Thursday, 7 May 2015

दिनांक 07 मई 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

25 सितंबर से मनाया जाएगा निर्धन कल्याण वर्ष

बागली में अंत्योदय मेले में शिक्षा राज्यमंत्री ने कहा

-----------

    देवास 07 मई 2015/ प्रदेश शासन ने यह निर्णय लिया है कि प्रदेश में पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म दिवस 25 सितंबर 2015 से 25 सितंबर 2016 तक निर्धन कल्याण वर्ष मनाया जाएगा। इस दौरान निर्धन एवं गरीब वर्गों के लाभ के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश में अंत्योदय मेलों के आयोजन का उद्देश्य है कि हर व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ मिले तथा कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव अथवा अन्य किसी कारण से योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहे।
    शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने आज गुरूवार को उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण बागली में आयेाजित अंत्योदय मेले के अवसर पर उक्त विचार प्रकट किए। इस अवसर पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, विधायक श्री चंपालाल देवड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत, उपाध्यक्ष श्री दौलत तंवर, जनपद अध्यक्ष बागली श्रीमती निर्मला कंठाली, जनपद उपाध्यक्ष श्री भैरु सिंह सोलंकी, एसडीएम श्री सीएस सोलंकी, सीईओ जनपद पंचायत श्री जितेंद्रसिंह ठाकुर, जनपद सदस्य आदि उपस्थित थे।
बागली रेलवे लाइन को शीघ्र मिलेगी वित्तीय स्वीकृति
    शिक्षा राज्यमंत्री ने बताया कि इंदौर-हरदा रेलवे लाइन, जिसके अंतर्गत बागली क्षेत्र आता है, जो शीघ्र ही वित्तीय स्वीकृति मिल जाएगी। इसके बाद तुरंत लाइन के लिए सर्वे व अन्य कार्य प्रारंभ हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की ऐतिहासिक कावड़िया पहाड़ी क्षेत्र को प्रदेश के पर्यटन के नक्शे पर लाए जाकर वहां विकास कार्य 1 से डेढ़ महीने के अंदर प्रारंभ हो जाएगा। किशनगढ़ में 132 केवी विद्युत सब- स्टेशन का कार्य जारी है। नर्मदा-शिप्रा लिंक योजना से बागली क्षेत्र के 72 गांवों को लाभ मिल रहा है। नर्मदा-कालीसिंध लिंक योजना प्रस्तावित है। इसके आने से बागली क्षेत्र की पानी की समस्या पूर्णतया समाप्त हो जाएगी।
80 प्रतिशत समय मेले व बैठकों में
    जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि हमारा 80 प्रतिशत समय मेले आयोजन एवं बैठकों में खर्च हो जाता है। यदि पात्र हितग्राहियों को हम समय पर प्रकरण बनाकर लाभ दे दें तो मेले व बैठकों की आवश्यकता ही क्यों हो। ऐसा करके हम मेलों आदि के आयोजन पर व्यय होने वाला शासन का पैसा बचा सकते हैं। उन्होंने इसके लिए पड़ौसी राज्य गुजरात का उदाहरण दिया जहां पात्र हितग्राहियों को स्वत: शासकीय योजनाओं का लाभ मिल जाता है। उन्होंने कहा कि जिले के सरपंचों को इस कार्य का प्रशिक्षण लेने के लिए गुजरात भिजवाया जाना चाहिए। जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष श्री दौलत तंवर ने अंत्योदय की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति को लाभ दिए जाने की बात कही।
जो कार्यालयों न पहुंच सकें उनके लिए मेले
    विधायक श्री चंपालाल देवड़ा ने कहा कि आज भी बहुत से ऐसे व्यक्ति हैं जो ग्राम पंचायत कार्यालय तक नहीं जा पाते। ऐसे व्यक्तियों के लिए प्रदेश शासन द्वारा अंत्योदय मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे हर व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही हर ग्रामीण को मेले के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जाती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आज पंचायतों में महिलाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी है। महिलाएं शासकीय योजनाओं के क्रियावंयन में अधिक सक्षम एवं सशक्त होती हैं। विधायक ने बताया कि जिन आदिवासियों को वन अधिकार अधिनियम के पट्टे दिए गए हैं, उन्हें कपिल धारा कुएं, पहुंच मार्ग, बिजली आदि सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
पहले सबसे गरीब को लाभ
    कलेक्टर ने कहा अब ग्राम पंचायतों को हितग्राही चयन का अधिकार है। पंचायतों को कार्य कराने के लिए 15 लाख रूपये तक के अधिकार दिए गए हैं। ग्राम सभा की नियमित रूप से बैठक हों। बैठक की पहले मुनादी पिटवाकर ग्रामवासियों को सूचना दी जाए। बैठक में यह देखा जाए कि सबसे गरीब व पिछड़ा व्यक्ति कौन है। उसे सबसे पहले योजना का लाभ दिया जाए। इंदिरा आवास योजना के अंतर्गत सबसे पहले आवासहीनों को आवास स्वीकृत किए जाएं।
3 बार नहीं आने पर पंच पद से अलग
    कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक पंचायत प्रतिनिधि को ग्राम पंचायत की बैठकों में उपस्थित रहना आवश्यक है। यदि कोई पंच लगातार तीन बार ग्राम पंचायत की बैठक में अनुपस्थित रहता है तो वह अपने पद पर बने रहने की योग्यता खो देता है। उसे पद से पृथक किया जा सकता है।
पेड़ करते हैं एंटिना का कार्य
    कलेक्टर ने बताया कि जिस प्रकार बिना एंटिना के टीवी नहीं चल सकता है, उसी प्रकार बिना पेड़ों के बारिश नहीं होती। पेड़ बारिश के लिए एंटिना का कार्य करते हैं। अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें। खुले में शौच अभिशाप है, इसे बिल्कुल समाप्त करें। शौचालय बनवाएं। अजा, जजा, नि:शक्त, गरीब, लघु-सीमांत किसानों आदि को शौचालय बनाने के लिए सरकार द्वारा 12 हजार रूपए प्रदान किए जाते हैं।
भू-जल स्तर गिर रहा है
    कलेक्टर ने बताया कि जिले में भू-जल स्तर लगातार गिरता जा रहा है। अत: पानी रोके जाने की आवश्यकता है। अधिक से अधिक जल संरचनाएं तालाब, कुएं, गड्ढे, खंती आदि बनवाए जाएं, जल स्त्रोतों का गहरीकरण कराया जाए।
शौचालय न बनवाएं तो खाना मत देना
    जनपद अध्यक्ष श्रीमती निर्मला कंठाली ने कहा कि पानी की सुरक्षा से ही जीवन की सुरक्षा है। अत: पानी बचाएं। उन्होंने शौचालय की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर घर में शौचालय अनिवार्य है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि जिन महिलाओं के घर में शौचालय नहीं है, वे अपने पतियों को शौचालय बनाने के लिए प्रेरित करें। यदि वे शौचालय नहीं बनवाएं, तो उन्हें खाना देना बंद कर दें। उन्होंने घोषणा की कि वे उनकी जनपद की सभी 118 पंचायतों को पूर्ण स्वच्छ बनाएगी। जो पंचायत पूर्ण स्वच्छ होगी उसे वे जनपद की ओर से 3 लाख रूपए की राशि पुरस्कार स्वरूप दिलवाएंगी।
16 करोड़ से अधिक का लाभ
    मेले में 10 विभागों की विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत 4475 हितग्राहियों को लगभग राशि रूपए 1682.36 लाख की भौतिक परिसंपत्ति सामग्री/चैक/विविध लाभ वितरित किए गए। श्रम विभाग के 08 हितग्राहियों को 2.03 लाख रूपए, सामाजिक न्याय विभाग के 858 हितग्राहियों को 5.65 लाख रूपए, ग्रामीण विकास विभाग के 1349 हितग्राहियों को 521.04 लाख रूपए, नगर पंचायत के 36 हितग्राहियों को 0.959 लाख रूपए, सहकारिता विभाग 1567 हितग्राहियों को 546.12 लाख रूपए, उद्योग विभाग 30 हितग्राहियों को 58.90 लाख रूपए, आदिम जाति कल्याण विभाग के 13 हितग्राहियों को 3.90 लाख रूपए, महिला बाल विकास विभाग के 498 हितग्राहियों को 498 लाख रूपए, कृषि विभाग के 43 हितग्राहियों को 34.78 लाख तथा पशु चिकित्सा विभाग के 73 हितग्राहियों को 10.98 लाख रूपए के लाभ का वितरण अतिथियों द्वारा किया गया।
कलश यात्रा से हुई शुरूआत
    कार्यक्रम की शुरूआत कलश यात्रा एवं मां सरस्वती व पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। अतिथियों द्वारा कलश यात्रा का स्वागत एवं कलश पूजन किया गया। अतिथियों द्वारा कलशों का वितरण उन भगीरथ कृषकों को किया गया जिन्होंने अपने खेतों में खेत तालाब बनाने का संकल्प लिया है।
विधायक ने वितरित किए पेयजल टेंकर
    कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री चंपालाल देवड़ा द्वारा अपनी विधायक निधि से क्रय किए गए 6 पेयजल टेंकर क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों को वितरित किए गए। ये टेंकर ग्राम पंचायत उदयनगर, पीपरी, रतनपुर, नीमनपुर, पोलाखाल एवं पीपलपाटी के सरपंचों को विधायक द्वारा वितरित किए गए।
क्रमांक 41/192/07-05-2015                  (फोटो-संलग्न)
     

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

मध्यप्रदेश में भी लागू होंगी आम लोगों के लिये 3 बड़ी योजनाएं

9 मई को मुख्यमंत्री श्री चौहान करेंगे शुभारंभ

    देवास 07 मई 2015/ मध्यप्रदेश में आम लोगों की भलाई की तीन बड़ी योजनाएं लागू होने जा रही हैं। केन्द्र सरकार की इन तीनों योजनाओं का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 9 मई को शाम 6 बजे समन्वय भवन भोपाल में करेंगे। इस अवसर पर विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज भी उपस्थित रहेंगी। ये तीन योजनाएँ हैं- प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना
   इस योजना में दुर्घटना में मृत्यु या विकलांगता की स्थिति में बीमा कवर की सुविधा है। इसमें सहभागी बेंकों के 18 से 70 वर्ष की आयु वाले सभी बचत बेंक खाताधारी शामिल होने के पात्र होंगे। यदि किसी व्यक्ति के ए‍क अथवा विभिन्न बेंक में कई बचत खाते हैं तो वह व्यक्ति केवल एक बचत बैंक खाते के द्वारा ही इस योजना में शामिल हो सकेगा। बैंक खाते के लिये आधार कार्ड प्राथमिक के वाय सी होगा।
   योजना में प्रत्येक सदस्य को मात्र 12 रुपये प्रतिवर्ष का प्रीमियम देना होगा। योजना में दुर्घटनावश मृत्यु की स्थिति में उसके परिजन को 2 लाख रुपये, दोनों आँखों की पूर्ण तथा अपूरणीय क्षति, दोनों हाथों अथवा दोनों पैरों का काम करने में अक्षम होने या नजर चली जाने तथा एक हाथ अथवा एक पैर का काम करने में अक्षम हो जाने पर 2 लाख रुपये तथा एक आँख की नजर की कुल तथा अपूरणीय क्षति या एक हाथ अथवा एक पैर के काम करने में अक्षम होने की स्थिति में एक लाख रुपये की बीमा राशि दी जायेगी।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना
   इस योजना में सहभागी बैंकों के 18 से 50 वर्ष की आयु के सभी बचत बेंक खाताधारक शामिल होने के हकदार होंगे। इसमें किसी भी कारण से मृत्यु होने पर जीवन बीमा कवर उपलब्ध होगा। योजना में बीमित व्यक्ति को 330 प्रति सदस्य प्रति वर्ष का प्रीमियम देना होगा। किसी भी कारण से मृत्यु होने पर बीमित के परिवार को दो लाख रुपये की बीमा राशि दी जायेगी।
अटल पेंशन योजना
   यह योजना असंगठित क्षेत्र के कामगार गरीबों को वृद्धावस्था में सुरक्षित आय प्रदान करने के लिये शुरू की जा रही है। इसमें 60 वर्ष की आयु के बाद उन्हें पेंशन का लाभ मिलेगा। यदि अभिदाता 18 से 40 वर्ष की आयु के भीतर योजना में शामिल होकर अंशदान करता है तो उसे योजना में एक हजार से 5 हजार रुपये के बीच निर्धारित पेंशन मिलेगी। अंशदान स्तर भिन्न होंगे तथा यदि अभिदाता शीघ्र शामिल होता है तो वे कम होंगे और देर से शामिल होने पर बढ़ जायेंगे
क्रमांक 42/193/07-05-2015     
लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक 11 मई को
      देवास 07 मई 2015/ लंबित समयावधि पत्रों की बैठक का आयोजन 11 मई सोमवार को प्रातः 10.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी सर्वसंबंधितों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
क्रमांक 43/194/07-05-2015   
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

एमएसएमई उद्योगों का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन शुरू

   देवास 07 मई 2015/ प्रदेश में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन शुरू कर दिया गया है। यह निर्णय केन्द्र सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिये पार्ट-वन एवं टू रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन करने के आदेश दिये जाने के बाद लिया गया है।
   भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास अधिनियम 2006 में प्रदेश में एक मई 2015 से इन उद्यमों द्वारा पार्ट-वन एवं टू की ऑनलाइन फाइलिंग के लिये  www.invest.mp.gov.in /  www.mptrifac.org से लिंक किया गया है। इसके अलावा पोर्टल को  www.mpindustry.gov.in  से भी लिंक किया जा रहा है।
पार्ट-वन एवं टू रजिस्ट्रेशन
   किसी भी उद्योग को शुरू करने पर पार्ट-वन रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ता है। उद्योगपति को भवन भू-खंड और लगने वाली इकाई के बारे में जानकारी देना होता है। यूनिट शुरू हो जाने के बाद पार्ट टू रजिस्ट्रेशन करवाना जरूरी होता है। इसके बाद ही उद्योगपति सब्सिडी पाने का हकदार बनता है।
ऑनलाइन आवेदन ऐसे करें
   निवेशक को ऑनलाइन आवेदन करने के लिये प्रपत्र में स्वयं का नाम एवं पता, यूनिट का नाम और पता, मोबाइल नम्बर, ई-मेल इत्यादि की जानकारी भरनी होगी। ऑनलाइन ई-एम पार्ट-1 एवं 2 के लिये यूजर आईडी एवं पासवर्ड की आवश्यकता नहीं होगी। आवेदन-पत्र में निवेशक को अपना आईडी प्रूफ एवं हस्ताक्षर स्केन कर अपलोड करना होगा। भागीदारी फर्म या प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी होने की स्थिति में पार्टनरशिप डीड अथवा मेमोरेण्डम ऑफ एसोसिएशन/आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन की प्रमाणित प्रति एप्लीकेशन फार्म के साथ अपलोड की जा सकेगी। ऑनलाइन फाइलिंग के लिये वन टाइम पासवर्ड का प्रावधान किया गया है। यह पासवर्ड निवेशक द्वारा मोबाइल नम्बर अंकित करते ही उन्हें प्राप्त होगा। ऑनलाइन फार्म पासवर्ड के साथ ही फाइल किया जायेगा। पूर्ण फार्म फाइल करने के बाद क्लिक करने पर निवेशक को कम्प्यूटर पर ई-एम एक्नॉलेजमेंट प्राप्त होगा। साथ में जारी किये गये एक्नॉलेजमेंट का ई-एम नम्बर निवेशक को उनके मोबाइल पर भी मिलेगा।
   उत्पादन शुरू करने के बाद निवेशक ई-एम पार्ट-2 प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन एप्लीकेशन प्रस्तुत कर सकता है। ईएम पार्ट-2 के लिये निवेशक को इकाई के उत्पादन शुरू होने के प्रमाण स्वरूप आवेदन के साथ बिजली का बिल, प्रथम कच्चा माल क्रय, प्रथम विक्रय बिल तथा यंत्र एवं साज-सज्जा में 5 लाख से अधिक पूँजी निवेश होने पर सी.ए. का सर्टिफिकेट स्केन कर अपलोड करना होगा। भागीदारी फर्म अथवा प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी होने की स्थिति में पार्टनरशिप डीड अथवा मेमोरेण्डम ऑफ एसोसिएशन/आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन की प्रमाणित प्रति आवेदन के साथ अपलोड किया जाना अनिवार्य है।
   सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम द्वारा ई-एम पार्ट-1 एवं पार्ट-2 के लिये मेमोरेण्डम ऑनलाइन फाइलिंग एवं अभिस्वीकृति जारी करने के लिये उप संचालक उद्योग (एम.एस.एम.ई.) को प्राधिकृत किया गया है। मोबाइल पर प्राप्त ई-एम फार्म तथा अभिस्वीकृति की कॉपी प्रिंट कर प्राप्त की जा सकती है। इस प्रकार प्रिंट की गई ई-एम अभिस्वीकृति सर्वथा मान्य होगी।
क्रमांक 44/195/07-05-2015

फोटो--

















                        


No comments:

Post a Comment