Tuesday, 8 December 2015

दिनांक 08 दिसंबर 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुना जनसमस्याओं को

    देवास 08 दिसंबर 2015/ कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई में आज मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में आवेदकों ने कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के  समक्ष आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, एसडीएम सारिका भूरिया, डीएसपी जीएस बामनिया तथा अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कपिल धारा कुएं का कार्य पूर्ण कराएं
       आवेदक जानकी बाई पति पूनाजी निवासी नेवरी तहसील हाटपीपल्या ने आवेदन देते हुए बताया कि उसके खेत में ग्राम पंचायत नेवरी में शासन द्वारा कपिलधारा योजना अंतर्गत कुंआ निर्माण के लिए वर्ष 2013 में 3 लाख 87 हजार रूपए स्वीकृत हुए थे, पंचायत द्वारा उक्त राशि का आहरण कर कुआं निर्माण शुरू कराया गया। निर्माण एजेंसी द्वारा कुएं का कार्य पूर्ण नहीं करते हुए अधूरा छोड़ दिया है। इसके लिए वह जनपद पंचायत बागली में आवेदन भी कर चुकी है। फिर भी कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। इस पर कलेक्टर ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश जनपद पंचायत बागली सीईओ को दिए।
भरण पोषण की सहायता दिलवाएं
       आवेदक परवीन खान पति नासिर खान निवासी इंद्रा नगर देवास ने आवेदन दिया कि उसके पति घर से बाहर रहते हैं तथा शराब पीकर गालीगलौच कर मारपीट करते हैं। गृहस्थी चलाने के लिए पैसे नहीं देते है। मेरे दो बच्चें हैं जिनका लालन-पालन करने में कठिनाई आती है। उसे को भरण पोषण के लिए सहायता दिलवाएं। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम देवास को निर्देश दिए की प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
आर्थिक सहायता दिलाएं
       आवेदक प्रहलाद पिता गुलाब निवासी ग्राम फावड़ा तहसील सोनकच्छ ने आवेदन देते हुए बताया कि उसका पुराना मिट्टी एवं कवेलू का बना हुआ मकान गत 5 अगस्त 2015 को हुई बारिश में पूरी तरह से नष्ट हुआ। बारिश के कारण मकान में अत्यधिक नुकसान हुआ है। उसे आर्थिक सहायता दिलाया जाए। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।

-------------------------------
निर्माण कार्य के लिए 2 लाख 45 हजार रूपये की प्रशासकीय राशि स्वीकृत
      देवास 08 दिसंबर 2015/ विधानसभा क्षेत्र विकास योजना अन्तर्गत विधायक सोनकच्छ राजेंद्र वर्मा की अनुशंसा पर कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा ग्राम कन्हैरिया में सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए 2 लाख 45 हजार रूपए से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृती जारी की गई है।
------------------------
बीएसी के लिए काउंसलिंग 10 दिसंबर को
        देवास 08 दिसंबर 2015/ देवास जिले में बीएसी और सीएसी की नियुक्ति उच्च श्रेणी शिक्षकों, अध्यापकों की वरिष्ठता के आधार पर उच्च श्रेणी शिक्षकों को प्राथमिकता देते हुए की जाना है। चयन के लिए काउंसलिंग 10 दिसंबर को जिला चयन समिति के माध्यम से महारानी चिमनाबाई कन्या उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय देवास में प्रात: 11 बजे से की जाएगी।
-----------------------------
अल्प प्रवास पर आए मुख्यमंत्री
        देवास 08 दिसंबर 2015/ मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान आज मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह राजपूत के परिवार में आयोजित विवाह समारोह में पहुंचे। विवाह समारोह का आयोजन सोनकच्छ के निकट ग्राम अरनिया में स्थित भीमराज रिसोर्ट में हुआ।
    इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ राजस्व मंत्री श्री रामपाल सिंह, विधायक श्री राजेंद्र वर्मा, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, पुलिस अधीक्षक अभयसिंह, अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।






No comments:

Post a Comment