Wednesday, 19 August 2015

दिनांक 19 अगस्त 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
सोनकच्छ में आयोजित हुआ हितग्राहियों का सम्मेलन
महिलाओं ने सुनाई अपनी सफलता की कहानी
       देवास, 19 अगस्त 2015/ सोनकच्छ में बुधवार को ग्रामीण स्वरोजगार और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत हितग्राहियों का सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में गांवों से आई स्वसहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानी सुनाई। मौके पर उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत, विधायक सोनकच्छ श्री राजेंद्र वर्मा एवं कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने इनका उत्साह बढ़ाया और मंच से सम्मानित भी किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्यगण, एसडीएम अंजलि जोसेफ, तहसीलदार पल्लवी पुराणिक एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।
उद्यमशीलता से हम बदल सकते हैं अपना जीवन
       जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत ने हितग्राहियों को संबांधित करते हुए कहा कि अपनी उद्यमशीलता से हम अपने जीवन को बदल सकते है। उन्होंने बताया कि उन्होंने बैंक से 24 हजार रूपए का ऋण लेकर अपना व्यवसाय शुरू किया था। इसी प्रकार जिले के ग्रामीण अंचल के भाई बहन भी शासन की सहायता से अपना स्वयं का उद्यम आरंभ कर सकते हैं।
हम अपना जीवन स्तर सुधार सकते हैं
       विधायक श्री राजेंद्र वर्मा ने कहा कि अब शासन की अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। उनकी सहायता से हम अपना जीवन स्तर सुधार सकते हैं। उन्होंने जनपद पंचायत द्वारा हितग्राहियों के सफल सम्मेलन के लिए बधाई दी।
एक छोटी-सी शुरूआत बना सकती है जीने की नई राह
       कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने इस अवसर पर कहा कि अच्छी नीयत के साथ एक छोटी-सी शुरूआत जीने की नई राह बना देती है। बैंकों से प्राप्त लोन को शत-प्रतिशत अपने व्यवसाय पर ही खर्च करना चाहिए। समय पर लोन वापस कर बैंकों का विश्वास समूह में बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जहां चाह होती है, वहां राह भी होती है। शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें तथा अपने परिवार के साथ-साथ गांव एवं प्रदेश को भी खुशहाल बनाएं। सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा ने इस अवसर पर बताया कि आज का यह सम्मेलन मुख्य रूप से ग्रामीण आवास स्वरोजगार और स्वसहायता समूह पर केंद्रित है। स्वरोजगार की योजनाएं अब मुख्य रूप से तीन योजनाओं में समाहित हो गई है मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और मुख्य मंत्री युवा उद्यमी योजना से ग्रामीणजन अवश्य लाभ उठाएं। उन्होंने स्वसहायता समूह की महिलाओं को उपयोगी टिप्स भी दिए। इसके पूर्व सोनकच्छ की जनपद पंचायत सीईओ रीना चौहान ने सोनकच्छ विकासखंड में ग्रामीण विकास की विभिन्न गतिविधियों की पॉवर पाइंट द्वारा जानकारी दी।
महिलाओं ने सुनाई सफलता की कहानी
       सम्मेलन में ग्राम बीसाखेड़ी की शांति स्व सहायता समूह की ललिता शर्मा ने बताया कि वर्ष 2011 में उन्होंने दस महिलाओं का समूह बनाया था। समूह ने अपनी बचत प्रारंभ की ओर एक वर्ष बाद बैंक से लोन लेकर भैंस पालन का व्यवसाय प्रारंभ किया। रोज सुबह-शाम 5-5 लीटर दूध बेचने से प्रतिदिन 500 रूपए तक की आमदनी हुई। अब 4 साल हो गए हैं और हमने बैंक का लोन भी पूरी तरह से जमा कर दिया है। सांवेर की मनुबाई ने अपने समूह की 10 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर छोटे-छोटे काम इसी तरह से प्रारंभ किए। ग्राम घटियाभाना के परमानंद ने भी समूह के माध्यम से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानी बताई।
-----------------------------------
विधायक ने किया प्रशिक्षण का शुभारंभ
       देवास, 19 अगस्त 2015/ सेानकच्छ विधायक श्री राजेंद्र वर्मा ने बुधवार को बीआरसी कार्यालय सोनकच्छ में महिलाओं के लिए स्वरोजगार प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। इस प्रशिक्षण में जूट से कार्यालयीन एवं विविध उपयोग के लिए सामग्री के निर्माण की विधि सिखाई जाएगी। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री नरेंदसिंह राजपूत अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा, एसडीएम सोनकच्छ अंजलि जोसेफ, जनपद पंचायत सीईओ रीना चौहान उपस्थित थे।      
--------------------------------
बीमा योजनाओं से हितग्राहियों जोड़ने के लिए सोनकच्छ क्षेत्र में शिविर आज
        देवास, 19 अगस्त 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के निर्देश पर राजस्व प्रशासन द्वारा बैंकों के सहयोग से सोनकच्छ क्षेत्र में आज 18 स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के हितग्राहियों को अधिक से अधिक जोड़ने के लिए इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। हितग्राहियों के पंजीयन एवं आधार में हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने के लिए जिले के सोनकच्छ एवं टोंकखुर्द तहसील के अंतर्गत आने वाले गांवों एवं नगर पंचायतों में 20 अगस्त गुरूवार को सुबह 11 बजे शिविर आयोजित किए जाएंगे।
चार नगर पंचायतों में आज शिविर
        कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के निर्देश अनुसार सोनकच्छ, पीपलरावां, भौंरासा तथा टोंकखुर्द में नगर पंचायत कार्यालय पर ये 20 अगस्त को शिविर आयोजित किए जाएंगे। 
इन पंचायत क्लस्टर में लगेगा शिविर
        इसी प्रकार जनपद पंचायत सोनकच्छ के अंतर्गत ग्राम पंचायत पांदा जागीर, ग्राम पंचायत सांवेर, ग्राम पंचायत कुलाला, ग्राम पंचायत दौलतपुर, ग्राम पंचायत चौबाराजागीर, ग्राम पंचायत गंधर्वपुरी, ग्राम पंचायत कुमारिया बनवीर, ग्राम पंचायत घिचलाय तथा जनपद पंचायत टोंकखुर्द के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवली, ग्राम पंचायत चौबाराधीरा, ग्राम पंचायत चिड़ावद, ग्राम पंचायत आलरी, ग्राम पंचायत कन्हैरिया, ग्राम पंचायत आगरोद में  20 अगस्त शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अधिक से अधिक लाभ लें
        अनुविभागीय अधिकारी राजस्व्‍ एवं लीड बैंक मैनेजर ने आमजन से आग्रह किया है कि इन शिविरों में शामिल होकर अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लें।
-------------------------------
3 कार्यों के लिए 4 लाख रूपये से अधिक की प्रशासकीय राशि स्वीकृत
      देवास, 19 अगस्त 2015/ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना अन्तर्गत विधायक सोनकच्छ विधायक श्री राजेंद्र वर्मा एवं बागली विधायक श्री चंपालाल देवड़ा की अनुशंसा पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा 3 निर्माण कार्यों के लिए 4 लाख 41 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृत जारी की गई है।
      जारी आदेश अनुसार विकासखण्ड टोंकखुर्द के ग्राम पांडी के मेन रोड के लिए 1.484 लाख रूपए, ग्राम पंचायत गौरवा के सीसी रोड के निर्माण कार्य के लिए 1.96 लाख रूपए की एवं  बागली विकासखंड की ग्राम पंचायत आगुर्ली में चौपाल निर्माण कार्य के लिए 0.966 लाख रूपये प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
-----------------------------
जिले में 1021.45 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
         देवास, 19 अगस्त 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 1021.45 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1368, खातेगांव में 1137, उदयनगर में 1100.60, कन्नौद में 1039, देवास में 1008, टोंकखुर्द में 930, बागली में 829 तथा सतवास में 760 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
               24 घंटे में 18.40 मिमी वर्षा दर्ज की गई
    पिछले 24 घंटों में 18.40 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें कन्नौद में 90, खातेगांव में 26, सतवास में 12, बागली में 9, उदयनगर में 4.20, सोनकच्छ में 4, देवास में 2 तथा टोंकखुर्द में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को शून्य मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
    गत वर्ष 19 अगस्त को जिले में शून्य मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें सोनकच्छ में, देवास में, टोंकखुर्द में तथा सतवास में, उदयनगर में, बागली में, कन्नौद में तथा खातेगांव में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 358.10 मिमी औसत वर्षा
        अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 358.10 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें उदयनगर में 423.80, सोनकच्छ में 415, खातेगांव में 410, देवास में 398, टोंकखुर्द में 376, कन्नौद में 327, बागली में 288 तथा सतवास में 227 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
-----------------------------------
मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम 22 अगस्त को
        देवास, 19 अगस्त 2015/ मध्यस्थता योजना के प्रचार-प्रसार के लिए मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम 22 अगस्त को दोपहर 2.30 बजे जिला न्यायालय परिसर देवास में आयोजित किया जाएगा।
         सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय ने न्यायाधीश, अधिवक्तागण, मीडिया बंधु, न्यायालय स्टॉफ, पीएलवी कार्यकर्ता, पैनल लायर, पक्षकारगण तथा आमजन से जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।
क्रमांक 139/899/19-08-2015
"परख" वीडियो कान्फ्रेंसिंग आज
      देवास, 19 अगस्त 2015/ मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा की अध्यक्षता में 20 अगस्त को "परख'' वीडियो कान्फ्रेंसिंग होगी। मुख्य सचिव मंत्रालय में एन.आई.सी. कक्ष से सुबह 11 बजे संभागायुक्त और कलेक्टर्स से चर्चा करेंगे।
      चर्चा में मैप-आई.टी. के अंतर्गत स्वॉन कनेक्शन और आधार पंजीयन की स्थिति, सोयाबीन में इल्ली तथा येलो मेजेक वायरस के प्रकोप की रोकथाम, 50 लाख से अधिक की योजनाओं की प्रभारी मंत्री द्वारा समीक्षा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा एवं अटल पेंशन योजना पंजीयन अभियान में बैंकों में प्रस्तुत फार्म तथा बैंकों द्वारा पंजीयन फार्म में अंतर में मिलान की स्थिति, भूदान एवं सीलिंग में कितनी भूमि उपलब्ध हुई और कितनी भूमि का आवंटन, कितने हितग्राही को किया जा चुका है तथा आज की स्थिति में कितनी भूमि शेष है, जैसे विषय शामिल हैं।
---------------------------------
कन्नौद में स्व सहायता समूह की प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न
     देवास, 19 अगस्त 2015/ जनपद पंचायत कन्नौद के प्रशिक्षण कक्ष में आज बुधवार को स्व सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 35 स्वसहायता समूह की लगभग 265 महिलाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर विधायक आशीष शर्मा, अध्यक्ष जनपद पंचायत ओमप्रकाश पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा, अनुविभागीय अधिकारी रंजना पाटने एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।
प्रशिक्षण में पंच सूत्र का पालन ग्रेडिक रिवाल्वींग फंड व क्रेश क्रेडिट लिमिट एवं गतिविधि चयन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मध्यान्ह भोजन योजना से जुड़े समूह के अध्यक्ष, सचिव को मध्यान्ह भोजन निमा्रण एवं दूध वितरण स्वछाता पूर्ण तरीके से निर्माण एवं स्वयं वितरण के संबंध में तथा कुपोषण के संबंध में प्रशिक्षण 3 दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सिलाई/ रेडिमेड गार्मेंट का 20 दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया है।
     मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन अंतर्गत 201 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदाय किए गए। कुल 331 हितग्राही को स्वीकृति प्राप्त हुई। उपरोक्त सभी महिला, पुरूषों को जीवन सुरक्षा बीमा एवं जीवन ज्योति बीमा तथा स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण की जानकारी  प्रदाय की गई।
-----------------------------
फोटो--कैप्शन- स्व सहायता समूह की कार्यशाला में उपस्थित अतिथि।
01,02,03,04,05 





----------------------------------
फोटो--स्वरोजगार प्रशिक्षण कक्ष का शुभारंभ ।
01,02,    


No comments:

Post a Comment