Monday, 1 February 2016

01-2-2016

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास

दुर्घटनाओं पर प्रभारी कलेक्टर ने जताई चिंता  
        देवास 01 फरवरी 2016/ जिले में खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाएं नहीं होनी चाहिए। लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क सहित अन्य सभी एजेंसी अपने मार्गों को ठीक करें और दुर्घटना होने के कारणों को दूर करें। जिले के प्रभारी कलेक्टर प्रबल सिपाहा ने आज सोमवार को यह निर्देश संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने जिले में सड़क दुर्घटनाओं में हाल में हुई मौतों पर चिंता जताई है।
       श्री सिपाहा ने आरटीओ को निर्देश दिए है कि अवैध डम्परों और अन्य भारी वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करें। स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालयों के लगने और छुटने के समय में वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण करें।
------------------------------
अजनास में उद्यानिकी विभाग किसानों को दे प्रशिक्षण- कलेक्टर
        देवास 01 फरवरी 2016/  संभागायुक्त के भ्रमण के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि उद्यानिकी विभाग ने ग्राम अजनास में किसानों को पौधें बांटने और उनको लगाने तथा प्रशिक्षण में लापरवाही बरती है। यह स्थिति उचित नहीं है। उपसंचालक उद्यानिकी अजनास में किसानों को सही ढंग से प्रशिक्षण दें। प्रभारी कलेक्टर प्रबल सिपाहा ने साप्ताहिक समयसीमा की बैठक में उक्त निर्देश दिए। बैठक में सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
       बैठक में श्री सिपाहा ने लोक सेवा गारंटी, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई, समय सीमा पत्रक की समीक्षा की। जिन अधिकारियों के प्रकरण समय सीमा में निराकृत नहीं हुए, उन्हें एक-एक करके तलब किया गया और त्वरित निराकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टोंकखुर्द में आयोजित होने वाले अंत्योदय मेले में हितग्राहियों की सूची को अंतिम रूप दिया गया। अजनास में किए गए सभी विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। आगामी 6 फरवरी को प्रभारी मंत्री के जिले में प्रस्तावित भ्रमण  के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
       बैठक में बताया गया कि आगामी 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस मनाया जाएगा। इस दिन बच्चों को एलबंडाझोल की दवा पिलाई जाएगी। श्री सिपाहा ने स्वास्थ्य विभाग को महिला बाल विकास विभाग एवं शिक्षा विभाग के समन्व्य से परिणाममूलक उपलब्धि के निर्देश दिए।
---------------------------
किसानों के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह के मापदंडों में शिथिलता  
        देवास 01 फरवरी 2016/  मप्र शासन द्वारा खरीफ 2015-16 अंतर्गत सूखे से प्रभावित किसानों की कन्याओं के विवाह के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह/ निकाह योजना के अंतर्गत पात्रता के मापदंडों को शिथिल करने का निर्णय लिया गया है। प्रभारी कलेक्टर प्रबल सिपाहा ने बताया है कि संशोधित निर्देश अनुसार खरीफ 2015-16 अंतर्गत सूखा से प्रभावित ऐसे किसान जिनके आरबीसी-6 (4) के अंतर्गत्‍ प्रकरण स्वीकृत किए गए हैं के परिवार में कन्या के विवाह किए जाने में सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। जिसमें सामूहिक विवाह का बंधन नहीं होगा। इसमें कन्या की गृहस्थी की स्थापना के लिए 12 हजार रुपए, विवाह कार्यक्रम के आयोजन के लिए 3 हजार रुपए तथा कन्या के दाम्पत्य जीवन में खुशहाली के लिए 5 वर्ष तक के लिए 10 हजार रुपए की सावधि जा किए जाएंगे। उक्त सहायता 12 हजार रुपए एवं 3 हजार कुल जमा 15 हजार रुपए की सहायता कन्या के पिता/माता/अभिभावक को उनके बैंक खाते के माध्यम से की जाएगी। कलेक्टर द्वारा योजना का क्रियावंयन  करने के निर्देश सामाजिक न्याय विभाग को दिए हैं।
-----------------------------
बैकलाग ऑनलाइन जन्म मृत्यु पंजीयन का कार्य जारी
       देवास 01 फरवरी 2016/  जिला योजना अधिकारी प्रेमचंद परस्ते ने बताया है कि महारजिस्ट्रार भारत सरकार द्वारा पूरे भारत वर्ष में साफ्ट वेयर आधारित ऑनलाइन जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र 01 जनवरी 2015 से बनाए जा रहे हैं। प्रारंभिक स्तर पर साफ्ट वेयर में कुछ तकनीकी कमियों के चलते 1 जनवरी 2015 से 31 दिसंबर 2015 के मध्य की अवधि में अगर ऑनलाइन जन्म मृत्यु पंजीयन का बैकलॉग यदि शेष रह गया है तो उस बैकलॉग को पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। प्रभारी कलेक्टर प्रबल सिपाहा ने निर्देश दिए है कि भारत सरकार द्वारा प्राप्त संलग्न प्रारूप में प्रकरणों की सूची बनाकर जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय देवास को तत्काल उपलब्ध कराएं जिससे उक्त प्रकरणों को साफ्ट वेयर में सम्मिलित कर प्रमाण पत्र जनरेट करने के लिए भेजा जा सकें।
-----------------------------
खंड स्तरीय अंत्योदय मेला 3 फरवरी को टोंकखुर्द में
       देवास 01 फरवरी 2016/  सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग द्वारा 3 फरवरी को खंड स्तरीय अंत्योदय मेला का आयोजन जनपद पंचायत टोंकखुर्द में किया जाएगा। प्रभारी कलेक्टर प्रबल सिपाहा ने अंत्योदय मेले के आयोजन संबंधी निर्देश सभी विभागों को दिए हैं।
       अंत्योदय मेले में पशु चिकित्सा विभाग द्वारा पशु चिकित्सा शिविर तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी।


No comments:

Post a Comment