Tuesday, 16 February 2016

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

जनसुनवाई में आवेदकों ने दिए आवेदन

        देवास 16 फरवरी 2016/ जिला मुख्यालय में जनसुनवाई में आज मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में आवेदकों ने अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला के समक्ष आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर ने सभी पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एडिशनल एसपी राजेश रघुवंशी, एसडीएम सारिका भूरिया सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
वृद्धा पेंशन ‍दिलाई जाए
    आवेदक रामचंद्र पिता किशनजी निवासी छायन ग्राम पंचायत चंदाना ने आवेदन में बताया है कि वह गरीब परिवार से होकर वृद्ध है, उसे व उसकी पत्नि को वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलती है। उसे व उसकी पत्नी को वृद्धावस्था पेंशन दिलाई जाए। आवेदन पर सुनवाई करते हुए अपर कलेक्टर ने जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।
संविदा शिक्षक को वापस स्कूल में पदस्थ किया जाए
    ग्राम निमलाय तहसील सतवास के ग्रामीण रामभरोसा, खेमा, मंशाराम, सतीश सहित अन्य लोगों ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि वे सभी ग्राम निमलाय के रहने वाले हैं तथा उनके बच्चे ग्राम के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में पढ़ते हैं। वहां पर संविदा शिक्षक-3 ने अपनी ड्यूटी निर्वाचन के चलते सोनकच्छ एसडीएम कार्यालय में लगवा ली है। उसके बाद से वह स्कूल में पढ़ाने नहीं आता है। इसलिए शिक्षक की वापस से गांव के स्कूल में पदस्थापना की जाए। जिससे बच्चों की पढ़ाई पूर्ण की जा सकें। आवेदन पर जांच के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए।
सेविंग खाते से ऑनलाइन शॉपिंग की गई
    आवेदक लक्ष्मीप्रसाद बिलथरे निवासी जयप्रकाश नगर देवास ने आवेदन में बताया कि उसके पास 3 नवंबर 2015 को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था, जो कि खुद को SBI  बैंक इंदौर का ऑफिसर बता रहा था। जो कि बातों में उससे उसके बैंक एक एटीएम नंबर व पासवर्ड पूछ लिया। इसके बाद उस अज्ञात व्यक्ति द्वारा ऑनलाइन शॉपिंग की गई। आवेदक ने कहा कि अज्ञात आरोपी को पकड़कर उसके ऊपर कार्रवाई की जाए तथा उसे उसके पैसे वापस दिलाया जाए। इस पर अपर कलेक्टर ने जांच करने के निर्देश दिए।

------------------------

स्वस्थ व्यक्ति ही गुणवत्ता पूर्ण कार्य कर सकता है

        देवास 16 फरवरी 2016/ हमें अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ व्यक्ति ही गुणवत्ता पूर्ण कार्य कर सकता है। अच्छा स्वास्थ्य परिवार एवं राष्ट्र के सर्वागीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर सकता है।   उक्त बातें मप्र असंगठित ग्रामीण एवं शहरी कामगार मंडल अध्यक्ष सुल्तानसिंह शेखावत ने बैंक नोट प्रेस परिसर में आंगनवाड़ियों के बच्चों एवं महिलाओं के लिए टाटा इंटरनेशनल लिमिटेड देवास एवं कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं द्वारा आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में कही। उन्होंने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं एवं टाटा इंटरनेशनल द्वारा श्रमिकों के हितार्थ जो कार्य किए जा रहे है, वह प्रशंसनीय है।
         इस अवसर पर बैंक नोट प्रेस महाप्रबंधक एमसी बेल्लपा, टाटा इंटरनेशनल कारखाना प्रबंधक डॉ.चंद्रशेखर काटजू, बिजनेस हेड टाटा इंटरनेशनल राकेश अग्रवाल, कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं संचालक डॉ. बीएल बंगेरिया, रईस शेख, कैलाश राय, गणेश बोर्डिया, दीपक कामले, ईश्वर परिहार, पीयूषसिंह, अनीता चव्हाण, देवेंद्र शर्मा, प्रदीप जोशी, एनएल मारू आदि उपस्थित थे।
गरीब स्वास्थ्य के लिए प्रयास करना हमारा कर्त्तव्य
    बैंक नोट प्रेस महाप्रबंधक एमसी बेल्लपा ने कहा कि गरीब एवं सर्वहारा वर्ग के स्वास्थ्य के लिए प्रयास करना हमारा कर्त्तव्य है। आयोजित शिविर में 241 बच्चों एवं महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण डॉ. बेला हेमनानी, डॉ. टी. सेफी, डॉ. रेकांक्षा ने किया।

----------------------------

मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम 20 फरवरी को

        देवास 16 फरवरी 2016/ मध्यस्थता योजना के प्रचार के लिए मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन 20 फरवरी को दोपहर 2 बजे मध्यस्थता केंद्र के सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने बताया है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समस्त न्यायाधीश, अधिवक्तागण, मध्यस्थ, मीडिया, न्यायालय स्टॉफ, सभी पीएलवी कार्यकर्ता, पैनल लायर, पक्षकारगण तथा आमजन को आमंत्रित किया गया है। मध्यस्थता जागरूकता शिविर में उपस्थित होकर मध्यस्थता के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ अर्जित करें।
--------------------------

5वीं - 8वीं परीक्षा हेतु समय सारणी जारी

        देवास 16 फरवरी 2016/राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा कक्षा 5वीं एवं कक्षा 8वीं परीक्षा 2016 के लिए समय सारणी जारी कर दी गई है। कक्षा 5वीं एवं 8वीं की मूल्याकंन परीक्षा 26 मार्च से 4 अप्रैल तक आयोजित होगी। कक्षा 1 से 4 तथा कक्षा 6 व 7 की मूल्यांकन परीक्षा 4 अप्रैल से 12 अप्रैल तक आयोजित होगी। मूल्याकन में सम्मिलित हो रहें छात्र-छात्राओं का परीक्षा केन्द्र उनकी अध्ययनरत शाला होगी। कक्षा 5वीं की परीक्षा प्रातः 8 से 10:30 एवं कक्षा 8वी की परीक्षा प्रातः 8 से 11 बजे के बीच परीक्षा कार्यक्रम अनुसार संपन्न होगी। कक्षा 1 से 4 की परीक्षा प्रातः 11:30 से दोपहर 2 बजे तक एवं कक्षा 6 व 7 की परीक्षा प्रातः 11:30 से दोपहर 2:30 बजे तक संपन्न होगी। दो पाली की कक्षाओं में आवश्यकता पड़ने पर कक्षा 1 से 4का वार्षिक मूल्यांकन सुबह 11:30 से अपरान्ह 2 बजे के स्थान पर अपरान्ह 2 बजे से सांय 4:30 बजे के बीच संपन्न कराया जा सकता है। इसी प्रकार कक्षा 6 व 7 का वार्षिक मूल्यांकन सुबह 11:30 से अपरान्ह 2:30 बजे के स्थान पर अपरान्ह 2 से 5 बजे के बीच संपन्न कराया जा सकता है। कक्षा 1 से 8 तक वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा परिणाम दिनांक 30 अप्रैल 2016 तक घोषित किया जाए।
------------------------

गैर शिक्षकीय कार्य में संलग्न शिक्षको को उनकी मूल पदस्थापना पर भेजें

       देवास 16 फरवरी 2016/लोक शिक्षण संचालनालय के संज्ञान में आया है कि जन प्रतिनिधियों के पास अथवा विद्यालयों से अन्यत्र शासन नियमों के विरूद्ध अनेक शिक्षक संवर्ग के व्यक्ति सहायक के रूप में कार्य कर रहे है। इससे उन विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
       सभी शिक्षक संवर्ग के कर्मचारियों को उनकी पदस्थापना हेतु भार मुक्त करें, अपरिहार्य स्थितियों मे निर्वाचन, जनगणना आदि में शिक्षक को लगाया गया है तो जिला अंतर्गत संलग्न शिक्षकों की संख्या दर्शाते हुए प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें, कि उक्त संख्या के अतिरिक्त कोई शिक्षक गैर शिक्षकीय कार्य में निजी संस्था, कार्यालय, जनप्रतिनिधि के पास कार्यरत नहीं है।
-------------------------

नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार करने कार्यक्रम निर्धारित

       देवास 16 फरवरी 2016/नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार करने के सतत् पुनरीक्षण के लिए कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल द्वारा निर्धारित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव द्वारा जारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगरीय निकायों, नगर पालिका निगम, नगर पालिका परिषद, नगर परिषद के निर्वाचन के लिए एक जनवरी 2016 के सन्दर्भ में तारीख के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार करने के सतत पुनरीक्षण के लिए कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है।
       यह कार्यक्रम 2 चरणों में होगा जिसके प्रथम चरण में राज्य निर्वाचन आयोग के तहत 15 फरवरी 2016 को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति 23 से 27 फरवरी तक प्रारंभिक प्रारूप मतदाता सूची तैयार करने के लिए कर्मचारियों का चयन एवं प्रशिक्षण, 23 फरवरी को भारत निर्वाचन आयोग की 01जनवरी 2016 की स्थिति में तैयार अद्यतन निर्वाचन नामावली एवं अनुपूरक सूचियों सहित जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त करना, 24 फरवरी को विधानसभा निर्वाचक नामांवली को नगरीय निकायवार भागो में पृथक.पृथक कर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराया जाये, 4 मार्च को प्रचलित परिसीमन के आधार पर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा मतदाता सूची को वार्ड अनुसार मार्किग कर प्रारूप मतदाता सूची तैयार की जायेगी।
       5 मार्च को निर्वाचक नामांवली की प्रति वेण्डर को प्रदाय की जायेगी, 11 मार्च को वेण्डर द्वारा चिन्हित मतदाताओ को साफ्टवेयर के माध्यम से दर्शित वार्ड के मोहल्ले में शिफ्ट कर प्रारूप मतदाता सूची में किया जायेगा एवं वेण्डर द्वारा वार्ड वार मतदाता सूची की चेकलिस्ट रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराई जायेगी। दिनांक 18 मार्च को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा चेकलिस्ट की जांच की जायेगी एवं जांच उपरांत परिलक्षित त्रुटियो का वेण्डर से सुधार कार्य करवाया जायेगा। सुधारने के उपरांत चेक लिस्ट हस्ताक्षर कर वेण्डर को प्रदाय की जायेगी।  दिनांक 22 मार्च को वेण्डर द्वारा प्रारूप प्रकाशन के लिए प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध कराई जायेगी।
       इस कार्यक्रम के दूसरे चरण में 22 मार्च को आवश्यकता अनुसार राजनैतिक दलो को मतदाता सूची उपलब्ध कराई जायेगी। 26 मार्च को प्रारूप मतदाता सूची के संबध में सार्वजनिक सूचना का प्रकाशन और दावे तथा आपत्तियां प्राप्त करने करने की शुरूआत की जायेगी। 6 अप्रैल को प्राप्त दावों तथा आपत्तियों के निपटारे के अंतिम तिथि होगी। दिनांक  22 अप्रैल को दावें तथा आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तारीख होगी, 23 अप्रैल को दावे आपत्ति के निराकरण पश्चात परिर्वधन, संशोधन, विलोपन की पाण्डुलिपि एवं फार्म वेण्डरों को डाटा एन्ट्री हेतु उपलब्ध कराये जायेंगे। दिनांक 26 अप्रैल को वेण्डर से प्राप्त चैक लिस्ट का निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा जांच करवाना तथा हस्ताक्षर के उपरांत चैकलिस्ट में संशोधन का कार्य करवाया जायेगा। दिनांक  28 अप्रैल को वेण्डर द्वारा मतदाता सूची अनुपूरक सूची का मुद्रण कर जिला कार्यालय को प्रदाय किया जायेगा। दिनांक  30 अप्रैल को मतदाता सूची का प्रकाशन एवं अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची राजनैतिक दलों का उपलब्ध कराने के लिए वेण्डरो के माध्यम से प्राप्त की जायेगी। जिन नगरीय निकायो में फोटोयुक्त मतदाता सूची प्रथम बार तैयार की जाना है उनमें कन्ट्रोल टेबल एवं आधार पत्रक तैयार कर मतदाता शिफिटग की कार्यवाही की जायेगी।
----------------------------



    

No comments:

Post a Comment