दिनांक 29 दिसंबर 2015
॥ स मा चा र॥
जनसुनवाई में आवेदकों ने दिए आवेदन
गैस सबसिडी के लिए आधार कार्ड जरूरी
शिक्षण संस्थाएं सम्बद्धता नवीनीकरण शुल्क 15 जनवरी तक जमा करें
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
देवास
॥ स मा चा र॥
जनसुनवाई में आवेदकों ने दिए आवेदन
देवास 29 दिसंबर 2015/ जिला मुख्यालय में जनसुनवाई
में आज मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में आवेदकों ने अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला
के समक्ष आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर ने सभी पर सुनवाई करते हुए संबंधित
अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एएसपी
राजेश रघुवंशी, एसडीएम सारिका भूरिया एवं अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कपिल धारा कुआं अधूरा, कार्य पूर्ण करवाए
आवेदक जानीबाई पति पूनाजी निवासी ग्राम नेवरी तहसील
हाटपीपल्या ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि उसके खेत पर कपिलधारा योजना अंतर्गत्
कुआ निर्माण के लिए वर्ष 2012-13 में 3 लाख 87 हजार रुपए स्वीकृत हुए थे। पंचायत द्वारा
राशि का आहरण कर कुआ निर्माण शुरू कराया, किन्तु कुआं अभी तक पूर्ण नहीं हुआ है। आवेदन
पर सुनवाई करते हुए अपर कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारी को जांच कर निराकरण के
निर्देश दिए।
ईट भट्टों को गांव एवं नदी से दूर करवाए
ग्राम टोंककला
के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ईट बनाने वाले गांव की नदी के पास से मिट्टी निकालकर
ईंट बनाने का कार्य कर रहे है। ये व्यक्ति गांव के पास से गुजरने वाली टिलर नदी के
आसपास अलग-अलग तीन जगह पर ईट बनाते हैं। शेष बचे अवशेष ये नदी में बहा देते है, जिससे
बारिश के दिनों में नदी में पानी अवरूद्ध होकर पास के मोहल्लों में भर जाता है। इसके
चलते गांव में काफी अव्यवस्थाएं हो रही है। इन भट्टों को यहां से हटवाया जाए। अपर कलेक्टर
ने आवेदन पर सुनवाई करते हुए तहसीलदार टोंकखुर्द को कार्यवाही के निर्देश दिए।
हितग्राहियों को ऋण वितरित किए
जनसुनवाई में माटीकला बोर्ड ने "मुख्यमंत्री स्वरोजगार
योजना" अंतर्गत दो हितग्राहियों को मिट्टी बर्तन निर्माण एवं ईट निर्माण के लिए
यूनियन बैंक खातेगांव से उमेश प्रजापति एवं ओमप्रकाश प्रजापति खातेगांव को ढाई-ढाई
लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया। दोनों हितग्राहियों को 75-75 हजार रुपए राशि अनुदान का
चेक अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला एवं अग्रणी जिला प्रबंधक भूपेश करोलिया तथा जिला
प्रबंधक दिनेश श्रीवास की उपस्थिति में प्रदान किया गया।
--------------------------
गैस सबसिडी के लिए आधार कार्ड जरूरी
देवास 29 दिसंबर 2015/ कुकिंग गैस पर सबसिडी प्राप्त
करने के लिए अब आधार कार्ड जरूरी होगा अन्यथा 31 दिसम्बर के बाद बगैर आधारकार्ड वाले
उपभोक्ताओं के सबसिडी का लाभ नही मिलेगा। पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशो
के अनुसार सभी गैस ग्राहको के अपने उपभोक्ता नंबर से आधार लिंक कराना होगा। अतः सभी
नागरिक अपना आधार कार्ड बनवाए। इस हेतु जिला प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर आधार कार्ड
बनाने का कार्य किया जा रहा है तथा स्कूल एवं आंगनवाडी केन्द्रो में आधार कार्ड निशुल्क
बनाए जा रहे है जिनमें सभी नागरिक अपना आधार पंजीयन करा सकते है।
--------------------------
शिक्षण संस्थाएं सम्बद्धता नवीनीकरण शुल्क 15 जनवरी तक जमा करें
देवास 29 दिसंबर 2015/ माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश
ने शिक्षण संस्थाओं द्वारा सम्बद्धता नवीनीकरण शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 नवम्बर
से बढ़ाकर 15 जनवरी निर्धारित की है। सत्र 2015-16 के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा
जारी किए गए हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी स्कूल मान्यता नवीनीकरण में से वे अशासकीय
संस्थाएं अपना सम्बद्धता नवीनीकरण शुल्क 15 जनवरी तक जमा करा सकती हैं जो अब तक इसे
जमा नहीं करा सकीं हैं। इसी प्रकार संभागीय अधिकारी द्वारा जारी किए गए शासकीय संस्थाओं
के सम्बद्धता नवीनीकरण का ऑनलाइन शुल्क जमा न कर पाई संस्थाएं भी 15 जनवरी तक अपना
सम्बद्धता नवीनीकरण शुल्क जमा कर सकती हैं।
--------------------------
No comments:
Post a Comment