21-12-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा
चा र॥
देवास
का संगीत एवं कला से गहरा नाता है
युवा
उत्सव के शुभारंभ अवसर पर
शिक्षा
राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने कहा
देवास 21 दिसंबर 2015/ देवास
का संगीत एवं कला से गहरा नाता रहा है। देवास शहर उस्ताद रजब अली खां, अमानत अली खां
एवं कुमार गंधर्व जैसे महान कलाकारों का निवास स्थल रहा है।
प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा
राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने आज सोमवार को स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय के सभाकक्ष
में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव के
शुभारंभ अवसर पर उक्त विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, अतिरिक्त
पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, प्रवीण श्रीवास्तव सहित युवा उत्सव में भाग लेने वाले
प्रतिभागी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
ऐसे आयोजनों
से कलाकारों को मिलेगा बढ़ावा
इस अवसर पर
शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने कहा कि स्थानीय कलाकारों को ऐसे आयोजनों से आगे
बढ़ने का मौका मिलेगा तथा कला एवं संगीत का विकास होगा। कलाकारों के लिए पुरस्कारों
से अधिक प्रोत्साहन का महत्व होता है। अत: युवा उत्सव में शामिल होने वाले प्रतिभागी
उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। उन्होंने पृथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले
प्रतिभागियों को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा दिये जाने वाले पुरस्कार की राशि
के अलावा उतनी ही राशि का पुरस्कार उनकी स्वेच्छानुदान निधि से देने की घोषणा की।
ग्रामीण अंचलों
में भी किया जाएगा उत्सव का आयोजन
इस अवसर पर
कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने कहा कि युवा उत्सव के आयोजन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं
को अवसर प्रदान करना एवं मंच प्रदान करना है, जिससे वे आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि
आगामी समय में युवा उत्सव का आयोजन ग्रामीण अंचलों में भी किया जायेगा, जिससे ग्रामीण
क्षेत्र के कलाकारों को अपनी कला का प्रदर्शन करने का मौका मिले।
23 दिसंबर तक
चलेगी प्रतियोगिता
इसके पूर्व
खेल एवं युवक कल्याण अधिकारी राजेश रघुवंशी ने बताया कि युवा उत्सव कार्यक्रम में प्रथम
दिवस लोकगीत, शास्त्रीय गायन तथा वक्तव्य कला एवं 22 दिसम्बर को तबला, गिटार, सितार,
बांसुरी, हारमोनियम सहित शास्त्रीय वादन तथा शास्त्रीय नृत्य में कुचीपुड़ी, भरतनाट्यम
तथा कत्थक विधा तथा 23 दिसम्बर 2015 को लोकनृत्य तथा एकांकी नाटक की विधा के साथ मूर्तिकला,
चित्रकला तथा मिमिक्री का आयोजन होगा। युवा उत्सव में लोकगीत विधा में 6 दल, लोकनृत्य
में 6 दल, एकांकी नाटक में 4 दल भाग ले रहे हैं। शास्त्रीय गायन में 11 कलाकार, वक्तव्य
कला में 5 वक्ता, कत्थक नृत्य में 3, भरतनाट्यम में 1 तथा कुचीपुड़ी में 1 तथा सितार,
गिटार, बांसुरी, तबला, हारमोनियम विधा में 20 कलाकार अपनी कला का प्रर्दशन करेगें।
इस तरह सम्पूर्ण युवा उत्सव कार्यक्रम में 300 कलाकार एवं सहयोगी विभिन्न विधाओं में
प्रस्तुति देंगे। विभिन्न सामूहिक विधाओं में प्रथम स्थान को 5000 रूपये एवं द्वितीय
स्थान को 3000 रूपये तथा तृतीय स्थान पर आने वाले कलाकार को नगद 2000 रूपये राशि से
पुरस्कृत किया जाएगा।
सांस्कृतिक एवं
लोक गीत की दी प्रस्तुति
इस अवसर पर
शासकीय उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय जामगोद की छात्राओं ने मालवी लोक शैली में
"बाल विवाह" पर आधारित गीत "बाल विवाह मत करो रे तम केणो म्हारों मानलो।
नाना-नानी के भणवा ने भेजो, मति फोड़ो इणका भाग रे॥ " की प्रस्तुति दी। बच्चों
ने गीत की तैयारी मालवा के भजन गायक एवं लेखक मानसिंह भोंदिया के मार्गदर्शन में की।
इसके पश्चात कमल मालवीय के दल द्वारा पारंपरिक मालवी लोकगीत प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती
एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण
कर एवं दीप प्रज्जवलित कर किया। इसके पश्चात उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा
सरस्वती वंदना प्रस्तुत की एवं मध्यप्रदेश गान का गायन किया।
--------------------------
राजस्व अधिकारी लंबित
प्रकरणों का शीघ्र करें निराकरण
टीएल बैठक में कलेक्टर ने
दिए निर्देश
देवास 21 दिसंबर 2015/ राजस्व
अधिकारी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित अन्य
प्रकरण अधिक समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए। पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं अन्य मैदानी
अमले के कार्य की सतत मॉनीटरिंग करें तथा निर्धारित समयावधि में कार्य सम्पन्न करायें।
कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने सोमवार को लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उक्त
निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला, सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा
सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक
में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि हितग्राहीमूलक योजनाओं का बेहतर तरीके से क्रियान्वयन
किया जाये। योजनाओं में लाभान्वित हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन किया जाये। उन्होंने
जनसुनवाई एवं पीजीआर की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों
को दिये।
कलेक्टर
ने निर्देश दिये कि मां चामुण्डा टेकरी पर टूटी हुई कुर्सियों को हटाया जाये तथा मरम्मत
योग्य कुर्सियों की आवश्यक मरम्मत की जाये। उन्होंने होमगार्ड एवं वन विभाग को निर्देश
दिये कि टेकरी पर चौकसी के लिए 6-6 घंटे की पारियों में विभागीय कर्मचारियों को तैनात
किया जाये।
----------------------------
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री जोशी द्वारा सी.सी.ई. कार्यशाला का उद्घाटन
देवास 21 दिसंबर 2015/ वर्तमान शिक्षा पद्धति में प्रचलित मूल्यांकन के तरिके
से छात्र-छात्राओं पर अतिरिक्त बोझ महसूस होता है। जब वे शाला में प्रवेश करते है तो
प्रसन्नचित होते है, किन्तु शाला से निकलते वक्त उनकी मनोदशा बोझिल होती है। जिससे
उनका बचपन उन से दूर हो रहा है। सतत एवं व्यापक मूल्यांकन के द्वारा खेल-खेल में बच्चों
का मूल्यांकन होगा, जो उनके सर्वागींण विकास में सहयोगी हो सकेगा। उक्त बातें आज सोमवार
को होटल श्री खेड़ापति इंटरनेशनल में सत्त एवं
व्यापक मूल्यांकन की दो दिवसीय कार्याशाला के उद्घाटन के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री
श्री दीपक जोशी ने कही।
इस कार्यशाला में 30 विशेषज्ञ उपस्थित है, इसमें राज्य शिक्षा केन्द्र
भोपाल के उप संचालक श्री के.पी.एस. तोमर, डॉ. अशोक पारीक सहित 7 विशेषज्ञ, एसोसिएट
प्रोफेसर एन.सी.ई.आर.टी नई दिल्ली की डॉ. कविता शर्मा, यूनिसेफ की ओर से प्रतिभागी
अश्विन त्रिपाठी, ज्योति भाटिया, अजीम प्रेमजी फाउण्डेशन भोपाल के अनीष माधवन, डॉ.
संदीप दिवाकर सहित 4 विशेषज्ञ उपस्थित थे। म.प्र. के विभिन्न जिलो के डाईट से 4 विशेषज्ञ
तथा सत्त एवं व्यापक मूल्यांकन की चयनित शालाओं से आए विशेषज्ञ शिक्षक सतत् एवं व्यापक
मूल्यांकन मार्गदर्शिका निर्माण मे सहभागिता
कर रहे है। इस कार्यशाला में सतत् व्यापक मूल्यांकन की मार्गदर्शिका को राष्ट्रीय स्तर
के विशेषज्ञों से साझा करके इसे प्रदेश के संदर्भ में अंतिम स्वरूप दिया जायेगा।
राज्य शिक्षा केन्द्र के श्री के.पी.एस. तोमर ने इस कार्यशाला के
उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लार्ड मैकाले से प्राप्त शिक्षा पद्धति में जो
परम्परागत मूल्यांकन पद्धति है उससे ही छात्र का वर्ष भर का मूल्यांकन करते रहे है,
परन्तु यह पद्धति छात्र के सभी क्षेत्रों का मूल्यांकन नहीं कर पाती। एन.सी.एफ. 05
की अनुशंसाओं के आधार पर छात्र का सतत् एवं व्यापक मूल्यांकन किया जाना चाहिए और उसे
परीक्षाओं के भय से भी दूर करना चाहिए। आर.टी.ई. एक्ट में भी इसे अनिवार्य किया गया
है, इस आधार पर पायलेट प्रोजेक्ट के तहत पुरे म.प्र. में प्रत्येक जिले की 4-4 शालाओं
का चयन किया गया है जिसमे सतत् एवं व्यापक मूल्यांकन पद्धति को पूर्णतः लागू किया गया
है। इन शालाओं के शिक्षकों के लिए एक सतत् व्यापक मूल्यांकन मार्गदर्शिका का निर्माण
किया गया है इसी मार्गदर्शिका की समीक्षा हेतु इस कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
इसी संदर्भ में डॉ. अशोक पारीक उप संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल ने अपने विचार
व्यक्त किये।
इस कार्यशाला के समन्वयक जिला परियोजना समन्वयक डॉ. अनिल कुशवाहा
ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुवे स्वागत भाषण एवं अतिथि परिचय दिया। कार्यक्रम
का संचालन डाईट के वरिष्ठ व्याख्याता प्रेम नारायण शर्मा ने किया एवं अतिथियों का आभार
प्रदर्शन डाईट प्राचार्या डॉ. तारा परमार द्वारा किया गया।
-------------------------
नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर
का आयोजन 23 दिसंबर को
देवास 21 दिसंबर 2015/ जनअभियान परिषद देवास के द्वारा मप्र विकास प्रस्फुटन समिति ग्राम गोपीपुर, कमलापुर,
अवराजसानी एवं करोंदिया में अमलतास हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर ग्राम बांगर द्वारा
23 दिसंबर बुधवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।
मप्र जन अभियान परिषद देवास के जिला समन्वयक नवनीत रत्नाकर ने बताया
कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीलआमला, कमलापुर में सुबह 11 बजे से 3 बजे आयोजित किए
जाने वाले शिविर में चयनित मरीजों का उपचार इंडेक्स हॉस्पिटल में भर्ती कर नि:शुल्क
किया जाएगा। स्वास्थ्य शिविर में शिुश रोग,
नेत्र रोग, नाक-कान एवं गला रोग, हृदय रोग, क्षय रोग, हड्डी रोग, दंत रोग एवं सर्जरी
विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे। शिविर में मोतियाबिंद, हार्निया, पाइल्स, पथरी आदि का ऑपरेशन
भी नि:शुल्क किया जाएगा।
-------------------------
ई-गवर्नेंस उत्कृष्टता पुरस्कार
ऑनलाइन आवेदन 31 दिसम्बर तक आमंत्रित
देवास 21 दिसंबर 2015/ राज्य शासन द्वारा ई-गवर्नेंस के
क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने और अभिनव पहल के लिए वर्ष 2014-15 के ई-गवर्नेंस उत्कृष्टता
पुरस्कार दिये जायेंगे। इसके लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत मेप_आई.टी.
द्वारा सभी विभाग, जिला, स्थानीय निकाय, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम और निजी क्षेत्र
में 10 अलग-अलग श्रेणी में ऑनलाइन प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। ऑनलाइन आवेदन 31 दिसम्बर,
2015 तक स्वीकार किये जायेंगे।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सचिव श्री मनीष रस्तोगी
ने सभी शासकीय विभाग, कार्यालय, सभी कमिश्नर, कलेक्टर को पत्र भेजकर पुरस्कारों के
ऑनलाइन प्रस्ताव भेजने के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को इस प्रक्रिया में भाग लेने के
लिये प्रेरित करने की अपेक्षा की है। पुरस्कार की विभिन्न श्रेणी एवं पुरस्कार राशि
तथा प्रक्रिया संबंधी और अधिक जानकारी के लिए मेप_आई.टी. में विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी
श्री विनय पाण्डेय से टेलीफोन नम्बर 2518702, 2518713 एवं 2518716 पर सम्पर्क किया
जा सकता है। पुरस्कार के संबंध में अधिक जानकारी एवं विवरण मेप_आई.टी. की वेबसाइटhttp://www.mapit.gov.in/itawards पर भी उपलब्ध है। राज्य शासन द्वारा ई-गवर्नेंस में उत्कृष्टता की पहचान और
प्रोत्साहन के उद्देश्य से हर वर्ष ई-गवर्नेंस उत्कृष्टता पुरस्कार दिये जाते हैं।
----------------------------
No comments:
Post a Comment