Friday, 7 August 2015

दिनांक 7 अगस्त 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
कलेक्टर देवास की डेस्क से ……………एक अनूठा निगरानी तंत्र
हल हो रही आमजनता की समस्याएं: रंग ला रही है कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की पहल
    देवास, 07 अगस्त 2015/देवास के कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आम जनता की समस्याओं के हल के लिए एक अनूठा निगरानी तंत्र बनाया है। "कलेक्टर देवास की डेस्क" के नाम से ऑनलाइन साफ्टवेयर बनाकर इसके जरिये समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। इस साफ्टवेयर से कलेक्टर को प्राप्त आवेदन निराकरण तक कलेक्टर की नजर में रहता है।
    राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के माध्यम से विकसित इस साफ्टवेयर में जिले भर के एक सैकड़ा अधिकारियों के नाम दर्ज है। इनमें जिला स्तर से लेकर खंड स्तर तक के अधिकारी शामिल है। कलेक्टर को जो आवेदन अथवा समाचार पत्रों में प्रसारित समस्याएं मिलती है, उन्हें इस साफ्टवेयर में दर्ज कर संबंधित अधिकारी को निराकरण के लिए भेजा जाता है। प्रत्येक अधिकारी को लाग इन आईडी और पासवर्ड दिया गया है। अधिकारी द्वारा इसका निराकरण कर पूर्ण निराकृत ऑनलाइन दर्ज किया जाता है। कलेक्टर इसकी सतत निगरानी करते हैं।
753 समस्याओं का हुआ निराकरण
    जिला सूचना अधिकारी एसके नाहर ने बताया कि कलेक्टर श्री अवस्थी ने जिले में अपनी पदस्थापना के साथ ही आम जनता के हित में यह पहल की है। अब तक इस व्यवस्था से 753 आवेदकों की समस्याएं हल हो चुकी है।


सौ फीसदी निदान हो रहा है
    अपर कलेक्टर कैलाश बुंदेला का कहना है कि कई बार आवेदनों के गुम जाने संबंधित अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं देने से किसी समस्या के समाधान की अंतिम स्थिति पता नहीं चलती थी। परंतु इस ऑनलाइन व्यवस्था में कलेक्टर द्वारा मार्क आवेदन का सौ फीसदी निदान सुनिश्चित हो रहा है।
विभिन्न शिकायतों का समयसीमा में होता है निराकरण
      कलेक्टर के समक्ष आने वाली विभिन्न शिकायतों के निराकरण के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल "कलेक्टर डेस्क" का एनआईसी के माध्यम से बनाया गया है, जिसमें प्रतिदिन आने वाली समस्याओं, भ्रमण एवं दौरे के दौरान मिलने वाली शिकायतों तथा समाचार पत्रों में छपने वाली शिकायतों के निराकरण ऑनलाइन संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजें जाते हैं। संबंधित अधिकारी ऑनलाइन डेस्क पोर्टल पर प्राप्त करके शिकायतों को देखते हैं एवं उनकी जांच कर उनके जवाब निराकृत कर ऑनलाइन ही जवाब देते हैं। प्राप्त होने पर इन समस्याओं का निराकरण ऑनलाइन किया जाता है।
कलेक्टर श्री अवस्थी की पहल पर बनाया गया
     उक्त पोर्टल कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के निर्देश पर देवास एनआईसी टीम द्वारा बनाया गया है। कलेक्टर पोर्टल साफ्टवेयर एनआईसी के डीआईओ शैलेंद्र नाहर, एडीओ निलेश मंडलोई द्वारा तैयार किया गया है। पोर्टल को मनोज मालवीय द्वारा संचालित किया जाता है। अब तक कलेक्टर डेस्क पोर्टल पर 803 शिकायतें प्राप्त हुई, जिन्हें संबंधित विभाग के अधिकारियों को ऑनलाइन प्रेषित की गई। इनमें से 753 का जवाब मिला है तथा 50 पेंडिंग हैं। साथ ही 25 अधिकारियों को जवाब नहीं देने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
-----------------------------
जिला स्तरीय नियोजन दल गठित
       देवास, 07 अगस्त 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा जिला स्तरीय नियोजन दल का गठन किया गया है। गठित नियोजन दल ग्रामीण क्षेत्र/नगरीय निकाय की योजना बनाने के लिए विभिन्न स्तर पर विकेंद्रीकृत नियोजन प्रक्रिया के अंतर्गत तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, डाटा वेरीफिकेशन, विभागीय प्लान तैयार करने एवं करवाने आदि कार्यों में सहयोग प्रदान करेंगे।
       गठित दल में जिला पंचायत देवास के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वनमंडल क्षेत्रीय देवास के वनसंरक्षक, जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय के जिला योजना अधिकारी, सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त संचालक,  उद्योग एवं व्यापार केंद्र देवास के महाप्रबंधक, किसान कल्याण तथा कृषि विभाग के उपसंचालक, आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक, जिला चिकित्यालय के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी, शिक्षा विभाग के से जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा केंद्र देवास के जिला परियोजना समन्वयक, लोक निर्माण विभाग देवास के कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी ग्रामीण देवास के कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन देवास के कार्यपालन यंत्री उद्यानिकी देवास के उपसंचालक, पशु चिकित्सालय सेवाएं देवास के उपसंचालक जिला ग्रामोद्योग अधिकारी देवास के ग्रामोद्योग को शामिल किया गया है।
------------------------------
जिले में 883.30 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
         देवास, 07 अगस्त 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 883.30 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1276, उदयनगर में 1063.40, टोंकखुर्द में 921, देवास में 917, बागली में 795, खातेगांव में 756, कन्नौद में 746 तथा सतवास में 592 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
                  24 घंटे में शून्य मिमी वर्षा
    पिछले 24 घंटों में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें उदयनगर में, खातेगांव में, सोनकच्छ में, देवास में, बागली में, टोंकखुर्द में, सतवास में तथा कन्नौद में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को 4.25 मिमी वर्षा दर्ज हुई
    गत वर्ष 07 अगस्त को जिले में 4.25 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें टोंकखुर्द में 14, सोनकच्छ में 9, देवास में 7, बागली में तथा कन्नौद में 2-2, उदयनगर, खातेगांव एवं सतवास में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 354.23 मिमी औसत वर्षा
    अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 354.23 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें उदयनगर में 415.80, खातेगांव में 410, सोनकच्छ में 407, देवास में 393, टोंकखुर्द में 373, कन्नौद में 325, बागली में 286 तथा सतवास में 224 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
---------------------
प्रदेश के 20 जिले में सामान्य से अधिक, 20 जिले में सामान्य, 11 जिले में कम वर्षा
देवास जिला सामान्य से अधिक वर्षा वाले जिलों में
   देवास, 07 अगस्त 2015/ प्रदेश में एक जून से 7 अगस्त तक हुई वर्षा के आधार पर 20 जिले में सामान्य से अधिक, 20 जिले में सामान्य और 11 जिले में कम वर्षा हुई है। जिन जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है, उनमें देवास, इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, रतलाम, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना, भोपाल, सीहोर, राजगढ़, खण्डवा, हरदा, बैतूल, खरगोन और बड़वानी हैं।
सामान्य वर्षा वाले जिले
   सामान्य वर्षा वाले जिले जबलपुर, छिन्दवाड़ा, मण्डला, डिण्डोरी, नरसिंहपुर, छतरपुर, रीवा, सतना, सिंगरौली, दतिया, होशंगाबाद, अशोकनगर, विदिशा, ग्वालियर, सिवनी, शहडोल, उमरिया, शिवपुरी, रायसेन एवं बुरहानपुर हैं।
सामान्य से कम वर्षा वाले जिले
   सामान्य से कम वर्षा वाले जिले कटनी, बालाघाट, पन्ना, अनूपपुर, श्योपुर, दमोह, सीधी, सागर, टीकमगढ़, भिण्ड एवं मुरैना हैं।
-----------------------
विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया गया
   देवास, 07 अगस्त 2015/ मां का दूध बच्चों के लिए अति महत्वपूर्ण है तथा बच्चों के लिए मां का दूध अमृत् तुल्य होता है। मां के दूध से बच्चों का शारीरिक, मानसिक तथा बौद्धिक विकास होता है। छ: माह के शिशुओं के लिए अपने आप में संपूर्ण आहार होता है। अत: माताओं को अपने शिशुओं को स्तनपान अवश्य कराना चाहिए। उक्त बातें एकीकृत महिला एवं बाल विकास परियोजना द्वारा वार्ड क्रमांक 25 के केंद्र 2 में विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता जेसमीन शेख ने महिलाओं को समझाई। इस अवसर पर आंगनवाड़ी सहायिका फरीदा शेख भी उपस्थित थे।
------------------------
नीम बीज लेने लगे पौधों का आकार
कलेक्टर श्री अवस्थी की पहल रंग ला रही है
    देवास, 07 अगस्त 2015/ कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के निर्देशन में माह जुलाई से प्रारम्भ नीम बीज रोपण अभियान प्रारंभ किया गया था। जिसके परिणाम अब दिखने लगे है। वे बीज अब पौधों का रूप लेने लगे हैं।
    मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक ने बताया कि कलेक्टर श्री अवस्थी के मार्ग दर्शन में मप्र जन अभियान परिषद की ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों द्वारा ग्रामों में नीम बीज संग्रहण कर उनका रोपण सड़क के दोनों किनारों, मेड़, नदी, नालों के किनारे एवं झाड़ियों में किया गया था। जिससे 80 प्रतिशत नीम बीज प्रस्फुटित होकर पौधे के रूप में बदल गए है। कलेक्टर श्री अवसथी के निर्देशानुसार जुलाई के अंत तक जिले के 110 प्रस्फुटन ग्रामों में कुल 2150 किलोग्राम नीम बीज का संग्रहण कर उनका रोपण किया गया।
    उक्त कार्य ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों द्वारा अपने ग्राम में स्वैच्छिकता के आधार पर किया गया। जन अभियान परिषद् द्वारा उन्हें सिर्फ प्रेरित किया गया। कलेक्टर श्री अवस्थी द्वारा भी ग्राम भ्रमण के दौरान ग्रामवासियों को नीम बीज संग्रहण व उनके रोपण हेतु प्रेरित किया गया। नीम बीज रोपण अभियान अभी भी जारी है ओर ग्रामवासियों द्वारा इसमें बढ़-चढ़कर सहभागिता की जा रही है।
-------------------------
सभी शासकीय सेवक आधार लिंक कराएं
       देवास, 07 अगस्त 2015/ सभी शासकीय सेवकों से कहा है कि वे अपने आधार कार्ड को वोटर आईडी से लिंक कराएं। इसके साथ ही कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए है कि इस आशय का प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए कि उनके विभाग के जिले में सेवारत् सभी शासकीय सेवकों का आधार कार्ड लिंकेज हो गया है। आधार कार्ड को वोटर आई.डी. से जोडने की योजना के तहत मतदाता स्वयं एसएमएस करके अपना वोटर आईडी आधार कार्ड से जोड सकते हैं। इसके लिये वे ECILINK> Space>EpicNo->ADHARNo. को 51969 पर एसएमएस करें। इससे उन्हें एसएमएस के जरिये लिंक होने की सूचना भी मिलेगी। इंटरनेट पर “नेशनल वोटर सर्विस’’ पर जाकर भी कोई भी मतदाता घर बैठे या इंटरनेट कैफे जाकर अपना मोबाइल नम्बर या ई-मेल पता और आधार नम्बर वोटर आईडी से जोड़ सकता हैं। ई-मेल के जरिये भी कोई भी मतदाता अपना वोटर आईडी आधार कार्ड से जोड़ सकता है इसके लिये वह chiefelectoralofficemp@gmail.com पर ई-मेल कर सकते हैं।  
-----------------------------
सम्पदा ई-पंजीयन में इक्विटेबल मॉर्टगेज दस्तावेजों के लिये प्रक्रिया
   देवास, 07 अगस्त 2015/प्रदेश में एक अगस्त 2015 से दस्तावेजों का ई-पंजीयन जरूरी हो गया है। सम्पदा ई-पंजीयन के परिप्रेक्ष्य में महानिरीक्षक पंजीयन ने बैंकों आदि के पक्ष में निष्पादित इक्विटेबल मॉर्टगेज दस्तावेजों में अपनायी जाने वाली प्रक्रिया स्पष्ट की है।
   पहला विकल्प यह होगा कि इक्विटेबल मॉर्टगेज के दस्तावेज को सम्पदा एप्लीकेशन में तैयार कर उसका ई-पंजीयन करवा लिया जाये। ऐसी स्थिति में दस्तावेज पर प्रभार्य स्टाम्प शुल्क का भुगतान ई-स्टाम्पिंग द्वारा किया जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि रजिस्ट्रीकरण फीस सारणी के अनुसार इक्विटेबल मॉर्टगेज से संबंधित दस्तावेज की रजिस्ट्री के लिये मात्र 1000 रुपये रजिस्ट्रीकरण फीस निर्धारित की गई है। रजिस्ट्रीकरण फीस भी 'सम्पदा' से ऑनलाइन भुगतान की जा सकती है।
   दूसरा विकल्प यह है कि इक्विटेबल मॉर्टगेज के दस्तावेज को सादे कागज पर लिखकर उस पर प्रभार्य स्टाम्प शुल्क की राशि चालान से संबंधित बैंक में जमा कर दस्तावेज पर उप पंजीयक का प्रमाण-पत्र अंकित करवा लिया जाये अथवा उक्त राशि फ्रेंक करवा ली जाये। इसके बाद दस्तावेज से संबंधित घोषणा-पत्र विधिक प्रावधानों के अनुरूप उप पंजीयक कार्यालय में फाइल कर दिया जाये। प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर स्थित उप पंजीयक कार्यालयों में विभाग द्वारा फ्रेंकिंग मशीनें उपलब्ध करवाई गई हैं।
------------------------
वाहन संचालन में बरते सावधानी
    देवास, 07 अगस्त 2015/वर्षा एवं अतिवृष्टि की स्थिति में यात्री वाहन, भारीवाही वाहन एवं अन्य वाहनस्वामी, चालक मार्ग पर वाहन संचालित करते समय सावधानी बरतें। वर्षाकाल में संभावित दुर्घटनाओं को रोकने हेतु वाहन का रखरखाव जैसे ब्रेक, गियर, वायपर, छत, हेडलाईट, इंडीकेटर, प्राथमिक उपचार सामग्री एवं खिड़कियों के काँच आदि की जाँच दिन-प्रतिदिन करें। वाहन स्वामी अपने वाहनचालकों को वर्षाकाल में पुल-पुलियाओं पर पानी होने, जलमग्न होने की दशा में वाहन को न चलाने संबंधी समझाईश देवे। वाहन की गति धीमी एवं नियंत्रित रखे इसके अलावा सड़क पर गढ्डों में पानी भरे होने की दशा में वाहन सुरक्षित रूप से तथा किसी भी प्रकार का नशा न कर वाहन चलावे। सिंगल रोड़ होने की स्थिति में वाहन रोककर सावधानी पूर्वक चलावे, ओव्हरटेकिंग करने का प्रयास ना करें।
--------------------------- 
मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजनान्तर्गत आवेदन आमंत्रित
   देवास, 07 अगस्त 2015/मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के बी.पी.एल. श्रेणी के हितग्राहियों को कम लागत के उपकरण तथा कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं। योजना का लाभ नवीन लघु व्यवसाय की स्थापना हेतु देय होगा।
   कार्यपालन अधिकारी जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति ने बताया कि आवेदक अनुसूचित जाति वर्ग का हो, जिले का मूल निवासी हो, उम्र 18 से 55 वर्ष के मध्य हो, साथ ही बी.पी.एल. श्रेणी का हो। किसी भी राष्ट्रीय कृत बैंक, वित्तीय संस्था , सहकारी बैंक का बकायादार न होने के साथ आवेदक / हितग्राही को सिर्फ एक ही बार इस योजना के अन्तर्गत सहायता का पात्र होना चाहिये । परियोजना लागत अधिकतम बीस हजार रूपये एवं मार्जिन मनी 50 प्रतिशत अधिकतम दस हजार रूपये प्रत्येक हितग्राही को दी जायेगी
-----------------------
परीक्षा केन्द्र की व्यवस्था समय पर करने के निर्देश
   देवास, 07 अगस्त 2015/माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा संचालित हाईस्कूल तथा हायर सेकेण्डरी वर्ष 2016 की परीक्षाएं मार्च माह के प्रथम सप्ताह में आयोजित की जाएगी। मण्डल परीक्षाओं के लिए गत वर्ष निर्धारित परीक्षा केन्द्रों के भौतिक सत्यापन करने तथा भौतिक सत्यापन के दौरान बैठक क्षमता, फर्नीचर, पेयजल, शौचालय आदि की उपलब्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
   माध्यमिक शिक्षा मण्डल से मान्यता प्राप्त शालाओं के अतिरिक्त किसी अन्य शाला को परीक्षा केन्द्र प्रस्तावित नहीं किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। गत वर्ष के परीक्षा केन्द्र के अलावा यदि नवीन परीक्षा केन्द्रों का चयन किया जाता है तो निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप किए जाने तथा कम से कम पांच रिजर्व परीक्षा केन्द्र के प्रस्ताव भी तैयार कर प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों का चयन करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखे जाए कि संबंध शाला से प्रस्तावित परीक्षा केन्द्र की दूरी कम से कम होनी चाहिए। शहरी क्षेत्र में यह दूरी अधिकतम पांच किलोमीटर, ग्रामीण क्षेत्र में अधिकतम दूरी 10 किलोमीटर होनी चाहिए।
   जिस शाला को परीक्षा केन्द्र बनाया जाना प्रस्तावित हो उसमें अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को निकटस्थ किसी अन्य परीक्षा केन्द्र में संलग्न किया जाए अर्थात जिस संस्था को परीक्षा केन्द्र बनाया जा रहा है उस संस्था के छात्रों को उसी संस्था में परीक्षा केन्द्र पर संलग्न नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्तावित परीक्षा केन्द्र पुलिस थाना तथा चौकी से नजदीक होना चाहिए जिससे कि प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था तथा आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा के समय पुलिस बल उपलब्ध हो सके।
-------------------------------------
जिलों में भी होगा उद्यानिकी और पुष्प महोत्सव का आयोजन
सभी कलेक्टर को निर्देश जारी
   देवास, 07 अगस्त 2015/मध्यप्रदेश में उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये 10 अगस्त से 15 सितम्बर तक उद्यानिकी महोत्सव तथा 25 सितम्बर से फरवरी, 2016 तक पुष्प महोत्सव मनाया जायेगा। उद्यानिकी और पुष्प महोत्सव का शुभारंभ 10 अगस्त को भोपाल के गुलाब उद्यान में उद्यानिकी मंत्री सुश्री कुसुम महदेले करेंगी। राज्य शासन ने महोत्सव को व्यापक स्वरूप देने के लिये सभी जिला कलेक्टर को निर्देश जारी किये हैं। उनसे कहा गया है कि आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जन-प्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाये। आयोजन को निरंतर जारी रखने के लिये जिले की कार्य-योजना भी तैयार की जाये।
   शासन ने विभागीय अधिकारियों से जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा है। जिलों में होने वाले आयोजन में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक एवं स्थानीय जन-प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। पौध-रोपण कार्यक्रम में स्कूल, कॉलेज, अस्पताल आदि के प्रभारी की भागीदारी भी सुनिश्चित की जायेगी। उद्यानिकी एवं पुष्प महोत्सव में फलदार एवं पुष्प पौधों का रोपण मुफ्त किया जायेगा। पौध-रोपण के लिये आवश्यक तैयारी और रख-रखाव आदि का दायित्व संबंधित संस्था का होगा। जो व्यक्ति फल एवं पुष्प के पौधे रोपित करेंगे, उसके बाद रख-रखाव में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। आयोजन में प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थान की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है।
   प्रमुख सचिव उद्यानिकी श्री प्रवीर कृष्ण की उपस्थिति में भोपाल में आयोजित बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं। बाड़ी मिनीकिट प्रदर्शन कार्यक्रम योजना में आवश्यक संशोधन कर उसे 'फल-बाड़ी'' एवं 'सब्जी-बाड़ी'' विकास योजना नाम से विस्तारित करने का निर्णय लिया गया। प्रदेश की 307 उद्यानिकी रोपणियों की कार्य-योजना तैयार करने के निर्देश भी बैठक में दिये गये। एक-एक करके आदर्श रोपणी के लिये कार्यक्रम तैयार करने तथा समस्त रोपणी के लिये लक्ष्य निर्धारित करने को कहा गया है।
--------------------------
वीडियो कान्‍फ्रेसिंग के जरिये सर्विस प्रोवाइडरों के प्रश्नों का समाधान 8 अगस्त को
   देवास, 07 अगस्त 2015/प्रदेश के सभी उप पंजीयक कार्यालयों में एक अगस्त से ई-स्टाम्पिंग तथा ई-पंजीयन को जरूरी कर दिया गया है। इस संबंध में सभी जिले में पूर्व में सर्विस प्रोवाइडर्स को ई-पंजीयन के लिये कई बार ट्रेनिंग दी गई है। अब ऐसे सर्विस प्रोवाइडर्स जिनको ई-पंजीयन के संबंध में और अधिक जानकारी की आवश्यकता है, उनकी शंकाओं का समाधन करने के लिये महानिरीक्षक पंजीयन द्वारा 8 अगस्त को प्रात: 10.30 बजे से शाम 6 बजे तक एन.आई.सी. के माध्यम से वीडियो कान्फ्रेसिंग रखी गई है।
   वीडियो कान्फ्रेसिंग 3 बेच में होगी। प्रथम बेच प्रात: 10.30 से 12.30 बजे तक, द्वितीय बेच दोपहर 12.30 से 2.30 बजे तक तथा तृतीय बेच दोपहर 3.30 से 5.30 बजे में होगी। जिन सर्विस प्रोवाइडर्स को पुन: कार्य प्रशिक्षण प्राप्त करना है या ई-रजिस्ट्री के संबंध में शंकाओं का समाधान करना है वह जिला पंजीयक को आवेदन देकर वीडियो कान्फ्रेसिंग में शामिल हो सकते हैं।
   वीडियो कान्फ्रेसिंग के लिये प्रश्न ई-मेल आईडी qasampada@gmail.com पर वीडियो कान्फ्रेसिंग के पहले भेजे जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त ई-स्टाम्पिंग तथा ई-पंजीयन के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी विभाग के लिये हेल्प डेस्क नम्बर 2573842, 2573843, 2573844 तथा 2572852 से भी सम्पर्क कर प्राप्त की जा सकती है।

 ------------------------------
फोटो--01-02-03
कैप्शन--01-02-03- कलेक्टर की डेस्क 





No comments:

Post a Comment