दिनांक 03 दिसंबर 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा
चा र॥
शहीद
सुरेन्द्रसिंह की याद में एनाबाद में बनेगा शहीद भवन
मुख्यमंत्री
श्री चौहान ने एनाबाद पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
देवास 03 दिसंबर 2015/ "वे लोग धन्य होते हैं जो देश के काम आते हैं। अमर शहीद सुरेन्द्रसिंह
ने छोटी सी उम्र (22 वर्ष) में ही अपनी मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिये।
साथ ही वे जाते-जाते अपने तीन साथियों की जान बचा गये। वे हमेशा हमारे दिलों में जिन्दा
रहेंगे। उनकी याद में एनाबाद में उनका स्मारक तथा शहीद भवन बनाया जायेगा, जिससे उन्हें
सब याद करते रहें।"
मुख्यमंत्री
श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज गुरूवार को देवास जिले की सोनकच्छ तहसील के ग्राम एनाबाद
पहुंचकर वहां के वीर सपूत शहीद सुरेन्द्रसिंह गोहिल को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके
माता-पिता एवं परिवारजनों को सांत्वना दी। इस अवसर पर प्रदेश के राजस्व एवं पुनर्वास
मंत्री श्री रामपालसिंह, स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी,
विधायक श्री राजेन्द्र वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेन्द्रसिंह राजपूत, श्री
बहादुर मुकाती आदि उपस्थित थे।
माता पिता एवं
भाई से मिलकर बंधाया ढांढस
मुख्यमंत्री
श्री चौहान ने शहीद सुरेन्द्रसिंह के घर जाकर शहीद सुरेन्द्रसिंह के चित्र पर माल्यार्पण
किया। वे उनके माता पिता एवं बड़े भाई से मिले तथा उन्हें आश्वस्त किया कि उनको किसी
भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जायेगी। मध्यप्रदेश सरकार उनके परिवार की तरह ही
उनकी देखभाल करेगी। शासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जायेगी। इस अवसर पर उपस्थित
सभी ने दो मिनिट का मौन रखकर शहीद सुरेन्द्रसिंह को श्रद्धांलति अर्पित की।
धन्य हैं माता-पिता
मुख्यमंत्री
श्री चौहान ने कहा कि शहीद सुरेन्द्रसिंह के माता पिता धन्य हैं, जिन्होंने अपने दोनों
बेटों को भारतीय सेना में भर्ती कर देशभक्ति का उदाहरण प्रस्तुत किया है। शहीद सुरेन्द्रसिंह
पूरे देश तथा मध्यप्रदेश के बेटे हैं। हम सबको उन पर गर्व है। उन्होंने जान हथेली पर
रखकर तथा सर पर कफन बांधकर भारत माता की सेवा की।
शहीद स्मारक, शहीद भवन तथा स्कूल का नामकरण
मुख्यमंत्री
श्री चौहान ने घोषणा की कि गांव में शहीद सुरेंद्रसिंह का स्मारक तथा गांव की डेढ़
बीघा भूमि पर उनकी याद में शहीद भवन बनाया जाएगा। यहां पर इनकी मूर्ति भी स्थापति की
जाएगी। इसी के साथ माध्यमिक विद्यालय बीसाखेड़ी का नाम शहीद सुरेंद्रसिंह के नाम पर
किया जाएगा।
आर्थिक सहायता
दी
मुख्यमंत्री
श्री चौहान ने मप्र शासन की ओर से आर्थिक सहायता के रूप में शहीद सुरेंद्रसिंह के परिजन
को 10 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी। इसके अलावा विधायक श्री राजेंद्र वर्मा ने भी
अपनी विधायक निधि से परिवार को आर्थिक सहायता की घोषणा की।
----------------------------
शहीद
सुरेंद्रसिंह गोहिल की जीवन यात्रा
शहीद सुरेंद्रसिंह का जन्म 3 अगस्त 1993 को देवास
जिले की तहसील सोनकच्छ के ग्राम एनाबाद में हुआ था। उनके पिता का नाम श्री रणवीर सिंह
गांव में खेती बाड़ी करते है। उनकी माता का नाम श्रीमती मोयन बाई है। उनके बड़े भाई जो
उम्र में उनसे 5 वर्ष बड़े हैं, वे भारतीय सेना की 13 राजरिफ यूनिट जयपुर में पदस्थ
हैं।
सुरेंद्रसिंह में बचपन से देशभक्त्िा
से जज्बा था। उन्होंने ग्राम के विद्यालय (बीसाखेड़ी) में कक्षा 8 तक शिक्षा प्राप्त
की। इसके उपरांत वे सोनकच्छ में कक्षा 9 से 12 तक पढ़े। परिवार में बड़े भाई महेंद्रसिंह
गोहिल के सेना में जाने तथा उसके पूर्व उनके ताऊजी के लड़के जितेंद्रसिंह के सेना में
जाने से उनके अंदर छिपा हुआ देशभक्ति का जज्बा बाहर आया और उन्होंने भारतीय सेना में
जाने का विचार बनाया।
सुरेंद्रसिंह ने भारतीय सेना की भर्ती
परीक्षा दी तथा वे वर्ष 2013 में भारतीय सेना में भर्ती हो गए। उनका प्रशिक्षण फतेहगढ़
में एक वर्ष तक हुआ। वर्ष 2014 में उनकी पदस्थापना भारतीय सेना की 26 राजपूत यूनिट
में तंगधार जिला कुपवाड़ा जम्मू काश्मीर हो गई।
सुरेंद्रसिंह 28 नवंबर को प्रात: अपनी
यूनिट के 8 व्यक्तियों के साथ तंगधार क्षेत्र में पेट्रोलिंग के लिए निकले। इस क्षेत्र
में बर्फ से आच्छादित खतरनाक नुकीली पहाड़ियां हैं, जहां चलना अत्यंत दुरूह है। पेट्रोलिंग
के दौरान प्रात: लगभग 8 बजे उनका पैर फिसला और वे 60 से 70 फीट गहरी खाई में गिरने
लगे। वे अपने तीन अन्य साथियों के साथ एक ही रस्सी को पकड़े हुए थे। उनके नीचे आने से
उनके अन्य साथी भी उस रस्सी के साथ उनकी ओर आने लगे, जिन्होंने सुरेंद्रसिंह को ऊपर
लेने की कोशिश की। संभवत: उनकी कोशिश कामयाब भी हो सकती थी, परंतु सुरेंद्रसिंह को
यह मंजूर नहीं था कि उनकी वजह से उनके साथियों की जान जाए। उन्होंने तुरंत निर्णय लेते
हुए रस्सी छोड़ दी, जिससे वे गहरी खाई में गिर गए तथा उनके प्राण पखेरू उड़ गए।
सुरेंद्रसिंह के बड़े भाई महेंद्रसिंह
जो कि अभी कुंवारे हैं, अत्यंत दुख के साथ बताते है कि "सुरेंद्रसिंह हर काम मेरे
साथ करता था। सेना में जाने का निर्णय भी उसने मुझे देखकर लिया था। मेरे साथ ही उसका
शादी करने का इरादा था। मुझे उसके जाने का अत्यधिक गम है तथा इस बात की चिंता है कि
मेरे ड्यूटी पर जाने के बाद मेरे मां बाप अकेले रह जाएंगे। यदि शासन मेरे चचेरे भाई
कुलदीप सिंह को ग्राम में ही कोई नौकरी दे देता है तो वो मेरे मां बाप का सहारा बन
सकता है।"
---------------------------
खूब दौड़ा
टाटा इंटरनेशनल देवास के संग
देवास 03 दिसंबर 2015/ एकता में ही शक्ति है, जहां
सामूहिक कार्य और परस्पर सहयोग व समन्वय है वहां अद्भुत चीजें हासिल की जा सकती है।
एकता और सदभाव ही हम सब की शान हैं।
यह विचार
टाटा इंटरनेशनल लिमिटेड देवास के सीईओ एवं बिजनेस हेड राकेश अग्रवाल एवं कारखाना प्रबंधक
डॉ. चंद्रशेखर काटजू ने टाटा इंटरनेशनल द्वारा आयोजित दौड़ (रनफॉर यूनिटी तथा एथिक्स)
को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि टाटा समूह जैसे कॉर्पोरेट
सेक्टर द्वारा इस तरह के सामाजिक सरोकारों से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन करके समाज
में जागरूकता सराहनीय कदम है।
एक्ता एवं
एथिक्स के लिए हुई दौड़ में टाटा इंटरनेशनल के करीब सवा सौ कर्मचारियों ने पूरे जोशोखरोश
के साथ भाग लिया। एक किलोमीटर की यह दौड़ सयाजी द्वार से शुरू हुई तथा जिलाधिकारी आवास
पर खत्म हुई। एकता दौड़ को देखने के लिए सड़कों पर काफी तादात में दर्शक भी उपस्थित थे।
जो धावकों का हौंसला बढ़ा रहे थे।
दौड़ के समापन
स्थल पर टाटा इंटरनेशनल एथिक्स समिति के प्रमुख राजकुमार मित्तल ने इस सांकेतिक दौड़
में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि इस दौड़ का आयोजन
हम सभी में एकता, सहयोग और बिजनेस शुचिता तथा पारदर्शित के लिए किया गया है। बिजनेस
हैड राकेश अग्रवाल ने जीत हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। इस अवसर पर रामानंद पांडेय,
संजय रेघे, अमिताभ माथुर, देवाशीष दास, सुदीप्ता बनर्जी, असलम अंसारी, शुभम जिंदानी,
ऋषभ चौहान, समीर तुंगारे, निपुण गोयल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
------------------------
मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा ग्राम जलालखेड़ी में
आयोजित अंत्योदय मेले में तीन हजार से अधिक 12 करोड़ 94 लाख रूपए आदान सामग्री वितरित
प्रदेश
के सभी ग्रामों मूलभूत सुविधाओं से लैस किया जाएगा- मुख्यमंत्री श्री चौहान
देवास 03 दिसंबर 2015/ मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह
चौहान ने कहा है कि प्रदेश के सभी ग्रामों मूलभूत सुविधाओं लैस किया जाएगा। सभी ग्रामों
में 24 घंटे बिजली, पेयजल और संपर्क मार्ग से जोड़ा जाएगा। ग्रामों में मूलभूत सुविधाओं
की अत्यधिक आवश्यकता है। श्री चौहान ने देवास जिले के ग्राम जलालखेड़ी में अंत्योदय
मेले में आज गुरुवार को यह बात कही। इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री रामपाल सिंह और
स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी, विधायक सर्वश्री चंपालाल देवड़ा, आशीष शर्मा
एवं श्रीमती गायत्रीराजे पवार, महापौर देवास सुभाष शर्मा, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, पुलिस
अधीक्षक अभय सिंह, अखिलेश जोशी, दुर्गेश अग्रवाल, अर्जुन यादव उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री
श्री चौहान ने मेले में 3 हजार से अधिक हितग्राहियों को 12 करोड़ 94 लाख रूपए आदान सामग्री
वितरित की। उन्होंने इस अवसर यह भी कहा कि राज्य सरकार जो भी वादा करती है उसे जरूर
निभाती है। जनता की सभी संभव समस्याओं का निदान करने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित
है। राज्य शासन गरीब जनता को एक रूपए प्रति किलोग्राम गेहूं तथा 2 रूपए प्रति किलो
ग्राम चावल दे रहा है।
श्री चौहान
ने ग्राम जलालखेड़ी को कई सौगाते देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्राम जलालखेड़ी
में स्थित तालाब का गहरीकरण किया जाएगा तथा ग्राम में नलजल योजना लागू कर ग्रामीणों
को 24 घंटे पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि ग्राम जलालखेड़ी को
आसपास के ग्रामों को संपर्क मार्ग के जरिए जोड़ा जाएगा तथा ग्राम में खराब विद्युत ट्रांसफॉर्मर
शीघ्र बदला जाएगा।
श्री चौहान
ने इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते कहा कि नर सेवा नारायण सेवा है। गरीब व्यक्ति
के आंसू में साक्षात ईश्वर के दर्शन होते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान
के तहत सभी घरों में शौचालय जरूरी है। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि किसानों 0 प्रतिशत
ब्याज दर के अलावा मूल धन पर भी 10 प्रतिशत छूट दी जाएगी। उन्होंने उत्कृष्ट विद्यालय
देवास और शासकीय विद्यालय कन्नौद की छात्राओं द्वारा अंत्योदय मेले में सांस्कृतिक
कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने पर 11-11 हजार रूपए की घोषणा की। उन्होंने यह भी घोषणा
की कि देवास जिले के किसानों की फसल नुकसानी की छतिपूर्ति के लिए 250 करोड़ रूपए का
बजट जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने देवास जनपद
के ग्राम जलालखेड़ी में आयोजित अंत्योदय मेले में बासठ करोड़ अड़तीस लाख चौसठ हजार रुपए
लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। भूमिपूजन में ग्राम
जलालखेड़ी में 17 लाख 32 हजार रूपए की लागत से चौबीसों घंटे जलप्रदाय की नलजल योजना,
सोनकच्छ विकासखंड में 160 लाख 26 हजार रुपए लागत से बनने वाले मऊ बैराज, चांदाखेड़ी
में 173 लाख 6 हजार रुपए की लागत से बनने वाले चांदाखेड़ी बैराज सहित विभिन्न निर्माण
कार्य शामिल हैं।
तीन करोड़ 90
लाख रुपए लागत के कार्यों का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री
श्री शिवराजसिंह चौहान ने ग्राम जलालखेड़ी में आयोजित अंत्योदय मेले में 3 करोड़ 90 लाख
46 हजार रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें देवास विकासखंड के अंतर्गत
देवास शहर में मॉडल स्कूल देवास, ग्राम टिगरिया सांचा, ग्राम अचलूखेड़ी, ग्राम सिया,
ग्राम आक्या, ग्राम सिरोल्या, ग्राम पुवार्ल्डा, ग्राम जामगोद, ग्राम खोकरिया में आंगनवाड़ी
भवन का लोकार्पण किया। इसीप्रकार ग्राम पुवार्ल्डा, ग्राम चंदाना, ग्राम आंट में पंचायत
भवन का ग्राम दत्तोतर में मांगलिक भवन में, ग्राम पटलावदा में सामुदायिक भवन तथा सांसद
निधि से सीसी रोड निर्माण शामिल हैं।
तीन हजार से
अधिक हितग्राही हुए लाभांवित
मुख्यमंत्री
श्री शिवराजसिंह चौहान ने अंत्योदय मेले में शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत
3229 हितग्राहियों को 12 करोड़ 94 लाख 97 हजार रुपए की राशि वितरित की। ग्रामीण विकास
विभाग के 1518, उपसंचालक उद्यान जिला देवास के 89, जिला व्यापार एवं उद्योग विभाग के
5, स्वास्थ्य विभाग के 723, अंत्याव्यवसाय विभाग के 2, महिला सशक्तिकरण के 416, सहकारिता
विभाग के 294, पशु चिकित्सा के 61 तथा किसान कल्याण तथा कृषि विकास के 121 कुल जमा
3229 हितग्राहियों को लाभांवित किया गया।
ये भी हुए लाभांवित
मुख्यमंत्री
श्री चौहान ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत ग्राम कवड़ी जितेंद्रसिंह विक्रम
सिंह परिहार को स्टोन क्रेसर के लिए, ग्राम विजयागंज मंडी पवन पिता सुरेशचंद्र पाटीदार
वुवन शेक (बारदान) निर्माण के लिए, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत धनसिंह
पिता ओंकार सिंह जयशिव कॉलोनी देवास सौरभ पाइंट के लिए, जबरन कॉलोनी के चेतन पिता अजय
रेडिमेड के लिए चेक प्रदाय किए। लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत ग्राम लोहाना की कु.हर्षिता
नरेंद्र चौहान, ग्राम आगरोद की कु. अलिना रेहाना शौकत पटेल, ग्राम रालामंडल की कु.
लक्ष्मी कुसुम श्री कृष्णपाल को योजना के चेक दिए गए।
किसान क्रेडिट
कार्ड भी किए वितरित
मुख्यमंत्री
श्री चौहान ने किसान क्रेडिट कार्ड के चेक वितरित किए। इसके अंतर्गत ग्राम जलालखेड़ी
के जीवनसिंह नारायणसिंह, ग्राम बोडानी के राजेंद्रसिंह बनेसिंह, ग्राम सिंदनी के धीरजसिंह
बनरेसिंह, ग्राम बोड़ानी के कृष्णपाल सिंह राजेंद्रसिंह तथा ग्राम बब्लूकुंवर बाई को
किसान क्रेडिट कार्ड के चेक वितरित किए।
गोपाल पुरस्कार
से सम्मानित हुए गोपालक
अंत्योदय
मेले में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने गोपाल पुरस्कार योजना के अंतर्गत ग्राम
रणायर के राजेंद्रसिंह गुलाब सिंह प्रथम पुरस्कार, बैरागढ़ के रामेश्वर मांगीलाल को
द्वितीय तथा ग्राम टिगरिया गोगा के नंदकिशोर अंबाराम को तृतीय पुरस्कार दिया।
खेती को उन्नत
बनाने के लिए अनुदान दिया
मुख्यमंत्री
श्री चौहान ने सममिशन ऑन एग्रीकल्चर मेकेनाईजेशन के लिए ग्राम अकबरपुर के विजयकुमार
शाली को ट्रेक्टर के लिए तथा ग्राम सोंडा के महेशचंद समंदरसिंह को ट्रेक्टर के लिए
अनुदान दिया गया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत ग्राम आगरोद के कुदरत छीतु को सीड कम फर्टिलाइजर
ड्रिल के लिए तथा राष्ट्रीय तिलहन के ग्राम जनेउखेड़ी के हुकुम प्रहलाद को स्प्रिंकलर
के लिए अनुदान राशि के चेक दिए गए।
निर्विरोध सरपंच
हुए सम्मानित
मुख्यमंत्री
श्री चौहान ने मंच से जिले में हुए पंचायत चुनाव के दौरान निर्विरोध निर्वाचित हुए
पंचायत एवं सरपंचों को किया सम्मानित किया। सम्मानित हुए सरपंचों में ग्राम पंचायत
बांगरदा सरपंच रामकन्याबाई पति घनश्याम, डिंगरोदा सरपंच कंचनबाई, भंडारिया सरपंच सुरेश
पिता भावसिंह देवड़ा, शिवपुर मुंडला सरपंच मीराबाई, सादीपुरा सरपंच रवि पिता देवकरण,
नीमखेड़ा सरपंच गीताबाई राजाराम, पीपल्या लोहाड़ सरपंच दिलीप भूरालाल, निपान्या सरपंच
भूपेंद्रसिंह, टोंककला सरपंच कमलाबाई प्रहलाद, डोकाकुई सरपंच विनोद पिता नरसिंहदास
तापड़िया, बुराड़ा सरपंच रेवाराम दगडू, पाडियादेह सरपंच सुधाबाई पति श्रवण, बोरखेड़ा सरपंच
मोनसिंह दरबारसिंह को सम्मानित किया गया।
--------------------------
जांच
में असत्य पाई गई टिगरिया की जमीन संबंधी शिकायत
देवास 03 दिसंबर 2015/ देवास जनपद के ग्राम टिगरिया
में पूर्व सैनिक रामभाऊ पटेल की जमीन संबंधी शिकायत जांच के बाद असत्य पाई गई है। कलेक्टर
आशुतोष अवस्थी के निर्देश पर जनपद और राजस्व प्रशासन द्वारा तत्परता से इसकी जांच की
गई है। अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला ने बताया है कि शिकायत की जांच सचिव एवं पंचायत
समन्वय अधिकारी द्वारा मौके पर जाकर की गई। मौके पर शिकायतकर्ता रामभाऊ पटेल एवं जिसके
विरूद्ध शिकायत की गई, ओंकारजी एवं ग्रामीण उपस्थित रहें। मौके पर शिकायतकर्ता रामभाऊ
पटेल द्वारा काबिज भू-खंड पूर्व से पश्चिम में 57 फीट तथा उत्तर से दक्षिण में 35 फीट
पाया गया। काबिज प्लॉट कुल क्षेत्रफल 1995 वर्ग फीट हैं। शिकायतकर्ता को ग्राम पंचायत
द्वारा 30x30 वर्गफीट के दो भू-खंड जिसका कुल क्षेत्रफल 1800 वर्ग फीट आबंटित कर पट्टा
जारी किया गया हैं, जो कि आबंटित क्षेत्रफल
से शिकायतकर्ता द्वारा मौके पर काबिज क्षेत्रफल से 195 फीट ज्यादा हैं। मौके पर शिकायतकर्ता
द्वारा अनाधिकृत रूप से 31x35 वर्ग फीट के अन्य भू-भाग पर निर्माण कुर्सी हाइट तक किया
गया है तथा शेष भू-भाग मौके पर 40x35 वर्गफीट का वास्तविक पट्टे की भूमि खुली हुई हैं।
मौके पर किसी अन्य व्यक्ति का कोई अतिक्रमण नहीं पाया गया है।
-----------------------
No comments:
Post a Comment