दिनांक 10 अगस्त 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
राजस्व अधिकारी अपने क्षेत्र के अस्पतालों का
निरीक्षण करें
टीएल बैठक में
अधिकारियों को कलेक्टर ने दिए निर्देश
------------
देवास, 10 अगस्त 2015/
सभी राजस्व अधिकारी अपने क्षेत्र के अस्पतालों का निरीक्षण करें। आम जनता को स्वास्थ्य
एवं परिवार कल्याण विभाग की कल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की निगरानी रखें। सभी
जनशिक्षक अपने कार्य क्षेत्र के विद्यालयों का एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत निरीक्षण
करें। जनपद पंचायतों में सरपंचों और अन्य जनप्रतिनिधियों को सही मार्गदर्शन और सहायता
मिलना सुनिश्चित हो। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने सोमवार को ये निर्देश लंबित समयावधि
पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, सभी
एसडीएम एवं अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
अवैध शराब पर रोक लगाए
बैठक में कलेक्टर ने बागली, पुंजापुरा, पीपरी
क्षेत्र में अवैध शराब ब्रिकी पर रोक लगाने के निर्देश आबकारी विभाग को दिए।
उन्होंने क्षेत्र में सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
सहायता राशि के प्रकरण
तत्काल बनाए
सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए कि राजस्व
पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के अंतर्गत सहायता राशि बांटने में तत्परता बरते।
सहायता के प्रकरण तहसीलदारों द्वारा तत्काल बनाए जाएं।
सरपंचों को सही
मार्गदर्शन दे जनपद पंचायत
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जनपद पंचायतों
में हितग्राही मूलक येाजनाओं में प्रकरण स्वीकृति के लिए जिला स्तर पर भेजने में
विलंब नहीं किया जाए। सोनकच्छ के एडीओ की शिकायत मिलने पर उन्होंने सीईओ जिला पंचायत
को जांच कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीईओ से कहा जनपद
पंचायत को फैसिलिटेशन सेंटर बनाएं और यहां आने वाले ग्रामीणों, सरपंचों और अन्य जनप्रतिनिधियों
को विकास कार्यों के लिए सही मार्ग दर्शन दें।
---------------------------------
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा अपरिहार्य कारणों से स्थगित
देवास, 10 अगस्त 2015/मुख्य
मंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत मंगलवार, 11 अगस्त को देवास से शुरू होकर उज्जैन
और सीहोर से होते हुए रामेश्वरम जाने वाली ट्रेन अपरिहार्य कारण से अब नहीं जाएगी।
कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने बताया कि यात्रा की संशोधित तिथि आने मिलने पर सभी संबंधितों
को सूचित किया जाएगा।
क्रमांक
57/817/10-08-2015
ग्राम मास्टर प्लान की
कार्यशाला आज देवास में
देवास, 10 अगस्त 2015/
विकेंद्रीकृत जिला योजना (ग्राम मास्टर प्लान) वर्ष 2016-17 बनाने के लिए जनपद
स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला मंगलवार 11 अगस्त को दोपहर 2.30 बजे से
मल्हार स्मृति मंदिर में आयोजित की जाएगी।
-----------------------------
श्रद्धालुओं को मिलेगा भरपेट सात्विक भोजन
देवास, 10 अगस्त 2015/
माताजी की टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की पहल पर सात्विक
भोजन की व्यवस्था आरंभ की जा रही है। इसके
लिए श्रद्धालु को केवल 10 रूपए प्रतिथाली का भुगतान करना होगा। थाली की कीमत 22
रूपए होगी, जिसमें से शेष 12 रूपए की राशि एक समिति द्वारा वहन की जाएगी। व्यवस्था
के संचालन के लिए मां चामुंडा अन्न क्षेत्र समिति का गठन अशासकीय तौर पर किया गया
है।
सब्सीडी के लिए सोमवार को कलेक्टर ने पांच
दिनों की व्यवस्था के लिए 10 हजार 500 रूपए का चेक प्रदान किया। एसडीएम खातेगांव
अशोक व्यास ने पांच हजार का चेक प्रदान किया। जिले के अन्य अधिकारी भी स्वैच्छिक रूप
से इसमें योगदान करेंगे। उल्लेखनीय है कि एक दिन का भोजन का व्यय 2100 रूपए अनुमानित
किया गया है। कोई भी व्यक्ति यह राशि चेक अथवा ड्राप्फ्ट द्वारा मां चामुंडा अन्न
क्षेत्र समिति देवास के नाम से देकर पुण्य के इस काम में सहभागी बन सकता है। इस
व्यवस्था का शुभारंभ आगामी 15 अगस्त को किया जाएगा। अन्न क्षेत्र शंखद्वार के
निकट संचालित होगा तथा भोजन में दाल, चावल, सब्जी, रोटी, अचार तथा पापड़ दिया
जाएगा।
-------------------------------
जिले में 922.93
मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
देवास, 10 अगस्त 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत
रूप से 922.93 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी
के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1282, उदयनगर में
1063.40, टोंकखुर्द में 922, देवास में 917, खातेगांव में 883, बागली में 795, कन्नौद
में 766 तथा सतवास में 755 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
24 घंटे
में 5.88 मिमी वर्षा
पिछले 24 घंटों में शून्य
मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें खातेगांव में 40, सतवास में 5 कन्नौद में 2 मिमी तथा
देवास, सोनकच्छ, टोंकखुर्द, बागली, उदयनगर
में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस
दिनांक को शून्य मिमी वर्षा दर्ज हुई
गत वर्ष 10 अगस्त को
जिले में शून्य मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें देवास में, टोंकखुर्द में, सोनकच्छ
में, बागली में कन्नौद में, उदयनगर, खातेगांव एवं सतवास में शून्य मिमी वर्षा दर्ज
की गई।
पिछले साल 354.48
मिमी औसत वर्षा
अधीक्षक भू-अभिलेख से
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 354.23 मिमी वर्षा दर्ज की गई
थी, जिसमें उदयनगर में 415.80, खातेगांव में 410, सोनकच्छ में 407, देवास में 393,
टोंकखुर्द में 373, कन्नौद में 325, बागली में 288 तथा सतवास में 224 मिमी वर्षा दर्ज
की गई।
---------------------------
रक्षा पेंशन अदालत 10 एवं 11 सितंबर को
देवास,
10 अगस्त 2015/ रक्षा पेंशन अदालत मर्करी
थियेटर एमसीटीई महू में 10 तथा 11 सितंबर को आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी पूर्व सैनिक एवं विधवाएं पेंशन संबंधी शिकायत
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय इंदौर से संपर्क कर अपनी पेंशन संबंधी शिकायत दर्ज करा
सकते हैं।
---------------------------
कलेक्टर ने किया जिला जेल का आकस्मिक निरीक्षण
देवास, 10 अगस्त 2015/ कलेक्टर
आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को जिला जेल देवास का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण
के दौरान उन्होंने जेल मैन्युअल के मुताबिक भोजन, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था
सुनिश्चित रखने, जेल में बंद कैदियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए समय-समय पर
स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने, कैदियों को उनके परिजन से मिलने वाली जगह की साफ-सफाई
किए जाने के निर्देश जेल अधीक्षक मनोजकुमार साहू को दिए। निरीक्षण के दौरान उप जेल
अधीक्षक लव सिंह एवं संबंधित उपस्थित थे।
भोजन
कक्ष का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान जेल में
कैदियों के लिए सुविधा संबंधी जानकारी ली। वहां पर स्थित भोजन कक्ष का निरीक्षण किया
तथा कैदियों के लिए बनाए जा रहे भोजन को देखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैदियों
से पूछा कि आपको यहां कैसा भोजन मिलता है। इस पर कैदियों ने बताया कि हमें मैन्यू
के अनुरूप भोजन मिलता है। कलेक्टर ने एक कैदी से पूछा कि आज आपको भोजन में क्या
मिला। इस पर कैदी ने कहा की आज हमें सुबह नाश्ता मिला, जिसमें चना तथा आलू मिला।
भोजन में उड़द की दाल, रोटी तथा चना आलू की सब्जी दी गई। कैदियों ने चर्चा के कलेक्टर
को बताया कि हमें एक नहाने तथा दो कपड़े धोने के साबून दिए जाएं।
धार्मिक आयोजन भी होते
हैं
कैदियों ने कलेक्टर को बताया कि जेल में
समय-समय पर धार्मिक आयोजन किया जाते हैं। रात्रि की समय सत्संग, सुंदरकांड, भजन का
भी आयोजन किया जाता है।
महिला बैरक में पंखे
नहीं होने पर जताई नाराजी
कलेक्टर ने महिला बैरक का निरीक्षण किया,
जिसमें थैली में पैक गेहूं चेक किए। अंदर बैरक में महिला कैदियों को दिए गए कंबल
एवं दरी को देखा। महिला बैरक में पंखे नहीं होने पर नाराजगी जताई तथा पंखे लगाने के
निर्देश दिए। जेल परिसर में लाइट व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए।
साथ ही बैरक में बंद पड़े टेलीफोन को जल्द से जल्द सुचारू रूप से चालू करवाने के
निर्देश जेल अधीक्षक को दिए। उन्होंने महिला कैदियों से समस्याएं भी पूछी।
फूलदार पौधे लगाए
कलेक्टर ने जेल के निरीक्षण के दौरान जेल परिसर
में खुली जगह पर फलदार एवं फूलदार पौधे लगाए, जिससे जेल परिसर सुंदर एवं आकर्षक
लगे।
लाइब्रेरी को व्यवस्थित
किए जाए
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जेल में बनी लाइब्रेरी
को सुंदर तथा व्यवस्थित बनाया जाए। लाइब्रेरी में कैदियों के मन में अच्छे भाव
निर्मित हों, ऐसी किताबें रखें। लाइब्रेरी के आसपास साफ-सफाई करके उसे स्वच्छ
बनाने के निर्देश दिए।
कैदियों की संख्या
संबंधी जानकारी ली
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कैदियों की
संख्या की जानकारी ली। इस पर जैलर ने बताया कि जेल में हवालाती 266 पुरूष तथा 29
महिला कैदी हैं। मियादी में 62 पुरूष तथा 1 महिला तथा सिविल में 2 पुरूष है।
गोशाला की संबंधी
जानकारी ली
कलेक्टर ने जेल की गोशाला की जानकारी ली। जेलर
ने बताया कि गोशाला में 125 गाये हैं। इन गायों से प्रतिदिन 40 लीटर दूध प्राप्त
होता है। कलेक्टर ने चारे के संबंध में जेलर से पूछा । इस पर जेलर ने बताया कि
यहां कुछ दूरी पर एक पहाड़ी को एक साल के लिए अनुबंध पर लेते हैं, वहां से चारा
कटवा लेते हैं।
--------------------------
उद्यानिकी महोत्सव का
शुभारंभ
देवास,
10 अगस्त 2015/ प्रदेश में "उद्यानिकी
महोत्सव" कार्यक्रम 10 अगस्त से 15 सितंबर तक मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सोमवार
को मां चामुंडा टेकरी पर पौध रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी
द्वारा पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। माता टेकरी देवास एवं बालगढ़ रोड
पर 500 पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर उपसंचालक उद्यान डॉ. एनएस तोमर,
परियोजना संचालक "आत्मा" यूएस जादौन, एसडीएम सोनकच्छ अंजली जोसेफ, जिले के
अधिकारी, पार्षद एवं वरिष्ठजनों द्वारा पौधा रोपण किया गया।
उद्यानिकी महोत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों
में 80 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा, जिसमें '' पुष्प महोत्सव" के अंतर्गत देवास
नगर निगम क्षेत्र में 20 हजार पुष्प पौधों
का रोपण किया जाएगा। उद्यानिकी महोत्सव में जो संस्थाएं अपने परिसर में स्वयं वृक्षारोपण
करेंगी, उन्हें उद्यानिकी विभाग की रोपणियों से नि:शुल्क फल पौधे प्रदाय किए जाएंगे।
------------------------------
फोटो-- 01,02,03,04,05,
कैप्शन-01- टीएल बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते कलेक्टर आशुतोष अवस्थी।
02- जेल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश देते कलेक्टर अवस्थी।
03- जेल में भाेजन कक्ष का निरीक्षण करते हुए।
04- जेल में दस्तावेजों का निरीक्षण करते हुए।
06- टेकरी पर पौधारोपण करते हुए।

No comments:
Post a Comment