Friday, 19 February 2016

19 फरवरी 2016
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

शिक्षा महाविद्यालय को बनाएं स्मार्ट कॉलेज- कमिश्नर
       देवास 19 फरवरी 2016/ देवास के शिक्षा महाविद्यालय को स्मार्ट कॉलेज बनाएं। निजी क्षेत्र की भागीदारी से इसके संचालन के लिए कार्य योजना बनाएं। यहां शिक्षा उत्कृष्ट हो ताकि यहां से निकलने वाले शिक्षक भी उत्कृष्ट हों। कमिश्नर उज्जैन डॉ. रवींद्र पस्तौर ने आज शुक्रवार को देवास में शिक्षा महाविद्यालय की संस्थान विकास समिति की बैठक में यह बात कही। बैठक में प्रभारी कलेक्टर प्रबल सिपाहा, एडीएम कैलाश बुंदेला, आयुक्त नगर निगम हिमांशुसिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
       बैठक में प्राचार्य ने महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों से कमिश्नर को अवगत कराया। हॉस्टल जीर्णोद्धवार, पेयजल व्यवस्था, फीस संरचना, स्टॉफ की उपलब्धता सहित अन्य जरूरी कार्यों पर चर्चा की गई। महाविद्यालय में शिक्षक प्रशिक्षण में कम्प्यूटर की अनिवार्यता के भी निर्देश दिए गए। संभागायुक्त ने शैक्षणिक टूर में जू और अन्य ऐसे स्थलों के चयन पर असंतोष जताया और कहा कि देश-प्रदेश के उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों में प्रशिक्षुओं का भ्रमण कराएं।

---------------------------
वेबसाइट के माध्यम से उद्योगों को आधार से जोड़े
    देवास 19 फरवरी 2016/ शासन द्वारा संचालित स्‍वरोजगार योजनाएं- मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, प्रधानमंत्री रोगार सृजन कार्यक्रम एवं अन्य योजनाओं अंतर्गत लाभाविंत हितग्राही जिन्हें बैंक द्वारा ऋण वितरण किया गया है। वे हितग्राही अपनी इकाईयां, किराना दुकान, जनरल स्टोर्स, स्टेशनरी शॉप, आटा चक्की, फेब्रिकेशन वर्क, मोटर बाइडिंग, हार्ड वेयर शॉप, कपड़े की दुकान आदि स्‍थापित कर चुके हैं।
         जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र महाप्रबंधक एके चौहान ने बताया है कि ऐसे हितग्राही अपनी इकाई का उद्योग आधार पंजीयन विभाग की वेबसाइट www.mpindustry.gov.in पर स्वयं कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें आधार कार्ड पंजीयन क्रमांक एवं बैंक खाता संख्या होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त Google से Udyog Aadhar पर जाकर सीधे भी पंजीयन किया जा सकता है। ऐसे हितग्राही जिन्होंने उद्योग आधार पंजीयन प्राप्त कर लिया है। उन्हें मध्यप्रदेश शासन की मप्र एमएसएमआई प्रोत्‍साहन योजना 2014 की नीति के अंतर्गत पात्रता अनुसार एवं नियम अनुसार अन्य वित्तीय सुविधा भी प्राप्त होगी।
---------------------------

प्रत्येक ग्राम पंचायत में “किसान सभा” एक मार्च से

        देवास 19 फरवरी 2016/ राज्य शासन के निर्देशानुसार कृषि व कृषि से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिये एक मार्च से 15 अप्रैल तक प्रत्येक ग्राम पंचायत में किसान सभा का आयोजन किया जायेगा।
        प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाली यह किसान सभाएँ दोपहर 2 बजे से सायं 5:30 बजे तक सार्वजनिक स्थल पर आयोजित की जायेंगी। जिसके बारे में ग्राम कोटवार, सचिव, रोजगार सहायक द्वारा मुनादी कर ग्रामीणों को किसान सभा की तिथि, समय और स्थान की जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी। इस ग्राम सभा में किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, स्वाइल हैल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, मनरेगा में मेरा खेत-मेरी माटी उपयोजना, कृषि वानिकी, कृषि उद्यानिकी, 2016 का खरीफ प्लान, जल संरचनाओं व फसल चक्र के संबंध में चर्चा की जायेगी।
-------------------------------
सूचना शिविरों का आयोजन 24 फरवरी से
       देवास 19 फरवरी 2016/ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को देने के लिए सूचना शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
       तय तिथि अनुसार 24 फरवरी को खातेगांव विकासखंड के ग्राम बरछा बुजुर्ग में, 25 फरवरी को कन्नौद विकासखंड के ग्राम कुसमानिया में, 2 मार्च को बागली विकासखंड के ग्राम भमोरी में,  3 मार्च को देवास विकासखंड के ग्राम लोहारपीपल्या में, 9 मार्च को सोनकच्छ विकासखंड के ग्राम अगेरा में तथा 10 मार्च को टोंकखुर्द विकासखंड के ग्राम चिड़ावद में सूचना शिविर आयोजित किए जाएंगे।
क्रमांक
रोजगार मेले में 350 आवेदकों ने लिया हिस्सा
    देवास 19 फरवरी 2016/ प्रभारी कलेक्टर प्रबल सिपाहा के निर्देश पर शुक्रवार को जिला रोजगार कार्यालय के सहयोग से जनपद पंचायत देवास द्वारा कौशल उन्नयन रोजगार मेले का आयोजन किया गया। सीईओ जनपद पंचायत देवास ने बताया कि मेले में 350 से अधिक आवेदक शामिल हुए जिसमें 200 आवेदकों ने अपना पंजीयन करवाया। मेले में कंपनियों द्वारा करीब 92 आवेदकों का चयन किया गया।
------------------------------------

जरूरत के अनुसार ही बनायें मतदान-केन्द्र

मतदाता-सूची में पुनरीक्षण संबंधी प्रशिक्षण में श्री परशुराम

       देवास 19 फरवरी 2016/नगरीय निकाय एवं पंचायत निर्वाचन में जरूरत के अनुसार ही मतदान-केन्द्र बनायें। एक मतदान-केन्द्र पर लगभग 50 हजार रुपये व्यय होता है। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री आर. परशुराम ने यह बात फोटोयुक्त मतदाता-सूची के पुनरीक्षण संबंधी प्रशिक्षण में कही। आज जबलपुर, चंबल एवं उज्जैन संभाग के उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं वेंडर को प्रशिक्षण दिया गया।
       श्री परशुराम ने कहा कि प्रदेश में पहली बार नगरीय निकाय एवं पंचायत निर्वाचन की मतदाता-सूचियों का पुनरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वायें। श्री परशुराम ने कहा कि ऐसा सोचने की गलती नहीं करें कि हमें सब-कुछ आता है। उन्होंने कहा कि सूची में महिला एवं पुरुष का लिंगानुपात ठीक होना चाहिये। घर-घर जाकर महिलाओं का नाम सूची में जोड़ें।
सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्रीमती सुनीता त्रिपाठी ने कहा‍कि पुनरीक्षण के संबंध में आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कार्यवाही करें।
उप सचिव श्री पी.एन. यादव ने मतदाता जागरूकता अभियान की जानकारी दी। लेखा अधिकारी श्री प्रदीप शुक्ला ने मतदाता-सूची पुनरीक्षण की प्रक्रियाओं के बारे में बताया। अवर सचिव श्री संजय श्रीवास्तव ने आयु विश्लेषण और लिंगानुपात के संबंध में जानकारी दी।

 ----------------------------

No comments:

Post a Comment