Wednesday, 10 February 2016

10 फरवरी 2016
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

एक से 19 वर्ष तक के बच्चों को खिलाई गई कृमिनाशक गोली
        देवास 10 फरवरी 2016/ यह एक पुनीत कार्य है, जो राष्ट्र की भावी पीढ़ी को सेहतमंद व स्वस्थ्य रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग है किंतु सभी शासकीय-अशासकीय, समाजसेवी संस्थाओं के साथ-साथ जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि व आम नागरिकों का भी दायित्व है कि स्वास्थ्य विभाग के कार्यों में सक्रिय सहयोग करते हुए आम नागरिकों तथा युवा पीढ़ी को स्वस्थ्य रखने में अपनी अहम भूमिका का निर्वाह करें। उक्त उद्गार महापौर सुभाष शर्मा ने आज बुधवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 10 फरवरी 2016 के अवसर पर जिला मुख्यालय पर राधाबाई हायर सेकेंड्री स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए।
        इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर प्रबल सिपाहा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ए.के. दीक्षित, उपसंचालक शिशु स्वास्थ्य डॉ. राजश्री बजाज, सिविल सर्जन डॉ. अतुल पवनीकर, महिला बाल विकास अधिकारी सुनीता यादव, पार्षद राजेश यादव, प्राचार्य राधाबाई कन्या हा.से. स्कूल एस.एल.परमार, सहित स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं स्कूल की छात्राएं उपस्थित थीं।
विकासखंडों में भी आयोजित किया गया कार्यक्रम
        राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस कार्यक्रम जिला मुख्यालय एवं समस्त विकासखंड मुख्यालय पर स्थानीय जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में 1 वर्ष से 19 वर्ष आयु वर्ग तक के बच्चों एवं किशोरों को सभी शासकीय व अनुदान प्राप्त स्कूलों व आंगनवाड़ी केंद्रों में कृमि नाशक गोली खिलाई गई। कार्यक्रम में छात्राएं उपस्थित थी। उपस्थित छात्राओं को कृमिनाशक गोली खिलाई गई।
स्वस्थ शरीर के लिए कृमिनाशन बहुत जरूरी है
        प्रभारी कलेक्टर प्रबल सिपाहा ने कहा कि बच्चों में कृमिनाशन किया जाना आवश्यक है। यदि बच्चों के पेट में कृमि होंगे तो उनका शारीरिक, मानसिक तथा बौद्धिक विकास नहीं हो पाएगा। इस लिए इसको समाप्त करना जरूरी है। इस कार्य में जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण रूप से निगरानी की जाएगी।
कृमिनाशन गोली के सेवन से स्वास्थ्य अच्छा रहता है
        मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ए.के.दीक्षित ने कहा कि बच्चों में कृमिनाशन किया जाना अत्यंत आवश्यक है। कृमिनाशन गोली के सेवन से बच्चों का स्वास्थ्य अच्छा रहने के साथ-साथ यह रक्त अल्पता के निदान में सहायक होगी। कृमिनाशन से बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास में भी बाधा नहीं आएगी। उन्होंने बताया कि विश्व कृमि दिवस पर 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को कृमिनाशन गोलियां शासकीय व अनुदान प्राप्त स्कूलों व आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिवस पर गोली खाने से वंचित रहे या छुटे हुए बच्चों को 15 फरवरी 2016 को मॉप अप दिवस पर कृमिनाशन गोली खिलाई जाएगी।
विकासखंड स्तर पर भी मनाया गया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस
        विकासखंड कन्नौद में विधायक आशीष शर्मा द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय में, खातेगांव में जनपद अध्यक्ष गुलाब बाई टांडा द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय में, बरोठा में संरपंच जयंत नागर द्वारा शासकीय हायर सेकेंड्री स्कूल, बागली में नगर पंचायत अध्यक्ष अमुल राठौर व एस.डी.एम पुरूषोत्तम कुमार द्वारा उत्कृष्ठ विद्यालय में, टोंकखुर्द में जनप्रतिनिधि भु.पू. नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश श्रीवास्तव द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय तथा सोनकच्छ में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि दशरथ सिंह यादव द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय सोनकच्छ में शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की गई मॉनिटरिंग
        कार्यक्रम की मॉनिटरिंग के लिए विकासखंड टोंकखुर्द में जिला कार्यक्रम प्रबंधक कामाक्षी दुबे, विकासखंड बरोठा में डॉ. एम.के. धाकड़, विकासखंड खातेगांव व कन्नौद में डॉ.के. कल्याणे, विकासखंड बागली में डी.सी.एम. ओमप्रकाश मालवीय, देवास शहरी क्षेत्र में डॉ. डी.एस.चौहान, एवं विकासखंड सोनकच्छ व समस्त जिले की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ए.के. दीक्षित द्वारा मॉनिटरिंग की गई।
संस्कृत में किया गया कार्यक्रम का संचालन
        राष्ट्रीय कृमि मुक्त्‍िा दिवस कार्यक्रम का संचालन भी आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम का संचालन कर रही शिक्षिका मनीषा सोनी ने पूरे कार्यक्रम का संचालन संस्कृत में किया। जिसे उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।

-------------------------------
विधायक कप टेनिसबॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन जमोनिया (रक्षक) टोंकखुर्द में
        देवास 10 फरवरी 2016/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विधानसभा क्षेत्र सोनकच्छ में विधायक कप टेनिसबॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का तीन दिवसीय आयोजन 19 एवं 21 फरवरी 2016 को विधायक सोनकच्छ राजेंद्र वर्मा के मार्गदर्शन में ग्राम जमोनिया (रक्षक) तहसील टोंकखुर्द में किया जाएगा। प्रतियोगिता में सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत की टीमें ही भाग ले सकेगीं। इसमें आयु बंधन नहीं होगा।
        जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम पुरूस्कार 11000 रूपए, द्वितीय 5100 रूपए  की राशि विधायक द्वारा घोषित की गई हैं।
इनसे कर सकते हैं संपर्क
      जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले इच्छुक खिलाड़ी राकेश सिंघल 9993737844, दिलीप सिसोदिया 8085227080, कमल चन्द्रवंशी 9926502829, सुभाष मंडलोई 9826573040तथा राजेन्द्र आर्य, से संपर्क कर सकते हैं।
------------------------------

पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक 12 फरवरी को

        देवास 10 फरवरी 2016/ पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक 12 फरवरी शुक्रवार को दोपहर 1.00 बजे आईपीपी-6 भवन में पैथालॉजिस्ट डॉ. अतुल बिड़वई की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। नोडल अधिकारी पीसी एंड पीएनडीटी ने सभी संबंधितों से बैठक में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।
बैठक का एजेंडा
        शासन के आदेश अनुसार पीसी एंड पीएनडीटी के अंतर्गत नवीन एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर भविष्य के सोनोग्राफी संस्थाओं के पंजीयन, नवीनीकरण एवं प्रपत्र एफ की प्रविष्टियां करने की जानकारी उपस्थित सदस्यों को विशाल जाट एमआईएस द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी। अन्य विषयों पर चर्चा अध्यक्ष की अनुमति से की जाएगी।
------------------------------

फरवरी और मार्च में अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे उप पंजीयक कार्यालय

        देवास 10 फरवरी 2016/ महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक मप्र के आदेश पर माह फरवरी 2016 में शासकीय अवकाश 13,20 एवं 22 फरवरी एवं माह मार्च 2016 में शासकीय अवकाश दिवस 6,7,12,13,19,20,25 एवं 27 मार्च को जिले के समस्त उप पंजीयक कार्यालय एवं उससे संबंधित शासकीय कार्यों के लिए खुले रहेंगे। वरिष्ठ जिला पंजीयक देवास ने बताया है कि किसी को भी अपनी संपत्ति से संबंधित क्रय-विक्रय की ई-पंजीयन कराना हो तो वे माह फरवरी एवं मार्च 2016 में उक्त अवकाश के दिनों में भी कार्यालय में उपस्थित होकर अपना ई-पंजीयन कार्य संपन्न करवा सकते हैं।
-----------------------------------

फोटोयुक्त मतदाता-सूची संबंधी प्रशिक्षण 17 से 19 फरवरी तक

        देवास 10 फरवरी 2016/ राज्य निर्वाचन आयोग में 17 से 19 फरवरी तक फोटोयुक्त मतदाता-सूची पुनरीक्षित करने के संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण सुबह 11 से शाम 5 बजे तक होगा। दिनांक 17 फरवरी को इंदौर, सागर एवं शहडोल संभाग के जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसी तरह 18 फरवरी को ग्वालियर, रीवा, नर्मदापुरम एवं भोपाल संभाग और 19 फरवरी को जबलपुर, चम्बल तथा उज्जैन संभाग के सभी जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
----------------------------

हज आवेदन तिथि 15 फरवरी तक बढ़ी

       देवास 10 फरवरी 2016/मध्यप्रदेश राज्य हज कमेटी ने हज-2016 के लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि अब 15 फरवरी, 2016 तक कर दी है। अध्यक्ष हाजी इनायत हुसैन कुरैशी ने हज कमेटी ऑफ इण्डिया को हज आवेदनों की तिथि बढ़ाने का आग्रह किया था।
       अध्यक्ष हज कमेटी ने प्रदेश के सभी इच्छुक हज आवेदकों से अनुरोध किया है कि वे तत्काल अपना पासपोर्ट बनवा लें ताकि हज आवेदन के समय असुविधा न हो। पासपोर्ट आवेदन करते समय पासपोर्ट कार्यालय को यह जरूर स्पष्ट करें कि यह पासपोर्ट आवेदन हज-यात्रा पर जाने के लिये है। हज-2016 के लिये आवेदकों को अपने वैध पासपोर्ट, जिसकी वैधता की तिथि कम से कम 10 मार्च, 2017 हो, हज आवेदन से संलग्न करना अनिवार्य होगा।
------------------------------

तिलहन संघकर्मी संविलियन योजना में वेतन निर्धारण प्रक्रिया तय

       देवास 10 फरवरी 2016/राज्य शासन द्वारा राज्य सहकारी तिलहन उत्पादक संघ के सेवायुक्तों के विभिन्न शासकीय विभाग में संविलियन करने की प्रक्रिया निर्धारित की गयी है। संविलियत पद के वेतनमान में वेतन निर्धारण इस प्रकार रहेगा। संविलियन की दिनांक को तिलहन संघ में प्राप्त होने वाला वेतन संविलियत पद के वेतनमान के न्यूनतम से कम है, तो न्यूनतम पर और तिलहन संघ से प्राप्त होने वाले वेतन के बराबर की प्रक्रम संविलियत पद के वेतनमान में है, तो उसी प्रक्रम पर।
       तिलहन संघ में प्राप्त वेतन संविलियत पद के वेतनमान के 2 प्रक्रम के बीच हो, तो निचले प्रक्रम पर तथा अंतर की राशि व्यक्तिगत वेतन होगी। व्यक्तिगत वेतन की राशि का समायोजन आगामी वेतन वृद्धि में किया जायेगा। संविलियत पद के वेतनमान में संबंधित सेवायुक्त की वेतन वृद्धि की तिथि राज्य शासन के नियमों के अनुसार निर्धारित की जायेगी।
--------------------------------

No comments:

Post a Comment