Tuesday, 13 October 2015

दिनांक 13 अक्टूबर 2015

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
एक जैसे रंगरोगन में नजर आएंगे जिले के शासकीय भवन
        देवास 13 अक्टूबर 2015/ जिले के सभी सरकारी भवनों में एकरूपता लाने की दृष्टि से उनमें रंगाई पुताई करना जरूरी है। सभी भवनों की पुताई के बाद भवन सुंदर एवं आकर्षक दिखेंगे। दीवारों को सुरक्षा की दृष्टि से रंगरोगन करवाना अच्छा होता है तथा गर्मी, पानी, हवा एवं वातावरण से दीवारों का बचाव होता है। भवन की सजावट करने से उसकी सुदृढ़ता भी बनी रहती है। इसके लिए जरूरी है कि भवनों की पुताई का कार्य प्रारंभ किया जाएं। उक्त निर्देश कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने जिले के सभी अधिकारियों को दिए।
काम की बात श्रंखला के तहत सभी को भेजे ब्रूशर
    कलेक्टर ने इस संबंध में जिला पंचायत के माध्यम से 'काम की बात' श्रृंखला के तहत लिखित में ब्रूशर युक्त निर्देश सभी को जारी किए हैं। कलेक्टर ने सरपंच तथा ग्राम पंचायत सचिव, हाई स्कूल, हायर सेकेंड्री प्राचार्य, प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक, पर्यवेक्षक, परियोजना अधिकारी, आंगनवाड़ी आईसीडीएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के खंड चिकित्सा अधिकारी, अजा/अजजा छात्रावास, बालिका छात्रावास के अधीक्षक, जन शिक्षक, बीईओ, बीआरसी, समस्त विभागों के प्रमुख, अनुविभागीय अधिकारी ग्राम योजना से./ सहायंत्री मनरेगा, उपयंत्री, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को निर्देश दिए हैं।
रंगों का संयोजन ठीक से करें
       कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा कि भवन की सुरक्षा के लिए परिसर के आसपास स्वच्छता होनी चाहिए। रंगों का संयोजन भी ठीक प्रकार से होना चाहिए, जिससे की भवन सुंदर दिखें। भवनों की सुरक्षा के लिए प्लिंथ स्तर के चारों तरफ मुरम, गिट्टी की चुरी का भराव किया जाना चाहिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी भवनों की छत की प्रतिवर्ष साफ-सफाई की जाएं ताकि उस पर जमा हुआ कचरा साफ हो जाएं एवं बारिश का पानी आसपास जमा न हो सके।
सीलन से बचाए भवनों को
       कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि जिन दीवारों में सीलन आती है उन पर बचाव के लिए सोडियम सिलीकेट का छिड़काव या पेंट करना चाहिए तथा इसके बाद कैल्सियम फ्लाराइड का घोल लगाना चाहिए। लोहे के दरवाजे, खिड़कियों को जंग से बचाने के लिए उन पर प्रतिवर्ष पेंट कराना चाहिए।
रंगों का संयोजन इस तरह करें
       कलेक्टर ने निर्देश है कि भवनों की पुताई के लिए इस प्रकार का संयोजन करें कि भवन पुताई के बाद सुंदर लगे। इसके लिए भवन की बाहरी दीवारों पर गुलाबी कलर, भवन के अंदर सफेद, भवन का नाम लिखने के लिए बेकग्राउंड कलर पीला होना चाहिए। इसी प्रकार छत व छज्जों के पट्टे एवं कुर्सी के नीचे टेराकोटा, खिड़की दरवाजे स्मोक ग्रे तथा भवन का नाम लिखने के लिए काले रंग का उपयोग करें।

----------------------------

माताजी की टेकरी में सेवा पांडाल का शुभारंभ

        देवास 13 अक्टूबर 2015/ शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर मां तुलजा भवानी एवं मां चामुंडा के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शंखद्वार स्थित अन्न क्षेत्र स्थान में मां चामुंडा सेवा समिति द्वारा सेवा पांडाल का शुभारंभ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा सपत्नीक तथा महापौर श्री सुभाष शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभयसिंह द्वारा आज मंगलवार को किया गया। सर्वप्रथम मां चामुंडा तथा श्री शीलनाथ महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस अवसर पर बैंक नोट प्रेस महाप्रबंधक एम.सी. वैलप्‍पा, शाजापुर कलेक्टर राजीव शर्मा, नगर निगम आयुक्त हिमांशु सिंह एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित थे।
फलाहार का किया वितरण
       सेवा पांडाल के शुभारंभ के बाद महापौर श्री शर्मा, कलेक्टर श्री अवस्थी तथा पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने श्रद्धालुओं को फलहार का वितरण किया।
अन्न क्षेत्र का किया निरीक्षण
       कलेक्टर श्री अवस्थी ने अन्न क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा भोजन तथा फलाहार बनने संबंधी जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने श्रद्धालुओं से भी चर्चा की।



----------------------------------

देवास में एयरफोर्स की भर्ती रैली 6 दिंसबर को

        देवास 13 अक्टूबर 2015/ आगामी 3 से 7 दिसंबर 2015 को देवास में एयरफोर्स की भर्ती रैली आयोजित की गई है। रैली में भाग लेने वाले युवकों का फिजिकल टेस्ट होगा, इंटरव्यू लिया जाएगा। रैली डिण्डौरी, हरदा, झाबुआ, खरगौन, मण्डला, मंदसौर, नीमच, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर एवं उमरिया जिले के युवक शामिल हो सकते है। इन जिलों से 2 से ढाई हजार तक उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
      इस भर्ती रैली में 10+2 की परीक्षा में 50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्तीर्ण होने वाले अभ्यार्थी जिनकी जन्मतिथि 1 फरवरी 1996 से 31 मई 1999 के मध्य है भाग ले सकते है।
-----------------------------

नि:शुल्क कैंसर निदान शिविर 25 अक्टूबर को सोनकच्छ में

      देवास 13 अक्टूबर 2015/ आगामी 25 अक्टूबर को नि:शुल्क कैंसर निदान शिविर का आयोजन सोनकच्छ के सनशाइन हायर सेकेंड्री स्कूल में  दोपहर 2 से 4 बजे तक किया जाएगा। शिविर में मरीजों का परीक्षण कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पेंढारकर मुंबई करेंगे। विस्तृत जानकारी डॉ. तारिक अहमद जिला चिकित्सालय देवास से प्राप्त की जा सकती है। डॉ. तारिक अहमद का मोबाइल नंबर 9826444678 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
-------------------------

स्कूल शिक्षा के सभी कार्यालय और संस्थान की जीआईएस मेपिंग होगी

      देवास 13 अक्टूबर 2015/राज्य शासन ने स्कूल शिक्षा विभाग और राज्य शिक्षा केन्द्र के समस्त कार्यालय और संस्था की जीआईएस मेपिंग करवाने का निर्णय लिया है। इसके लिये सभी जिला कलेक्टर और मिशन संचालक को निर्देश दिये गये हैं। जीआईएस एप्स के माध्यम से स्कूल का नाम डाइस कोड में ऑफिस/संस्था का एक जीपीएस टेग फोटोग्राफ लेकर अपलोड करवाना होगा। इससे सभी कार्यालय और संस्था के लॉगीट्यूड/ लेटीट्यूड का उपयोग मॉनीटरिंग और अन्य कार्य में किया जा सकेगा। जीआईएस मेपिंग का कार्य आगामी 18 अक्टूबर तक पूरा करने को कहा गया है। इस कार्य के लिये जिला शिक्षा केन्द्र के प्रोग्रामर को नोडल बनाया गया है।
---------------------------

अगले सत्र के लिये जिलों से पाठ्य-पुस्तकों की आवश्यकता की जानकारी माँगी

      देवास 13 अक्टूबर 2015/राज्य शासन ने सभी जिलों से अगले शिक्षा सत्र 2016-17 के लिये पाठ्य-पुस्तकों की आवश्यकता की जानकारी माँगी है। नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तक वितरण योजना में कक्षा 9 से 12वीं के विद्यार्थियों को दी जाने वाली पाठ्य-पुस्तकों की जानकारी 14 अक्टूबर तक भेजने के निर्देश दिये गये हैं।
      शासन ने इसके पहले भी अगले साल के लिये नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकों की आवश्यकता की जानकारी देने के निर्देश दिये थे। जिलों से कहा गया है कि पाठ्य-पुस्तकों की आवश्यकता एवं माँग संख्या से पाठ्य-पुस्तक निगम को समय-सीमा में अवगत करवाया जाना है। शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दी जाने वाली पुस्तकों की जानकारी जिला, ब्लॉक, कक्षा एवं माध्यम तथा शीर्षवार माँगी गयी है। इस जानकारी को निर्धारित प्रपत्र में दो प्रति में लोक शिक्षण संचालनालय को ई-मेल के माध्यम से भेजा जाना है।

----------------------------

No comments:

Post a Comment