Thursday, 8 October 2015

दिनांक 08 अक्टूबर 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
अजनास का हर किसान करेगा उन्नत खेती
झाबुआ के नन्हें मेहमानों से चहचहाया आदर्श ग्राम अजनास
         देवास, 08 अक्टूबर 2015/ सांसद आदर्श ग्राम अजनास में हर किसान को उन्नत खेती के लिए अनुदान दिया जाएगा। यहां 157 किसानों को ड्रिप सिंचाई के लिए अनुदान भी दिया जाएगा। आज गुरूवार को क्षेत्रीय विधायक आशीष शर्मा और कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने गांव में चौपाल लगाई। उन्होंने डेरी विकास के लिए किसानों को ऋण बांटा और महिला किसानों को  कड़कनाथ के चूजे प्रदान किए। पशु चिकित्सा विभाग ने झाबुआ से इन नन्हें मेहमानों को जतन के साथ देवास लाकर अजनास तक पहुंचाया है। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधि के साथ सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, एसडीएम आरके नागराज, परियोजना संचालक आत्मा उत्तमसिंह जादौन, उप संचालक कृषि केसी वास्केल, उप संचालक पुश चिकितसा डॉ. जीडी वर्मा एवं ब्लॉक स्तरीय अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
हर किसान करेगा उन्न्त खेती: ड्रिप से होगी सिंचाई
    कलेक्टर आशुतोष अवस्थी प्रयासों से कृषि विभाग द्वारा गांव के 157 किसानों को ड्रिप इरीगेशन के प्रकरण मंजूर किए गए हैं। साथ ही गांव के सभी किसानों को उन्नत खेती करने के लिए अनुदान दिया जाएगा। अब गांव के सभी किसान आगामी सीजन में रेज्ड बीज्ड पद्धति से गेहूं-चने की फसल लेंगे। किसानों के खाते में लगभग 2 करोड़ रूपए की राशि कृषि विभाग द्वारा दी जाएगी। यह आदर्श ग्राम के लिए एक बड़ी उपलब्धी साबित होगी। चौपाल में गांव के कुछ प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। एक किसान ने बलराम तालाब बनाकर उसमें मछली पालन के अनुभव बताए। किसानों ने बताया कि सांसद आदर्श ग्राम बनने के बाद ग्रामीणों के जीवन में उल्लेखनीय बदलाव आ रहा है।
झाबुआ के नन्हें मेहमानों से चहचहाया अजनास
    सांसद आदर्श ग्राम अजनास में विधायक आशीष शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने 5 महिला किसानों को कड़कनाथ के चूजों का वितरण किया। लगभग 15 दिन की आयु वाले इन चूजों की चहचहाहट से इन्हें पालने वाले किसानों के चेहरे पर भी खुशी आ गई। प्रत्येक किसान को 40 चूजे कृषि सुधार विस्तार कार्यक्रम के तहत नवाचार मद से पशु चिकित्सा विभाग के माध्यम से दिए गए हैं।
विवाद रहित गांव बनेगा अजनास
    अपने संबोधन में विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि एक आदर्श ग्राम वह होता है, जहां के रहवासियों के बीच परस्पर प्रेम और भाईचारा हों। सभी मिलजुलकर रहे और एक दूसरे के काम आएं। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने कहा कि गांव में प्रचलित विवाद संबंधी प्रकरणों को चिंहित किया जाए और पंचायत में बैठकर परस्पर राजीनामे और सुलह से इनका निराकरण किया जाए। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को गांव में बैठकर इस तरह की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विवाद रहित गांव बनाकर अजनास को आदर्श ग्राम वास्तविक अर्थों में बनाया जाएगा।
    बैंक ने खुद आकर ग्राम वासियों का दिए लोन
    चौपाल के दौरान पंजाब नेशनल बैंक द्वारा 14  किसानों को एक-एक लाख रूपए की ऋण सहायता उपलब्ध कराई गई। बैंक के अधिकारियों द्वारा स्वयं गांव में पहुंचकर ऋण स्वीकृति के कागजात और पासबुक प्रदान की गई। यह सहायता किसानों को डेरी विकास के लिए दी गई है। इससे गांव में दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा।


-----------------------------
पूरी गंभीरता से साधिकार अभियान में सहभागी बने-कलेक्टर
      देवास, 08 अक्टूबर 2015/ साधिकार अभियान आम आदमी और गरीबों के हक में मप्र शासन का महत्वपूर्ण अभियान है। इससे वंचित वर्ग को उनका हक मिलना सुनिश्चित होगा। आप सभी इस अभियान को पूरी गंभीरता से लें और आम आदमी के चेहरे में खुशहाली लाने के इस पुण्य कार्य में सहभागी बने। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज गुरूवार को खातेगांव के सरस्वती शिशु मंदिर में साधिकार अभियान के ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण में यह बात कही। प्रशिक्षण में  विभिन्न विभागों का मैदानी अमला भी उपस्थित था। उन्हें साधिकार अभियान के बारे में सम्पूर्ण जानकारी प्रदान की गई। आवेदन और योजनाओं के प्रारूप उपलब्ध कराए गए। सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, एसडीएम खातेगांव आर.के. नागराज एवं अन्य अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।


-----------------------------
कलेक्टर ने किया कन्नौद के ग्रामीण अंचल का भ्रमण
    देवास, 08 अक्टूबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज गुरूवार को कन्नौद ब्लॉक के विभिन्न गावों का भ्रमण किया। विधायक आशीष शर्मा के साथ उन्होंने गांव में चौपाल लगाई और ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा ने चौपाल में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। ग्राम सेरगोना में कलेक्टर श्री अवस्थी ने साधिकार अभियान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा यह एक अच्छा अवसर है। जिसका ग्रामीणजनों अवश्य फायदा उठाना चाहिए।
    ग्राम काटकूट में आयोजित चौपाल में ग्रामीण वासियों शिक्षकों की अनियमित उपस्थित की शिकायत  की। कलेक्टर ने मौके पर जिम्मेदार अधिकारियों को निगरानी करने के लिए चेताया और प्रधान पाठक को सभी शिक्षिकों की नियमित उपस्थिति के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल की बदरंग दीवारों में रंग रोगन के निर्देश दिए। गांव में आबादी की जमीन पर 50 वर्षों से अधिक समय से रह रहे 58 ग्रामीणों को भू-खंड के पट्टे नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश एसडीएम को दिए गए।
    ग्राम सुकरास में कलेक्टर ने मध्यांहन भोजन की शिकायत मिलने पर समूह को बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना और मुद्रा योजना की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि योजना के तहत सभी ग्रामीण महज 12 रूपए प्रति वर्ष के प्रीमियम पर 2 लाख रूपए का सुरक्षा बीमा प्राप्त कर सकते है। सुकरास से हनुमानी मार्ग की खराब हालात और अधूरी पुलिया की शिकायत पर कलेकटर ने आरईएस के एसडीओ को कड़ी फटकार लगाई और 15 दिनों के भीतर सड़क ठीक कराने के निर्देश दिए। गांव में नल-जल योजना नहीं होने पर ग्रामीणों की सहभागिता से प्रोजेक्ट बनाने के निर्देश दिए गए। गांव चौपाल के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और कन्नौद एसडीएम रंजना पाटने सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



----------------------
साधिकार अभियान के अंतर्गत लेंगे पात्र हितग्राहियों से लें आवेदन: कलेक्टर
     देवास, 08 अक्टूबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने जिले में आगामी दिनों में प्रारंभ हो रहे साधिकार अभियान को सुचारू रूप से चलाने तथा शासन की योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राही को योजना का लाभ दिलाए जाने के लिए के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए हैं। इसके लिए दल बनाए गए हैं। ये दल जिले के प्रत्येक गांवों में जाकर पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त करेंगे।
इन योजनाओं के तहत लिए जाएगा आवेदन
   साधिकार अभियान के तहत पात्र हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धाश्रम पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना, नि:शक्तों को उपकरण एवं अन्य सहायता का वितरण, मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाय योजना, नि:शक्त विवाह प्रोत्साहन, बहुविकलांग, मानसिक रूप से अविकसित व्यक्तियों को आर्थिक सहायता, आम आदमी बीमा योजना, नि:शुक्तों को उपकरण वितरण, नि:शक्त छात्रवृत्ति वितरण योजना, मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना के हितग्राहियों को सहायता, कपिलधारा योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन, इंदिरा आवास योजना, मप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, केश शिल्पी योजना, खेत तालाब योजना, मेढ़ बंधान, नंदन फलोद्यान, पशु पालन के लिए शेड निर्माण, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा अटल बीमा योजना के पंजीयन, आवासहीनों की प्रतीक्षा सूची, मुख्यमंत्री आवास का सत्यापन, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय का सत्यापन, मप्र भवन संनिर्माण कर्मकारों के लिए चिकित्सा सहायता, मातृत्व अवकाश सहायता, पितृत्व अवकाश सहायता, प्रसूति सहायता, विवाह सहायता, शिक्षा प्रोत्साहन सहायता, बीमा, अनुगृह सहायता, अंर्तरजातिय विवाह योजना, विशेष केंद्रीय सहायता का हितग्राहियों को आदान वितरण, शिक्षा प्रोत्साहन से संबंधित योजना, प्रतियोगी परीक्षाओं के उम्मीदवारों को प्रोत्साहन योजना, बलराम तालाब योजना, अनुसूचित जाति, जनजाति के हितग्राहियों को अनुदान पर बीज कीट, कृषि उपकरणों का प्रदाय, उन्नत बीजों का प्रदाय, राष्ट्रीय बायोगैस योजना, कपिलधारा कूप हितग्राहियों को अनुदान पर विद्युत पंप के प्रकरण, स्प्रिकलर प्रकरण पर अनुदान, पाइप लाइन प्रकरण पर अनुदान, मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना, किसान क्रेडित कार्ड योजना, रबी के लिए उरर्वक उठाव, स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण, मार्जिग मनी योजना, फिशनमेन क्रेडिट कार्ड, बेकयार्ड यूनिट, आवेदन प्राप्ति, टीकारण, राज्य बीमारी सहायता नीधि योजना, दीनदयाल अंत्योदय उपचार कार्ड का वितरण, प्रसूति सहायता योजना, मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, सीमाकंन, अविवादित नामांतरण, अविवादित बंटवारा निराकरण, ऋण पुस्तिका, खसरा बी-1 अक्स, निवास स्थान, जाति, आय प्रमाण पत्र, भूखंड धारक प्रमाण पत्र के लिए प्रकरण तैयार करना, वन्‍य प्राणियों से फसल क्षति के प्रकरण तैयार करना, गरीबी रेखा में नाम जोड़ने के लिए आवेदन, 30 मीटर की परिधि में बीपीएल परिवार, अन्य परिवार को विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन प्राप्त करना, अस्थायी विद्युत पंप कनेक्शन के आवेदन प्राप्त करना, बिगड़े हैंड पंपों की मरम्मत करना सहित अन्य योजनाओं के आवेदन लिए जाएंगे।
-------------------------
धाराजी क्षेत्र में धारा 144 लगाई जाएगी

     देवास, 08 अक्टूबर 2015/ अनुविभागीय दंडाधिकारी बागली पुरूषोत्तम कुमार ने आगामी 12 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या के अवसर पर धाराजी क्षेत्र में 10 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से 12 अक्टूबर को शाम 7 बजे तक धाराजी क्षेत्र में धारा 144 लगाई है। इस दौरान धाराजी क्षेत्र में स्नान, पूजन आदि पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे।

     अनुविभागीय दंडाधिकारी ने आदेश दिए है कि अनुभाग क्षेत्र बागली के थाना उदयनगर के अंतर्गत ग्राम धारड़ी में स्थित धाराजी में नर्मदा तट पर 2 किमी पूर्व एवं 1 किमी पश्चिम तक नदी तट पर किसी भी व्यक्ति अथवा समूह के पैदल तथा वाहन से आने-जाने  आदि करने व नौका चालन पर पूर्ण तरह से प्रतिबंधित रहेगा। उक्त अवधि के में कोई भी व्यक्त्‍िा अकेले अथवा समूह से धाराजी क्षेत्र में नर्मद तट पर स्नान, पूजा-अर्चन, नौका चालन आदि न करें। उक्त आदेश का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
----------------------------
जनजागरूकता शिविर आयोजित
    देवास 08 अक्टूबर 2015/ जिला क्षय अधिकारी डॉ. शिवेंद्र मिश्रा के ‍निर्देशन में टीबी यूनिट देवास द्वारा आज गुरूवार को जबरन कॉलोनी आंगनवाड़ी केंद्र पर जनजागरूकता शिविर का आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के नागरिकों को टीबी रोग के बारे में जानकारी देकर उन्हें डॉट्स पद्धति द्वारा टीबी रोग के नि:शुल्क एवं सफल उपचार के बारे में जानकारी टीबी हैल्थ विजीटर राजेश जोशी एवं दिनेश गोयल द्वारा दी गई। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संध्या बैस, सहायिका निर्मला बोड़ाने एवं क्षेत्रवासी भी उपस्थित थे।
---------------------------
लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक 12 अक्टूबर को
      देवास, 08 अक्टूबर 2015/लंबित समयावधि पत्रों की बैठक का आयोजन 12 अक्टूबर सोमवार को प्रातः 10.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में किया जाएगा। कलेक्टर ने सर्वसंबंधितों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
---------------------------

राज्य-स्तरीय जूनियर एवं सीनियर साइंस ओलम्पियाड परीक्षा 20 दिसम्बर को

12 अक्टूबर तक होगा पंजीयन

     देवास, 08 अक्टूबर 2015/ राज्य-स्तरीय जूनियर एवं सीनियर साइंस ओलम्पियाड 2015-16 की प्रतियोगिता परीक्षा आगामी 20 दिसम्बर को होगी। परीक्षा राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान एवं अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय जबलपुर द्वारा करवायी जायेगी। परीक्षा के लिये पंजीयन सभी जिलों में माध्यमिक और हाई स्कूल में 12 अक्टूबर तक होगा।
   जूनियर साइंस ओलम्पियाड परीक्षा सातवीं और आठवीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिये होगी। सीनियर साइंस ओलम्पियाड परीक्षा में नवी और दसवीं में पढ़ने वाले विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। परीक्षा में प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालय के विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इनमें केन्द्रीय एवं नवोदय विद्यालय भी शामिल हैं। परीक्षा के लिये 403 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। विद्यार्थियों को पंजीयन अपने स्कूल में ही करवाना है। विस्तृत जानकारी संस्थान की वेबसाइट www.sisejbp.org पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त सभी विद्यालय में भी जानकारी उपलब्ध है।

----------------------------- 

No comments:

Post a Comment