Thursday, 1 October 2015

दिनांक 01 अक्टूबर 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

छोटे स्टॉम्प की किल्लत चालान से दूर होगी
कलेक्टर ने मुद्रा योजना के तहत हितग्राहियों को दिए स्वीकृति पत्र
         देवास 01 अक्टूबर 2015/ छोटे स्टॉम्प की किल्लत दूर करने के लिए स्टॉम्प अधिनियम के तहत चालान द्वारा राशि जमा करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज शुक्रवार को बैंक ऑफ इंडिया के आरसेटी केंद्र में मुद्रा योजना के तहत ऋण स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम में यह जानकारी दी। उन्होंने इस योजना के तहत विभिन्न बैंक शाखाओं द्वारा स्वीकृत प्रकरणों के तहत हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए। मुद्रा योजना के तहत शिशु संवर्ग में 50 हजार रूपए तक के ऋण एवं साख लिमिट प्रदान की गई।
         कलेक्टर ने इस अवसर पर कहा कि सभी हितग्राही जिस कार्य से यह लोन ले रहे हैं उसे उसी कार्य में खर्च करें। उन्होंने हितग्राहियों द्वारा जानकारी दिए जाने पर स्टॉम्प ड्यूटी में कम राशि के उपयोग के लिए बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए। कार्यक्रम में आरसेटी के डायरेक्टर आरके बंडी, लीड बैंक मैनेजर भूपेश करोलिया एवं विभिन्न स्थानों से आए हितग्राही एवं शाखा प्रबंधक उपस्थित थे।

बैंक में चालान की रसीद से भी हो सकेगा स्टॉम्प का काम

    कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने भारतीय स्टाम्प अधिनियम के अंतर्गत आदेशित किया है कि स्टॉम्प शुल्क किसी सरकारी कोषालय, उप कोषालय या सरकारी कारबार का संचालन करने के लिए प्राधिकृत बैंक में चालान द्वारा "003 स्टॉम्प एवं रजिस्ट्रेशन" मद से नगद में भी सरकारी खाते में  संदत्त किया जा सकेगा। आम आदमी की सुविधा के लिए कलेक्टर ने यह आदेश जारी किया है।
    रजिस्ट्रार या उप रजिस्ट्रार ऐसे चालान के प्रस्तुत कर दिए जाने पर सम्यक सत्यापन करने के पश्चात उक्त संदत्त शुल्क को रकम का लिखत पर पृष्ठाकंन प्रमाण पत्र अंकित करेगा। इस पृष्ठाकंन का वही प्रभाव होगा, मानो स्टाम्प शुल्क की रकम ऐसी लिखत के संबंध में चुका दी गई है।
----------------------------
मिशन सुप्रभात शिविर आयोजित संपन्न
      देवास 01 अक्टूबर 2015/ नारी शक्ति को पहचाने, आप अबला नहीं सबला बने। अपने अंदर इतना आत्म विश्वास रखें कि असामाजिक तत्वों का आप पूरी सक्षमता से मुकाबला कर सकें। जो भी आप से छेड़छाड़ करने की जुररत करें उसका मुकाबला हिम्मत से करें। ऐसी जो भी घटनाएं अगर घटती है तो तुरंत अपने माता-पिता, भाई-बहन या अध्यापक से कहें। उक्त बातें सोनकच्छ के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित मिशन सुप्रभात के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण विधिक सहायता जागरूकता शिविर में डीएसपी महिला अपराध शाखा देवास के घनश्याम बामनिया ने स्कूल की छात्राओं को संबोधित करते हुए कही। श्री बामनिया ने बताया कि उक्त शिविर आईजी इंदौर एवं उज्जैन रेंक आरपी श्रीवास्तव के निर्देश पर तथा पुलिस अधीक्षक अभय सिंह के मार्गदर्शन में जिले के सभी कन्या विद्यालयों में आयोजित किया जा रहा है।
      इस अवसर एसडीओपी सोनकच्छ श्री कदम, थाना प्रभारी सोनकच्छ टीएस तोमर, एसआय साइबर सेल अजय मिश्रा, एसआई निर्भया प्रभारी लीला सोलंकी, अभियोजन शाखा देवास के एडीओपी संजय सुनहरे, स्कूल प्राचार्या कीर्ति चौहान, कार्यक्रम संचालनकर्ता संतोष मंडलोई, संयुक्त सचिव मप्र कराते एसोसिएशन प्रवीण ढोबले, कराते खिलाड़ी स्वाति शिंदे, आयुष चौधरी तथा स्कूल की छात्राएं उपस्थित थी।
पुलिस आपकी दोस्त हैं
      स्कूल की छात्राओं को संबोधित करते हुए डीएसपी श्री बामनिया ने कहा कि पुलिस आपकी दोस्त भी है तथा रक्षक भी हैं। जब भी आपको इस प्रकार की समस्या का सामना करने पड़े अपने बचाव के लिए जोर से चिल्लाएं जिससे आसपास जो भी खड़ा हो वह आपकी मदद के लिए आएं। साथ ही पुलिस को पूरी घटना बताएं। उन्होंने कहा कि नारी से ही सृष्टि चलती है। वर्तमान में नारी के लिए कई कानून बने हैं। ऑपरेशन मुस्कान की बारे में जानकारी दी।
लड़कियों की सच्ची सहेली मां होती है
      कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर लीला सोलंकी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लड़कियों की सच्ची सहेली उसकी मां होती है। लड़कियों को चाहिए कि अपनी हर प्रकार की बातें अपने मां से शेयर करें। उन्होंने कहा कि स्कूल आते-जाते या अन्य कार्यक्रम में अगर तुम्हारे साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ होती है तो तुरंत उसका विरोध करें तथा अपनी मां को जरूर बताएं। इस प्रकार की घटना को कभी भी छुपाए नहीं।
अंजान व्यक्ति से बात करने से पहले सोचें
      शिविर में एसआय साइबर सेल अजय मिश्रा ने स्कूल की छात्राओं को बताया कि लड़कियों को मोबाइल तथा कम्प्यूटर पर अपने पर्सनल फोटो लोड करने से पहले हर प्रकार का ध्यान रखना चाहिए। अंजान व्यक्ति से फेसबुक, वाट्सअप, हैंगआउट, हाइक जैसी एप्लीकेशन पर चैट करने से पहले विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने बताया कि आपके साथ किसी भी प्रकार की अगर छेड़छाड़ होती है तो पुलिस को फोन करके बताएं आपका नाम, नंबर गोपनीय रखा जाएगा। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आत्म रक्षा के बताएं गुर
      कार्यक्रम में संयुक्त सचिव मप्र कराते एसोसिएशन प्रवीण ढोबले तथा उनकी टीम द्वारा स्कूल की छात्राओं को कराते की विभिन्न टिप्स के माध्यम से अपनी आत्म रक्षा के गुर बताएं। साथ ही श्री ढोबले ने कहा कि अपने मन में आत्म विश्वास रखें। हर काम आसान हो जाएगा।
हेल्पलाइन पर भी संपर्क कर सकते हैं
      लड़कियां अपनी अपनी शिकायत राज्य स्तरीय टोल फ्री नंबर 1090 पर, पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 07272-226000, अपने संबंधित थानों पर तथा निर्भया के स्पेशल नंबर 9479992094 पर कर सकती हैं।
---------------------------
ग्राम सभाओं का आयोजन आज से
    देवास 01 अक्टूबर 2015/ जिला पंचायत द्वारा 02 अक्टूबर शुक्रवार से 7 अक्टूबर तक देवास जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन किया जा रहा है। इस के लिए तिथिवार, ग्राम वार, विस्तृत एजेंडा जारी किया गया है।
इन बिंदुओं पर होगी चर्चा
    जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा ने बताया कि ग्रामसभा में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा होगी, जिसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत कार्यालय प्रातः 10.30 से सायं 5.30 तक अनिवार्य रुप से खुला रखना। प्रत्येक ग्राम पंचायत कार्यालय की बाहरी दीवार पर कार्यालय में उपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के नाम एवं मोबाइल नम्बर प्रदर्शित करना। प्रत्येक ग्राम पंचायत कार्यालय में प्राप्त होने वाले आवेदनों की निर्धारित प्रारुप में आवेदक को पावती देना। प्राप्त आवेदनों एवं उसके निराकरण की पंजी संधारण करना। ग्राम सभा में जन कल्याणकारी शासकीय योजनाओं की जानकारी देना। ग्राम को खुले में शौच से मुक्त करने हेतु संकल्प दिलाना।  इंदिरा आवास योजनान्तर्गत तैयार की गई नवीन प्रतिक्षा सूची का वाचन करना। ग्राम डायरी में विगत दस वर्षो के कार्यो का संकलन कर डायरी तैयार करने पर चर्चा एवं पूर्ण विवरण सहित डायरी 20 अक्टूबर तक पूर्ण कर 01 नवम्बर को प्रकाशन करना। विभिन्न हितग्राही मूलक शासकीय योजनाओं में पात्रता के उपरांत भी लाभान्वित नहीं होने वाले हितग्राहियों का चिन्हांकन के लिए साधिकार अभियान पर चर्चा। सिंहस्थ 2016 के दौरान देवास जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरने वाले यात्रियों को मूलभुत सुविधाए प्रदान करने के लिए चिन्हित 47 ग्रामों में स्मार्ट विलेज की कार्य योजना पर चर्चा।

--+--+-----------------------

No comments:

Post a Comment