दिनांक 12 अगस्त 2015
हर सोनोग्राफी आवेदन का होगा यूनीक नम्बर
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
जिले में 956.08 मिलीमीटर
औसत वर्षा दर्ज
देवास, 12 अगस्त 2015/
जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 956.08 मिलीमीटर
वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून
सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1328, उदयनगर में 1079.60, खातेगांव में 1028,
देवास में 928, टोंकखुर्द में 927, कन्नौद में 830, बागली में 820 तथा सतवास में 708
मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
24 घंटे में 36.90 मिमी वर्षा
पिछले 24 घंटों में 36.90 मिमी वर्षा दर्ज की
गई, जिसमें खातेगांव में 110, सोनकच्छ में 46, सतवास में 45, कन्नौद में 37, बागली
में 25, उदयनगर में 16.20, देवास में 11, टोंकखुर्द में 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई
है।
गत वर्ष इस दिनांक को शून्य
मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
गत वर्ष 12 अगस्त को जिले में शून्य मिमी औसत
वर्षा दर्ज की गई, जिसमें देवास में, टोंकखुर्द में, सोनकच्छ में, बागली में कन्नौद
में, उदयनगर, खातेगांव एवं सतवास में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 354.48 मिमी औसत
वर्षा
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार
गत मानसून सत्र में अभी तक 354.48 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें उदयनगर में
415.80, खातेगांव में 410, सोनकच्छ में 407, देवास में 393, टोंकखुर्द में 373, कन्नौद
में 325, बागली में 288 तथा सतवास में 224 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
-------------------------
20 अगस्त तक शत-प्रतिशत
स्कूलों का निरीक्षण
देवास, 12 अगस्त 2015/राज्य शासन ने 20 अगस्त
तक शत-प्रतिशत शालाओं के निरीक्षण के निर्देश दिये हैं। स्कूल शिक्षा के संभागीय संयुक्त
संचालक, डीईओ और डीपीसी अपने क्षेत्र की सभी शासकीय शालाओं का निरीक्षण कर 21 अगस्त
को अपनी रिपोर्ट लोक शिक्षण संचालनालय को देंगे। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री पारस जैन
के निर्देश पर शालाओं के सघन निरीक्षण का अभियान चलाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान
शालाओं में व्याप्त कमियों को दूर किया जायेगा।
--------------------------------
प्रत्येक जिले में अंग्रेजी माध्यम के 10 मिडिल स्कूल होंगे
देवास, 12 अगस्त 2015/राज्य शासन ने प्रत्येक
जिले में अंग्रेजी माध्यम के 10 मिडिल स्कूल की व्यवस्था के निर्देश जिला कलेक्टर्स
को दिये हैं। सभी कलेक्टर को अंग्रेजी माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य
से प्रत्येक जिले में 10 मिडिल स्कूल कक्षा 1 से 10वीं तक की स्थापना करवाने को कहा
गया है। पहले चरण में इस साल सभी जिलों में 5 मिडिल स्कूल शुरू होंगे। दूसरे चरण में
वर्ष 2016-17 में शेष 5 मिडिल स्कूलों की शुरूआत होगी। इस साल शुरू हुए स्कूलों में
अंग्रेजी माध्यम की पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध करवायी जा रही है।
--------------------------------
कन्या भ्रूण हत्या पर सरकार हुई और सख्त
हर सोनोग्राफी आवेदन का होगा यूनीक नम्बर
आवेदन भरते ही प्रदेश के प्रकरण आ जायेंगे निगरानी में
राज्य सलाहकार समिति ने देखा ऑनलाइन ट्रेकिंग सिस्टम का प्रस्तुतिकरण
देवास,
12 अगस्त 2015/कन्या भ्रूण
हत्या के विरुद्ध राज्य सरकार और सख्त हो गई है। जल्द ही पूरे प्रदेश में ऑनलाइन ट्रेकिंग
सिस्टम लागू किया जा रहा है। किसी भी महिला की सोनोग्राफी होने के पूर्व ही जानकारी
निरीक्षण समिति और कलेक्टर को स्वत: ही पहुँच जायेगी। इससे प्रदेश भर के प्रकरण निगरानी
में रहने से अल्ट्रा सोनोग्राफी के दुरुपयोग पर अंकुश लगेगा। पी.एन.डी.टी. एक्ट में
गठित राज्य सलाहकार समिति ने आज ऑनलाइन कार्यवाही का प्रस्तुतिकरण देखा और कुछ महत्वपूर्ण
सुझाव भी दिये।
ऑनलाइन सिस्टम पारदर्शी, सुविधाजनक और समय बचाने
वाला होगा। फार्म-एफ भरते ही मरीज और संबंधित चिकित्सक निगरानी में आ जायेगा। हर आवेदन
को यूनीक नम्बर दिया जायेगा, जिससे ट्रेकिंग बहुत आसान हो जायेगी। यूनीक नम्बर को फीड
करते ही सोनोग्राफी की पूरी स्टेटस रिपोर्ट कम्प्यूटर पर आ जायेगी। चिकित्सक भी अपने
स्थान पर किसी अन्य से सोनोग्राफी नहीं करवा पायेंगे। आवेदक को अब शुल्क अदायगी के
लिये बैंक नहीं जाना पड़ेगा। फार्मों की पूर्ति और शुल्क अदायगी सब ऑनलाइन होगी। कम्पयूटर
का इस्तेमाल न करने वाले लोग फार्म-एफ की पूर्ति के लिये प्रदेश में उपलब्ध 12000 एम.पी.
ऑनलाइन कियोस्क का उपयोग कर सकेंगे। सूचना मिलते ही निरीक्षण समिति क्लीनिक में पहुँचकर
सुनिश्चित करेगी कि सोनोग्राफी का दुरुपयोग लिंग परीक्षण के लिये न हो।
अल्ट्रा सोनोग्राफी मशीन का उपयोग केवल बच्चे के
स्वस्थ विकास और बीमारी की जानकारी सुनिश्चित करने के लिये हो सकेगा। ऑनलाइन सिस्टम
से बिना फार्म-एफ की पूर्ति किये आगे की कार्यवाही नहीं हो सकेगी। पहले फार्म-एफ अधूरा
रहने पर भी सोनोग्राफी हो जाती थी। फार्म के साथ केस फाइल भी संलग्न की जा सकेगी।
फार्म-एफ की पूर्ति में अंतिम निर्णय संबंधित कलेक्टर
का होगा। जानकारी से असंतुष्ट होने पर कलेक्टर द्वारा फार्म निरस्त किया जा सकेगा,
फार्म दोबारा भरना पड़ेगा। पी.सी.पी.एन.डी.टी. के होम पेज और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार
कल्याण विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन की जानकारी उपलब्ध होगी। फार्म हिन्दी या
अंग्रेजी में भरे जा सकेंगे।
राज्य सलाहकार समिति ने पारदर्शिता पुख्ता करने
के लिये फार्म-एफ में महिला की फोटो, डिजिटल हस्ताक्षर, अंगूठे के निशान को भी शामिल
करने को कहा। बैठक में अपर सचिव, विधि श्री अमिताभ मिश्रा, अध्यक्ष ऑल इण्डिया वूमेन
कान्फ्रेंस डॉ. वंदना शर्मा, डॉ रश्मि द्विवेदी, श्रीमती स्वाति सिंह सहित राज्य सलाहकार
समिति के सदस्य, चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित थे।
-------------------------
30 सितम्बर के बाद प्रस्तुत करना होगा स्वास्थ्य प्रमाण पत्र
देवास,
12 अगस्त 2015/प्रधानमंत्री
जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बगैर अच्छे स्वास्थ्य के प्रमाण-पत्र के पंजीयन
करने की तिथि 30 सितम्बर 2015 तक बढ़ा दी गई है। इस तिथि के पश्चात प्रधानमंत्री जीवन
ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत पंजीयन कराने वाले हितग्राही को भारत सरकार द्वारा निर्धारित
अच्छे स्वास्थ्य का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
------------------------
No comments:
Post a Comment