Wednesday, 24 February 2016

24-02-2016
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

बरछा बुर्जुग में आयोजित हुआ सूचना शिविर
शिविर में ग्रामीणों को दी शासन की योजनाओं संबंधी जानकारी
       देवास, 24 फरवरी 2016/ खातेगांव ब्लॉक के ग्राम बरछाबुर्जुग में आज बुधवार को सूचना शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में तहसीलदार लाखनसिंह चौधरी की समझाइश पर ग्रामीणों ने जनभागीदारी योजना से ग्राम में नल-जल येाजना प्रारंभ करने का सामूहिक संकल्प लिया। पीएचई के उपयंत्री विष्णु यादव ने योजना की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की। शिविर में विभिन्न विभागों अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की। खातेगांव जनपद के एडीओ बीएस राजपूत ने हितग्राही मूलक योजना की जानकारी प्रदान की। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन के संबंध में विस्तार से ग्रामीणों को अवगत कराया और कहा कि आवासहीनों के लिए इससे अच्छी कोई योजना नहीं है। उपसंचालक पशु‍ चिकित्सा डॉ. जीडी वर्मा ने विभाग की योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने नंदीशाला योजना, मुर्गी पालन योजना इत्यादी के बारे में विस्तार से अवगत कराया। शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधी पुस्तकें, "आगे आए लाभ उठाए" पुस्तक सहित अन्य पुस्तकों को वितरण किया गया।
       सूचना शिविर कार्यक्रम में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी ब्रजेश उपाध्याय, सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी सुनील बोहित, कौशल विकास केंद्र प्रबंधक आधार द्विवेदी, राजस्व विभाग से पटवारी सतीश शर्मा, आशीष उपाध्याय, डिप्टी रेंजर वनविभाग हरिओम पाराशर, नर्मदा प्रसाद राठौर, क्षेत्रीय पशु चिकित्सा अधिकारी पवन तिवारी, संतोष चावरे, बीआरसी हरिप्रसाद लोचकर, पीसीओ एमएस गुनाया, पर्यवेक्षक महिलाबाल विकास करिश्मा अवासे, समग्र सहायक सामाजिक न्याय विभाग विशाल जोशी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग समन्व्यक बिरजु यादव, विकासखंड समन्वयक आकांश गुप्ता सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। उपस्थित अधिकारियों ने विभागों की जानकारी ग्रामीणों को दी तथा शासन की योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया।
-----------------------------

जिला स्तरीय सतर्कता समिति एवं निगरानी समिति की बैठक 20 मार्च को
      देवास, 24 फरवरी 2016/ जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक केंद्रीय विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज की अध्यक्षता में 20 मार्च 2016 को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में प्रात: 11 बजे आयोजित की जाएगी।
बैठक के एजेंडे
      जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति  सचिव एवं कलेक्टर ने बताया है कि बैठक में गत बैठक के कार्रवाही विवरण का अनुमोदन। महात्मा गांधी राष्‍ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, इंदिरा आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, समेकित वाटरशेड प्रबंधन कार्यक्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, निर्मल भारत अभियान। स्वच्छ भारत मिशन, राष्‍ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, ग्रामीण विकास मंत्रालय का अन्य कोई कार्यक्रम, जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समितियां पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय, पंचायत राज मंत्रालय, जनजातिय कार्य मंत्रालय तथा विद्युत मंत्रालय की राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना की समीक्षा एवं अन्य विषय पर चर्चा की जाएगी।
----------------------
मां वैष्णोदेवी जाने के लिए 15 मार्च तक आवेदन करें
जिले को 350 सीटों का कोटा आवंटित
    देवास, 24 फरवरी 2016/ मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत मां वैष्णोदेवी तीर्थ यात्रा आगामी 27 मार्च 2016 से 01 अप्रैल 2016 तक की जाएगी। तीर्थ यात्रा के लिए जिले को 350 सीटों का कोटा आवंटित किया गया है। यात्रा पर जाने के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 मार्च 2016 निर्धारित की गई है। प्रभारी कलेक्टर प्रबल सिपाहा ने जिले के नागरिकों से इस योजना का लाभ लेने को कहा है।
आवेदन करने की प्रक्रिया
    मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ लेने के इच्छुक व्यक्ति जो मध्यप्रदेश के मूल निवासी हैं, जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक है एवं आयकरदाता नही हैं तथा जिन्होंने योजना के अंतर्गत पूर्व में तीर्थ यात्रा नहीं की हो, वे निर्धारित प्रारूप में आवेदन दो प्रतियों में कलेक्टर कार्यालय अथवा संबंधित तहसील कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन पत्र हिन्दी में ही भरा होना चाहिए। आवेदन के साथ 3.5X3.5 सेंटीमीटर आकार का नवीनतम फोटो, निवास संबंधी साक्ष्य के रूप में राशनकार्ड, ड्रायविंग लाइसेंस, विद्युत देयक, मतदाता पहचान पत्र में से किसी एक दस्तावेज तथा आयु संबंधी दस्तावेज की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक होगा।
आवेदकों का चयन
    जिले को आबंटित निर्धारित कोटे से ज्यादा संख्या मे आवेदन मिलते हैं, तो लॉटरी द्वारा तीर्थ यात्रियों का चयन किये जाकर सूची बनाई जाएगी। कोटे से 10 प्रतिशत अतिरिक्त व्यक्तियों की प्रतीक्षा सूची भी बनाई जाएगी।
सहायक की सुविधा
    मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 65 साल से ज्यादा उम्र वाले तीर्थयात्रियों के साथ एक सहायक भी जा सकेगा। पति-पत्नी के साथ यात्रा करने पर सहायक ले जाने की सुविधा नही रहेगी। सहायक का आवेदन भी आवेदक के साथ ही जमा किया जायेगा। 
----------------------
सड़क दुर्घटना के प्रकरण में कलेक्टर
द्वारा आर्थिक सहायता स्वीकृत
    देवास 24 फरवरी 2016/ प्रभारी कलेक्टर ने सड़क दुर्घटना के प्रकरण में पीड़ित परिवार को सड़क दुर्घटना योजना अंतर्गत 15 हजार रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
        अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कन्नौद एवं संबंधित तहसीलदार के प्रतिवेदन के आधार पर यह सहायता दी गई है। गत 01 जनवरी 2016 को माखन पिता हीरालाल निवासी ग्राम महूड़िया तहसील कन्नौद जिला देवास की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर "सड़क दुर्घटना योजना" अंतर्गत मृतक के वैध वारिस पत्नी छायाबाई को आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
----------------------

पत्रकारिता सम्मान हेतु प्रविष्टियां आमंत्रित

       देवास, 24 फरवरी 2016/पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट और जनोन्मुखी कार्य करने वाले पत्रकारों से राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय और संभाग स्तरीय सम्मानों के लिये राज्य शासन द्वारा 29 फरवरी 2016 तक प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। राष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान, राज्य स्तरीय पत्रकारिता सम्मान, फोटो पत्रकारिता सम्मान, राज्य स्तरीय टेलीविजन पत्रकारिता एवं कैमरामैन सम्मान तथा आंचलिक पत्रकारिता सम्मान कैलेण्डर वर्ष 2015 के लिये प्रदान किये जाना है। सम्मान की शर्ते एवं निर्धारित आवेदन का प्रारूप जन सम्पर्क संचालनालय की वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट एम पी इन्फो डॉट ओ आर जी पर देखा जा सकता है। आवेदन पत्र प्रारूप जिला जनसम्पर्क कार्यालय से भी प्राप्त किया जा सकता है।
----------------------

एम.पी.ऑन लाईन कियोस्क के लिए जानकारी

        देवास, 24 फरवरी 2016/श्रम विभाग के द्वारा कारखाना अधिनियम 1948 तथा स्वप्रमाणीकरण योजना संबंधी ऑनलाईन सेवाओं में एमपी ऑनलाईन कियोस्क को लोक सेवा केन्द्रों के समान ही नगद राशि प्राप्त करने की अनुमति प्रदान कर दी गयी है। कारखानों तथा दुकानों एवं अन्य वाणिज्यिक स्थापनाओं के नियोजकों/प्रबंधन द्वारा उक्त अधिनियमों के अंतर्गत आवेदन किये जाते है तो शासन द्वारा निर्धारित दर अनुसार शुल्क प्राप्त कर सकते है तथा प्राप्त राषि को विभागीय लेखा शीर्ष में जमा करायें।
----------------------

शहीदों के बच्चों की शिक्षा में सरकार हर संभव मदद करेगी

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिया शहीदों के परिजन को अनन्य सम्मान

बरोठा के शहीद जागेश्वर के परिजनों का किया सम्मान
       देवास, 24 फरवरी 2016/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शहीदों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिये फीस आदि की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की जायेगी। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिजन के हर दु:ख-सुख में राज्य सरकार उनके साथ है। मुख्यमंत्री जी न्यूज एम.पी.-छत्तीसगढ़ के 'अनन्य सम्मान' समारोह 2016 में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने शहीदों के परिजन को सम्मानित किया।
       श्री चौहान ने कहा कि देश की आजादी के लिये अनगिनत लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। आजादी के बाद देश की सीमाओं की रक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा में तीस हजार से ज्यादा सैनिक ने अपने प्राण न्यौछावर किये हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि जिन्होंने देश की सुरक्षा और शांति के लिये अपना परिजन खोया है, उनके दुख की कभी भरपाई नहीं हो सकती है।
       चौहान ने कहा कि राज्य शासन सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों के शहीदों के परिजन की तकलीफें दूर करने के लिये हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिजन को राज्य शासन द्वारा दस लाख रुपये की सम्मान-निधि, एक परिजन को नौकरी और एक आवासीय भू-खण्ड या मकान तथा शहीद की प्रतिमा स्थापित कर उन्हें सम्मान करती आ रही है। उन्होंने शहीदों के सम्मान में हुए इस कार्यक्रम की सराहना की।
       इस अवसर पर जिन शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया है, उनमें शहीद रघुनाथ द्विवेदी रीवा, जागेश्वर सिंह देवास, चरण सिंह गुर्जर मुरैना, जितेन्द्र कुशवाह रीवा, मनमोहन सिंह सतना, नाहर सिंह मुरैना, सेमनाथ राठौर अनूपपुर, महेश कुमार बरादिया सतना तथा सुधाकर सिंह सीधी शामिल हैं।
       इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री श्री सरताज सिंह, लोक स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, परिवहन मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह, जनसंपर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह, श्रम मंत्री श्री अंतर सिंह आर्य, सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लालसिंह आर्य, पर्यटन राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा एवं स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी तथा पूर्व मुख्यमंत्री श्री कैलाश जोशी, विधायक, अन्य जन-प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे।

--------------------

No comments:

Post a Comment