Wednesday, 16 December 2015

16 दिसंबर 2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

प्रतिभा पर्व में कलेक्टर ने विद्यालय पहुंच विद्यार्थियों का बढ़ाया हौसला

        देवास 16 दिसंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने प्रतिभा पर्व के आकंलन के लिए विभिन्न विद्यालयों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से बात की ओर जीवन में आगे बढ़ने के लिए उनका हौसला बढ़ाया। जिला परियोजना समन्वयक अनिल कुश्वाह भी भ्रमण के दौरान उपस्थित थे।
        कलेक्टर ने प्रतिभा पर्व के तहत विभिन्न गतिविधियों को देखा। आज गुरुवार को निर्धारित कार्यक्रम अनुसार बाल दिवस का आयोजन किया गया। चिमनाबाई विद्यालय में नन्हीं बालिकाओं ने नृत्य प्रस्तुत किया। यहां "बोलो कुछ तो बोलो" शीर्षक से बालिकाओं के लिए तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा था। गणित के सवालों को जल्द हल करने की ' गणित दौड़' प्रतियोगिता को भी कलेक्टर ने देखा।
अमोना के विद्यालय का होगा कायाकल्प
        कलेक्टर श्री अवस्थी के अमोना के शासकीय माध्यमिक विद्यालय पहुंचने से इसके कायाकल्प का मार्ग प्रशस्त हो गया। कलेक्टर ने यहां पुताई नहीं होने, पेयजल टंकी की अपर्याप्त व्यवस्था और बाथरूम की खराब हालत पर तत्काल दशा सुधारने के निर्देश दिए। निकट के निजी उद्योग के सामाजिक सरोकार मद से इस विद्यालय के कायाकल्प के लिए कलेक्टर ने दौरे पर ही संबंधितों से चर्चा की। अब इस विद्यालय में अनेक नए काम हो सकेंगे, जिससे यहां का वातावरण अच्छा बनेगा। वर्षाकाल में खराब छत के कारण पानी टपकने की समस्या का निदान होगा । साथ ही विद्यार्थियों को फिल्टर युक्त पेयजल भी मिलेगा।
शिप्रा में एकीकृत विद्यालय के निर्देश
        कलेक्टर ने शिप्रा के विद्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने प्रतिभा पर्व के तहत चल रही अंताक्षरी और मेंहदी प्रतियोगिता को देखा। मध्यांहन भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया। पृथक-पृथक चल रहे प्राथमिक विद्यालयों को युक्तियुक्त करण के तहत एकीकृत करने के निर्देश दिए गए। परिसर की एक पुरानी बिल्डिंग गिराने के लिए शाला विकास समिति की बैठक बुलाने के निर्देश दिए। पंचायत से विद्यालय परिसर की पुताई और पौधोरोपण कराने के निर्देश भी दिए गए।










-----------------------------

61वीं शालेय क्रीड़ा का शुभारंभ आज

        देवास 16 दिसंबर 2015/ देवास में 61वीं शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता, सॉफ्ट टेनिस एवं खो-खो का उद्घाटन आज गुरुवार 17 दिसंबर को सायं 7 बजे से पॉयोनियर पब्लिक स्कूल मुखर्जी नगर में उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर भारतीय सॉफ्ट टेनिस महासंघ के चेयरमेन श्री राजू परमार, ओलपिंक पदक विजेता श्री सुशील कुमार, सोनकच्छ विधायक श्री राजेंद्र वर्मा, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, पुलिस अधीक्षक अभयसिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
        प्रतियोगिता में देश के विभिन्न प्रदेशों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 1100 बालक-बालिका भाग लेंगे। इनमें जम्मू काश्मीर, हरियाणा, गोवा, पांडिचेरी, उत्तराखंड जैसे राज्य शामिल है।
----------------------------

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में देवास के 10 ग्राम शामिल

        देवास 16 दिसंबर 2015/ सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य के, 50 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जाति बाहुल्य, 262 ग्रामों में विकास किए जाने के लिए सामाजिक न्याय मंत्री श्री थावरचंद गेहलोद द्वारा 20 लाख रूपए की राशि प्रति ग्राम के मान से राशि रूपए 52.40 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसमें से राशि रूपए 44.70 करोड़ मध्य प्रदेश शासन के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग को जारी कर दी गई है। शेष राशि रूपए 7.70 करोड़ शीघ्र जारी कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि उक्त योजना में मप्र राज्य को पहली बार शामिल किया गया है।
        ओएसडी पंकज मेहता से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त योजनांतर्गत जिला देवास के 10 ग्राम फतेपुर, अवराजसानी, छयान, ओढ़, खिरनीखेड़ा, खोयरा, कमालपुर (छोटा), रामगढ़, जमोदी एवं पंदाजागीर को शामिल किया गया है। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा 200 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। कुल स्वीकृत राशि में से 160 लाख रूपए की राशि मप्र शासन के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग को जारी कर दी गई है, शेष राशि 40 लाख रूपए यथाशीघ्र जारी कर दी जाएगी।
-------------------------
युवा उत्सव में चित्रकला, मूर्तिकला, मिमिक्री का आयोजन भी होगा
        देवास 16 दिसंबर 2015/ खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा तीन दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव में 18 विधाओं के अतिरिक्त चित्रकला, मूर्तिकला तथा मिमिक्री प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा।
        ए.एस.पी. एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी राजेश रघुवंशी ने बताया कि उक्त चित्रकला, मूर्तिकला एवं मिमिक्री के विजेता प्रतिभागी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इन तीनों प्रतियोगिता का आयोजन 21, 22 एवं 23 दिसम्बर 2015 स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव के साथ ही होगा। इन तीनों प्रतियोगिता के आवेदन पत्र 18 दिसम्बर 2015 दोपहर 3.00 बजे तक कुशाभाऊ ठाकरे खेल परिसर, विकास नगर से प्राप्त कर जमा किए जा रहे हैं।
---------------------------

पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक आज

        देवास 16 दिसंबर 2015/ पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक 17 दिसंबर गुरुवार को दोपहर 12 बजे आईपीपी-6 भवन में आयोजित की जाएगी। नोडल अधिकारी पीसी एंड पीएनडीटी ने सभी संबंधितों से बैठक में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।
--------------------------

अगले वित्तीय वर्ष से बलराम तालाब योजना होगी समाप्त

        देवास 16 दिसंबर 2015/ प्रमुख सचिव मप्र शासन, किसान कल्याण तथा कृषि विभाग मंत्रालय भोपाल की अध्यक्षता में योजना के क्रियांवयन संबंधी समीक्षा में आगामी वर्ष से बलराम तालाब योजना का क्रियांवयन विभागीय योजनांतर्गत नहीं किए जाने संबंधी निर्णय लिया गया है।
                    उपसंचालक कृषि केसी वास्केल ने बताया है कि शासन द्वारा इस परिप्रेक्ष्य में वित्तीय वर्ष 2015-16 में जारी लक्ष्य के अंतर्गत ही समस्त क्रियांवयन बलराम तालाब के निर्माण का कार्य निर्धारित मापदंडों पर पूर्ण रूपेण शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सहित पूर्ण प्रकरणों पर अनुदान राशि शीघ्र प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। वित्तीय वर्ष 2015-16 की समाप्ति के पश्चात बलराम तालाब अपूर्ण रहते हैं तो अनुदान राशि का भुगतान नहीं किया जा सकेगा। स्वीकृत तालाब पूर्ण कराए जाने के लिए हितग्राही को लिखित में सूचना सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी द्वारा दी जा रही हैं। वित्तीय वर्ष में तालाब पूर्ण नहीं करने की स्थिति में आगामी वर्षों में भुगतान की कार्रवाई किया जाना संभव नहीं होगा।
----------------------------
शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के सुद्रढ़ीकरण के लिए उन्मुखीकरण  कार्यशाला आयोजित
        देवास 16 दिसंबर 2015/ राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम को गति देने एवं सुदृढ़िकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा दो दिवसीय कार्यशाला का 15 दिसम्बर को महापौर सुभाष शर्मा के मुख्य अतिथ्य में शुभारंभ किया गया। जिसमें नगर निगम की स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पुर्णिमा राजीव खण्डेलवाल तथा  मनीष सेन के अतिरिक्त देवास शहर के पार्षदगण व अन्य जनप्रतिनिधि तथा नगर निगम के पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. ए.के.दीक्षित सिविल सर्जन डॉ. प्रकाश गर्ग के अतिरिक्त अन्य कार्यक्रम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
        सिविल सर्जन डॉ. प्रकाश गर्ग ने शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के बारे मे सक्षिप्त जानकारी दी तथा देवास शहर के स्वास्थ्य परिदृश्य को प्रजेन्टेंशन के माध्यम से प्रस्तुत किया। मध्य प्रदेश में शहरी तंग बस्तियों एवं अन्य शहरी क्षेत्र में मातृ व शिशु मृत्युदर ग्रामीण क्षेत्र की अपेक्षा अधिक है। इसका मुख्य कारण आकड़ों द्वारा दर्शाया गया की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होते हुए एवं इसकी जानकारी होते हुए भी शहरी क्षेत्र मे नागरिक इसे पूर्ण रूप से अपना नहीं रहे है, जिसमें आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाए अपनाने के लिए प्रेरित करने के लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग अपेक्षित व महत्वपूर्ण बताया गया है। स्वास्थ्य कार्यक्रम को सुदृढ बनाने व गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों की भुमिका अहम होगी ।
          महापौर सुभाष शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि देवास शहर मे शहरी स्वास्थ्य मिशन लागू होने तथा स्वीकृत चार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में से दो प्राथमिक स्वास्थ्य केद्र प्रांरभ कर स्वास्थ्य सेवाए प्रदान प्रारंभ करना शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम को गति देने में सहायक हुआ है। श्री शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा मानव सेवा से जुड़ा है वर्तमान परिवेश में देवास नगर निगम के समस्त पार्षदगण एवं स्थानीय निकाय स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कृत संकल्पीत है। इस कार्य में जनप्रतिनिधि एवं पार्षदगण की भी अहम भूमिका होगी ।
        कार्यशाला में पार्षदगणों द्वारा प्रस्ताव रखा गया कि आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता स्थानीय जनप्रतिनिधि व पार्षदगण से समन्वय बनाकर कार्य करे तो स्वास्थ्य कार्यक्रम को ओर अधिक गति मिल सकती है। इसके लिए कार्यशाला में निर्णय लिया गया कि कार्यशाला का द्वितीय दिवस शहरी आशा कार्यकर्ता व पार्षदगण की समन्वीत बैठक के रूप में कार्यशाला होगी, जिसमें  शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने की रणनीति तैयार की जाएगी।
------------------------------
राजेंद्र सिंह ने जीता प्रथम पुरस्कार
        देवास 16 दिसंबर 2015/ मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित गोपाल पुरस्कार योजना का आयोजन विगत दिनों जिला पशु चिकित्सालय परिसर में पशु पालन विभाग जिला देवास द्वारा किया गया। योजना में विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेन्द्रसिंह राजपूत एवं जिला स्थाई कृषि समिति  अध्यक्ष श्रीमती शान्ताबाई कैलोदिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. जीडी वर्मा, संचालक पशु प्रजजन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आर एस ठाकुर, डॉ. पीके पण्ड्या ने किया।
         उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जिला देवास डॉ. जी डी वर्मा ने बताया कि राजेन्द्रसिंह पिता गुलाबसिंह निवासी ग्राम रणायर ग्राम पंचायत टिमरनी तहसील देवास की गाय ने सर्वाधिक दुग्ध 13.609 किलोग्राम उत्पादन प्रतिदिन देकर 50,000 रूपए का प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। द्वितीय पुरस्कार 25,000 रूपए के विजेता नन्दकिशोर अम्बाराम जिराती निवासी टिगरिया गोगा की गाय को 12.672 किलोग्राम प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन होने पर दिया गया। तृतीय पुरस्कार रामेश्वर मांगीलाल चौधरी निवासी बैरागढ़ की गाय ने 12.393 किलोग्राम प्रतिदिन उत्पादन देकर 15,000 रूपए का पुरस्कार प्राप्त किया। अन्य 07 गायों को 5000 रूपए प्रति गाय के मान से 07 सांत्वना पुरस्कार प्रदान किये गये। डॉ. वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में विकासखण्ड स्तर पर विजेता रही कुल 11 गाये सम्मिलित हुई।
----------------------------------
राष्ट्रीय युवा कोर स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण 17 दिसंबर से 31 दिसंबर तक
        देवास 16 दिसंबर 2015/ नेहरू युवा केंद्र देवास द्वारा राष्ट्रीय युवा कोर स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण 17 दिसंबर से 31 दिसंबर तक कृषि विज्ञान केंद्र, बालगढ़ देवास में आयोजित किया जाएगा। नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा समन्वयक ने बताया है कि इस प्रशिक्षण में देवास, हरदा, इंदौर एवं उज्जैन जिलों के युवक, युवतियां प्रतिभागी प्रशिक्षण लेंगे।

----------------------------------

No comments:

Post a Comment