Monday, 30 November 2015

दिनांक 30 नवंबर 2015

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  स मा चा र  ।।
है अमर शहीदों की पूजा, हर एक राष्ट्र की परंपरा
वे रक्त-बीज, अपने जैसों की नई फसल दे जाते हैं
शहीद सुरेंद्र को नम आंखों से दी अंतिम विदाई
          देवास 30 नवंबर 2015/ ''है अमर शहीदों की पूजा, हर एक राष्ट्र की परंपरा,  उनसे है मां की कोख धन्य, उनको पाकर है धन्य धरा, गिरता है उनका रक्त जहां, वे ठौर तीर्थ कहलाते हैं, वे रक्त-बीज, अपने जैसों की नई फसल दे जाते हैं।''
         कवि श्रीकृष्ण सरल की इस पंक्तियों में निहित भावों के साथ ही आज सोमवार को हजारों नर-नारियों ने शहीद सुरेंद्र सिंह को अंतिम विदाई दी। सोनकच्छ तहसील के ग्राम ऐनाबाद में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। प्रभारी मंत्री सुरेंद्र पटवा, स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी, विधायक राजेंद्र वर्मा, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, सेना के कमांडिंग ऑफिसर पुष्पेंद्रसिंह ने शहीद जवान को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। दस्तुरों के मुताबिक सेना और पुलिस ने गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया।
         साथी जवानों को बचाने के लिए शहीद हुए सुरेंद्र
         भारतीय सेना की परंपरा एवं शौर्य गाथा को कायम रखते हुए और राजपूत रेजीमेंट की छब्बीसवीं बटालियन के बहादुर सिपाही सुरेंद्रसिंह ने कर्त्तव्य निष्ठा का परिचय दिया। उन्होंने अपने साथी जवानों को बचाने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। वह जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में तंगधार सेक्टर में पर्वतीय क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर तैनात थे।
         यह बहादुर जवान अत्यंत ऊंचे बर्फीले तथा उबड़-खाबड़ पर्वतीय क्षेत्र में पेट्रोलिंग में जा रहा था। यह क्षेत्र 26 अक्टूबर 2015 को आए भूकंप की वजह से खतरनाक व कठिन हो गया था। पेट्रोलिंग के दौरान जब व नुकीले शिलाखंडों व अस्थायी जगह की तरफ बढ़ते समय उसके कदमों का संतुलन बिगड़ गया और उससे सुरक्षात्मक रस्सा छूट गया और गहरे दर्रे में चला गया। उसने अदम्य साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए अपने आपको लटके हुए रस्से से अलग कर दिया ताकि उसके साथी जवान जो पेट्रोलिंग का हिस्सा थे गहरे दर्रे में न गिरें। इसके बाद वीर सिपाही सुरेंद्र का शरीर खोज पार्टी द्वारा लगभग एक किलोमीटर गहरे दर्रे में नीचे पाया गया।  इस प्रकार भारतीय सेना ने एक नि:स्वार्थ और बहादुर जवान खो दिया। सिपाही सुरेंद्र ने अपने माता-पिता व सेना में सेवारत बड़े भाई का नाम रोशन किया। जिस मिट्टी में वह जन्मा आज सोमवार को उसी मिट्टी में मिलते हुए अपना जीवन देशहित में सार्थक सिद्ध कर गया।















-----------------------------
कलेक्टर के सघन भ्रमण से ग्रामीणों को मिला फायदा
        देवास 30 नवंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने विगत तीन दिन 27 नवंबर से 29 नवंबर तक लगातार दिन-रात जिले के ग्रामीण अंचल का भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनी तथा उनका निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। भ्रमण से ग्रामीण अंचल में शासकीय तंत्र सक्रिय हुआ है और गांवों में योजनाओं का फायदा मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
किसानों के खाते में जाएगा बीज का अनुदान
        गत दिनों भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि कृषि विभाग द्वारा रबी सीजन अनुदान राशि का वितरण नहीं हुआ है। कलेक्टर ने कृषि विभाग के उपसंचालक को एक सप्ताह में किसानों के खाते में अनुदान राशि जमा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों की बीज, खाद तथा अन्य प्रकार कृषि संबंधी समस्याएं नहीं आना चाहिए।
    कलेक्टर और विधायक ने उदयनगर में बस स्टैंड का पैदल भ्रमण किया और पाया कि यहां पर बस स्टैंड की समस्या हैं, जिससे या‍‍त्रियों का काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को सुविधा मिल सके, इसके लिए यहां पर शीघ्र बस स्टैंड का निर्माण करवाया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि रामपुरा पंचायत में 50-60 घरों में बॉयोगैस बनाई जाए। सुतली पुरा, छुपछट्टा में भी बॉयोगैस के बनाए जाने के निर्देश दिए। ग्राम सीवनपानी एवं पटपड़ी में आंगनवाड़ी अधूरी है जिसका कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को दिए।
मानसिक विकलांग का पेंशन का लाभ दिया जाए
    ग्राम पोलाखाल में चौपाल के दौरान मानसिक विकलांग बालक संदीप शोभाराम की मां ने बताया कि बालक को पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संदीप को पेंशन स्वीकृत कर लाभ दिया जाए।
ग्राम आनंद नगर में गंदगी देखकर जताई नाराजगी
        कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान ग्राम आनंदनगर पहुंचे वहां पर आंगनवाड़ी केंद्र के पीछे घूड़े देखा तथा नाराजगी जताते हुए तहसीलदार को निर्देश दिए कि यह घूड़े हटाए जाए तथा इस कार्य में ग्राम पंचायत की मदद ली जाए। यदि कोई इसके बाद भी यहां पर घुड़े बनाकर कचरा तथा अन्य सामग्री डाले तो उसके ऊपर एफआईआर दर्ज की जाए। कलेक्टर ने कड़कनाथ प्रोजेक्ट के बारे में ग्रामीणों को बताया और निर्देश दिए कि यहां पर 25 यूनिट कड़कनाथ की बनाई जाए।
रास्ता खुलवाया जाए
    कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान तहसीलदार को निर्देश दिए कि आनंद नगर से जवासिया का रास्ता खुलवाया जाए। बिजली दुर्घटना में मरे व्यक्तियों के परिजनों का योजना अंतर्गत राशि वितरित की जाए।
समीक्षा बैठक में यह दिए निर्देश
    बागली तहसील की समीक्षा बैठक में गत दिवस कलेक्टर सभी अधिकारियेां को निर्देश दिए कि कोई भी कार्य अधूरा नहीं छोड़े। कार्य को समय सीमा एवं गुणवत्ता पूर्वक पूर्ण करें। यदि किसी भी कार्य में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपयंत्रियों को निर्देश दिए कि कपिलधारा कूप को 15 दिन में प्रारंभ कराएं जो कि फरवरी 2016 तक पूर्ण होना चाहिए।
आंगनवाड़ी भवन बनाए जाएं
        बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि क्षेत्र में 22 आंगनवाड़ी प्रस्तावित है, जिनमें से गुराड़दा में राशि आहरण दिया गया है मगर कार्य नहीं किया गया। कार्य को प्रारंभ कर आंगनवाड़ी भवन को बनाया जाए। ग्राम घुरिया में आंगनवाड़ी बनाने के लिए जगह दिलाई जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्राम पीपरी में आंगनवाड़ी छात्रावास के पास बनाई जाए।

पांडूतालाब मनरेगा के नए कार्य प्रारंभ किए जाए
        पांडूतालाब में ग्राम चौपाल के अंतर्गत कलेक्टर ने मनरेगा में नए कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसी रोड बनाने के कार्य को जल्द से जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए। स्कूलों के निरीक्षण के दौरान पाया कि यहां पर शिक्षकों की कमी है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यहां पर अतिथि शिक्षक की व्यवस्था की जाए। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने कलेक्टर को बताया कि उन्हें छात्रवृत्ति एवं साइकिल नहीं वितरित की गई है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जल्द से जल्द विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं  साइकिल दी जाए।
हीरापुर में पेयजल योजना का करे लोकार्पण करे
    कलेक्टर ने ग्राम हीरापुर में बन कर तैयार हुई पेयजल योजना का लोकार्पण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आईटीडीपी के अंतर्गत 16 यात्री प्रतिक्षालय के कार्य 31 दिसंबर तक पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कालीबाई में खेत तालाब बनेंगे
        कलेक्टर ने ग्राम कालीबाई में चौपाल के दौरान निर्देश दिए कि यहां पर मनरेगा के अंतर्गत 3 खेत तालाब की टीएस बनवाई जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वनाधिकार पट्टेधारियों को कपिलधारा कुएं स्वीकृत किए जाए। कलेक्टर ने साधिकार अभियान में प्राप्त 8 पेंशन प्रकरण, एक बहु‍विकलांग, 5 कन्या अभिभावक प्रकरण में स्वीकृत शीर्घ कार्रवाई के करने के निर्देश दिए।
सागोनिया में स्कूल में गंदगी पर जताई नाराजगी
        ग्राम सागोनिया में भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री अवस्थी ने पाया कि प्राथमिक शासकीय एवं माध्यमिक विद्यालय में शौचालय बने हैं, मगर ज्यादा गंदगी पाई गई वहां पर कलेकटर ने नाराजगी जताते हुए संबंधितों को फटकार लगाते हुए कहा कि यहां साफ-सफाई जल्द से जल्द की जाए। डीईओ युक्तियुक्तकरण करें। शिक्षकों की कमी होने पर यहां पर शिक्षकों की पदस्थापना कराई जाएं। स्कूल भवनों पुताई की जाए जिससे स्कूल परिसर स्वच्छ एवं सुंदर दिखे। कलेक्टर ने राहत राशि वितरण की भी जानकारी ली तथा राशन वितरण संतोषजनक पाए जाने पर प्रसन्नता जाहिर की। भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने कलेक्टर से यहां पर तालाब निर्माण की मांग की गई। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यहां पर जगह का मुआयना कर तालाब बनाया जाए। भूखंड अधिकार प्रमाण पत्र एवं निजी भूमि संबंधी मामलों की जानकारी पर कलेक्टर ने तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए।
शाला समय पर नहीं खुलती
    ग्राम ककड़दी में ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि यहां पर स्कूल समय पर नहीं खुलता है तथा अध्यापक सप्ताह में एक या दो दिन आते हैं। उसके बाद नहीं आते तथा पढ़ाई का स्तर भी अच्छा नहीं है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अध्यापकों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्राथमिक शासकीय स्कूल ककड़दी का जीर्णोंद्वार कराने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।
स्कूल भवन का जीर्णोद्वार किया जाए
    ग्राम नंदाडाई में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्राथमिक शासकीय भवन का जीर्णोद्वार किया जाए। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में स्कूल में पानी आ जाता है। इस पर कलेक्टर स्कूल के पास नाली खोदने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नंदाडाई से दिनेश के खेत तक खेत सड़क स्वीकृत करने के निर्देश दिए। आंगनवाड़ी भवन पूर्ण कराने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। ग्रामीणों ने  पोस्ट मैन की शिकायत कलेक्टर से की।
ग्राम विक्रमपुर में अतिथि शिक्षक रखने के निर्देश
        ग्राम विक्रम पुर में चौपाल के दौरान कलेक्टर को बताया गया कि यहां पर स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यहां पर अध्यापकों की व्यवस्था की जाए, नहीं होने पर अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की जाए। हायर सेकेंडरी स्कूल में जनभागीदारी से साइकिल स्टैंड की स्वीकृति करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि पर्याप्त बिजली नहीं मिल पाती है। इस पर कलेक्टर ने विद्युत मंडल को निर्देश दिए कि यहां पर 100 केवीए की अतिरिक्त डीपी लगाई जाए।
-----------------------
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत जिला चिकित्सालय देवास में निःशुल्क कैम्प दो दिसंबर को
         देवास 30 नवंबर 2015/ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, अंतर्गत संचालित कार्यक्रम राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 2 दिसंबर बुधवार को निःशुल्क शिविर आयोजित किया जा रहा है।
        मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ए.के.दीक्षित ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत चिन्हित रोग क्लेफ्ट लिप एंड पेलेट जिसके अंतर्गत शिशुओं में जन्म से कटे होंठ व कटे तालु का निःशुल्क उपचार कर निःशुल्क ऑपरेशन के लिए सीएचएल अपोलो हॉस्पिटल इंदौर, में संबंधित क्षेत्र के आर.बी.एस.के. दल के साथ रैफर किया जाएगा।
        यह निःशुल्क शिविर जिला चिकित्सालय में 2 दिसंबर बुधवार को प्रातः 10 बजे से शाम 4.00 बजे तक आयोजित किया गया है, जिससे कि अधिक से अधिक बच्चों को उक्त स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिल सके। केम्प संबंधित अधिक जानकारी के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम समन्वयक से संपर्क कर सकते है।
-------------------
       


Saturday, 28 November 2015

28  -11-2015
कलेक्टर और विधायक ने गांवों में पहुंचकर बनाया विकास का रोडमैप

         देवास 28 नवंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी और खातेगांव विधायक आशीष शर्मा ने आज शनिवार को खातेगांव क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण किया। उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से चर्चा की और गांव में उन संभावित कार्यों को चिंहित किया, जिनसे किसानों की दशा में सुधार आएगा। ग्राम ओंकारा में कलेक्टर ने ग्रामीणों को शौचालय बनाए जाने की समझाइश दी। ग्राम  नंदाखेड़ा में उन्होंने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और यहां अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। कंडम घोषित किए गए स्कूल भवन का निरीक्षण कर उन्होंने पाया कि यह भवन अभी कुछ निर्माण के बाद काम में आ सकता है। तदानुसार उन्होंने उपयंत्री को प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। गांव में मुख्यमंत्री खेत सड़क और बॉयोगैस, ककड़नाथ, पोल्ट्रीफॉर्म की भी स्वीकृति दी गई। ग्राम ककड़दी में ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि शासकीय शिक्षक सही ढंग से नहीं पढ़ा रहे है और न ही उनकी उपस्थिति नियमित है। कलेक्टर ने डीपीसी को कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर शाम से देर रात तक गांवों के भ्रमण में रहे। उन्होंने कालीबाई, रतनपुर का भ्रमण किया।
 
दिनांक 28 नवंबर  2015

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  स मा चा र  ।।
घटिया निर्माण पर कलेक्टर ने जांच के लिए भेजी मोबाइल लैब
सरकारी राशि का गबन करने वाले जाएंगे जेल
          देवास 28 नवंबर 2015/ बागली जनपद के सीईओ द्वारा लापरवाह पंचायत सचिवों पर कार्रवाई नहीं करने पर कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने अप्रसन्‍नता जताई। उन्होंने चेतावनी देते कहा कि अगर शासन की राशि गबन करने वाले सचिवों पर वैधानिक कार्रवाई नहीं हुई, तो सीईओ को जिम्मेदार मनाते हुए आरोप पत्र दिया जाएगा। जिन पंचायतों के सचिवों ने राशि का आरहण कर कार्य पूर्ण नहीं कराए हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज शनिवार को बागली जनपद पंचायत में विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में यह बात कही। उन्होंने गुराड़दा और दातुखेड़ी पंचायत सचिवों के खिलाफ धारा 92 का प्रकरण दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई करने के निर्देश एसडीएम को दिए। बैठक में कलेक्टर ने ग्राम पोलाखाल में घटिया निर्माण की शिकायत पर मौके पर मौजूद आरईएस के कार्यपालन यंत्री को मोबाइल लैब ले जाकर मौके पर परीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में बागली विधायक चंपालाल देवड़ा, एसडीएम पुरूषोत्तम कुमार, एडीशनल सीईओ जिला पंचायत ब्रजेश पटेल एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने उपयंत्रियों की लगाई क्लास
         बागली जनपद के सभागार में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने ब्लॉक के सभी उपयंत्रियों की क्लास लेकर चल रहे ‍निर्माण कार्यों की एक-एक करके जानकारी ली। उन्होंने लापरवाही पाए जाने पर कुछ उपयंत्रियों को फटकार भी लगाई और जहां समन्वय की आवश्यकता थी वहां विभिन्न विभागों के बीच तालमेल बनाकर निर्माण कार्य पूर्ण करने का मार्ग भी प्रशस्त किया।
हर पंचायत में बनेगा एक तालाब
         बैठक में कलेक्टर ने प्रत्येक पंचायत में कम से कम एक तालाब बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव में जहां कहीं भी नाले हैं वहां पर श्रंखला में गेबीयन स्ट्रक्चर बनाए जाएं।
कांटाफोड़ में बनेगा चार करोड़ का कौशल विकास केंद्र
         बैठक में विधायक चंपालाल देवड़ा ने बताया कि शासन द्वारा कांटाफोड़ में कौशल विकास केंद्र स्वीकृत किया गया है। इसके लिए 4 करोड़ रूपए की राशि जारी की गई है। कलेक्टर ने भूमिपूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
अन्य निर्माण कार्यों की भी हुई समीक्षा
         बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, आदिवासी उपयोजना, लोक निर्माण विभाग क्रियान्वयन इकाई, सांसद एवं विधायक निधि तथा मनरेगा के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रचलित कार्यों की जानकारी ली और तेजी से निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
         विद्यालयों में होगी समुचित पेयजल व्यवस्था
         बैठक में विभिन्न विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली गई। उत्कृष्ट विद्यालय बागली, सीवनपानी, पटपड़ी, रतनपुर और अन्य गांवों में जहां पर पेयजल की समस्या है, वहां ट्यूबवेल के निर्देश दिए गए।
उदयनगर में सीमेंट रोड की जांच की होगी
    बैठक में उदयनगर में कस्तुरबा आश्रम तक सीमेंट रोड में घटिया और अपूर्व निर्माण की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने ई-आरईएस को जांच के निर्देश दिए।

Friday, 27 November 2015

दिनांक 27 नवंबर 2015

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  स मा चा र  ।।

सचिव के विरूद्ध प्रकरण दर्ज किया जाएं

उदयनगर भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने दिए निर्देश
         देवास 27 नवंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने क्षेत्रीय विधायक चंपालाल देवड़ा के साथ शुक्रवार को जिले के सुदूरतम अंचल उदयनगर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उदयनगर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने निकट के सीवनपानी गांव में सचिव द्वारा राशि आहरण कर आंगनवाड़ी भवन नहीं बनाए जाने पर एसडीएम बागली को सचिव के विरूद्ध धारा 92 के तहत प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत की जानकारी ली। भ्रमण के दौरान एसडीएम बागली पुरूषोत्तम कुमार, सीईओ जनपद पंचायत बागली जितेंद्र सिंह ठाकुर, जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।
बालिका छात्रावास का निरीक्षण
         कलेक्टर एवं विधायक ने उदयनगर में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। छात्रावास की स्थिति को संतोष जनक नहीं पाते हुए उन्होंने मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी को तलब किया और अपनी नाराजगी जाहिर की। छात्रावास में आसपास के गांवों की सौ छात्राएं रह रही हैं। इनके लिए पर्याप्त शौचालय, स्नानगृह और कक्षों में रोशनी की तत्काल व्यवस्था के निर्देश उन्होंने दिए। छात्राओं से कलेक्टर ने बात की ओर उनकी पढ़ाई-लिखाई और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। छात्राओं द्वारा बताए जाने पर उन्होंने टेलीविजन और दो कम्प्यूटर की व्यवस्था के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने पुराने भवन में संचालित छात्रावास को शीघ्र नए भवन में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। बताया गया कि नया भवन अभी पूर्ण नहीं है। उन्होंने मौके पर ही लोक निर्माण विभाग के परियोजना क्रियांवयन इकाई के कार्यपालन यंत्री को मोबाइल से फोन लगाकर भवन निर्माण में लेट लतीफी पर फटकार लगाई। उन्होंने भवन का निर्माण युद्ध स्तर पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण
    कलेक्टर एवं विधायक ने उदयनगर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। छोटे कक्षों में अधिक संख्या में बैठे विद्यार्थियों को देखकर कलेक्टर ने आश्चर्य व्यक्त किया और शिक्षा विभाग को व्यवस्था दूरूस्त करने के निर्देश दिए। बताया गया कि परिसर में नया भवन निर्माणाधीन हैं। भवन बन जाने से यह समस्या दूर हो जाएगी।
अब बड़े हो गए हैं चूजे
         कलेक्टर अपने भ्रमण के अगले चरण में ग्राम सीवनपानी पहुंचे, यहां पर आत्मा प्रोजेक्ट के तहत आदिवासी महिलाओं को ककड़नाथ के चूजे दिए गए थे। कलेक्टर एवं विधायक ने यह देखकर प्रसन्नता जाहिर की कि इन महिलाओं ने चूजों को भलीभांति पौषा है और वे अब बड़े हो गए हैं। हितग्राही रमकूबाई ने बताया है‍ कि अब ककड़नाथ की बिक्री भी होने लगी है और इससे परिवार को अतिरिक्त आमदनी हो रही है।

-------------------------


किशनगढ़ में जल्द लगेगा ट्रासंफॉर्मर
         देवास 27 नवंबर 2015/ उदयनगर में कलेक्टर द्वारा लगाई गई चौपाल में निकटवर्ती ग्राम किशनगढ़ के हीरालाल भायल एवं अन्य किसानों ने गांव में खराब ट्रांसफॉर्मर की जानकारी कलेक्टर को दी। उन्होंने बताया कि पिछले 18 दिनों से ट्रांसफॉर्मर खराब है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए बिजली नहीं मिल पा रही है। कलेक्टर ने मौके पर ही विद्युत मंडल के कार्यपालन यंत्री को बुलाया और तत्काल ट्रांसफॉर्मर लगाने के निर्देश दिए। त्वरित कार्रवाई से किशनगढ़ के किसानों ने कलेक्टर को धन्यवाद ज्ञापित किया। कलेक्टर ने विद्युत मंडल को किशनगढ़ में बन रहे विद्युत सब स्टेशन के कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
---------------------------
आनंदपुर पहुंचे कलेक्टर ने पटवारी को किया निलंबित
         देवास 27 नवंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी एवं क्षेत्रीय विधायक चंपालाल देवड़ा आज शुक्रवार को जिला मुख्यालय से लगभग 150 किलोमीटर दूर आनंदपुर गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी। किसानों द्वारा राजस्व्‍ संबंधी अनेक शिकायतें बताए जाने, नामांतरण के मामले लंबित रहने और राजस्व संबंधी अन्य प्रकरण में लापरवाही बरतने पर वहां के पटवारी धर्मेंद्र चौबे को निलंबित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने साफ कहा कि किसानों को सताने वाले शासकीय सेवकों को बक्शा नहीं जाएगा।
अस्थाई ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएं
        कलेक्टर ने गांव की ताराबाई की समस्या सुनी और उसे नियमानुसार विधवा पेंशन तथा गरीबी रेखा का कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। गांव में किसानों ने कम वॉल्टेज के कारण सिंचाई की मोटरें नहीं चल पाने की जानकारी दी। कलेक्टर श्री अवस्थी ने मौके पर उपस्थित विद्युत मंडल के संभागीय यंत्री को गांव में एक अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर अस्थाई रूप से लगाने के निर्देश दिए।
पांच अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की जाएं
     चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय में कम शिक्षकों की जानकारी दी। बताया गया कि सरपंच पति द्वारा गांव के विद्यालय में अतिथि शिक्षक रखे जाने पर अड़ंगा डाला जा रहा है। कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह के भीतर पालक शिक्षक संघ के माध्यम से निर्धारित पांच अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि शिक्षकों के अभाव में शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने गांव में ककड़नाथ मुर्गे के पालन के लिए पशुपालन विभाग को योजना बनाकर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
-----------------------
पांडूतालाब में छात्रवृत्ति वितरण में अनियमितता पर जांच के निर्देश
        देवास 27 नवंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी एवं क्षेत्रीय विधायक चंपालाल देवड़ा ने बागली ब्लॉक के ग्राम पांडू तालाब का भ्रमण किया। गांव में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने उन्हें बताया कक्षा 10 एवं 11 की छात्रवृत्ति अभी तक नहीं मिली है। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित शिक्षा विभाग के अधिकारियों से वस्तु स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बीआरसी को जांच कर एक सप्ताह में वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस
        गांव चौपाल लगाकर कलेक्टर एवं विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनी। निकट के ग्राम रेलापुरा में मध्यांहन भोजन नहीं बंटने, शिक्षक द्वारा पढ़ाई में लापरवाही और आंगनवाड़ी के संबंध में अनियमितता की जानकारी ग्रामीणों द्वारा दी गई। कलेक्टर द्वारा जानकारी लेने पर पाया गया कि महिला बाल विकास की सुपरवाइजर यहां पर जुलाई से पदस्थ है। लेकिन उसने अभी तक रैलापुरा सहित अन्य गांव का भ्रमण भी नहीं किया है। कलेक्टर ने कर्त्तय में लापरवाही पाते हुए सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गांव में टीकाकरण, शौचालय निर्माण की भी जानकारी ली और गांव में शौचालय निर्माण के लिए ग्रामीणों को समझाइश दी।

-----------------------
साधारण सभा की बैठक 30 नवंबर को
    देवास 27 नवंबर 2015/ जिला पंचायत देवास की साधारण सभा की बैठक 30 नवंबर दोपहर 2 बजे से जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित होगी। जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा ने बैठक में सभी संबंधितों से उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
बैठक के ये रहेंगे एजेंडे
        जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि बैठक में गत बैठक के कार्यवाही विवरण का पालन प्रतिवेदन, परफॉरमेंस ग्रांट की राशि के संबंध में, शिक्षा विभाग की समीक्षा, स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा, जिला पंचायत/ग्राम वि.अ. प्रकोष्ठ एवं अन्य योजनाओं का माह सितंबर 2015 के आय-व्यय का अनुमोदन तथा अन्य विषयों चर्चा की जाएगी।
---------------------------
स्थाई समिति की बैठक 30 नवंबर को
    देवास 27 नवंबर 2015/ जिला पंचायत देवास की सा.प्रा. स्थायी समिति की बैठक 30 नवंबर 2015 दोपहर 1.30 बजे से जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित होगी। जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा ने बैठक में सभी संबंधितों से उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
--------------------------
दो व्यक्तियों को 7 हजार रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत
      देवास 27 नवंबर 2015/ विधायक स्वेच्छानुदान निधि से सोनकच्छ विधायक श्री राजेंद्र वर्मा की अनुशंसा पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा 2 व्यक्तियों को निर्धनता सहायता एवं चिकित्सा सहायता के रूप में 7 हजार रूपए आर्थिक सहायता की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
     जारी आदेश अनुसार टोंकखुर्द निवासी जहीर पिता जाकीर को 5 हजार रूपए तथा सोनकच्छ के वार्ड क्रमांक-4  निवासी धर्मेंद्र पिता चंद्रप्रकाश को 2 हजार रूपए की चिकित्सा राशि स्वीकृत की है।
----------------------- 
शौचालय निर्माण के लिए 31 लाख रूपए की राशि स्वीकृत
            देवास 27 नवंबर 2015/ स्वच्छ भारत, स्वच्छ विद्यालय अभियान के अंतर्गत जिले 30 विद्यालयों एवं छात्रावासों के लिए 31 लाख रूपए की प्रशासकीय राशि स्वीकृत की गई है।
       जिला परियोजना सन्वयक जिला शिक्षा केंद्र ने बताया है कि दुदलाई, संदलपुर, कामठखेड़ा, कामठखेड़ा छात्रावास,  जियागांव, पीपरी, पानीगांव, डबलचौकी, भिलाईखुर्द, मगरिया, पीरपाड़ल्या, फावड़ा, अघेरा, उदयनगर, पीपरी, रीछातलाई, अमोदिया, इमलीपुरा, हीरापुर, करनावद फाटा, करनावद, चौबाराधीरा, सुनवानी महाकाल, बरोड़पीपल्या, चारारास्ता खुड़गांव, मवास्या, गुडबेल टप्पर, बेड़गांव, बड़ीकराड़, हास्याखेड़ी में शौचालय निर्माण के लिए एक-एक लाख की राशि स्वीकृत की गई है।
----------------------------
जनगणना के रजिस्टर को अपडेट करने का कार्य हुआ शुरू
घर-घर जाकर नागरिकों से ली जायेगी आधार नम्बर, राशन कार्ड नम्बर और समग्र आईडी की जानकारी
         देवास 27 नवंबर 2015/राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशानुसार देवास जिले में भी जनगणना के रजिस्टर को अपडेट करने का कार्य 16 नवम्बर से शुरू कर दिया गया है। इसके लिये  जिले में लगभग प्रगणकों की नियुक्ति की गयी है। ये प्रगणक घर-घर जाकर गत मई और जून 2010 में किये गये जनगणना के आधार पर तैयार किये गये रजिस्टर को अद्यतन करने का कार्य करेंगे। 
         कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने बताया है कि राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के डाटाबेस को अद्यतन करने के लिये प्रत्येक नागरिक से आधार नम्बर, राशन कार्ड नम्बर और परिवार की समग्र आईडी की जानकारी ली जायेगी।  प्रत्येक निवासी के रजिस्टर डाटाबेस में उक्त जानकारी जोड़ी जायेगी। यह कार्य कल आगामी 15 दिसम्बर, 2015 तक चलेगा। मध्यप्रदेश राज्य में राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर को भारत के नागरिकता अधिनियम-1955 और नागरिकता नियमावली-2003 के प्रावधानों के तहत घर-घर जाकर प्रगणकों द्वारा राष्ट्रीय जनसंख्या परिवार अनुसूची को भरने का फील्ड कार्य 22 मई, 2010 से 7 जून, 2010 तक किया गया था। इसी कड़ी में भारत सरकार के निर्देशानुसार अब राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर डाटाबेस को अद्यतन करने तथा प्रत्येक निवासी के एनपीआर डाटाबेस में आधार नम्बर/राशन कार्ड नम्बर और परिवार की समग्र आईडी को जोड़ने/शामिल करने का कार्य किया जायेगा। यह कार्य राज्य सरकार के नामित सरकारी कर्मचारियों द्वारा प्रगणक के रूप में घर-घर जाकर गणना के माध्यम से किया जाएगा। गणना ब्लॉक के अंतर्गत परिवार में नये सदस्यों एवं पाये गये नये परिवारों को भी प्रगणक द्वारा एन.पी.आर. के फॉर्म में दर्ज किया जाएगा।
        डाटाबेस को अद्यतन करने के लिये जिला देवास के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों से जिला प्रशासन द्वारा अपेक्षा की गई है कि वे अपना आधार कार्ड/राशन कार्ड/परिवार की समग्र आईडी (एस.एस.एस.एम.आई.डी.) प्रगणक को उपलब्ध कराकर अपनी ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को समयावधि में पूर्ण किया जा सके। नागरिकों द्वारा दी गयी जानकारी गोपनीय रखी जायेगी। कलेक्टर द्वारा तहसीलदारों एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को इस कार्य के लिए उपजिला रजिस्ट्रार बनाया गया है।
------------------------------


Thursday, 26 November 2015

दिनांक 26 नवंबर 2015

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  स मा चा र  ।।

जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा

          देवास 26 नवंबर 2015/ जिला खेल एवं युवक कल्याण द्वारा जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन होगा। आयोजन में एंकाकी (नाटक), लोकगीत, लोकनृत्य, शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य (मणिपुरी, ओडिसी, भरत नाट्यम, कत्थक एवं कुचपुड़ी), शास्त्रीय वादन (सितार, बांसुरी, तबला, वीणा, मृदंगम, गिटार), हारमोनियम, वृक्तृत्वकला की विधाएं शामिल होंगी। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में गुरूवार को संपन्न एक बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक में एएसपी राजेश रघुवंशी, नेहरू युवा केंद्र, राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
       बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विभिन्न विधाओं प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कलाकारों को नगद ईनाम भी दिया जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित होंगे।

------------------------

कलेक्टर तीन दिवसीय सघन ग्रामीण भ्रमण पर

         देवास 26 नवंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी आज 27 नवंबर से तीन दिवसीय ग्रामीण अंचल के भ्रमण पर रहेंगे।
       तय कार्यक्रम अनुसार 27 नवंबर को उदयनगर, पांडु तालाब, आनंद नगर, धनाड़ में प्रात: 10 बजे से भ्रमण करेंगे तथा उदयनगर में रात्रिविश्राम करेंगे। शनिवार 28 नवंबर को उदयनगर में अधिकारियों की बैठक लेंगे, 29 नवंबर को दोपहर एक बजे अजनास, ओंकारा, नंदाना, धधड़दी, कालीबाई, सागोनिया, विक्रमपुर, नवाड़ा, बजवाड़ा, मंडलेश्वर, दावठा, सिराल्या, माना का भ्रमण करेंगे। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे समस्‍त योजनाओं की जानकारी के साथ भ्रमण में उपस्थित रहेंगे।

------------------------

गोपाल पुरस्कार प्रतियोगिता आज से

         देवास 26 नवंबर 2015/ भारतीय उन्नत नस्ल के गौवंशीय पशुओं  के पालन को बढ़ावा देने एवं अधिक दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए पशु पालन विभाग द्वारा गोपाल पुरस्कार योजना संचालित की जा रही है। योजना भारतीय उन्नत नस्ल की गायों के दुग्ध उत्पादन में एवं भारतीय उन्नत नस्ल के गौवंशीय उत्पादन पशुओं की संख्या में वृद्धि होगी।
       मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवास ने बताया है कि प्रतियोगिता 27 नवंबर शुक्रवार एवं 28 नवंबर को जिला पशु चिकित्सालय प्रांगण में आयोजित की जाएगी। उक्त योजना सभी वर्ग के पशुपालकों के लिए है, जिनके पास भारतीय नस्ल की गाय उपलब्ध हो तथा गाय का दुग्ध उत्पादन प्रतिदिन 4 लीटर या उससे अधिक हो। योजना विकासखंड स्तर, जिला स्‍तर एवं राज्य स्तर पर संचालित की जाएगी। विकासखंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे।
                   विजेताओं को दिया जाएगा पुरस्कार
       विकासखंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमश: 10 हजार, 7500 एवं 5000 रूपए का पुरस्कार दिया जाएगा। जनपद देवास स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन व्हीईओ पशु विकासखंड देवास, सीईओ जनपद पंचायत की अध्यक्षता में समिति गठित कर संपन्न कराएंगे। अंतर्विभागीय स्वरूप देने के लिए विकासखंड स्तरीय समिति में मुख्य कार्यपालन अधिकारी पदेन सदस्य एवं विकासखंड के व्हीईओ विकासखंड देवस, वरिष्ठ कृषि विकास विस्तार अधिकारी सदस्य के रूप में नामांकित रहेंगे।

-------------------------

मानक पाया गया क्रैक्स का सेंपल

         देवास 26 नवंबर 2015/ गत 13 अक्टूबर 2015 को आवास नगर देवास निवासी सोनाली सोनी एवं विनय सोनी की दो बेटियों की क्रैक्स कॉर्न रिंग्स के खाने के फूड पॉइजनिंग होने की पुलिस थाना बीएनपी देवास द्वारा सूचना देने पर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी निर्मला सोमकुंवर द्वारा जांच दल के साथ उपस्थित होकर आवास नगर स्थित दुकान संचालक सुधा अजय धोगड़े की दुकान से क्रैक्स कॉर्न रिंग्स मसाला मैनिया का नमूना जांच के लिए लिया, जो कि जांच के लिए भेजा गया। विशलेषण में उक्त प्रदार्थ मानक स्तर का पाया गया।
यहां से भी लिए गए सेंपल: अभियोजन की कार्यवाही होगी
        जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया है कि त्योहारों के चलते विभाग द्वारा देवास तहसील के न्यू सर्वोत्तम स्वीट्स देवास से मावा बाटी मिथ्याछाप, माहेश्वरी नमकीन एवं स्वीट्स देवास से माहेश्वरी का खट्टा मीठा नमकीन मिथ्याछाप, आरके होटल उज्जैन रोड देवास की बर्फी मिथ्याछाप, खेड़ापति दूध डेयरी देवास का दूध अवमानक, डेली मार्ट देवास का लोटे चोकापाई मिथ्याछाप, डेली मार्ट देवास का जीरा मिथ्याछाप, राठौर दूध डेयरी देवास का मिश्रित दूध अवमानक, श्रीअंनत श्री बंटी नमकीन के आलू चिप्स मिथ्याछाप, श्री अंनतश्री बंटी नमकीन फलियारी मिथ्याछाप, आलू चिप्स के पैकेट असुरक्षित, बालाजी के नमकीन मिथ्याछाप, श्री अंनतश्री बंटी नमकीन मिक्चर मिथ्याछाप, द्वारका के नमकीन सेंव मिथ्याछाप, श्री अंनतश्री बंटी नमकीन सेंव मिथ्याछाप, उंदाराम किराना देवास का आलू चिप्स एवं द्वारका नमकीन मिथ्याछाप, श्री आनंद किराना देवास का गुजराती पोंगा मिथ्याछाप पाया गया।
        तहसील सतवास में 18 दुग्ध कलेक्शन सेंटर सुदरेल का दूध अवमानक, तहसील बागली में 19 मां वैष्णो ढाबा बागली के पंकज कुकीज मिथ्याछाप पाया गया। उक्त प्रकरण में अभियोजन संबंधी कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण न्याय निर्णायक अधिकारी देवास, न्‍यायलय देवास में प्रस्तुत किए जाएंगे।

-----------------------

        मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम 30 नवंबर को
        देवास 26 नवंबर 2015/ जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास  सरिता सिंह के निर्देशन में आगामी 30 नवंबर दोपहर 2 बजे जिला न्‍यायलय परिसर में मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
        रजिस्ट्रार एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ओपी रघुवंशी ने बताया है कि मध्यस्थता विवादों को निपटाने की सरल एवं निष्पक्ष आधुनिक प्रक्रिया है। इसके द्वारा सद्भावनापूर्ण वातावरण में समझौता किया जाता है जो सभी पक्षों को मान्य होता है। मध्यस्थता सरल, सहज एवं खर्च रहित प्रक्रिया है। मध्यस्थता में पारिवारिक, मोटर वाहन दुर्घटना, धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम के अंतर्गत चैक बाउन्स तथा विद्युत के प्रकरणों में एवं समझौता योग्य आपराधिक प्रकरणों में समझौते की संभावना अधिक होती है। अतः ऐसे प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते हुए मध्यस्थता के माध्यम से निराकरण किया जा सकता है। मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम में अभिभाषकगण तथा पक्षकारगण उपस्थित होकर मध्यस्थता के बारे में जानकारी प्राप्त कर अपने प्रकरणों में मध्यस्थता का लाभ ले सकते हैं।

---------------------------

नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 दिसंबर को
        देवास 26 नवंबर 2015/मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं जिला न्यायाधीश के मार्गदर्शन में दिनांक 12 दिसम्बर 2015 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला मुख्यालय के साथ तहसील मुख्यालयों में किया जाना सुनिश्चित किया गया है।
        रजिस्ट्रार एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ओपी रघुवंशी ने बताया है कि नेशनल लोक अदालत के माध्यम से समझौता योग्य, आपराधिक, सिविल, विद्युत, मोटर दुर्घटना, निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट एक्ट अंतर्गत धारा 138 चेक बाउंस, वैवाहिक प्रकरण, श्रमिक विवाद, भू-अर्जन, राजस्व प्रकरण सहित अन्य प्रकरणों का भी निराकरण किया जाएगा।
        श्री रघुवंशी ने बताया है कि क्लेम प्रकरणों का अधिक से अधिक संख्या में निराकरण हो सके इस के लिए समस्त शासकीय एवं प्रायवेट बीमा कंपनियों की प्रिसिटिंग 28 नवंबर को जिला न्यायालय में रखी गई है। उक्त तिथि पर बीमा कंपनी के अधिकारीगण उपस्थित रहेंगे, जिन पक्षकारगण के क्लेम प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। वे पक्षकारगण उक्त तिथियों पर अपने अभिभाषक के सहित उपस्थित होकर अपने प्रकरण में राजीनामा कर सकते है।

क्रमांक 124/1458/26-11-2015

मतदाता सूची में गलत तरीके से नाम जुड़वाने पर कार्रवाई होगी

        देवास 26 नवंबर 2015/वर्तमान में मतदाता सूची में नये नाम जोड़े जाने का काम चल रहा है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के इच्छुक सभी व्यक्तियों से कहा गया है कि यदि उनका नाम मतदाता सूची में पहले से है तो वे अपनी पहचान छिपाकर या अन्य साधनों का उपयोग कर डबल नाम जुड़वाते हैं तो इसके लिये आवेदक मतदाता स्वयं दोषी होगा। ऐसा करने पर निर्वाचन अधिनियम के अनुसार नियमानुसार दंडित करने कार्रवाई की जायेगी।

----------------------------

कलेक्टर द्वारा आभार व्यक्त

        देवास 26 नवंबर 2015/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी ने निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग देने पर सभी राजनीतिक दलों, मीडियाकर्मियों, शासकीय सेवकों और सुरक्षा बलों के प्रति अभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि सभी के सहयोग से निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप उपचुनाव की प्रक्रिया विधिसम्मत ढंग से संपन्न हो सकी है।

-----------------------------