Tuesday, 15 December 2015

15-12-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

एक लाख से अधिक खातेदारों को

 124 करोड़ 90 लाख रूपए से अधिक की राहत राशि वितरित

    देवास 15 दिसंबर 2015/ जिले में वर्ष 2015 में कीट प्रकोप सुखा आदि से फसल क्षति के लिए जिले के 648 ग्रामों के कुल एक लाख 22 हजार 106 प्रभावित पात्र खातेदारों को 124 करोड़ 90 लाख 2 हजार 709 रूपए की राहत राशि वितरित आज तक की चुकी है।
    कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने बताया है कि देवास तहसील के 135 ग्रामों के 22290 खातेदारों को 25 करोड़ 44 लाख 54 हजार 675 रूपए, टोंकखुर्द तहसील के 59 ग्रामों के 16940 खातेदारों को 16 करोड़ 59 लाख 82 हजार 682 रूपए,  सोनकच्छ तहसील के 90 ग्रामों के 18323 खातेदारों को 15 करोड़ 25 लाख रूपए, हाटपीपल्या तहसील के 60 ग्रामों के 13326 खातेदारों को 11 करोड़ 27 लाख 9 हजार 621 रूपए, बागली तहसील के 43 ग्रामों के 6897 खातेदारों को 7 करोड़ 9 लाख 76 हजार 824 रूपए, उदयनगर तहसील के 50 ग्रामों के 4679 खातेदारों को 3 करोड़ 25 लाख रूपए, कन्नौद तहसील के 43 ग्रामों के 8777 खातेदारों को 9 करोड़ 99 लाख 16 हजार 117 रूपए, सतवास तहसील के 62 ग्रामों के 11764 खातेदारों को 11 करोड़ 49 लाख 73 हजार 287 रूपए तथा खातेगांव तहसील के 106 ग्रामों के 19110 खातेदारों को 24 करोड़ 49 लाख 89 हजार 503 रूपए की राहत राशि का वितरण किया गया है।
-----------------------------

जनसुनवाई में कलेक्टर एवं एसपी ने सुनी समस्याएं

    देवास 15 दिसंबर 2015/ जिला मुख्यालय में जनसुनवाई में आज मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में आवेदकों ने कलेक्टर आशुतोष अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक अभय सिंह के समक्ष आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। कलेक्टर एवं एसपी ने सभी पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एडीएम डॉ. कैलाश बुंदेला, एसडीएम सारिका भूरिया, डिप्टी कलेक्टर मुशताक अहमद एवं अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
भूमि का पट्टा दिलाया जाए
        आवेदक सरदार पिता सुरपाल निवासी ग्राम होरिया तहसील बागली ने आवेदन देते हुए बताया कि उसके पूर्वजों को प्राप्त 8 बीघा वन भूमि पर वह खेती करके अपना गुजारा कर रहा है। इस भूमि पर उसे शासन की किसी भी प्रकार की योजना का लाभ नहीं मिला और ना ही उसे पट्टा मिला है। उसे भूमि का पट्टा दिलाया जाए। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार बागली को जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।
अनाधिकृत कब्जा हटाए
        आवेदक लीलाबाई पति आत्माराम तथा आत्माराम पिता भेरूसिंह निवासी मरेठी जिला देवास ने आवेदन देते हुए कलेक्टर को बताया है कि उनकी भूमि ग्राम मरेठी में हैं, जिस पर कुछ लोगों ने अनाधिकृत रूप से कब्जा कर लिया है तथा फसल बोना भी प्रारंभ कर दिया है। जब वह भूमि पर जाता है तो उसे वहां से भगा दिया जाता है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।
भूमि पर कब्जा हटवाया जाए
        आवेदक  प्रकाश पिता रामाजी निवासी जामगोद रानी ने आवेदन देते हुए कलेक्टर को बताया कि उसकी जमीन जामगोद रानी ग्राम में है। वहां पर कुछ लोगों ने उसके मकान वाली जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है तथा कब्जा हटाया नहीं गया है। जब आवेदक द्वारा उसका विरोध किया गया तो उन बाहुबलियों ने उसे गालीगलोच तथा मारपीट कर उसे वहां से भगा दिया। उसकी जमीन पर कब्जा हटवाया जाए। इस पर कलेक्टर ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
-----------------------------  
होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस
     देवास 15 दिसंबर 2015/ आज मंगलवार को 69 वां अखिल भारतीय होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस समारोह का आयोजन होमगार्ड लाइन देवास में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर आषुतोष अवस्थी थे तथा अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अभय सिह ने की। कार्यक्रम में सर्वप्रथम ध्वजारोहण किया गया, जिसमे होमगार्ड के सभी अधिकारी/ कर्मचारी एवं स्वयं सेवी सेरेमोनियल ड्रेस में शामिल हुए। साथ ही सिविल डिफेन्स के 50 वॉलेन्टियर सदस्य भी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि को सलामी दी गई तत्पश्चात जवानों द्वारा मार्च पास्ट किया गया। श्री मैथिलीषरण गुप्त डायरेक्टर जनरल होमगार्ड मध्यप्रदेश के संदेश का वाचन मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। आभार डिस्ट्रिक्ट कमांण्डेन्ट जी.पी. प्रजापति ने व्यक्त किया।
-------------------------

दस नि:शक्त जोड़ों का विवाह सम्न्नन हुआ


    देवास 15 दिसंबर 2015/ मुख्यमंत्री कन्यादान योजना अन्तर्गत देवास के मंडी धर्मशाला में आयोजित नि:शक्त सामूहिक विवाह सम्मेलन में 10 नि:शक्त जोड़ों का विवाह सम्पन्न्‍ हुआ। इन 10 जोड़ों में से 8 जोड़ों में वर-वधू दोनों ही नि:शक्त थे, जबकि दो जोड़ों में एक-एक नि:शक्त था। सम्मेलन में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, पुलिस अधीक्षक अभयसिंह, सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा ने नव विवाहितों को आशीर्वाद दिया।
    विवाह सम्मेलन का आयोजन जनपद पंचायत देवास द्वारा सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से किया गया। नि:शक्तजनों को पार्किंग से मंडप स्थल तक ले जाने के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की गई थी। विवाह सम्मेलन में उप संचालक सामाजिक न्याय राजेश कामदार ने कार्यालयीन स्टाफ के साथ उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया।
-------------------------

शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता को लेकर बैठक संपन्न

    देवास 15 दिसंबर 2015/ आगामी 17 से 21 दिसंबर 2015 तक 61वीं राष्ट्रीय शालेय (साफ्ट टेनिस में 17,19 वर्ष के खिलाड़ी एवं खो-खो में 19 वर्ष से कम बालक/बालिका) भाग लेंगे। क्रीड़ा प्रतियोगिता के आयोजन किया जाना है। इसके संबंध में आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभागृह में आज मंगलवार को बैठक संपन्न हुई। इस शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता बैठक में अति. पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर खेड़े, नगर निगम आयुक्त हिमांशु सिंह, चंद्रावती जाधव, दिव्या निगम, संजय पाटिल, सुदेश सांगते, हेमेंद्र निगम, एसएन नामदेव, हरीसिंह भारतीय, नीलम पटेरिया, आरएस जर्हा, एसएल परमार, सहित विभिन्न समितियों के संयोजक उपस्थित थे।
         बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खिलाड़ियों के आवास, मैदान एवं भोजन की उचित व्यवस्था की जाए। खिलाड़ियों को मैदान पर ही प्राथमिक उपचार सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। बैठक में बताया गया कि प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न प्रदेशों के लगभग एक हजार खिलाड़ी एवं 150 ऑफिशियल भाग लेंगे। मंगलवार 15 दिसंबर तक 5 प्रदेशों की टीम देवास पहुंच चुकी है। शेष टीमें शीघ्र ही पहुंच जाएगी। प्रतियोगिता के मुकाबले दुधिया रोशनी में किए जाएंगे।
--------------------------

अवैध शराब जप्त की

    देवास 15 दिसंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के निर्देश पर जिले में आबकारी विभाग ने मदिरा के अवैध व्यवसाय में लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की।
    जिला आबकारी अधिकारी ने बताया है कि टोंकखुर्द में निरंजन पिता भोजराज के निवास स्थान की तलाशी लेकर उसके आधिपत्य में अवैध रूप से संग्रहित देशी मदिरा प्लेन के 350 क्वार्टर बरामद कर उसके विरूद्ध 50 बल्क लीटर से अधिक मदिरा होने से आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। प्रकरण में आगामी विवेचना एवं जांच का कार्य जारी है। इसी प्रकार सोनकच्छ में ग्राम बाबई, भौंरासा, सोनकच्छ, गंजपुरा में  कार्रवाई करते हुए विभिन्न आरोपियों के खिलाफ कुल 8 प्रकरण कायम किए गए, जिसमें कुल 239 देशी मदिरा के पाव एवं 36 बीयर बरामद की गई तथा वृत्त बागली में 4 प्रकरण कायम कर 12 लीटर हा.भ.म. एवं 2000 किग्रा महुआ लहान बरामद किया गया। महुआ लहान को मौके पर सैम्पल लेकर नष्ट किया गया।
    उक्त कार्रवाई में जावेद अहमद खान, राघवेंद्रसिंह कुश्वाह, निलेश नेमा, महेश पटेल, शंभुदयाल जाटव, योगेश कुमार टटवाड़े आदि स्टॉफ द्वारा सराहनीय कार्य किया।
---------------------


No comments:

Post a Comment