दिनांक 21 अक्टूबर 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
देवास
शक्ति पूजा के अवसर पर बिटिया को दें सुकन्या समृद्धि योजना का
उपहार- कलेक्टर
देवास 21 अक्टूबर 2015/ नवरात्रि
पर्व में शक्ति पूजा हमारे देश की सनातन परंपरा है। इस अवसर पर अपनी बिटिया को 'सुकन्या
समृद्धि योजना' का उपहार देकर उसका भविष्य उज्जवल एवं सशक्त बनाए। कलेक्टर
आशुतोष अवस्थी ने यह आह्वान जिले के निवासियों से किया है। उल्लेखनीय है कि सरकार ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को सफल बनाने के लिए ‘सुकन्या समृद्धि
योजना’ शुरू की है।
कलेक्टर श्री अवस्थी ने बताया
है कि यह लघु बचत योजना बच्चियों की उच्च शिक्षा और शादी पर होने वाले खर्च की जरूरत
को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए डाकघर या अधिसूचित
बैंक की अधिकृत शाखा में जाकर ‘सुकन्या समृद्धि खाता’ खुलवाना होगा।
कोई भी माता-पिता अपनी 10 साल
तक की बेटी का यह खाता खुलवा सकता है। इस योजना की लांचिंग के समय सरकार ने इस खाते
पर 9.1 फीसद का सालाना ब्याज घोषित किया था। बेटियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने
एक अप्रैल से इस ब्याज दर को बढ़ाकर 9.2 फीसद कर दिया है। अन्य बचत योजनाओं की तुलना
में यह ब्याज काफी आकषर्क है। इस योजना को प्रोत्साहित करने के लिए कई सरकार ने कई
विशेष आफर दिए हैं। ऐसे में बिटिया का भविष्य उज्ज्वल बनाने में यह योजना काफी मददगार
साबित हो सकती है।
पोस्ट ऑफिस से संचालित है योजना
बेटी की पढ़ाई व शादी के लिए
पैसे की टेंशन दूर करने को अब आप डाक विभाग के पास ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ का अकाउंट
खुलवा सकते हैं। जनवरी में पीएम श्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा में ‘बेटी बचाओ-बेटी
पढ़ाओ’ कैंपेन में इस स्कीम की शुरुआत की थी। इसके बाद अब पंजाब में भी इसके खाते खुलने
शुरू हो गए हैं। डाक विभाग के सभी पोस्ट ऑफिसेज के साथ अकाउंट खोलने के लिए सुविधा
सेंटर में भी अलग काउंटर खुलेगा। यहां जरूरी डॉक्यूमेंट्स जमा कराने के बाद अकाउंट
खुल सकेगा।
यह है
योजना : इस अकाउंट में एक फाइनेंशियल ईयर में कम से कम 1 हजार और अधिक से
अधिक डेढ़ लाख रुपया या इसके बीच की कितनी भी रकम जमा कर सकते हैं। यह पैसा अकाउंट खुलने
के 14 साल तक ही जमा करवाना पड़ेगा। मगर, खाता बेटी के 21 साल की होने पर ही मैच्योर
होगा। बेटी के 18 साल के होने पर आधा पैसा निकलवा सकते हैं।
21 साल के बाद खाता बंद हो जाएगा और पैसा गार्जियन
को मिल जाएगा। अगर बेटी की 18 से 21 साल के बीच मैरिज हो जाती है तो अकांउट उसी वक्त
बंद हो जाएगा। अगर पेमेंट लेट हुई तो सिर्फ 50 रुपए की पैनल्टी लगेगी। गार्जियन अपनी
दो बेटियों के लिए दो अकाउंट खोल सकते हैं। जुड़वां होने पर उसका प्रूफ देकर ही तीसरा
खाता खोल सकेंगे। खाते को आप कहीं भी ट्रांसफर करा सकेंगे।
ऐसे
समझें फायदे को: यदि 2015 में कोई व्यक्ति 1,000 रुपए महीने से अकाउंट खोलता
है तो उसे 14 साल तक यानी 2028 तक हर साल 12 हजार रुपए डालने होंगे। मौजूदा हिसाब से
उसे हर साल 9.1 फीसदी ब्याज मिलता रहेगा तो जब बच्ची 21 साल की होगी तो उसे
6,07,128 रुपए मिलेंगे। यहां आपको बता दें कि 14 सालों में इस व्यक्ति को अकाउंट में
कुल 1.68 लाख रुपए ही जमा करने पड़े। इसके अलावा बाकी के 4,39,128 रुपए ब्याज के हैं।
धन की निकासी
सुकन्या समृद्धि खाता बिटिया
के 21 वर्ष पूरे होने के बाद ही परिपक्व होगा। हालांकि बेटी के 18 वर्ष की होने पर
इस खाते में जमा कुल रकम में से 50 फीसद रकम उसकी उच्च शिक्षा अथवा शादी के लिए निकाली
जा सकती है। खाते में जमा पूरी रकम इस खाते के परिचालन के 21 साल पूरे होने पर निकाली
जा सकती है। यदि बेटी का विवाह खाते की 21 वर्ष की अवधि पूरी होने से पहले हो जाता
है तो विवाह की तिथि के बाद खाते का संचालन बंद कर दिया जाएगा। इस स्थिति में यह खाता
पहले ही बंद कराना होगा। इसके लिए खाताधारक को एक शपथ पत्र देना होगा।
आयकर में राहत
आयकर बचाने की दृष्टि से यह योजना
काफी उपयोगी है। इस योजना में सालाना 1.5 लाख रुपए तक के निवेश पर आयकर की धारा 80सी
के तहत कर छूट का प्रावधान किया गया है। मैच्योरिटी के समय मिलने वाली पूरी रकम टैक्स
फ्री होगी। इस तरह कुल मिलाकर देखा जाए तो बचत के लिए सुकन्या समृद्धि योजना अन्य सभी
योजनाओं पर भारी पड़ती है। ऐसे में अपनी बेटी की सुख-समृद्धि के लिए यह खाता जरूर खुलवाना
चाहिए। डाकघर देवास के पोस्ट मास्टर दिलशाद बेग ने बताया है कि इसके योजना के लिए एक
विशेष अभियान चलाया जा रहा है तथा आमजनों से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक इस
योजना से जुड़े तथा अपनी बिटिया का खाता 'सुकन्या समृद्धि योजना' के अंतर्गत खुलवाएं।
---------------------------
नौनिहालों के भी बनेंगे आधार कार्ड: जिले के निवासियों के लिए
सुनहरा अवसर
कलेक्टर ने 31 दिसंबर तक शत-प्रतिशत आधार पंजीयन के लिए बनाई
व्यवस्था
देवास 21 अक्टूबर 2015/ नौनिहालों
के भी आधार कार्ड बनेंगे। इसके लिए आंगनवाड़ी केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों में विशेष
अभियान चलेगा। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने जिले के अन्य नागरिकों जिनके आधार कार्ड अभी
तक नहीं बने हैं, उनके लिए 31 दिसंबर तक पंजीयन करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आदेश दिए है कि आधार
कार्ड का देवास जिले में शेष रहे पंजीयन का कार्य 31 दिसंबर 2015 तक पूर्ण करें तथा
इसके लिए अभियान चलाएं। जारी आदेश अनुसार आधार पंजीयन के अभियान के क्रियान्वयन के
लिए अनुभाग स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी नियुक्त है तथा ग्रामीण
क्षेत्र के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तथा नगरीय क्षेत्र के लिए मुख्य
नगर पालिका अधिकारी नगर पंचायत को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त गया है।
नगरीय क्षेत्र के लिए
कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्र
में पर्यवेक्षण के लिए परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण को प्रभारी अधिकारी नियुक्त
गया है। ये अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं प्रबंधक ई- गर्वनेंस से समन्वय
कर नगरीय क्षेत्रों में मशीनों की उपलब्धता अनुसार कार्यक्रम तैयार कर नगर पंचायत वार
शेष रहे पंजीयन के विशलेषण के साथ अनुमोदन प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद पंजीयन का कार्य
पूर्ण कराना सुनिश्चित करेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए
ग्रामीण क्षेत्रों
में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ग्रामीण क्षेत्रों में पंजीयन के लिए शेष
रहे व्यक्तियों की पंचायतवार विश्लेषण के साथ प्रस्तुत करेंगे तथा अनुमोदन कार्यक्रम
अनुसार पंजीयन का कार्य पूर्ण कराना सुनश्चित करेंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग
करेंगे कार्य
कलेक्टर ने महिला एवं
बाल विकास विभाग को निर्देश दिए है कि जिले में कुल 334409 पंजीयन शेष है जिसमें
0 से 5 वर्ष आयु के 141856 पंजीयन शेष है। इसके लिए आंगनवाड़ियों के माध्यम से आंगनवाड़ियों
में दर्ज समस्त बच्चों के पंजीयन के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास
विभाग को प्रभारी अधिकारी नियुक्त गया है तथा परियोजना अधिकारी एकीकृत महिला एवं बाल
विकास परियोजना को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)
एवं ई-गर्वनेस से समन्वय कर जिले की समस्त आंगनवाड़ियों में पंजीयन के लिए मशीनों की
उपलब्धता दिनांकवार कार्यक्रम तैयार कर आंगनवाड़ीवार शेष रहे पंजीयन के विशलेषण के साथ
प्रस्तुत करेंगे तथा अनुमोदित कार्यक्रम अनुसार पंजीयन कार्य पूर्ण कराया जाएगा। आंगनवाड़ीवार
पंजीयन के लिए शेष रहे बच्चों को विशलेषण करने तथा पंजीयन में लगने वाले आवश्यक दस्तावेज
उपलब्ध कराने तथा निर्धारित दिनांक में शत-प्रतिशत पंजीयन पूर्ण करें। इस कार्य की
सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित आंगनवाड़ी सुपरवाइजर एवं कार्यकर्ता को होगी।
स्कूल शिक्षा विभाग
जिले में 6 से 18 वर्ष
आयु के 132414 पंजीयन शेष है। इसके लिए स्कूलों के माध्यम से शालाओं में दर्ज समस्त
बच्चों के पंजीयन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी) एवं जिला
परियोजना समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान (प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं) को प्रभारी अधिकारी
नियुक्त किया है। खंड शिक्षा अधिकारी एवं खंड स्त्रोत समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान को
सहायक प्रभारी अधिकारी निुयक्त किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा ई गर्वेनेस
से समन्वय कर जिले की समस्त शालाओं में पंजीयन
के लिए मशीनों की उपलब्धता अनुसार दिनांकवार कार्यक्रम तैयार कर शालावार शेष रहे पंजीयन
के विशलेषण के साथ प्रस्तुत करेंगे। अनुमोदित
कार्यक्रम अनुसार पंजीयन कार्य पूर्ण कराया जाएगा। शालावार पंजीयन के लिए शेष रहे बच्चों
का विशलेषण करने तथा पंजीयन में लगने वाले आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा निर्धारित तिथियों में शत प्रतिशत
पंजीयन पूर्ण कराने की जवाब देही संबंधित स्कूल प्राचार्य एवं प्रधानाध्यापक की होगी।
मशीनों की उपलब्धता के लिए यहां करें संपर्क
पंजीयन कार्य के लिए
आवश्यक मशीनों की उपलब्धता के लिए देवेंद्रसिंह राठौर जिला प्रबंधक ई-गर्वेनेस से सम्पर्क
कर सकते हैं। साथ ही और जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8109935547 से भी संपर्क कर सकते
हैं।
प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत
करें
कलेक्टर ने निर्देश
दिए है कि पंजीयन कार्य के लिए नियुक्त अधिकारी अपने कार्य का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत
करेंगे। वे इसकी सम्पूर्ण रिपोर्ट ई-मैल degmdewas@gmail.com पर देंगे। साथ ही साप्ताहिक
समय सीमा की बैठक में विभागवार प्रगति पत्रक प्रस्तुत करेंगे।
-----------------------------
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
देवास
॥ स मा चा र॥
फसल बीमा का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन कृत संकल्पित
देवास 21 अक्टूबर
2015/ देवास जिले के 1,40,607 किसानों की खरीफ 2015 की सोयाबीन की फसल का बीमा
लाभ दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने सहकारी बैंक से सम्बंध 124 समितियों के 86974 किसानों
का 9.10 करोड़ प्रीमियम फसल बीमा कंपनी को जमा करा दिया है। कमर्शियल बैंक की 42 शाखाओं
द्वारा 18.09 करोड़ प्रीमियम कंपनी को भेज दिया है।
कलेक्टर आशुतोष अवस्थी
ने बताया कि सोयाबीन की उत्पादकता 1 से 18 जुलाई तक वर्षा न होने तथा 19 जुलाई से
20 अगस्त तक 722 मिमी वर्षा होने से बुरी तरह प्रभावित हुई है। कृषि विभाग एवं राजस्व
विभाग के मैदानी कर्मचारियों द्वारा 517 पटवारी हल्के हेतु नियत 2068 फसल कटाई प्रयोग
पूर्ण कर परिणाम आयुक्त भू- अभिलेख की वेबसाइट पर प्रविष्ट कराए गए है। मुख्यमंत्री
श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा 20 अक्टूबर 2015 को वीडिया कांफ्रेंस में दिए निदे्रश
पर तत्परता से कार्यवाही करते हुए बैंकों से प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया गया है। शत-प्रतिशत
किसानों के बीमा प्रीमियम बीमा कंपनी में जमा करा दिए गए हैं।
--------------------------
चौदह हजार मैट्रिक टन खाद का
हुआ भंडारण
देवास 21 अक्टूबर
2015/जिले में आगामी रबी सीजन के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद व बीज उपलब्ध है।
उपायुक्त सहकारिता डॉ. केएन त्रिपाठी ने बताया है कि आगामी रबी सीजन 14000 मैट्रिक
टन खाद का भंडारण समितियों में कराया गया है। कृषकों की मांग अनुसार समितियों में
5 हजार क्विंटल गेहूं बीज एवं 3000 क्विंटल
चना बीज उपलब्ध है। विपणन संघ से यूरिया, डीएपी एवं इफको खाद की सतत आपूर्ति
सुनिश्चित की गई है।
----------------------
एक आरोपी जिलाबदर
देवास 21 अक्टूबर 2015/ जिला
दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के
अन्तर्गत मेहरबानसिंह पिता नारायणसिंह गुजर उम्र 30 वर्ष निवासी लसुड़िया ब्राह्मण पुलिस
थाना पीपलरावां, जिला देवास को 3 माह के लिए जिलाबदर कर दिया गया है।
जिला दंडाधिकारी द्वारा आरोपी को यह आदेश दिया
गया है कि वे आदेश प्राप्ति से 24 घण्टे के भीतर, आगामी 3 माह की कालावधि के लिये जिला
देवास एवं उसके आस पास के सीमावर्ती जिलों इन्दौर, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खण्डवा,
खरगोन की राजस्व सीमाओं से बाहर चले जाए तथा जिला दंडाधिकारी न्यायालय की बिना पूर्व
अनुज्ञा के प्रवेश ना करें।
न्यायालय जिला दण्डाधिकारी
देवास में पुलिस अधीक्षक देवास द्वारा प्रतिवेदन दिया गया था कि उक्त आरोपी के विरूद्ध
भारतीय दण्ड संहिता सहित अन्य अधिनियमों के अन्तर्गत कई अपराध पंजीबद्ध है। उक्त आरोपी
वर्ष 2008 से निरंतर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और इस अवधि में उसके विरूद्ध
पुलिस थाना पीपलरावां एवं बेरछा पर 07 संज्ञेय अपराध दर्ज हुए है, यह अपराध मुख्य रूप
से आम जनता के साथ लूट, अवैध हथियार रखना, मारपीट, गाली गलौच, जान से मारने की धमकी
देना, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करना आदि से संबंधित है तथा इनमें से कुछ अपराध तो
वर्तमान में भी न्यायालय में विचाराधीन है। उक्त आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को नियंत्रित
किए जाने की सख्त आवश्यकता थी अन्यथा किसी भी दिन उक्त अपराधी कोई जघन्य अपराध कर क्षेत्र
की लोक शांति व व्यवस्था को भंग कर सकते थे। पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन के आधार पर
उक्त आरोपी को जिला बदर किया गया है।
---------------------------
अस्पृश्यता निवारणार्थ शिविर 27 अक्टूबर को काटकूट में
देवास 21 अक्टूबर 2015/
आदिम जाति अनुसूचित जाति कल्याण विभाग जिला देवास द्वारा आगामी 27 अक्टूबर को मंगलवार को वाल्मिकी जयंती के अवसर पर
अस्पृश्यता निवारणार्थ सदभावना शिविर का आयोजन ग्राम काटकूट विकासखंड कन्नौद में सुबह 11 बजे से क्षेत्रीय विधायक की अध्यक्षता में
किया जाएगा। जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण
विभाग ने सभी से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित हों।
-------------------------
खण्ड स्तरीय गोपाल पुरस्कार योजना
देवास 21 अक्टूबर 2015/
मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित गोपाल पुरस्कार योजना का आयोजन पशु पालन विभाग द्वारा
विकासखण्ड स्तर पर देवास में 04 व 05 नवम्बर 2015 को पशु चिकित्सालय प्रांगण में 04 नवम्बर 2015 की शाम एवं 05 नवम्बर 2015 की सुबह-शाम
(तीन समय) के दूग्ध सत्यापन का कार्य व आवश्यक समस्त निर्धारित प्रक्रिया का सम्पादन,
मुख्यकार्य पालन अधिकारी, जनपद पंचायत की अध्यक्षता में गठीत समिति द्वारा किया जायेगा।
समिति का निर्णय सर्वमान्य व अन्तिम होगा।
उक्त प्रतियोगिता में भारतीय (देशी) नस्ल की सर्वाधिक दूध देने वाली
गायों को सम्मिलित किया जाएगा, शंकर अथवा विदेशी नस्ल की गाय को प्रतियोगिता में सम्मिलित
नही किया जावेगा। विकासखण्ड स्तर पर प्रथम पुरस्कार राशि रु. 10,000/-, द्वितीय पुरस्कार
एवं तृतीय पुरस्कार क्रमश: 7500/- एवं 5000/- रु. शासन द्वारा नगद पुरस्कार दिया जावेगा।
उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. जीडी वर्मा ने पशु पालकों से अनुरोध किया है कि प्रतियोगिता में
भाग लेने के लिए वे अपने पशु का निकटतम पशु चिकित्सा संस्था पर पंजीयन अवश्य कराएं
व आवेदन निकटस्थ संस्था पर ही जमा कराएं, जिसकी अंतिम तिथी कार्यालयीन समय पर 01 नवंबर
2015 है। गाय एवं पशु पालक के चारा/भोजन-पानी एवं पशु परिवहन की व्यवस्था पशु पालक
की स्वयं की रहेगी।
------------------------------
निश्चित एवं अधिक उत्पादन देने वाले रेज्ड बैड प्लांटर से बुआई करें
देवास 21 अक्टूबर 2015/ श्री आशुतोष अवस्थी कलेक्टर सह अध्यक्ष
आत्मा गवर्निंग बोर्ड एवं कृषि विभाग द्वारा कृषकों को रेज्ड बेड पद्धति से बुआई करने
की सलाह दी गई है। जिसके अंतर्गत कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम "आत्मा" एवं
कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा विगत दो-तीन वर्षों से निरंतर रेज्ड बेड प्लांटर द्वारा
बुआई कर प्रदर्शन आयोजित किये जा रहे हैं। जिससे कृषकों को निश्चित एवं अधिक उत्पादन
प्राप्त हुआ है। इसी क्रम में कृषि विभाग एवं आत्मा योजना द्वारा कृषि अभियांत्रिकी
के माध्यम से कृषकों को चने की बुआई के लिए रेज्ड बेड प्लांटर शासकीय अनुदान पर प्रदान
किये जा रहे हैं।
उत्पादन में 25 से 30 प्रतिशत तक होंगी वृद्धि
परियोजना संचालक आत्मा ने बताया कि इस पद्धति से बुआई करने से बीज
में 10 प्रतिशत, खाद में 20 प्रतिशत की बचत के साथ साथ उत्पादन में लगभग 25 से 30 प्रतिशत
की वृद्धि होती है। इसके अतिरिक्त अत्याधिक वर्षा से भी फसल को कोई नुकसान नहीं होता
क्योंकि वर्षा जल नालियों के द्वारा खेत से बाहर निकल जाता है एवं कम वर्षा की स्थिति
में नालियों को बंद करके वर्षा जल को खेत में ही रोका जा सकता है। रेज्ड बेड प्लांटर
कृषि अभियांत्रिकी विभाग बालगढ़ देवास में उपलब्ध है।
रेज्ड बेड प्लांटर की कुल कीमत 84,200 रुपये है। अजा., अजजा, महिला
कृषकों एवं लघु सीमांत कृषकों को 22,100 रुपये (शासकीय अनुदान 62,100 रुपये) एवं बड़े
किसानों को 29,200 रुपये (शासकीय अनुदान 55,100 रुपये) में रेज्ड बेड प्लांटर प्राप्त
होगा।
पहले आएं-पहले पाएं
"पहले आएं एवं पहले पाएं" के अधार पर कृषक भाई अपने विकासखंडों
के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं ब्लॉक टेक्नोलॉजी
मैनेजर से संपर्क करें।
No comments:
Post a Comment