Thursday, 28 May 2015

दिनांक 28 मई 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

सेवा भावना हो तभी अच्छा कार्य हो सकता है
स्कूल शिक्षा मंत्री ने किया देवास जिले का भ्रमण
     देवास 28 मई 2015/ मन में सेवा भावना हो तभी अच्छा कार्य हो सकता है। शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक तीन आवासीय‍ विद्यालय में भवन का जीर्णोद्धार एवं सौन्दर्यीकरण का जो कार्य किया गया है तथा वहां विद्यार्थियों को जो शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, वे सराहनीय हैं। इसके लिए संबंधित एनजीओ तथा सभी संबंधित अधिकारी, विशेष रूप से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत देवास बधाई के पात्र हैं।
     प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री पारस जैन ने आज गुरूवार को शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक तीन आवासीय‍ विद्यालय में बच्चों से मुलाकात एवं निरीक्षण के दौरान बच्चों को सम्बोधित करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम में महापौर श्री सुभाष शर्मा, श्री बहादुर मुकाती, श्री राजेश यादव, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी, कार्यक्रम समन्वयक सर्वशिक्षा अभियान आदि उपस्थित थे।
अगले महीने तक सभी विद्यालयों में शौचालय
     शिक्षा मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रत्येक विद्यालय में बालक एवं बालिकाओं के लिए पृथक-पृथक शौचालय बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अगले महीने तक प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में शौचालय होंगे। उन्होंने देवास जिले में अपने निरीक्षण के दौरान शौचालय निर्माण कार्य की सराहना की। श्री जैन ने हाल ही में चालू की गई बीमा एवं पेंशन योजनाओं का लाभ लेने की सलाह दी।
शिक्षा का महत्वपूर्ण स्थान
     इस अवसर पर महापौर श्री सुभाष शर्मा ने कहा कि हमारे जीवन में शिक्षा का अत्यन्त महत्वपूर्ण स्थान होता है। बच्चे खूब मन लगाकर पढ़ें तथा आगे बढ़ें। शिक्षा से ही हमारी प्रगति के द्वार खुलते हैं।

एक वर्ष में हुआ कार्य
     सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक सिंह ने बताया कि इस विद्यालय भवन एवं छात्रावास के नवीनीकरण का कार्य एक वर्ष पूर्व प्रारंभ किया गया था। तब इसकी हालत बहुत खराब थी। एक वर्ष के अथक परिश्रम एवं एक स्वयं सेवी संस्था के प्रयासों से यह कार्य संभव हो पाया है। इस कार्य में नगर निगम देवास का भी बहुमूल्य योगदान है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में जिले के प्रत्येक स्कूल को बहुत अच्छा बनाया जायेगा।
वाचनालय एवं सभागृह का शुभारंभ किया
     शिक्षा मंत्री ने इसके पूर्व विद्यालय में खोले गये नवीन वाचनालय एवं पुर्ननवीनीकृत सभागृह का शुभारंभ किया। सभागृह में अतिथियों एवं बच्चों ने एक लघु फिल्म के माध्यम से विद्यालय के विकास की पूरी कहानी जानी।
पानी एवं बिजली की व्यवस्था करें
     इसके पूर्व शिक्षा मंत्री श्री जैन द्वारा ग्राम जैतपुरा के शासकीय माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान वहां की प्राचार्य ने उन्हें बताया कि विद्यालय में पानी एवं बिजली की उपलब्धता नहीं है। हेण्डपम्प में पानी नहीं है तथा नल एवं बिजली का बिल भरने के लिए विद्यालय के पास पर्याप्त राशि नहीं है। विद्यालय में बिजली एवं पानी की व्यवस्था के लिए वर्ष में 5 हजार रूपये की राशि मिलती है। विद्यालय को बिजली विभाग द्वारा 2-3 माह का बिल 7 हजार रूपये का दिया गया। बिल भरने में अक्षम होने पर बिजली कटवा दी गई। मंत्री श्री जैन द्वारा विद्यालय में पानी और बिजली की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये गये।
सुकल्या में भी किया निरीक्षण
     शिक्षा मंत्री श्री जैन ने ग्राम सुकल्या पहुंचकर वहां शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां निर्माणाधीन शौचालय के कार्य को देखा। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता की सराहना की।
क्रमांक 178/329/28-05-2015            (फोटो-संलग्न)


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का नाम बताने पर मिला इनाम
शिक्षा मंत्री अगेरा में कस्तुरबा बालिका छात्रावास पहुंचे
     देवास 28 मई 2015/ 'बच्चों देश के प्रधानमंत्री का नाम बताओ?' ‘नरेंद्र मोदी’ 'प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम बताओ?' ‘शिवराजसिंह चौहान’। 'यहां आप लोगों को कैसा लगता है?' ‘बहुत अच्छा लगता है।’
     प्रदेश के शिक्षामंत्री श्री पारस जैन आज गुरूवार को जब कस्तूरबा बालिका छात्रावास अगेरा पहुंचे और वहां की बच्चियों से प्रश्न पूछे तो बच्चों ने प्रश्नों के पूरे आत्म विश्वास के साथ जवाब दिए। देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री का सही नाम बताने वाली बालिकाओं को मंत्रीजी द्वारा नगद इनाम भी दिया गया। इस अवसर पर सोनकच्छ क्षेत्र के विधायक श्री राजेंद्र वर्मा, श्री चंद्रभानसिंह गौतम, श्री दशरथ यादव, डीपीसी, डीईओ, एसडीएम सोनकच्छ आदि मौजूद थे।
छात्रावास का निरीक्षण किया
     मंत्री श्री पारस जैन द्वारा बालिका छात्रावास का निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने  वहां शिक्षक कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष, कौशल विकास कक्ष, पुस्तकालय आदि को देखा। उन्होंने वहां बच्चों के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा तथा खाने की मीनू आदि की भी जानकारी प्राप्त की।
विधायक ने दी जानकारी
     विधायक श्री वर्मा ने मंत्री श्री जैन को जिले में 'स्कूल चलें हम' अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। अभियान के अंतर्गत जिले में प्रत्येक स्कूल जाने वाले उम्र के बच्चे का विद्यालयों में प्रवेश कराया जा रहा है। साथ ही प्रयास किए जा रहे हैं कि बच्चे रोज स्कूल आएं व नियमित रूप से विद्या अध्ययन करें। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए जिले में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया
शिक्षामंत्री श्री पारस जैन द्वारा ग्राम जामगोद में शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया। उन्होंने वहां बनाए जा रहे शाला शौचालय के काम को भी देखा।
क्रमांक 179/330/28-05-2015                    (फोटो-संलग्न)

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

प्रभारी मंत्री श्री पटवा कल देवास जिले में
शिप्रा, भौंरासा एवं सतवास में कार्यक्रमों में शामिल होंगे
     देवास 28 मई 2015/  प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री एवं जिले के प्रभारी श्री सुरेंद्र पटवा 30 मई शनिवार को देवास जिले के भ्रमण पर आएंगे। वे भ्रमण के दौरान शिप्रा, भौंरासा एवं सतवास में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं जीवन ज्योति बीमा योजना के शिविरों में भाग लेंगे।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अुनसार प्रभारी मंत्री श्री पटवा 30 मई को पूर्वाह्न 10.30 बजे शिप्रा आएंगे तथा यहां प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं जीवन ज्योति बीमा योजना के शिविर का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के पश्चात वे भौंरासा के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रभारी मंत्री श्री पटवा भौंरासा में दोपहर 12.10 बजे से उक्त्‍ योजना के शिविर में भाग लेंगे।
     प्रभारी मंत्री श्री पटवा अपरांह 4.10 बजे सतवास में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा एवं जीवन ज्योति बीमा योजना के शुभारंभ शिविर में भाग लेंगे। इसके पश्चात वे सायं 5.10 बजे सतवास से प्रस्थान करेंगे।
क्रमांक 177/328/28-05-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

अन्तर्राष्ट्रीय तम्बाकू एवं धूम्रपान निषेध दिवस 31 को
    देवास 28 मई 2015/ राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी 31 मई को जिले में तम्बाकू एवं धूम्रपान निषेध दिवस मनाया जायेगा। इस अवसर पर शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में सेमीनार, रैली, प्रदर्शनी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, प्रश्न मंच, चित्रकला प्रतियोगिता, गीत, नृत्य आदि आयोजित किये जायेंगे। राज्य शासन द्वारा तम्बाकू तथा तम्बाकू से बने उत्पाद पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिसका व्यापक पैमाने पर असर देखने को मिल रहा है।
   कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि इस अवसर पर तम्बाकू एवं धूम्रपान के सेवन से दुष्परिणामों पर आधारित कार्यक्रम जैसे सेमीनार, रैली, पोस्टर, प्रदर्शनी, वाद-विवाद, निबंध लेखन, प्रश्नमंच, चित्रकला प्रतियोगिताएं व नुक्कड नाटक, गीत, नृत्य आदि आयोजित किये जायेंगे। इन कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, स्कूल, नगर निगम, नगर पालिका/पंचायत, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, स्वैच्छिक संस्थाएं तथा स्थानीय जन-प्रतिनिधि सम्मिलित होगें।
क्रमांक 171/322/28-05-2015
समाधान ऑन लाईन दो जून को
   देवास 28 मई 2015/ समाधान ऑनलाईन कार्यक्रम दो जून को शाम 04 बजे से आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वीडियो कांन्फ्रेस के माध्यम से विभागीय योजनाओं एवं विभिन्न स्तरों पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की जाएगी। सभी विभाग प्रमुखों को निर्धारित तिथि एवं समय पर वांछित जानकारी के साथ जिला मुख्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिये गये हैं।
क्रमांक 172/323/28-05-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

अग्रिम भण्डारण योजना का लाभ अधिकाधिक किसानों को दिलायें
   देवास 28 मई 2015/ रासायनिक उर्वरकों की अग्रिम भण्डारण योजना का लाभ अधिकाधिक किसानों को दिलायें। इसके लिये किसानों को प्रोत्साहित किया जाए। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने इस आशय के निर्देश कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
   प्रदेश सरकार द्वारा रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के मकसद से “रासायनिक उर्वरकों की अग्रिम भण्डारण योजना” शुरू की गई है। योजना के तहत खरीफ फसलों के लिये किसान 31 मई तक बिना ब्याज के उर्वरकों का अग्रिम भण्डारण कर सकते हैं। इसी तरह रबी मौसम में एक अगस्त से 15 सितम्बर तक उर्वरकों का अग्रिम भण्डारण किसान कर सकते हैं। इस अवधि का ब्याज सरकार वहन करेगी। जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में अग्रिम भण्डारण योजना के निरंतर अनुश्रवण के लिये जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। इसमें उपसंचालक कृषि, उपायुक्त सहकारिता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक व जिला विपणन अधिकारी शामिल किए गए हैं।
क्रमांक 173/324/28-05-2015
सत्र 2015-16 में ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया 26 जुलाई से
   देवास 28 मई 2015/ प्रदेश के महाविद्यालयों में सत्र 2015-16 में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के बाद रिक्त स्थानों की जानकारी 25 जुलाई को पोर्टल पर उपलब्ध होगी। इन स्थानों पर ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया 26 जुलाई से शुरू होगी।
   ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया में आवेदक 26 से 28 जुलाई तक जिले के अग्रणी महाविद्यालय में निर्धारित आवेदन-पत्र प्रस्तुत करेंगे। दस्तावेजों के सत्यापन के लिये आवेदक को मूल प्रमाण-पत्र साथ ले जाना होगा। प्राप्त आवेदनों को प्राचार्य द्वारा पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करवाया जायेगा। महाविद्यालय एवं पाठ्यक्रमवार मेरिट सूची 30 जुलाई को जारी होगी। आवेदक को 31 जुलाई तक संबंधित महाविद्यालय में शुल्क जमा कर प्रवेश लेना होगा।
क्रमांक 174/325/28-05-2015
संभाग स्तरीय किसान सम्मेलन आज उज्जैन में
मुख्यमंत्री श्री चौहान होंगे शामिल
     देवास 28 मई 2015/ कृषि महोत्सव के तहत संभाग स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन 29 मई को  दोपहर 2 बजे नानाखेड़ा स्टेडियम उज्जैन में आयोजित होगा। किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन करेंगे। विशेष अतिथि प्रदेश के एवं नगरीय प्रशासन व पर्यावरण मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय तथा स्कूल शिक्षा मंत्री श्री पारस जैन उपस्थित रहेंगे।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने जिले के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कृषि महोत्सव के अंतर्गत आयेाजित किसान सम्मेलन में शामिल होने का आग्रह किया है। देवास जिले से सम्मेलन में लगभग 10 हजार किसानों के सम्मिलित होने की संभावना है।
क्रमांक 175/326/28-05-2015
सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति की बैठक 1 जून को
     देवास 28 मई 2015/  जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समि‍ति की बैठक आगामी 1 जून को दोपहर 1 बजे जिला पंचायत देवास के नवीन भवन में सभापति कमलसिंह मर्सकोले की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति जिला पंचायत देवास के सचिव ने समिति की प्रथम बैठक में सर्व संबंधितों से सम्मिलित होने को आग्रह किया है।
क्रमांक 176/327/28-05-2015









No comments:

Post a Comment