दिनांक 11 अगस्त 2015
जनसुनवाई में आए 67 आवेदन:-कलेक्टर ने की जनसुनवाई
जिलों और ब्लॉक में आयोजन के लिये निर्देश जारी
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
जनसुनवाई में आए 67 आवेदन:-कलेक्टर ने की जनसुनवाई
देवास 11 अगस्त 2015/ कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई में आज मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में 67 आवेदकों ने कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के समक्ष अपने आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। कलेक्टर द्वारा सभी पर कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर कैलाश बुंदेला, डिप्टी कलेक्टर सारिका भूरिया, एसडीएम धीरज श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
प्लाट पर आने जाने का रास्ता खुलवाया जाये
आवेदक राजेन्द्र पिता हजारीलाल निवासी ग्राम सन्नौड़ तहसील देवास ने आवेदन दिया कि उसके प्लाट पर आने जाने के रास्ते को अन्य ग्रामीण ने अवैध तरीके से कांटे आदि डालकर बंद कर दिया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत को सूचना दी। जिस पर ग्राम पंचायत ने रास्ता खोलने के निर्देश दिये, किन्तु रास्ता नहीं खोला गया। प्रकरण में कलेक्टर ने तहसीलदार देवास को कार्यवाही के निर्देश दिये।
इंदिरा आवास का लाभ दिया जाये
आवेदक नारायणसिंह पिता बापुसिंह निवासी ग्राम मेढकीधाकड़ तहसील देवास ने आवेदन दिया कि उसका नाम बीपीएल सूची में दर्ज है। रहने के लिए उसके पास कच्चा मकान है, जो जीर्ण शीर्ण अवस्था में है। वर्षा के दौरान अत्यधिक परेशानी होती है। उसे इंदिरा आवास का लाभ दिलाया जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत देवास को कार्यवाही के निर्देश दिये।
पुलिया की उंचाई बढ़ाई जाये
आवेदकगण राजेश, सचिन, अजीज खां, रामलाल, अनिल, हुकमचन्द आदि निवासी हाटपीपल्या ने आवेदन देकर बताया कि बस स्टेण्ड हाटपीपल्या की पुलिया बहुत नीची होने के कारण वर्षा का पानी जमा हो जाता है। पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण आसपास के घरों में पानी घुस जाता है। पुलिया का पुर्ननिर्माण कर उसकी उंचाई बढ़ाई जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को कार्यवाही के निर्देश दिये।
अतिक्रमण हटवाया जाये
आवेदक सुरेन्द्रसिंह पिता रामचन्द्र चौहान निवासी ग्राम राजोदा तहसील देवास ने आवेदन दिया कि राजोदा बरोठा मार्ग पर यात्री प्रतिक्षालय के पास की शासकीय भूमि पर अन्य ग्रामीण ने अवैध रूप से तार फेंसिंग कर अतिक्रमण कर लिया है। अतिक्रमण हटवाया जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने एसडीएम देवास को कार्यवाही के निर्देश दिये।
मजदूरी की राशि दिलाई जाये
आवेदक नरबतसिंह पिता पुंजीलाल निवासी ग्राम तालोद तहसील सोनकच्छ ने आवेदन दिया कि उसे लाखन गिरी निवासी कालूखेडी एवं राजेन्द्र जायसवाल निवासी गंधर्वपुरी ने 4 हजार रूपये प्रतिमाह की मजदूरी पर रखवाली के लिए काम पर रखा था। उसने कुल 5 माह तक कार्य किया, परन्तु उसे केवल 13 हजार 500 रूपये ही दिये गये। शेष राशि का भुगतान संबंधितों द्वारा नहीं किया जा रहा है। उसे मजदूरी की शेष राशि दिलाई जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने संबंधित विभाग को कार्यवाही के निर्देश दिये।
------------------------------
जिले में 919.18 मिलीमीटर
औसत वर्षा दर्ज
देवास, 11 अगस्त 2015/
जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 919.18 मिलीमीटर
वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून
सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1282, उदयनगर में 1063.40, टोंकखुर्द में 922,
देवास में 917, खातेगांव में 918, बागली में 795, कन्नौद में 793 तथा सतवास में 663
मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
24 घंटे में 8.75 मिमी वर्षा
पिछले 24 घंटों में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की
गई, जिसमें खातेगांव में 35, कन्नौद में 27, सतवास में 8 मिमी तथा देवास, सोनकच्छ,
टोंकखुर्द, बागली, उदयनगर में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को शून्य
मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
गत वर्ष 11 अगस्त को जिले में शून्य मिमी औसत
वर्षा दर्ज की गई, जिसमें देवास में, टोंकखुर्द में, सोनकच्छ में, बागली में कन्नौद
में, उदयनगर, खातेगांव एवं सतवास में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 354.48 मिमी औसत
वर्षा
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार
गत मानसून सत्र में अभी तक 354.48 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें उदयनगर में
415.80, खातेगांव में 410, सोनकच्छ में 407, देवास में 393, टोंकखुर्द में 373, कन्नौद
में 325, बागली में 288 तथा सतवास में 224 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
-------------------------------
जिले में हर्षोल्लास
के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस
जिला मुख्यालय पर
प्रभारी मंत्री श्री पटवा करेंगे ध्वजारोहण
देवास 11 अगस्त 2015/ जिले में 15 अगस्त
स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउण्ड
पर मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जिले के
प्रभारी मंत्री श्री सुरेंद्र पटवा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। मप्र सामान्य
प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए है।
मुख्य समारोह प्रातः
9.00 बजे से आयोजित होगा। जनपद मुख्यालयों, नगर पंचायतों, ग्राम पंचायतों आदि में भी
स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होंगे। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने जिले के नागरिकों से
कहा है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वतंत्रता दिवस समारोहों में सम्मिलित हों।
-----------------------------
15
अगस्त को जिले में शुष्क दिवस रहेगा
देवास 11
अगस्त 2015/ शासन द्वारा 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर एक दिन का शुष्क दिवस घोषित
किया गया है। जिला आबकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार लोक शांति कानून व्यवस्था बनाये
रखने के दृष्टिगत शुष्क दिवस पर देवास जिले की सभी देशी विदेशी मदिरा दुकानें, सभी
मद्य भण्डागार पूर्णतः बंद रहेंगे एवं मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।
----------------------------------
स्थायी समिति की बैठक
आज
देवास, 11 अगस्त
2015/
जिला पंचायत देवास की स्थायी समिति की बैठक 12 अगस्त को प्रात: 11 बजे से जिला पंचायत
के सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह
राजपूत करेंगे। जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सभी संबंधितों को बैठक में
उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
-------------------
जिला पंचायत की साधारण सभा की बैठक आज
देवास,
11 अगस्त 2015/ जिला पंचायत देवास की साधारण सभा की बैठक 12 अगस्त को अपरांह 2
बजे से जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत
अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत करेंगे।
मुख्य
कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने बताया कि बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा, सर्व शिक्षा
अभियान विभाग की समीक्षा, जिला पंचायत, ग्रा.वि.अ.प्रकोष्ठ एवं अन्य योजनाओं का माह
अप्रैल से जून 2015 के आय-व्यय का अनुमोदन के एजेंडों पर चर्चा होगी। मुख्य कार्यपालन
अधिकारी ने सभी संबंधितों को बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
----------------------
प्रदेश में 20 जिले में सामान्य से अधिक, 18 जिले में सामान्य, 13 जिले में कम वर्षा
देवास जिला सामान्य से अधिक वर्षा वाले जिलों में
देवास, 11 अगस्त 2015/प्रदेश में एक जून से 10 अगस्त, 2015 तक हुई वर्षा के आधार पर 20 जिले में
सामान्य से अधिक, 18 जिले में सामान्य एवं 13 जिले में कम वर्षा हुई है। सामान्य से
अधिक वर्षा वाले जिले देवास, इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, उज्जैन, मंदसौर, नीमच,
रतलाम, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना, भोपाल, सीहोर, राजगढ़, रायसेन, खण्डवा, हरदा, बैतूल
एवं खरगोन हैं।
सामान्य वर्षा वाले जिले
सामान्य
वर्षा वाले जिले जबलपुर, छिन्दवाड़ा, मण्डला, डिण्डोरी, नरसिंहपुर, सतना, सिंगरौली,
होशंगाबाद, अशोकनगर, विदिशा, ग्वालियर, सिवनी, उमरिया, शिवपुरी, बुरहानपुर, बड़वानी,
श्योपुर और भिण्ड हैं।
कम वर्षा वाले जिले
कम वर्षा
वाले जिले कटनी, बालाघाट, पन्ना, अनूपपुर, दमोह, सीधी, सागर, टीकमगढ़, मुरैना, दतिया,
शहडोल, छतरपुर और रीवा हैं।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार खण्डवा, बुरहानपुर,
बैतूल, हरदा, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, विदिशा एवं सीहोर
जिले में भारी वर्षा होने की चेतावनी दी गयी है।
---------------------------------------
एक वर्ष पूर्ण होने पर कलेक्टर श्री अवस्थी का
किया सम्मान
देवास, 11 अगस्त 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा जिले में एक वर्ष
का कार्यकाल पूर्ण होने पर कलेक्टर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा
उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर एडीएम कैलाश बुंदेला, संयुक्त कलेक्टर सारिका भूरिया,
डिप्टी कलेक्टर एमए अहमद, जिला लोक सेवा अधिकारी सौरभ जैन, स्टेनो एम एस कुशवाह, सहायक
प्रबंधक ई-गर्वनेस अरविंद राजपूत, कार्यालय अधीक्षक हरनामसिंह भार्गो सहित कलेक्टर
कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
-------------------------------
ई-स्टाम्प की वैधता की जाँच के लिये टिप्स
देवास, 11 अगस्त 2015/मध्यप्रदेश में एक अगस्त, 2015 से सम्पदा सॉफ्टवेयर के माध्यम से दस्तावेजों
के ई-पंजीयन की प्रक्रिया अनिवार्य कर दी गयी है। इस प्रकार ई-पंजीकृत दस्तावेजों में
सिस्टम जनरेटेड ई-स्टाम्प का ही उपयोग किया जाता है। लोक कार्यालयों में प्रस्तुत होने
वाले ई-स्टाम्पों की जाँच के लिये महानिरीक्षक पंजीयन ने कुछ टिप्स दिये हैं। जिला
पंजीयक ने बताया कि ई-स्टाम्प के बेकग्राउण्ड प्रिन्ट में पूरे पृष्ठ पर छोटी-छोटी
पंक्तियों में 'DEPARTMENT OF REGISTRATION AND STAMPS' छपा है। इसके
मध्य में मध्यप्रदेश का चिन्ह भी अंकित है। फोटो कॉपी अथवा स्केन किये जाने पर इसका
प्रिन्ट तथा चिन्ह धुंधला हो जाता है या दिखायी नहीं देता। यह छाप प्री-प्रिन्टेड न
होते हुए कम्प्यूटर से ई-स्टाम्प के प्रिन्ट होने पर ही ऑप्टिकल वॉटर मार्क इंजन से
आती है।
ई-स्टाम्प
के निचले भाग पर अंकित माइक्रो प्रिन्ट में ई-रजिस्ट्री का क्रमांक (अल्फा न्यूमेरिक)
अथवा ई-स्टाम्प क्रमांक (न्यूमेरिक) दर्ज किया जाता है, जिसे मेग्नीफाइंग ग्लास की
सहायता से देखा जा सकता है। फोटो कॉपी अथवा स्केन कर प्रिन्ट किये जाने पर यह माइक्रो
प्रिन्ट पठनीय नहीं रहता। ई-स्टाम्प के निचले दाएँ भाग पर अंकित क्रिप्टोमार्क में
भी ई-रजिस्ट्री का क्रमांक अथवा ई-स्टाम्प क्रमांक अंकित होता है, जिसे विभाग द्वारा
जिला पंजीयकों को उपलब्ध करवायी जा रही ट्रान्सपेरेन्सी की मदद से पढ़ा जा सकता है।
ई-स्टाम्प के ऊपरी दाहिने हिस्से पर क्यू आर कोड भी उपलब्ध है। किसी भी स्मार्ट फोन
पर उपलब्ध क्यू आर कोड स्केनर के द्वारा ई-स्टाम्प से संबंधित सभी विवरण बहुत आसानी
से पढ़े जा सकते हैं। ई-स्टाम्प को लोक अधिकारी द्वारा कन्ज्यूम किये जाने का प्रावधान
भी सम्पदा में किया जा रहा है, ताकि इसका पुन: उपयोग न किया जा सके। इस संबंध में अपनायी
जाने वाली प्रक्रिया के संबंध में अलग से अवगत करवाया जायेगा। आवश्यक होने पर उन्हें
प्रशिक्षण भी दिया जायेगा।
कोई भी
व्यक्ति सम्पदा के अंतर्गत रजिस्टर्ड यूजर बनकर ई-स्टाम्प टैब में ई-स्टाम्प फंक्श्नेलिटी
के अंतर्गत ई-स्टाम्प नम्बर दर्ज करके उससे संबंधित विवरण, जैसे उक्त ई-स्टाम्प किसके
द्वारा, किस दिनांक को, किस समय तथा किस प्रयोजन हेतु जारी किया गया है, ज्ञात कर सकता
है। उल्लेखनीय है कि यदि ई-स्टाम्प में टेम्परिंग कर दूसरे व्यक्ति का नाम फर्जी तरीके
से अंकित कर दिया गया हो, तो यह जानकारी मेल नहीं खायेगी। जिन दस्तावेजों का रजिस्ट्रीकरण
नहीं करवाया जाता है, तो उनके संबंध में ई-स्टाम्प, सर्विस प्रोवाइडर द्वारा ही जनरेट
किया जायेगा, किन्तु जिन दस्तावेजों का रजिस्ट्रीकरण अनिवार्य है, उनमें सर्विस प्रोवाइडर
द्वारा केवल ई-स्टाम्प कोड जारी किया जाता है। ई-स्टाम्प उप पंजीयक कार्यालय में ही
जनरेट किया जाता है। जिन दस्तावेजों का रजिस्ट्रीकरण नहीं करवाया जाता है, उनसे संबंधित
ई-स्टाम्प पर सर्विस प्रोवाइडर के तथा रजिस्ट्रीकृत दस्तावेजों से संबंधित ई-स्टाम्प
पर उप पंजीयक के डिजिटल सिग्नेचर होंगे। विनिर्दिष्ट से निम्न ई-स्टाम्प जारी करने,
उसकी अनुलिपि करने अथवा इलेक्ट्रॉनिक स्टाम्पिंग प्रणाली के साथ छेड़-छाड़ करने को भारतीय
दण्ड संहिता, 1860 के अधीन आपराधिक कार्यवाही बनाया गया है।
--------------------------
15 अगस्त से ग्राम सभाओं का आयोजन होगा
देवास,
11 अगस्त 2015/ 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) से प्रदेश भर की ग्राम
पंचायतों में त्रैमासिक सम्मिलन का आयोजन किया जायेगा। इन ग्राम सभाओं में स्कूल चलो
अभियान, वर्ष 2014-15 में खुले शौचयुक्त हो चुकी पंचायतों में समारोह आयोजन, पंच परमेश्वर
योजनांतर्गत उपलब्ध उपलब्ध राशि से शालाओं में साबुन से हाथ धोने के प्लेटफार्म का
निर्माण आदि पर चर्चा कर निर्णय लिये जायेंगे। साथ ही शिक्षा सत्र के प्रारंभ में कक्षा-1,
कक्षा-6 और कक्षा-9 में प्रवेश पाने वाले बच्चे नियमित रूप से स्कूल आ रहे हैं अथवा
नहीं, इसकी समीक्षा की जायेगी। ग्राम सभाओं में मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में बच्चों
को रूचिकर भोजन देने, पोषण स्तर के आधार पर अतिकम वजन वाले बच्चों को मापदण्ड के अनुसार
पोषण पुर्नवास केन्द्रों में भेजने संबंधी कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली जायेगी।
--------------------------------
राज्य-स्तरीय शिक्षक दिवस की तैयारियाँ शुरू
जिलों और ब्लॉक में आयोजन के लिये निर्देश जारी
देवास, 11 अगस्त 2015/राज्य शासन ने स्कूल शिक्षा के संभागीय तथा जिला अधिकारियों को आगामी 5 सितम्बर
को होने वाले शिक्षक दिवस की तैयारियों के संबंध में निर्देश दिये हैं। हर साल की तरह
इस बार भी संस्था, पंचायत, विकासखंड, नगरीय निकाय, जिला तथा राज्य-स्तर पर शिक्षक दिवस
समारोह होगा।
प्रदेश
के सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल, आश्रमशाला और प्रशिक्षण
संस्थाओं में शिक्षक दिवस मनाया जायेगा। विकासखंड स्थित उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय
के शिक्षकों की शैक्षिक संगोष्ठी 25 अगस्त को होगी। विषय 'स्कूल शिक्षा में छात्रों
के अधिगम परिणामों में सुधार लाने, विज्ञान, गणित और भाषा के शिक्षण के लिये नवीन ज्ञान,
शिक्षण शास्त्र और दृष्टिकोण' रखा गया है। ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी में प्रत्येक ब्लॉक
से एक-एक शिक्षक और शिक्षिका का चयन जिला-स्तरीय संगोष्ठी के लिये किया जायेगा।
जिला-स्तरीय
संगोष्ठी 30 अगस्त को जिलों में होगी। इसमें ब्लॉक स्तर से चयनित शिक्षक भाग लेंगे।
संगोष्ठी का विषय भी ब्लॉक स्तर की संगोष्ठी जैसा रहेगा। जिले की संगोष्ठी में प्रथम
रहे एक-एक शिक्षक-शिक्षिका का चयन राज्य-स्तरीय संगोष्ठी के लिये किया जायेगा। जिले
में प्रथम स्थान प्राप्त शिक्षक एवं शिक्षिका को 1000 रुपये का पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र
तथा द्वितीय पुरस्कार में 500 रुपये एवं प्रशस्ति-पत्र दिये जायेंगे। जिला-स्तरीय शिक्षक
सम्मान समारोह 5 सितम्बर को होगा, जिसमें उन्हें पुरस्कृत किया जायेगा।
राज्य-स्तरीय
संगोष्ठी 4 सितम्बर को भोपाल में होगी। प्रत्येक जिले से प्रथम स्थान प्राप्त शिक्षक
और शिक्षिका की इसमें भागीदारी होगी। राज्य-स्तर पर चयनित एक-एक शिक्षक और शिक्षिका
को 5000-5000 रुपये एवं प्रशस्ति-पत्र के साथ 5 सितम्बर के राज्य-स्तरीय शिक्षक दिवस
समारोह में सम्मानित किया जायेगा।
राज्य-स्तरीय
शिक्षक दिवस भोपाल के समन्वय भवन में होगा। राज्य-स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिये चयनित
शिक्षकों को 25-25 हजार रुपये की सम्मान-निधि, शाल-श्रीफल, प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित
किया जायेगा। विगत वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को 501 रुपये की
सम्मान-निधि के अलावा शाल-श्रीफल और प्रशस्ति-पत्र दिया जायेगा। शासन ने जिला-स्तरीय
शिक्षक दिवस समारोह में प्रभारी मंत्री तथा अन्य जन-प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने
के निर्देश दिये हैं। समारोह में अधिकाधिक शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के
लिये भी कहा गया है।
-----------------------
फोटो-01,02
कैप्शन- जनसुनवाई में आवेदन देते आवेदक।
02- कलेक्टर आशुतोष अवस्थी स्वागत करते हुए।

No comments:
Post a Comment