Monday, 24 August 2015

दिनांक 24 अगस्त 2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥
छात्रावास अधीक्षका निलंबित: आरईएस के काम की होगी जांच

टीएल बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

------------------
        देवास, 24 अगस्त 2015/ कन्नौद ब्लॉक के कुसमानिया के बालिका आश्रम की अधीक्षका श्रीमती तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करें। आरईएस द्वारा 50 लाख रूपए की पुलिया पीस वर्क में कराए जाना घोर आपत्ति जनक है। वित्त सेवा के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम इस प्रकरण की जांच करे। सभी जनपदों के सीईओ अपने  क्षेत्र में पेंशन वितरण समय पर होना सुनिश्चित करें। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में ये निर्देश समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, सभी एसडीएम एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।
आदिम जाति कल्याण विभाग जिला संयोजक को दिखाया आईना
        कलेक्टर ने बैठक में कुसामनिया छात्रावास की बनाई गई वीडियो रिकॉर्डिंग को मिटिंग में दिखाई, जिसमें छात्राओं द्वारा बताया जा रहा था कि अधीक्षका पढ़ाने के बजाय आश्रम में सोती रहती है। छात्राओं से पैर दबावाती रहती है। कलेक्टर ने जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग को इस घटना पर कड़ी फटकार लगाई और सभी आश्रमों एवं छात्रावासों की कड़ी निगरानी के निर्देश दिए।
पुलिया निर्माण की जांच के दिए निर्देश
        बैठक में कलेक्टर ने जिला पेंशन अधिकारी, जिला पंचायत के एकाउंट ऑफिसर तथा सिंचाई विभाग के एकाउंट ऑफिसर की संयुक्त टीम बनाई। संयुक्त बनाई टीम आरईएस के पुलिया निर्माण की जांच के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 50 लाख रूपए की पुलिया को पीस वर्क में कराए जाने पर उन्होंने आपत्ति जताई। संबंधित उपयंत्री को तत्काल मूल विभाग जनपद में लौटाने के निर्देश दिए।
देवास जनपद के सीईओ को लगाई फटकार
        बैठक्‍ में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी जनपदों के सीईओ अपने क्षेत्र में सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य पेंशन समय पर बंटना सुनिश्चित करें। उन्होंने देवास जनपद के सीईओ को सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक द्वारा दी गई निरीक्षण रिपोर्ट पर अभी तक कार्रवाई नहीं करने पर कड़ी फटकार लगाई। उपसंचालक राजेश कामदार ने 29 ग्राम पंचायतों का पेंशन संबंधी निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की थी। सीईओ जनपद पंचायत द्वारा इस पर संज्ञान ही नहीं लिया गया।
पटवारियों को तर्क संगत कार्य क्षेत्र सौंपे
        बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि पटवारियों को तर्क संगत कार्य क्षेत्र सौंपे जाएं। खातेगांव क्षेत्र में एक पटवारी के पास 27 गांव और एक पटवारी के पास केवल एक गांव होने को उन्होंने अनुचित बताया। बैठक में जनधन योजना, सीएम हेल्प लाइन, आधार निर्माण, जनसुनवाई की भी समीक्षा की गई।
क्रमांक 170/930/24-08-2015
बीते साल के हितग्राहियों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन करें- कलेक्टर
        देवास, 24 अगस्त 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने उप संचालक पशु‍ चिकित्सा को निर्देश दिए हैं कि पिछले वित्तीय वर्ष में जिन हितग्राहियों को लाभांवित किया गया है, उनको दिए गए पशुओं और लाभ की वर्तमान स्थिति का शत-प्रतिशत सत्यापन करें। कलेक्टर ने आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में पशुपालन विभाग और उद्यानिकी विभाग की समीक्षा की। उन्होंने किसानों एवं ग्रामीणों को विभागीय योजना की जानकारी व्यापक रूप से देने के निर्देश दिए। बैठक में उप संचालक उद्यानिकी द्वारा विभागीय योजनाओं की अद्यतन स्थिति की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि जिले में फूलों एवं सब्जियों की उन्नत ढंग से खेती की जा रही है। पॉली हाऊस बनाने के लिए बैंकों से अनुदान सहित ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
पंजाब नेशनल बैंक से आसानी से मिलेगा लोन
        बैठक में पंजाब नेशनल बैंक के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि डेयरी विकास के लिए बैंक आसानी से लोन दे रहा है। देवास शहर से 25 किमी की परिधि में किसानों को एक लाख रूपए का लोन आसानी से दिया जाएगा। जहां-जहां दुग्ध उत्पादक समितियों है वहां प्राथमिकता से लोन दिया जाएगा।
------------------------
चंद्रकेश्‍वर बांध में 14 वर्षों बाद हुआ मछली बीज उत्पादन
        देवास, 24 अगस्त 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के विशेष प्रयासों से चंद्रकेश्‍वर बांध में 14 वर्षों के बाद मछली बीज उत्पादन संभव हुआ है। किसानों और मछुवारों के लिए यह बीज उपलब्ध है। किसान अपने दो बीघा के खेत तालाब में भी महज 400 रूपए की लागत से दो हजार मछली बीज छोड़कर लाभ कमा सकते हैं। यह तथ्य आज सोमवार को मछली पालन विभाग की समीक्षा बैठक में सामने आए। बैठक में कलेक्टर ने मछुवारों को क्रेडिट कार्ड अभियान चलाकर बनाने एवं वितरित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा भी उपस्थित थे।
-------------------------

निर्वाचन कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित

------------------
        देवास, 24 अगस्त 2015/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी ने बताया है कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 171-देवास के होने वाले‍ विधानसभा उप चुनाव 2015 को संपन्न कराए जाने के लिए चुनाव, प्रचार, क्रिटिकल घटनाओं, नाम निर्देशन कार्यवाही, प्रेक्षक, कानून व्यवस्था, व्यय लेखा संबंधी, मतदान के समय मतदान केंद्रों पर एवं अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की वीडियोग्राफी होगी। निविदाकारों से वीडियोग्राफी के लिए 31 अगस्त 2015 को दोपहर 2.30 बजे तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन राशि रूपए 2 हजार के राष्ट्रीयकृत बैंक में जमा चालान की मूल प्रति प्रस्तुत कर प्राप्त किए जा सकते हैं। बैंक ड्राफ्ट/नगद राशी स्वीकार्य नहीं होगी।
        चालान शीर्ष- 0070 अन्य प्रशासनिक सेवाएं 02- निर्वाचन 101- निर्वाचन फॉर्म विवरणों की बिक्री 104- फीस, जुर्माने और जप्तियों 800- अन्य प्राप्तियों में जमा करें।
        जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निविदा के साथ निविदाकार को धरोहर राशि एक लाख 50 हजार रूपए का बैंक ड्राफ्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य है। निविदा प्रपत्र, निविदा की शर्तें तथा‍ विस्तृत जानकारी कार्यालयीन कार्य दिवसों एवं समय में 28 अगस्त 2015 को शाम 5 बजे तक प्राप्त की जा सकती हैं। निविदाएं उपस्थित निविदाकर्ताओं के समक्ष 31 अगस्त 2015 को दोपहर 3.30 बजे खोली जाएगी। अधिक जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
----------------------------

औद्योगिक भूमि आवंटन के लिए आवेदन आमंत्रित

------------------
        देवास, 24 अगस्त 2015/ मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में प्रयोजन के लिए ऑनलाइन भूमि आवंटित करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं। भू-आवंटन मप्र राज्य औद्योगिक भूमि एवं औद्योगिक भवन प्रबंधन नियम  के तहत निर्धारित ‍नियमों एवं प्रक्रिया अनुसार "पहले आओ पहले पाओ" पद्धति से किया जाएगा।
        मप्र औद्यागिक केंद्र विकास निगम उज्जैन के प्रबंध संचालक ने बताया कि  इच्छुक उद्यमी उक्त नियमों का विभाग की वेबसाइट www.mpindustry.gov.in पर अवलोकन कर भूमि आवंटन के लिए आवेदन 1 सितंबर  से 30 सितंबर तक कर सकते है। आवंटित किए जाने वाले भूखंड, मानचित्र, प्रीमियम की दरों, आवेदन पत्र आदि से संबंधी जानकारी निगम की वेबसाइट www.mpakujjain.com  से प्राप्त कर सकते हैं। आवंटन के लिए निगम के औद्योगिक क्षेत्र जिला देवास के सिरसोदा तथा नेमावर, उज्जैन जिले के ताजपुर, जिला शाजापुर के मक्सी, मंदसौर जिले के जग्गाखेड़ी में भूमि उपलब्ध है। भूमि आवंटन के लिए मार्गदर्शन एवं जानकारी के लिए मप्र औद्यागिक केंद्र विकास निगम उज्जैन कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
--------------------------
जिले में 1022.08 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
          देवास, 24 अगस्त 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 1022.08 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 1368, खातेगांव में 1137, उदयनगर में 1100.60, कन्नौद में 1044, देवास में 1008, टोंकखुर्द में 930, बागली में 829 तथा सतवास में 760 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
                 24 घंटे में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई
     पिछले 24 घंटों में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें कन्नौद में, खातेगांव में, सतवास में, बागली में, उदयनगर में, सोनकच्छ में, देवास में एवं टोंकखुर्द में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को शून्य मिमी वर्षा दर्ज हुई थी
     गत वर्ष 24 अगस्त को जिले में शून्य मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें उदयनगर में, सतवास में, सोनकच्छ में, देवास में, टोंकखुर्द में, बागली में, कन्नौद में तथा खातेगांव में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 372.83 मिमी औसत वर्षा
        अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक 372.83 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जिसमें उदयनगर में 450.60, सोनकच्छ में 419, खातेगांव में 411, देवास में 400, टोंकखुर्द में 385, कन्नौद में 359, बागली में 294 तथा सतवास में 264 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
-----------------------
ग्रह-नक्षत्र और औषधीय वृक्षों की जानकारी के लिये विद्यार्थी लगायेंगे पौधे

स्कूलों के खुले मैदान में स्थापित होगी नक्षत्र-वाटिका

------------------
        देवास, 24 अगस्त 2015/ विद्यार्थियों को ग्रह-नक्षत्र के साथ-साथ वृक्षों की जानकारी देने के लिये स्कूल के खुले मैदान में नक्षत्र-वाटिका स्थापित की जायेगी। राज्य शासन ने स्कूल शिक्षा के संभागीय और जिला अधिकारियों को 30 अगस्त तक नक्षत्र-वाटिका संबंधी कार्य को पूरा करवाने के निर्देश दिये हैं। नक्षत्र-वाटिका के कार्य में वन, सामाजिक न्याय और कृषि विभाग के अधिकारियों से सहयोग लेने को कहा गया है।
बाल केबिनेट करेगी देखभाल
        नक्षत्र-वाटिका के लिये स्थानीय कॉलेज के वनस्पति विभाग से मिट्टी, खाद और कीट-नाशक के बारे में भी मार्गदर्शन लेने के निर्देश दिये गये हैं। पौध-रोपण के बाद उनकी देखभाल 'बाल केबिनेट'' करेगी। जिला मुख्यालय के ऐसे विद्यालय, जहाँ प्राथमिक से हायर सेकेण्डरी स्तर तक की कक्षाएँ और प्रांगण में खुला मैदान है, वहाँ नक्षत्र-वाटिका स्थापित होगी। नक्षत्र-वाटिका के लिये वर्षाकाल का समय इसलिये चुना गया है कि इस समय अधिकाधिक पौध-रोपण से पौधे आसानी से लग जाते हैं।
कक्षा 5वीं से 12वीं तक के बच्चों के समूह बनाए जाएंगे
        नक्षत्र-वाटिका के लिये खुला मैदान और बाउण्ड्री-वॉल वाले विद्यालयों का चयन किया जा रहा है। चयनित विद्यालयों की सूची वन एवं कृषि विभाग को भेजी जायेगी। लगाये गये पौधे की वृद्धि देखने तथा समय-समय पर पानी, खाद, मिट्टी की व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जायेगी। पौधों की सुरक्षा के लिये तार/ट्री-गार्ड भी लगाये जायेंगे। विकसित होने पर नक्षत्र के अनुसार पौधों के नाम अंकित किये जायेंगे। कक्षा 5 से 12वीं तक के बच्चों के छोटे-छोटे समूह तैयार किये जायेंगे। समूह एक-एक वृक्ष की निरंतर देखरेख कर उनके जीवन पर प्रोजेक्ट तैयार करेंगे। नक्षत्र-वाटिका में लगाये गये पौधों के औषधीय गुणों की जानकारी बच्चों को दी जायेगी। यही पौधे आगे चलकर वृक्ष के रूप में विकसित होंगे।\
27 प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे
        नक्षत्र-वाटिका में नक्षत्र एवं ग्रह के अनुसार 27 प्रकार के पौधे लगवाये जायेंगे। इनमें अश्विनी नक्षत्र का कुचला, भरणी-आँवला, कृत्तिका-उदुंबर/गूलर, रोहिणी-जामुन, मृगशिरा-खैर, आर्द्रा-कृष्णागुरु, पुनर्वसु-बाँस, पुष्य-पीपर, अश्लेषा-चंपा, मघा-बड़वट, पूर्वा फाल्गुनी-पलाश, उत्तरा फाल्गुनी-कनेर, हस्त-चमेली, चित्रा-बेल, स्वाति-कांहा/कोह, विशाखा-कैथ, अनुराधा-मौलसरी, ज्येष्ठा-शाल्मली/सेवर, मूल-साल/सखुआ, पूर्वाषाढ़ा-वैंत, उत्तराषाढ़ा-कटहल, श्रवण-आंकड़ा, धनिष्ठा-समी/सफेद कीकर, शतभिषा-कदंब, पूर्वभाद्रपदा-आम, उत्तराभाद्रपदा-नीम और रेवती-महुआ शामिल हैं।
डाटा संग्रह का कार्य सौंपा जाएगा
        विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट वर्क के रूप में वाटिका पर डाटा संग्रह का कार्य सौंपा जायेगा। इसमें उन्हें वृक्ष का नाम, लगाने की तिथि, एक माह में हुए परिवर्तन, फूल आने एवं लगने का समय, औषधीय वृक्ष का नाम, किस रोग में लाभकारी तथा किस रूप में उपयोग किया जा सकता है, संबंधी जानकारी एकत्रित की जायेगी।
---------------------------


सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

------------------
        देवास, 24 अगस्त 2015/ जिले में सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए कार्य योजना बनेगी। यह निर्णय सोमवार को कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में महापौर सुभाष शर्मा, एडी एसपी राजेश रघुवंशी, नगर निगम आयुक्त हिमांशुसिंह, परिवहन अधिकारी निशा चौहान, संयुक्त कलेक्टर सारिका भूरिया, डिप्टी कलेक्टर एमएम अहमद, मंडी सचिव संजीव श्रीवास्तव व यातायात पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे।
        बैठक में निर्णय लिए गए कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का चिन्हांकन किया जाएं। ऐसे मार्गों के स्थान जहां पर वाहनों की गति ज्यादा होने की संभावना हो, उन स्थानों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण किया जाए। कलेक्टर श्री अवस्थी ने निर्देश दिए कि खतरनाक मोड़ वाले स्थानों पर रोड के साइड में सफेद पट्टिकाएं बनाई जाए और संकेतक भी लगाए जाएं। एमपीईबी के पोल्स पर रेडियम पट्टिका लगाए जाने का निर्णय भी लिया गया। गति सीमा के संकेतक लगाने और बायपास पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए बायपास चौराहों चौड़ीकरण किया जाना, विद्युत व्यवस्था तथा रेडियम पट्टिकाएं लगाए जाने पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त एबी रोड पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए विशेष संकेतक तथा मार्ग पर बारिश के कारण निर्मित हुए गड्ढों की मरम्मत पर भी चर्चा की गई।
मार्गों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाए
        बैठक में कलेक्टर ने महाप्रबंधक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क को निर्देश दिए कि हाईवे को जोड़ने वाले मार्गों पर स्पीड ब्रेकर बनाए, ताकि कोई वाहन चालक तेजी से आकर हाई-वे पर न पहुंचे। बैठक में मंडी सचिव संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रैक्टर ट्रॉली भी रात में दुर्घटना का कारण बनती है। रात में यह अक्सर दूर से दिखाई नहीं देती है, अत: मुहिम चलाकर रेडियम के संकेतक लगाए जाए। उन्होंने बताया कि मंडी आने वाली ट्रालियों में रेडियम लगाया जाए रहा है।
--------------------                 (फोटो-संलग्न)

 

कृषक सम्मेलन आज होगा आयोजित

------------------
        देवास, 24 अगस्त 2015/ कृषि विज्ञान केंद्र देवास द्वारा खरीफ फसलों विशेषकर सोयाबीन फसल में आने वाली समस्याओं के संबंध में कृषक सम्मेलन का आयोजन मंगलवार को प्रात: 11 बजे किया जाएगा। किसान सम्मेलन सांसद श्री मनोहर ऊंटवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत, कृषि स्थाई समिति अध्यक्ष श्रीमती शांताबाई कैलोदिया, कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी एवं श्री बहादुर मुकाती के आतिथ्य में कृषि विज्ञान केंद्र बालगढ़ फार्म देवास में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम समन्वयक कृषि विज्ञान केंद्र बालगढ़ ने किसान भाईयों से सम्मेलन में शामिल होने का अनुरोध किया है।


--------------------
फोटो- सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
     

No comments:

Post a Comment