Wednesday, 14 October 2015

दिनांक 14 अक्टूबर 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
माता रानी की कृपा से क्षेत्र में रहेगी खुशहाली
शिवशक्ति चुनरी यात्री में श्री मोघे ने कहा
        देवास 14 अक्टूबर 2015/ माता रानी की कृपा से पूरे क्षेत्र में खुशहाली रहेगी। हम सभी माता रानी की पूजा तीन रूपों में करते हैं। पहला रूप मां दुर्गा, दूसरा रूप लक्ष्मी तथा तीसरा रूप मां सरस्वती का होता है। जब इन तीनों देवियों की कृपा हम पर हो जाएगी तो चारों ओर खुशहाली हो जाएगी। उक्त उद्बोधन पूर्व महापौर इंदौर श्री कृष्णमुरारी मोघे ने आज बुधवार को भौंरासा के बड़ा हनुमान चौक में भौंरासा से इकलेरा स्थित मां बिजासनी की चढ़ाई जानी  वाली चुनरी यात्रा कार्यक्रम में कही। इस अवसर पर शिवशक्ति चुनरी यात्रा आयोजक एवं क्षेत्रीय विधायक श्री राजेंद्र वर्मा, महापौर श्री सुभाष शर्मा, श्री रायसिंह सेंधव, श्री बहादुर मुकाती, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, पुलिस अधीक्षक अभय सिंह, जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


हर घर खुशहाली, हर खेत हरयाली
    विधायक श्री राजेंद्र वर्मा ने कहा कि मेरे लिए क्षेत्र खुशहाली सर्वोपरि है। क्षेत्र के सभी रहवासी खुश रहे सम्पन्न रहे यहीं माता रानी से कामना है। विधायक श्री वर्मा ने कहा कि यह चुनरी यात्रा का उद्देश्य हर खुशहाली, हर खेत में हरयाली है। विधायक श्री वर्मा ने कहा कि हमने क्षेत्र में हरयाली को लेकर कावड़ यात्री निकाली तथा फिर रक्षा दिवस पर रक्षा सूत्र बंधवाए। आज हम चुनरी यात्रा निकल रहे है।
क्षेत्र के क्षेत्रवासी के नाम का लगा सितारा
    विधायक श्री वर्मा ने कहा कि मां बिजासनी को चढ़ाई जानी वाली इस चुनरी में क्षेत्र के प्रत्येक रहवासी के नाम का सितारा है, जो कि डेढ़ किलोमीटर लंबी है। इसे सूरत की टैक्सटाइल कंपनी द्वारा बनाया गया है।
हजारों लोग हुए शामिल
    चुनरी यात्रा नगर के बड़ा हनुमान चौक से प्रारंभ हुई जो कि नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए चली। चुनरी यात्रा का जगह-जगह पर स्वागत किया गया। इस चुनरी यात्रा में करीब हजारों की संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।


आदिवासी अंचल का नृत्य रहा आकर्षण का केंद्र
    चुनरी यात्रा में आदिवासी नृत्य का आकर्षण का केंद्र रहा। नृत्य में आदिवासी अंचल की संस्कृति की झलक दिखाई दी। साथ ही अन्य झांकियों में "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" की झांकी तथा नगर पंचायत भौंरासा द्वारा "स्वच्छ भारत मिशन" की झांकी भी चुनरी यात्रा में साथ-साथ रही।


---------------------------
देवास जिले में दिसंबर तक बनेंगे शत-प्रतिशत आधार कार्ड
संभाग में अभी है प्रथम पोजिशन: 80 प्रतिशत नागरिकों के बन चुके हैं कार्ड
        देवास 14 अक्टूबर 2015/ देवास जिले में शत-प्रतिशत नागरिकों के आधार कार्ड बनाने के लिए दिसंबर 2015 तक की समय सीमा तय की गई है। अभी तक जिले 80 प्रतिशत नागरिकों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज बुधवार को जिला अधिकारियों की बैठक लेकर शेष बचे व्यक्तियों के आधार कार्ड बनाए जाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
        बैठक में कलेक्टर ने बताया कि जिले की लगभग 16 लाख की आबादी में साढ़े 13 लाख की आबादी के आधार कार्ड बनाए जा चुके हैं। अब शेष बचे व्यक्तियों जिनमें अधिकतर बच्चे हैं, उनके कार्ड बनाए जाने के लिए विशेष मुहिम चलाई जाएगी। अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों एवं प्राथमिक विद्यालयों में पोर्टेबल कम्प्यूटर और थम्ब मशीन लेकर सरकारी अमला पहुंचेगा। नन्हें-मुन्हें बच्चों के आधार कार्ड बनाए जाने में उनके माता या पिता के अंगूठे का निशान लिया जाएगा। आधार कार्ड बनाने का कार्य पूरी तरीके से नि:शुल्क होगा। इस कार्य के लिए जिला मैनेजर ई-गर्वनेंस देवेंद्र राठौर नोडल अधिकारी बनाया गया है।
----------------------
आज मनाया जाएगा विश्व हाथ धुलाई दिवस
    देवास 14 अक्टूबर 2015/ जिले में गुरूवार 15 अक्टूबर को विश्व हाथ धुलाई दिवस के अवसर पर समारोहपूर्वक आयोजन होंगे। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। जागरूकता के लिए जिले के सभी विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के हाथ साबुन से धुलाए जाएंगे। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए है कि विद्यालयों के शौचालयों में 24 घंटे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए।
-------------------------
साधिकार अभियान से आम आदमी को दिलाएं लाभ- कलेक्टर
    देवास 14 अक्टूबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज बुधवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में जिले में चलाई जा रहे साधिकार अभियान की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों और एसडीएम को गांव में भ्रमण कर यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि साधिकार अभियान से आम आदमी को लाभ अवश्य मिले। इसके लिए गांव का भ्रमण कर अभियान की निगरानी करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, एडीएम डॉ. कैलाश बुंदेला एवं अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
    बैठक में कलेक्टर ने यह निर्देश भी दिए कि जिन जिला अधिकारियों की ड्यूटी कानून व्यवस्था के लिए माताजी की टेकरी पर लगाई गई है वे अपनी ड्यूटी गंभीरता से करें। एसडीएम रजनीश कसेरा ने बताया कि जिला अधिकारियों के साथ 24 घंटों के लिए 6 घंटे के रोटेशन कार्यपालिक दंडाधिकारी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। परस्पर समन्वय से व्यवस्था बनाए रखने का काम करें। नगर निगम को शौचालय एवं साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग को भंडारों की खाद्य सामग्री का परीक्षण कर शुद्धता की रिपोर्ट के निर्देश दिए गए। बैठक में जाति प्रमाण-पत्र, जनसुनवाई, समय सूचना-पत्रक और फसल कटाई की भी समीक्षा की गई।
---------------------------

देवास जिले के गांवों में होंगे 'विकास में विश्वास" सम्मेलन

       देवास 14 अक्टूबर 2015/ राज्य शासन ने 29 अक्टूबर से 29 नवम्बर तक एक माह की अवधि को 'विकास दशक'' के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसे 'गरीब कल्याण वर्ष'' के द्वितीय माह के घटक के रूप में मनाया जायेगा। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज बुधवार को समस्त जिला अधिकारियों की बैठक लेकर शासन के निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस दौरान जिले के सभी ग्रामों में 'विकास में विश्वास' सम्मेलनों का आयोजन होगा।
जिला-स्तरीय कार्यक्रम
       सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा ने बताया कि जिला-स्तरीय कार्यक्रम सुबह 11 बजे होंगे। कार्यक्रम के बाद अंत्योदय मेला लगेगा। मेले में शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राहियों को बड़े स्तर पर सामग्री, अनुदान, सहायता आदि दी जायेगी। मेले में अटल पेंशन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लिये नये आवेदकों का पंजीकरण भी किया जायेगा। मेले में स्वास्थ्य परीक्षण, जन-शिकायत निवारण की भी व्यवस्था होगी। प्रधानमंत्री जन-धन और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आदि में नये खाते खुलवाने की भी कार्यवाही होगी। मेले के लिये हितग्राहियों को पहले से सूचीबद्ध किया जायेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय कलाकारों के सहयोग से होंगे। पिछले 10 वर्ष में मध्यप्रदेश की उपलब्धि, विकास यात्रा तथा आगामी दशाब्दी में दृष्टि-पत्र पर आधारित निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता स्कूल और कॉलेज में की जायेगी।
       इस अवधि में जनता को वर्ष 2005 से 2015 तक पिछले 10 साल में अधोसंरचना विकास, आजीविका कार्यक्रम, सामाजिक सुरक्षा, सिंचन क्षमता का विकास, विद्युतीकरण, महिला सशक्तिकरण, सुशासन, शिक्षा, सबके लिये स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, निवेश वृद्धि आदि क्षेत्र में राज्य शासन की उपलब्धियाँ बतलायी जायेंगी। अगले पाँच साल के लिये राज्य शासन के दृष्टि-पत्र की जानकारी भी दी जायेगी।
दो नवंबर से 28 नवंबर के मध्य होंगे जिला स्तरीय कार्यक्रम
       कलेक्टर ने बताया कि 'विकास दशक'' कार्यक्रम राज्य, जिला, विकासखण्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर होगा। नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्र में नगरीय निकाय द्वारा यह कार्यक्रम एवं समारोह किये जायेंगे। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस एक नवम्बर को प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्रामसभा होगी। दो नवम्बर से 28 नवम्बर के मध्य जिला-स्तर के कार्यक्रम होंगे।
1 से 7 नवंबर के मध्य होंगे स्वच्छता अभियान के होंगे कार्यक्रम
       'विकास दशक'' के आयोजनों में एक नवम्बर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस और एक से 7 नवम्बर की अवधि में स्वच्छता अभियान के कार्यक्रम को भी शामिल किया जायेगा।
नगरीय निकाय-स्तर
       सभी नगरीय निकाय चलित प्रदर्शनी के माध्यम से पिछले 10 वर्ष की उपलब्धि की जानकारी देने के लिये प्रत्येक वार्ड में आयोजन करेंगे। इस दौरान संक्षिप्त सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी। विकास दशक कार्यक्रम पर नगरीय विकास एवं पर्यावरण विभाग अलग से अनुपूरक निर्देश जारी करेगा।
जनपद पंचायत-स्तर
        सभी जनपद पंचायत मुख्यालय पर 'विकास में विश्वास'' सम्मेलन होंगे। सम्मेलन में जनपद पंचायत क्षेत्र में विभिन्न योजना में पिछले 10 वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी और आगामी 5 वर्ष का दृष्टि-पत्र रखा जायेगा।
ग्राम पंचायत-स्तर पर होगा विकास में विश्वास सम्मेलन
       ग्राम-पंचायत मुख्यालय पर एक नवम्बर, 2015 को ग्रामसभा के बाद 'विकास में विश्वास'' सम्मेलन होंगे। इसमें 10 वर्ष की उपलब्धि पर ग्राम-पंचायत की ओर से 'जनता को समर्पित रिपोर्ट'' का वाचन किया जायेगा। साथ ही आगामी 5 वर्ष का दृष्टि-पत्र रखा जायेगा। पंचायत भवन में प्रदर्शनी भी लगायी जा सकती है। मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जायेगा। प्रभात-फेरियाँ, रैलियाँ आदि निकाली जायेंगी। 'विकास में विश्वास'' सम्मेलन के संबंध में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा अलग से भी निर्देश जारी किये जायेंगे।
-------------------------------

कृषि उपभोक्ताओं को तत्काल मिलेगा अस्थाई कनेक्शन

       देवास 14 अक्टूबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए हैं कि सिंचाई के उपयोग के लिए किसानों को तत्काल कनेक्शन मुहैया कराएं। जिले के कृषि उपभोक्ताओं को टेम्प्रेरी कनेक्शन देने में लापरवाही बतरने वाले अधिकारी/कर्मचारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस आश्य के दिशा निर्देश अधीक्षक यंत्री अशोक शर्मा ने अपने अधिनस्थों को जारी किए हैं। कृषि उपभोक्ताओं को सुविधा के लिए 24 घंटे सेवारत एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। इसमें उपभोक्ता टेम्प्ररी कनेक्शन में आ रही कठिनाइयों की शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। जिसका तत्काल निराकरण कर उपभोक्ता को संतुष्ट किया जाएगा। कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 07272-255700 है।
       श्री शर्मा ने बताया है कि ग्रामीण क्षेत्र में 5 हार्सपावर के 4 माह की अवधि के टेम्प्ररी कनेक्शन के लिए निर्धारित राशि 13325 रूपए, 8 हार्सपावर के लिए 21200 रूपए तथा 10 हार्सपावर के  अस्थाई संयोग के लिए 26450 रूपए की राशि जमा करना होगी। इसी प्रकार शहरी क्षेत्र के कृषि उपभोक्ताओं के लिए 5 हार्सपावर के 4 माह की अवधि के टेम्प्रेरी  अस्थाई संयोग के लिए निर्धारित राशि 15010 रूपए, 8 हार्सपावर के लिए 23890 रूपए एवं 10 हार्सपावर वाले अस्थाई संयोग के लिए 29810 की राशि जमा करना होगी। बिना कनेक्शन लिए विद्युत का उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं के विरूद्ध विद्युत अधिनियम 2003 के अंतर्गत विद्युत चोरी के प्रकरण बनाए जाएंगे जिसकी जांच के लिए विशेष टीमें बनाई गई है। श्री शर्मा ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह कृषि कार्य के लिए विधिवत टेम्प्ररी कनेक्शन लेकर ही विद्युत का उपयोग करें।

-----------------------------

No comments:

Post a Comment