एसएमएस कर सकते हैं। शासकीय कार्यालय दिवसों में प्रातः 10.30 बजे से सायं 5.30बजे के बीच उक्त मोबाइल नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है।
       प्रदेश में इस योजना में हर जरूरतमंद ग्रामीण परिवार को रोजगार मुहैया करवाने के निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत सचिव तथा ग्राम रोजगार सहायक, जाब-कार्डधारियों के घर-घर जाकर ''प्रिय मित्र'' पत्र दे रहे हैं। इसमें ग्राम पंचायत में मनरेगा के अंतर्गत चल रहे काम की जानकारी दी जा रही है।
       ग्राम पंचायत द्वारा दिये जा रहे ''प्रिय मित्र'' पत्र में बताया जा रहा है कि महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी से हर ग्रामीण परिवार को साल में 100 दिन का (वनाधिकार पट्टाधारियों को साल में 150 दिन का) काम मिलता है। तयशुदा काम करने पर एक मजदूर को एक दिन की मजदूरी 159 रुपये प्राप्त होगी। यदि परिवार के वयस्क सदस्य एक वित्तीय वर्ष में 100 दिन का काम कर लेते हैं तो उन्हें 15 हजार 900 रुपये (वनाधिकार पट्टाधारियों को साल में 150 दिन का काम करने पर 23 हजार 850 रुपये) तक मिल सकते हैं।
       उल्लेखनीय गौरतलब है कि 181.57 करोड़ मानव दिवस सृजित हो चुके हैं। इनमें 32.92 करोड़ मानव दिवस अनुसूचित जाति, 74.55 करोड़ मानव दिवस अनुसूचित जनजाति के हैं। वहीं कुल मानव दिवस में से 78.39 करोड़ मानव दिवस महिलाओं द्वारा सृजित किये गये हैं।
--------------
लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक 14 सितंबर को
      देवास, 10 सितंबर 2015/ लंबित समयावधि पत्रों की बैठक का आयोजन 14 सितंबर सोमवार को प्रातः 10.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में किया जाएगा। कलेक्टर ने सर्वसंबंधितों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

-----------------------

प्रत्येक ‍नगरीय निकाय में बनाए एक सुंदर पार्क- कलेक्टर
      देवास, 10 सितंबर 2015/ प्रत्येक नगरीय निकाय में एक पार्क अवश्य होना चाहिए। जहां पर वृद्धजन सकून से आकार बैठ सके। ट्रेचिंग ग्राउंड बनाने की कार्रवाई शीघ्र की जाएं। जीवन ज्योति और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लिए कैम्प लगाकर फॉर्म भराएं। नगर में बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनचित करें। यह निर्देश कलेक्टर आशुतोष अवस्थी अवस्थी ने आज गुरूवार जिले के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों बैठक में दिए। बैठक में प्रोजेक्ट ऑफिसर डूडा हरिओम श्रीवास्तव, तथा एपीओ स्मिता रावल भी उपस्थित थीं।
    बैठक में नगरीय निकायों में लंबित सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और शौचालय निर्माण की प्रगति की जानकारी भी कलेक्टर ने ली। सामाजिक सुरक्षा की पेंशन वितरण के लिए कलेक्टर ने प्रत्येक माह तत्परता से करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जुलाई माह तक की पेंशन का वितरण हो गया है। नगरीय निकायों में आवारा मवेशियों के लिए गोशाला नहीं होने की जानकारी दिए जाने पर कलेक्टर ने कहा कि ऐसे पशुओं को राजोदा की गोशाला में भेजा जाए। कलेक्टर ने प्रत्येक नगरीय निकाय में राजस्व वसूली पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए।

--------------------   


महिलाओं को अपने स्वास्थ्य का ध्यान स्वयं रखना चाहिए
       देवास, 10 सितंबर 2015/महिलाओं को अपने स्वास्थ्य का ध्यान स्वयं रखना चाहिए। वे अपने परिवार की धूरी होती हैं। अतः समय पर पर्याप्त पोषण आहार बिना आवश्यकतानुसार आराम करना जरूरी हैं।  ये विचार डॉ. केशर कटारे ने “राष्ट्रीय पोषण आहार सप्ताह”के अंतर्गत कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं द्वारा कृष्णा फूड प्रॉडक्टस देवास में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए।
       कार्यक्रम में प्रितेश गुप्ता, रजत बाहेती श्रीराम सोमानी, देवेंद्र शर्मा तथा मीनल हार्डिया, कंपनी के कर्मचारी उपस्थित थे।
        कार्यक्रम में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण हीमोग्लोबीन, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर आदि की जांच की गई। हेपेटाइटीज-बी टीकाकरण भी किया गया। प्रदीप जोशी परिवार कल्याण प्रशिक्षक ने विभिन्न खाद्य सामग्रियों में पाये जाने वाले पोषक तत्वों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन भोजन में दाल चावल गेहूं की चापड़ युक्त घी लगी रोटी, हरि पत्तेदार सब्जियों, मौसमी फल, एक गिलास दूध, अंडे, मांस, मछली आदि होना जरूरी हैं ।

------------------------


जिला स्तरीय उपभोक्‍ता शिविर आयोजित
        देवास 10 सितंबर 2015/ जिला स्तरीय उपभोक्ता जागरूक शिविर का आयोजन जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सभागृह में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त न्यायाधीश आर.के. महाजन थे। कार्यक्रम में ज्योति चितले, विक्रमसिंह चौधरी, अकरम शेख तृप्ति, अध्यक्ष भारतीय उपभोक्ता अधिकार संगठन देवास उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पी.सी. हरोडे ने किया।
           शिविर में जिला आपूर्ति अधिकारी ज्योति जैन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अलमेलू पीव्ही तथा कार्यपालन अधिकारी मप्र विद्युत वितरण कंपनी सी. के. निवे द्वारा उपभोक्ताओं को जागरूक करने के तथा ठगी से बचने के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में उपभोक्ताओं को उनके अधिकार के प्रति जागरूक करने के संबंध में उपभोक्ताओं से जुडे विभागों द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन कर मौके पर ही समस्याओं का निराकरण किया गया।

----------------------- 


                

No comments:

Post a Comment