Monday, 15 February 2016

15-02-2016
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

जनप्रतिनिधियों के पत्रों का उत्तर समय सीमा में भेंजे: एडीएम

        देवास 15 फरवरी 2016/ साप्ताहिक समय सीमा की समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला की अध्यक्षता में सोमवार को संपन्न हुई। बैठक में श्री बुंदेला ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त पत्रों का उत्तर आवश्यक रूप से समय सीमा में दिए जाए। बैठक में जनसुनवाई, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी तथा अंतर विभागीय मामलों की समीक्षा की गई। बैठक में एसडीएम सारिका भूरिया, नगर निगम आयुक्त हिमांशु सिंह सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे।
        बैठक में श्री बुंदेला ने बताया कि आगामी माह जिले में माननीय मुख्यमंत्री जी की जनकल्याण यात्रा हो सकती है। इसका उद्देश्य विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का मौके पर आंकलन, शासकीय कार्यक्रमों और नीतियों के संबंध में नागरिकों का फीडबैक प्राप्त करना है और प्रदेशवासियों से सीधे संवाद स्थापित करना है। सामान्यत: माननीय मुख्यमंत्री एक ग्राम में आकिस्मक एवं दूसरे में पूर्व निर्धारित भ्रमण कर ग्रामीणों से चर्चा करेंगे तथा मौके पर विकास कार्यों का अवलोकन भी करेंगे। इसलिए ग्राम का चयन अभी से करना सुनिश्ति करें। भ्रमण के दौरान रात्रि विश्राम स्थल पर जिले के जनप्रतिनिधिगणों के साथ बैठक भी लेंगे। बैठक हेतु एजेंडा अनुसार जानकारी तैयार की जाए।
---------------------------

आपदा प्रबंधन की कार्यशाला संपन्न

         देवास 15 फरवरी 2016/ आपदा प्रबंधन में सभी विभागों की भूमिका महत्वपूर्ण है। आपदा कभी भी बताकर नहीं आती इसलिए सभी विभाग हमेशा अपने संसाधनों को दूरूस्त हालत में रखें। अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला ने सोमवार को जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन की कार्यशाला में कही। कार्यशाला में मार्गदर्शन के लिए आपदा प्रबंध संस्थान भोपाल के सहायक संचालक डॉ. असित पात्रा विशेष रूप से उपस्थित थे। साथ ही कार्यशाला में प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख एम.एम. अहमद, आयुक्‍त नगर निगम हिमांशु सिंह, समस्‍त तहसीलदार, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख सुरेश चन्‍द्र मिश्रा, अरविन्‍द गुप्‍ता, समस्‍त जिला अधिकारी एवं उद्योगपतियों सहित जिला स्‍तरीय आपदा प्रबंधन समिति के सदस्‍य उपस्‍थित थे।
    कार्यशाला में श्री पात्रा ने जिले की संभावित आपदाओं पर प्रकाश डालते हुए उनके संभाव्‍य उपचारों की चर्चा की। उन्‍होंने जिला स्‍तरीय आपदा प्रबंधन योजना के उन्‍नयन के लिए रचनात्‍मक सुझाव भी दिए। अपर कलेक्‍टर श्री बुन्‍देला ने आपदा के समय विभिन्‍न विभागों एवं नागरिकों में समन्‍वय स्‍थापित करने का सुझाव दिया। कार्यशाला में बताया गया कि सभी विभागों को किस तरह से विभागीय जानकारी केंद्रीकृत वेबसाइट में अपलोड करनी है। कार्यक्रम में जिला स्‍तरीय आपदा प्रबंधन कार्य योजना का प्रस्‍तुतीकरण अंकित सिंह बिसेन एवं अरविन्‍द राजपूत द्वारा किया गया।
------------------------
मतदाता सूची तैयारी के लिए अधिकारी नियुक्त
    देवास 15 फरवरी 2016/ मप्र राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल के निर्देश पर जिले की देवास, सोनकच्छ, टोंकखुर्द, बागली, कन्नौद एवं खातेगांव जनपद पंचायतों के क्षेत्रों की मतदाता सूची 1 जनवरी 2016 की संदर्भ तारीख के आधार पर तैयार किया जाना है। इस कार्य के लिए कलेक्टर एवं जिला ‍निर्वाचन अधिकारी ने रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अपीलीय अधिकारी की नियुक्ति की है। इस कार्य को संपादित करने के लिए अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला को अपीलीय अधिकारी नियुक्त किया गया है।
       जारी आदेश अनुसार देवास जनपद पंचायत के लिए अनुविभागीय अधिकारी देवास सारिका भूरिया को, सोनकच्छ एवं टोंकखुर्द जनपद पंचायत के लिए अनुविभागीय अधिकारी मो. मुश्ताक अहमद को, बागली जनपद पंचायत के लिए अनुविभागीय अधिकारी पुरूषोत्तम कुमार को, कन्नौद जनपद पंचायत के लिए अनुविभागीय अधिकारी रंजना पाटने को तथा खातेगांव जनपद पंचायत के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजकुमार नागराज को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया है।

सहायक रजिस्ट्रकीकरण अधिकारी
       जारी आदेश में देवास पंचायत के लिए नायब तहसीलदार मधु नायक को, सोनकच्छ जनपद पंचायत के लिए तहसीलदार पल्लवी पुराणिक को, टोंकखुर्द जनपद पंचायत के लिए नायब  तहसीलदार केएल तिलवारी को, बागली जनपद पंचायत के लिए तहसीलदार बागली ब्रह्मस्वरूप श्रीवास्तव, तहसीलदार हाटपीपल्या  राजेश शुक्ला तथा तहसीलदार उदयनगर बसंती ठाकुर को, कन्नौद जनपद पंचायत के लिए तहसीलदार कुलदीप पाराशर तथा सतवास तहसीलदार अमृतलाल प्रजापति को एवं खातेगांव जनपद पंचायत के लिए तहसीलदार खातेगांव लाखनसिंह चौधरी को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है।

-------------------------

जनपद स्तरीय रोजगार मेला 19 फरवरी से

       देवास 15 फरवरी 2016/ जनपद स्तरीय रोजगार मेला आगामी 19 फरवरी से जिले की जनपद पंचायतों पर आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेले के लिए प्रभारी कलेक्टर प्रबल सिपाहा ने जिला रोजगार अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है।
       निर्धारित तिथियों अनुसार 19 फरवरी को देवास जनपद पंचायत में, 23 फरवरी को सोनकच्छ जनपद पंचायत मुख्यालय में, 24 फरवरी को टोंकखुर्द जनपद पंचायत, 25 फरवरी को बागली जनपद पंचायत में, 26 फरवरी को कन्नौद जनपद पंचायत में तथा 27 फरवरी को खातेगांव जनपद पंचायत मुख्यालय पर आयोजित किए जाएंगे।

------------------------

प्रारंभिक कक्षाओं के वार्षिक मूल्यांकन की तिथियाँ घोषित

पांचवीं, आठवीं का मूल्यांकन 26 मार्च से 

अन्य कक्षाओं का 04 अप्रैल से

        देवास 15 फरवरी 2016/ राज्य शिक्षा केन्द्र ने कक्षा 1 से 8 तक की प्रारंभिक कक्षाओं के वार्षिक मूल्यांकन की तिथियां घोषित कर दी हैं। कक्षा 5 एवं 8 का मूल्यांकन 26 मार्च से प्रारंभ होकर 04 अप्रैल तक प्रातः 8 से 11 बजे तक किया जाएगा। कक्षा 1 से 4 और कक्षा 6 एवं 7 का वार्षिक मूल्यांकन 04 अप्रैल से प्रारंभ होकर 12 अप्रैल तक प्रातः 11:30 से 2.30 बजे के मध्य होगा। सिंहस्थ के कारण कक्षा 01 से 08 तक की कक्षाओं का वार्षिक मूल्यांकन 26 मार्च से प्रारंभ होकर 04 अप्रैल तक पूरा किया जाएगा।
       कक्षा 5 एवं 8 का वार्षिक मूल्यांकन बोर्ड पैटर्न में किया जाएगा। इन कक्षाओं के प्रश्न-पत्र राज्य स्तर से प्रदाय किए जाएंगे। कक्षा 5 एवं 8 के परीक्षा केन्द्र संबंधित शाला होगी। परीक्षा केन्द्राध्यक्ष अन्य शाला का प्रधानाध्यापक होगा। उत्तर पुस्तिकाओं की जांच संकुल केन्द्र स्तर पर होगी। उत्तर-पुस्तिकाएं संकुल केन्द्र बदलकर भेजी जाएंगी। शेष परीक्षाओं के प्रश्न-पत्र शाला स्तर पर तैयार किए जाएँगे। उत्तर-पुस्तिकाओं की व्यवस्था शाला स्तर से की जाएगी।
       प्रारंभिक कक्षाओं के वार्षिक मूल्यांकन की तिथियाँ और विस्तृत निर्देश स्कूल शिक्षा विभाग के पोर्टल www.educationportal.gov.in पर भी देखे जा सकते हैं। मूल्यांकन की सुचारु व्यवस्थाओं के संबंध में सभी जिलों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

--------------------------

राज्य ओपन स्कूल आनलाईन परीक्षा फार्म 4 मार्च तक भरे जायेंगे

       देवास 15 फरवरी 2016/ मप्र राज्य ओपन स्कूल द्वारा सत्र 2016 में कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं परीक्षा के लिए आनलाइन परीक्षा फार्म 05 फरवरी 2016 से 04 मार्च 2016 तक आईसेक्ट सेंटर से परीक्षा फार्म भरे जा सकते हैं ।

----------------------------

विश्वकर्मा पुरस्कार के लिये आवेदन-पत्र आमंत्रित

       देवास 15 फरवरी 2016/ संत रविदास म.प्र. हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम द्वारा राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरस्कार वर्ष 2016-17 के लिये सिद्धहस्थ शिल्पियों से कलाकृतियां आमंत्रित की गई हैं। नियम शर्तें निगम की वेबसाइट पर देखी जा सकती है।
       शिल्पीगण से आवेदन प्राप्त करने का कार्यक्रम निम्नानुसार निर्धारित किया गया है अभिरूचि प्राप्त होने की जिला स्तर पर अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2016, कृति निर्माण एवं जिला स्तर पर जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2016, जिला स्तरीय कमेटी की चयन प्रकिया 15 अक्टूबर 2016,  राज्य स्तरीय कमेटी द्वारा चयन प्रक्रिया 15 नवम्बर2016 के पूर्व तथा चयनित शिल्पियों को पुरस्कार वितरण 25 दिसम्बर 2016 के पूर्व इच्छुक शिल्पी नियमानुसार आवेदन कर सकते हैं।

---------------------------

यात्री व माल वाहक वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाए जाना अनिवार्य

       देवास 15 फरवरी 2016/यात्री व माल वाहक वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा इन वाहनों में स्पीड गवर्नर (गति नियंत्रक) लगाए जाने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय का कड़ाई से पालन कराने के लिये परिवहन आयुक्त श्री शैलेन्द्र श्रीवास्तव द्वारा सभी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी व संभागीय उप परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एक अप्रैल 2016 तक इस तरह के सभी वाहनों में स्पीड गवर्नर का लगाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
 अपर परिवहन आयुक्त प्रशासन श्री आर के जैन से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन द्वारा मोटरयान अधिनियम 1988 के प्रावधानों के तहत राज्य में प्रचलित ऐसे सभी मोटरयानों में जो एक अक्टूबर 2015 से पूर्व पंजीकृत हैं तथा जिनमें कोई गति नियंत्रक यंत्र पहले से नहीं लगे हैं। ऐसे वाहनों में एक अप्रैल 2016 तक गति नियंत्रक स्पीड गवर्नर लगाए जाना अनिवार्य है। ऐसे सवारी वाहनों की अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्दिष्ट की गई है।
        इसी प्रकार एक अक्टूबर 2015 के पूर्व पंजीकृत माल वहन करने वाले परिवहन यानों जैसे डंपर, टैंकर या स्कूल बस जिनमें कोई गति नियंत्रक पहले से स्थापित नहीं है, उनकी अधिकतम गति सीमा 60 किलोमीटर प्रति घंटा नियंत्रित करते हुए स्पीड गवर्नर लगाये जाना अनिवार्य किया गया है। इसके संबंध में सभी परिवहन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे राज्य शासन के इस आदेश का कडाई से पालन कराया जाना सुनिश्चित करें।

---------------------

गंभीर रोगों के उपचार के लिये सभी जिलों में लगेंगे हर साल विशेष शिविर: मुख्यमंत्री

       देवास 15 फरवरी 2016/मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गंभीर रोगों के उपचार के लिये प्रदेश के सभी जिलों में हर साल विशेष शिविर लगाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है। श्री चौहान आज शहडोल जिले में नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर को संबोधित कर रहे थे। शिविर मध्यप्रदेश शासन, राजकृष्ण तन्खा फाउण्डेशन, मध्यप्रदेश फाउण्डेशन और रोटरी क्लब ने लगाया है। इस मौके पर आदिम-जाति कल्याण मंत्री श्री ज्ञान सिंह, सांसद श्री दलपत सिंह परस्ते और जनजातीय आयोग के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र मरावी उपस्थित थे।
श्री चौहान ने कहा कि मंदिर में जाकर पूजा और यज्ञ करने से जो पुण्य प्राप्त होता है, वहीं पुण्य दीन-दुखियों की सेवा करने से मिलता है। उन्होंने कहा कि बीमार लोगों की सेवा करना और उन्हें उचित उपचार उपलब्ध करवाना मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिये ठोस कदम उठाये हैं। उन्होंने बताया कि गंभीर ह्रदय रोग से पीड़ित, नेत्रहीन, मूक-बधिर बच्चों के उपचार के लिये सरकार सहायता दे रही है। गणतंत्र दिवस से सभी जिला चिकित्सालय में डायलिसिस मशीन की सुविधा उपलब्ध करवायी गयी है। केंसर और अन्य बीमारियों के उपचार के लिये मुख्यमंत्री बीमारी सहायता एवं मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान योजना से आर्थिक सहायता दी जा रही है। सभी रोगियों को सरकारी अस्पतालों से नि:शुल्क दवाइयाँ मिल रही हैं।
श्री चौहान ने कहा कि सरकार ने निर्णय लिया है कि हर साल जिलों में लगने वाले विशेष शिविर में बीमार लोगों का इलाज किया जायेगा और अगर गंभीर बीमारी पायी जाती है, तो देश के प्रसिद्ध चिकित्सालयों में रोगियों का उपचार करवाया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयास में अगर सामाजिक संस्थाएँ जुड़ जायें, तो स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर परिणाम पाने के साथ ही हम स्वस्थ मध्यप्रदेश बनाने में सफल होंगे। श्री चौहान ने मेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाने में तन्खा फाउण्डेशन, मध्यप्रदेश फाउण्डेशन और रोटरी क्लब द्वारा दिये गये सहयोग की सराहना की। उन्होंने शिविर में नि:शुल्क सेवा देने के लिये ख्यातिलब्ध चिकित्सकों और पेरा-मेडिकल स्टॉफ की सराहना की।
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश श्री दीपक वर्मा और पूर्व महाधिवक्ता श्री विवेक तन्खा ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने शिविर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया।

-----------------------







No comments:

Post a Comment