Wednesday, 6 May 2015

दिनांक 06 मई 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय देवास
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
बदल गई है टेकरी की सूरत
कलेक्टर ने किया पाथ-वे कार्य का निरीक्षण
    देवास 6 मई 2015/ शंखद्वार से सीढ़ी मार्ग तक पाथ-वे के प्रथम चरण का कार्य लगभग पूर्ण होने पर उस क्षेत्र में टेकरी की सूरत बिल्कुल बदल गई है। पहले जहां ऊबड़-खाबड़ जमीन, स्थान-स्थान पर गंदगी, कटीली झाड़ियां देखने को मिलती थी, वहीं अब सुंदर व आकर्षक रास्ता, स्थान-स्थान पर झरने, ब्रिज, पैगोड़ा, लकड़ी के मचान, सीढ़ियां, लैंड स्पेकिंग, सुंदर क्यारियां, एलईडी लाइट्स के दीप स्तंभ एवं खूबसूरत फूलों के पौधे दिखाई दे रहे हैं। पहली बारिश के बाद ही यह स्थल अत्यंत रमणीय हो जाएगा।
    कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज बुधवार को वहां पहुंचकर पाथ-वे कार्य का निरीक्षण किया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह, एसडीएम श्री धीरज श्रीवास्तव, तहसीलदार श्री एलके खरे, कार्यपालन यंत्री श्री सुरेश व्यास, श्री आशुतोष कानूनगो आदि मौजूद थे।
फैसिंग, बगीचा व सौंदर्यीकरण
    शंखद्वार के बांई और सम्पवैल व पानी का टंकी के आसपास के क्षेत्र में बाउंड्री वाल बनाने, बगीचा लगाने तथा सम्पवैल संरचना का जीर्णोद्वार एवं नवीनीकरण करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए। साथ ही वहां शौचालय प्रारंभ करवाया जाए। शनि मंदिर के पास हटाए गए अतिक्रमण स्थल के समतलीकरण के भी निर्देश दिए गए।

लैंड स्पेकिंग से आई खूबसूरती
    पाथ-वे के प्रारंभ में लैंड स्पेकिंग का कार्य कराया जा रहा है, जिसके अंतर्गत सीढ़ी निर्माण, प्लेटफॉर्म, पत्थरों की पिचिंग, क्यारी निर्माण, लकड़ी का मचान निर्माण आदि कार्य कराए जा रहे है। इससे क्षेत्र खूबसूरत हो गया है। सघन वृक्षारोपण क्षेत्र का प्राकृतिक सौंदर्य बढ़ाएगा।
विश्राम के लिए पैगोड़ा
    पाथ-वे पर कई स्थानों पर पथिकों के विश्राम के लिए पैगोड़ा बनाए गए है। ये कलात्मक एवं सुंदर है। साथ ही कुछ स्थानों पर लकड़ी के मचान भी बनाए जा रहे हैं।  
एलईडी लाइट्स लगी
    पाथ-वे पर एलईडी लाइट्स लगाए जाने का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। पौधों की सिंचाई के लिए जिन स्थानों पर ड्रिप नहीं लगाई गई है, ड्रिप लगाए जाने के निर्देश दिए गए। जो पौधे सूखे, उन्हें तुरंत बदलने के निर्देश वन विभाग को दिए गए।
पटवारी को निलंबित करें
    पाथ-वे पर सीढ़ी मार्ग के पास किए गए नवीन अतिक्रमण पर कलेक्टर द्वारा घोर नाराजी व्यक्त की गई। कलेक्टर ने कहा कि यह घोर लापरवाही है कि अतिक्रमण होने दिया गया। क्षेत्र के हलका पटवारी सुनील परिहार निलंबित किए जाने के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण हटवाएं, बाउंड्रीवॉल बनवाएं
    सीढ़ी मार्ग के बांई ओर से बनाए जा रहे पाथ-वे के मार्ग में जिन स्थानों पर अतिक्रमण किया गया है तथा जिसके कारण बाउंड्रीवाल नहीं बन पाई है, उन सभी स्थलों से अतिक्रमण हटाए जाने एवं बाउंड्री वाल बनवाए जाने के कलेक्टर ने निर्देश दिए।
क्रमांक 40/191/06-05-2015             (फोटो-संलग्न)
 जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
शीलनाथ धूनी संस्थान की प्रबंध समिति गठित
कमिश्नर ने जारी किए आदेश
    देवास 6 मई 2015/ शीलनाथ धूनी संस्थान पर शासकीय कब्जे एवं उसका संधारण शासन द्वारा प्रारंभ किया जाने के पश्चात आज बुधवार को संभाग आयुक्त उज्जैन द्वारा कलेक्टर देवास की अध्क्षता में संस्थान के लिए शासकीय प्रबंध समिति गठित कर दी गई।
    संभाग आयुक्त श्री रवींद्र पस्तौर द्वारा समिति का अध्यक्ष कलेक्टर देवास को, सचिव अनुविभागीय अधिकारी राजस्व देवास को तथा प्रबंधक तहसीलदार देवास को बनाया गया है। समिति में सदस्य के रूप में पुलिस अधीक्षक देवास, महापौर नगर पालिक निगम देवास, अध्यक्ष नगर पालिका निगम, अध्यक्ष देवास विकास प्राधिकरण, अध्यक्ष उद्योग संघ देवास, पार्षद वार्ड क्रमांक 42 नगर निगम देवास को बनाया गया है। जिला कोषालय अधिकारी को समिति का कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
3 वर्ष होगा समिति का कार्यकाल
    संभागायुक्त ने आदेश में कहा है कि समिति स्थाई आदेश क्रमांक 51 में निहित निर्देशों एवं कार्यप्रणाली के अंतर्गत कार्य करेगी। समिति का कार्यकाल सामान्य रूप से 3 वर्ष का रहेगा। समिति की बैठक 3 माह में कम से कम 1 बार अवश्य रखी जाए। समिति की प्रत्येक बैठक के कार्रवाई विवरण की प्रति जिला कलेक्टर एवं आयुक्त कार्यालय उज्जैन को भेजी जाए।
क्रमांक 33/184/06-05-2015   
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

बागली में अंत्योदय मेला आज
कलेक्टर ने दिए व्यवस्थाओं के निर्देश
    देवास 6 मई 2015/ शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं लाभ जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में आयोजित किए जा रहे अंत्योदय मेलों की श्रृंखला में बागली विकासखंड मुख्यालय पर अंत्योदय मेले का आयोजन 7 मई गुरूवार को  किया जाएगा। आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे से उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण बागली में होगा।
    कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने निर्देश दिए हैं कि मेले की सूचना आसपास के सभी गांवों में पहुंचाई जाए। मेला स्थल पर टेंट, माइक, स्वच्छ पेयजल, कुर्सियां, ताजा भोजन आदि की व्यवस्था अधिकारी सुनिश्चित करें।
क्रमांक 34/185/06-05-2015
श्री सोलंकी एसडीएम बागली नियुक्त
श्रीमती भूरिया आगर के लिए कार्य मुक्त
    देवास 6 मई 2015/ कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा आदेश जारी कर डिप्टी कलेक्टर श्री चंदरसिंह सोलंकी को एसडीएम बागली का प्रभार सौंपा गया है। इसी के साथ डिप्टी कलेक्टर श्रीमती वर्षा भूरिया को स्थानांतरण उपरांत जिला आगर के लिए कार्य मुक्त कर दिया गया है। कलेक्टर के आदेश के पालन में आज बुधवार को डिप्टी कलेक्टर श्री सोलंकी द्वारा एसडीएम बागली का कार्यभार ग्रहण कर लिया गया।
क्रमांक 35/186/06-05-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
श्री सिपाहा नोडल अधिकारी नियुक्त
    देवास 06 मई 2015/ कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा राज्य एवं जिला स्तर पर अधिकारियों/कर्मचारियों के स्थानांतरण नीति वर्ष 2015-16 के लिए जिले के अधीनस्थ विभागों में शासकीय सेवकों के स्थानांतरण के प्रस्ताव प्रभारी मंत्री को समयावधि में भिजवाने एवं अनुमोदन के पूर्व, स्थानांतरण प्रस्ताव का परीक्षण/जांच आदि के लिए अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा को नोडल अधिकारी मनोनीत किया गया है।
    समिति में कलेक्टर कार्यालय के डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी स्थापना तथा श्री हरनामसिंह भार्गव, अधीक्षक, कलेक्टोरेट देवास सदस्य रहेंगे, जो कि नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन में समयावधि में कार्य संपादित करेंगे।
क्रमांक 36/187/06-05-2015
मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना
जिले को 100 हितग्राहियों का लक्ष्य प्राप्त
    देवास 6 मई 2015/ शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2015-16 के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के हितग्राहियों के लिए मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना लागू की गई है। योजना अन्तर्गत जिले को 100 हितग्राहियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। आवेदन-पत्र कार्यालय जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति देवास से कार्यालयीन समय में प्राप्त कर सकते हैं।

   

    कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के बीपीएल श्रेणी हितग्राही को कम लागत के उपकरण तथा कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का लाभ नवीन उद्योग/व्यवसाय आदि की स्थापना के लिए दिया जाएगा, जिसमें परियोजना लागत अधिकतम 20 हजार रूपये एवं मार्जिन मनी अनुदान परियोजना लागत का 50 प्रतिशत, अधिकतम 10 हजार देय, होगी।
आवश्यक योग्यताएं
    आवेदक अनुसूचित जाति वर्ग का हो, आवेदक म0प्र0 का मूलनिवासी हो, आवेदक की उम्र 18 से 55 वर्ष तक हो, आवेदक की श्रेणी (बीपीएल श्रेणी हो), आवेदक किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक/ वित्तीय संस्था/ सहकारी संस्था का चुककर्ता/अशोधी (डीफाल्टर) नहीं होना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति किसी शासकीय उद्यमी स्वरोजगार के अन्तर्गत सहायता प्राप्त कर रहा हो तो इस योजना के अन्तर्गत पात्र नहीं होगा। इस योजनान्तर्गत एक व्यक्ति एक ही बार सहायता के लिए पात्र होगा। यह योजना उद्योग/सेवा/व्यवसाय क्षेत्र के लिए होगी। आवेदक द्वारा गलत/भ्रामक जानकारी अथवा गलत तरीके से सहायता प्राप्त करने पर उसके विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी। आवेदन-पत्र के साथ सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किया गया जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवासी प्रमाण-पत्र एवं बीपीएल श्रेणी राशनकार्ड की छायाप्रति संलग्न करना होगा।
क्रमांक 37/188/06-05-2015


जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति के आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून

    देवास 06 मई 2015/ पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति 2015-16 के लिये आवेदन आमंत्रित किये हैं। यह छात्रवृत्ति शोध उपाधि के बाद अध्ययन, शोध उपाधि एवं स्नातकोत्तर उपाधि के लिये देय है। आवेदन-पत्र का प्रारूप वेबसाइट bcwelfare.mp.nic.in पर उपलब्ध है।
    पिछड़ा वर्ग के 18 वर्ष से अधिक और 35 वर्ष से कम आयु वाले अभ्यर्थी विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठा सकते हैं। आयु सीमा विशेष प्रकरणों में 10 वर्ष तक शिथिल भी की जा सकेगी। आवेदक एवं उसके अभिभावक की सकल आय 6 लाख रुपये सालाना से अधिक न हो। अंतिम रूप से चयन की पुष्टि की सूचना प्राप्त करने के एक वर्ष की समय-सीमा में अभ्यर्थी को विदेश के अधिमान्य विश्वविद्यालय या संस्थान में प्रवेश लेना होगा। योजना की विस्तृत जानकारी जिले के सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय से भी ली जा सकती है।
    शासकीय या शासन के उपक्रमों में सेवारत अभ्यर्थी अपने आवेदन की अग्रिम प्रति प्रस्तुत कर सकेंगे, मगर उन्हें आवेदन-पत्र प्रस्तुत करने की आखिरी तिथि से 15 दिन के अंदर नियोक्ता के जरिये भी आवेदन देना होगा। विधिवत भरे हुए आवेदन-पत्र 30 जून, 2015 तक कार्यालय आयुक्त पिछड़ा वर्ग तथा अल्प संख्यक कल्याण, सतपुड़ा भवन, द्वितीय तल 'घ' विंग भोपाल (म.प्र.) पिन कोड-462004 पर प्राप्त किये जायेंगे। आवेदन-पत्र पंजीकृत डाक, स्पीड पोस्ट, साधारण डाक या स्वयं द्वारा प्रस्तुत किये जा सकते हैं। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जायेगा।
क्रमांक 38/189/06-05-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
श्रीमती सारिका भूरिया होंगी नजूल अधिकारी
कलेक्टर ने किया नया कार्य विभाजन
    देवास 6 मई 2015/ प्रशासकीय कार्य की दृष्टि से कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने डिप्टी कलेक्टर कार्यालय के कलेक्टर्स के मध्य नवीन कार्य विभाजन किया है। इसके अनुसार नवागत डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सारिका भूरिया को नजूल अधिकारी सहित अन्य  प्रभार सौंपे गए हैं।
    नवीन आदेश अनुसार डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सारिका भूरिया को जिला लेखा शाखा/जिला नजारत शाखा, भू-अभिलेख, सिविलसूट/एस.ड्ब्ल्यू.बी.एन, धर्मस्य(देवस्थान/वक्फ), वरिष्ठ लिपिक एक एवं दो शाखा, जनसमस्या निवारण, अयोध्या बस्ती/अंबडेकर नगर योजना, कर्मचारियों का प्रशिक्षण/ लेखन सामग्री, प्रपत्र/ लाईब्रेरी, एससीएसटी प्रकोष्ठ आदि कार्य सौंपे गए हैं।
क्रमांक 39/190/06-05-2015





No comments:

Post a Comment