Friday, 14 August 2015

दिनांक 14 अगस्त 2015

जिले में 971.28 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
          देवास, 14 अगस्त 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 971.28 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1334, उदयनगर में 1090.20, खातेगांव में 1050, देवास में 953, टोंकखुर्द में 928, कन्नौद में 879, बागली में 820 तथा सतवास में 716 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
                 24 घंटे में 4.03 मिमी वर्षा दर्ज की गई
     पिछले 24 घंटों में 4.03 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें देवास में 7, कन्नौद, खातेगांव एवं सतवास में 6-6, उदयनगर में 5.20, सोनकच्छ में 2 तथा टोंकखुर्द में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को 0.25 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
     गत वर्ष 14 अगस्त को जिले में 0.25 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें देवास में 2, टोंकखुर्द में, सोनकच्छ में, बागली में कन्नौद में, उदयनगर, खातेगांव एवं सतवास में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 354.73 मिमी औसत वर्षा
     अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 354.73 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें उदयनगर में 415.80, खातेगांव में 410, सोनकच्छ में 407, देवास में 395, टोंकखुर्द में 373, कन्नौद में 325, बागली में 288 तथा सतवास में 224 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
-----------------------
जिला पंचायत में ध्वाजारोहण प्रातः 8 बजे
    देवास 14 अगस्त 2015/ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत कार्यालय में प्रात: 8 बजे ध्वाजारोहण किया जाएगा। ध्वाजारोहण जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेन्द्रसिंह राजपूत करेंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रबल सिपाहा, समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहेंगे।
----------------------  
मत्स्य बीज उपलब्धता
    देवास 14 अगस्त 2015/ मत्स्य बीज प्रक्षेत्र दौलतपुर व चंद्रकेशर बांध पर पर्याप्त मात्रा में मेजर कॉर्प-रोहू, मृगल व कामन कॉर्प का मत्स्य बीज उपलब्ध हैं। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी  ने जिले में उपलब्ध जलक्षेत्र व बलराम तालाबों में मत्स्य बीज डाले जाने के लिए विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया हैं।
    सहायक संचालक मत्स्योद्योग ने बताया कि सभी पट्टाधारक मत्स्य पालक व निजी मत्स्य पालक, निकटस्थ प्रक्षेत्र से विभागीय दरों पर वांछित मस्त्य बीज प्राप्त कर सकते हैं।
-------------------
नि:शक्तजनों के सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन 15 दिसंबर को
    देवास 14 अगस्त 2015/ सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत जिला स्तर पर नि:शक्तजनों का सामूहिक विवाह सम्मेलन जनपद पंचायत देवास के माध्यम से 15 दिसंबर 2015 का आयोजित किया जाएगा।
    उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण ने बताया कि योजना के अंतर्गत इच्छुक युवक/युवतियां विवाह के लिए पंजीयन 30 नवंबर 2015 तक करा सकते हैं। पंजीकृत जोड़ों के प्राप्त आवेदन पत्रों का सत्यापन 1 दिसंबर 2015 तक किया। सामूहिक विवाह सम्मेलन 15 दिसंबर 2015 को आयोजित किया जाएगा।
एक लाख रूपए तक की राशि दी जाएगी
     उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण ने बताया कि नि:शक्तजनों के सामूहिक विवाह सम्मेलन मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के नियम के अंतर्गत आयोजित किया जाएगा। नि:शक्तजनों को मुख्यमंत्री कन्यादान योजनांतर्गत प्रदाय लाभ के अतिरिक्त प्रत्येक निशक्त दंपत्ति को (दंपत्ति में से एक नि:शक्त होने पर पचार हजार रूपए) की राशि एवं दोनों के नि:शक्त होने पर एक लाख रूपए पृथक से नि:शक्त विवाह प्रोत्साहन योजनांतर्गत दिए जाएंगे। नि:शक्त विवाह प्रोत्साहन योजनांतर्गत लाभ दिए जाने के लिए पृथक से योजना फॉर्म भरकर संबंधित‍ निकाय में जमा करना होगा।
यह हैं पात्रता के मापदंड
    योजना के अंतर्गत आवेदक की 40 प्रतिशत या उससे अधिक नि:शक्तता हो, वह मप्र का निवासी हो, आयु आवेदक के लिए 21 वर्ष तथा आवेदिका के लिए 18 वर्ष की आयु पूर्ण होना चाहिए। आवदेक/आवेदिका आयकर दाता न हो। विवाह धार्मिक रीति/सामाजिक रीति या सक्षम न्यायालय द्वारा कानूनी रूप से विहित किया जाएगा।
आवेदन पत्र के साथ संलग्न दस्‍तावेज
    आवेदक को आवेदन पत्र के साथ मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी किया गया नि:शक्तता प्रमाण पत्र, मूल निवासी संबंधी प्रमाण पत्र, विवाह संबंधी प्रमाण पत्र (नगर पालिका, नगर निगम, सरपंच, राजस्व अधिकारी द्वारा जारी किया गया), पासपोर्ट साइज के दो-दो फोटो, आवदेक/आवेदिका द्वारा परिशिष्ट-1 में विहित प्राधिकरी का सौ रूपए का स्टॉम्प पेपर पर शपथ-पत्र, (मजिस्ट्रेट/ नोटरी द्वारा प्रमाणित हो)] आयु संबंधी प्रमाण पत्र, दम्पत्ति का संयुक्त रूप से राष्ट्रीय बैंक खाता क्रमांक (पासबुक की फोटो कॉपी) आदि दस्तावेज संलग्न करना होंगे।
आवेदन पत्र यहां प्रस्तुत करें
    हितग्राही ग्रामीण क्षेत्र का होने पर संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को एवं शहरी क्षेत्र का होने पर संबंधित नगरीय निकाय में आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।
आवेदक इनसे कर सकते हैं सम्पर्क
    योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवास विनोद कुमार चौहान, खंड पंचायत अधिकारी जनपद पंचायत देवास विनय गर्ग,  मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सोनकच्छ रीना चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बागली के जितेंद्रसिंह ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कन्नौद के किशोर कुमार कच्छवाह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत टोंकखुर्द श्री गजानंद सोलंकी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खातेगांव श्री अहिरवार तथा नगर निगम आयुक्त एवं समस्त नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से सम्पर्क कर सकते हैं।
--------------------------
महिला, नि:शक्तजन और पारस्परिक अन्तर्निकाय संविलियन के अलग-अलग आदेश जारी होंगे
    देवास, 14 अगस्त 2015/ राज्य शासन ने अध्यापक संवर्ग के महिला, नि:शक्तजन एवं पारस्परिक अन्तर्निकाय संविलियन के आदेश अलग-अलग जारी करने के संबंध में सभी कलेक्टर को निर्देश दिये हैं। इसके लिये आदेश के प्रारूप भी जिला कलेक्टर को भेजे गये हैं। अध्यापक संवर्ग के पारस्परिक अन्तर्निकाय संविलियन के लिये सहायक अध्यापक/अध्यापक एवं वरिष्ठ अध्यापक के आदेश एकजाई जारी किये जायेंगे। अन्तर्निकाय ऑनलाइन संविलियन की सूची एनआईसी द्वारा संबंधित जिलों को उपलब्ध करवायी जायेगी।
----------------------
एजुकेशन पोर्टल में विद्यालय उपहार योजना का माड्यूल
     देवास, 14 अगस्त 2015/ राज्य शासन ने एजुकेशन पोर्टल में शासकीय विद्यालय उपहार योजना का माड्यूल विकसित किया है। माड्यूल में योजना संबंधी जानकारी को अद्यतन किया जायेगा। एजुकेशन पोर्टल में कक्षा एक से बारहवीं तक की शालाओं की आवश्यकता की जानकारी की प्रविष्टि की जा रही है। जिन जिलों ने अब तक जानकारी की प्रविष्टि पोर्टल पर नहीं की है, उनसे शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया है। जिले में योजना को लागू करवाने का दायित्व सहायक परियोजना समन्वयक मोबलाइजेशन (एपीसी) को सौंपा गया है।
----------------------------
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना
3562 कि.मी. लंबी 1506 ग्रामीण सड़क के लिये 739 करोड़ मंजूर
आजादी की सालगिरह पर 2871 सुदूर गांव को मिला तोहफा
देवास, 14 अगस्त 2015/ सड़क संपर्क सुविधाओं से वंचित सुदूर गाँवों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने के लिये मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना में 739 करोड़ 12 लाख रूपये की मंजूरी दी गई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने बताया कि आजादी की सालगिरह के मौके पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सड़क सुविधाओं से वंचित गाँव के लिये यह अनूठी सौगात दी है। इससे प्रदेश के 37 जिले के 2871 सुदूर गाँव में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना में 3562.85 कि.मी. लंबी 1506 नई बारहमासी ग्रेवल सड़क का निर्माण होगा। प्रदेश के सुदूर अंचलों तक बारहमासी पक्की सड़कों का जाल बिछाने के इस फैसले से अब तक सड़क सुविधाओं से वंचित गाँव की दिशा और दशा बदलने में मदद मिल रही है। वे विकास की मुख्य धारा से जुड़ रहे हैं।
सुदूर ग्रामीण अंचलों तक समृद्धि और विकास की पहुँच हो, इस उदेश्य से मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के जरिये राज्य के पहुँचविहीन 9109 गाँव को बारहमासी सड़कों (ग्रेवल रोड) से जोड़ने की योजना शुरू हुई है। इस इनूठी योजना के जरिये 3634 करोड़ की लागत से पुल-पुलियों सहित 19 हजार 386 कि.मी. लंबी 7575 ग्रेवल रोड बनाने का काम चल रहा है। ये सभी ऐसे गाँव हैं, जो अभी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लाभ से वंचित हैं। इनमें सामान्य क्षेत्र के 500 तक आबादी वाले और आदिवासी बहुल अंचलों के 250 से कम आबादी वाले गाँव इस योजना में शामिल किये गये हैं। योजना में अब तक 12905 कि.मी. लंबी 6028 कि.मी. सड़कें पुल-पुलियाओं सहित बनाई जा चुकी हैं। योजना के लिये राज्य सरकार  अपने साधनों से वित्तीय संसाधन मुहैया करवा रही है।
    मनरेगा कन्वर्जेंस से भी इन सड़कों का निर्माण हो रहा है। योजना पर अब तक 2246 करोड़ रूपये खर्च हो चुके हैं। गरीबों को स्थाई आजीविका के अवसर मुहैया करवाने तथा ग्रामीण अंचलों में स्थायी परिसंपत्तियाँ बनाने के उद्देश्य से मनरेगा अभिसरण से नई उप-योजना सुदूर ग्राम संपर्क और खेत सड़क योजना शुरू की गई है। इस उप-योजना में 20 हजार कार्य का चिन्हांकन कर 11 हजार 958 काम प्रगति पर है। इस अनूठी पहल से किसानों को अपने-अपने खेत-खलिहान तक पहुँचने और रोजमर्रा के कृषि कार्यों में आसानी होगी। फसलों को भी बाजार तक शीघ्र पहुँचाया जा सकेगा।
      नोट:- प्रारूप- संलग्न है।
--------------------
स्वतंत्रता दिवस पर शालाओं में विशेष मध्यांहन भोज
    देवास, 15 अगस्त 2015/ मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय एवं शासन से अनुदान प्राप्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में विशेष भोज आयोजित किया जाएगा। विशेष भोज में सब्जी, पुडी, खीर अथवा सब्जी, पुडी हलवे के साथ लड्डू का वितरण किया जाएगा।
    मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रबल सिपाहा ने बताया कि शासकीय माध्यमिक विद्यालय जामगोद में स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि बच्चों के साथ भोजन करेंगे। जिले की सभी शालाओं में अंत्योदय कार्डधारी वृद्धजन व माताएं भी विशेष भोज में सहभागी रहेंगी।
---------------------------


No comments:

Post a Comment