Friday, 22 May 2015

दिनांक 22 मई 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

बीमा योजनाओं का लाभ लें

हाटपीपल्या में शुभारंभ शिविर में मंत्री श्री जोशी ने कहा

------------------
     देवास 22 मई 2015/ हर व्यक्ति बीमा योजनाओं का लाभ ले सके, इस उद्देश्य से प्रधानमंत्री जन धन योजना के पश्चात अब देश में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना एवं अटल पेंशन योजनाएं प्रारंभ की गई हैं। इन योजनाओं में अत्यंत कम प्रीमियम 12 रूपये एवं 330 रूपये पर वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रूपए तक का बीमा किया जा रहा है। अटल पेंशन योजना में 18 वर्ष से 40 वर्ष तक की उम्र के व्यक्ति पेंशन का लाभ ले सकते हैं। इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें।
     हाटपीपल्या में आज शुक्रवार को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना एवं अटल पेंशन योजनाओं के शुभारंभ शिविर में प्रदेश के शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी ने उक्त विचार प्रकट किए। शिविर में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती निर्मला कंठाली, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दौलत सिंह तंवर, एसडीएम, सीईओ जनपद, तहसीलदार आदि उपस्थित थे।

अत्यंत कम राशि में बीमा

     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बीमा योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से 70 वर्ष की उम्र के सभी व्यक्ति लाभ ले सकते हैं। इसका लाभ लेने के लिए 12 रूपये वार्षिक प्रीमियम जमा करना होगा जो कि हितग्राही के बैंक खाते से काटा जाएगा। प्रीमियम 70 वर्ष की उम्र तक देना होगा। योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु पर 2 लाख रूपये की राशि तथा स्थाई नि:शक्तता होने पर 1 लाख रूपये की राशि देय होगी।

सामान्य मृत्यु पर भी बीमा

    कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से 50 वर्ष की उम्र के सभी व्यक्ति लाभ ले सकते हैं। इसका लाभ लेने के लिए 330 रूपये वार्षिक प्रीमियम जमा करना होगा जो कि हितग्राही के बैंक खाते से काटा जाएगा। योजना के अंतर्गत सामान्य अथवा दुर्घटना में मृत्यु पर 2 लाख रूपये की राशि तथा स्थाई नि:शक्तता होने पर 1 लाख रूपये की राशि देय होगी।

अटल पेंशन योजना

    कलेक्टर  ने बताया कि अटल पेंशन योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से 40 वर्ष तक की उम्र के व्यक्ति पेंशन का लाभ ले सकते हैं। यह पेंशन उन्हें 60 वर्ष की उम्र के बाद मिलना प्रारंभ होगी। प्रीमियम राशि 42 रूपये से 210 रूपये तक मासिक होगी तथा पेंशन 1 हजार रूपये से 5 हजार रूपये तक मासिक मिलेगी।

मंत्री ने दी 11 व्यक्तियों की प्रीमियम राशि
    शिविर में मंत्री श्री दीपक जोशी ने 11 गरीब व्यक्तियों की एक वर्ष की बीमा राशि प्रदान कर उनका प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के अंतर्गत बीमा कराया गया। दोनों बीमा योजनाओं का एक साथ लाभ लेने के लिए हितग्राही को 342 रूपये सालाना प्रीमियम जमा करना पड़ता है। दोनों बीमा एक साथ कराने पर दुर्घटना से मृत्यु होने पर हितग्राही को कुल 4 लाख रूपये की राशि बीमा कंपनी से प्राप्त होगी तथा दुर्घटना में स्थाई नि:शक्तता होने पर 2 लाख रूपये की राशि मिलेगा। सामान्य मृत्यु होने पर कुल 2 लाख की राशि प्राप्त होगी।


विभिन्न बैंकों ने लगाए काउन्टर्स
     शिविर में विभिन्न बैंकों ने अपने काउण्टर्स लगाए थे। उन पर बीमा योजनाओं की जानकारी दी जा रही थी तथा वहीं उपस्थित व्यक्तियों के बीमा योजनाओं के फॉर्म भरकर संबंधित बैंक द्वारा प्राप्त भी किए जा रहे थे। दोनों बीमा योजनाओं का लाभ लेने के लिए हितग्राही का बैंक में खाता होना आवश्यक है। प्रीमियम की राशि खातेदार के खाते से सीधे कट जाएगी।

क्रमांक 139/290/22-05-2015             (फोटो- संलग्न)


प्रभारी मंत्री श्री पटवा आज जिले के भ्रमण पर आएंगे

     देवास 22 मई 2015/ प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा 23 मई को जिले के भ्रमण पर आयेंगे।
     निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम अनुसार प्रभारी मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा 23 मई को प्रात: 9.30 बजे देवास सर्किट हाउस पर आयेंगे। श्री पटवा प्रात:10.00 बजे से कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित कृषि महोत्सव की बैठक्‍ में भाग लेंगे एवं 11.15 बजे देवास से बरोठा के लिए प्रस्थान करेंगे। श्री पटवा दोपहर 12.00 बजे बरोठा में आयोजित अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के वृहद शिविर में शामिल होंगे। प्रभारी मंत्री दोपहर 1.15 बजे बरोठा से बागली के प्रस्थान कर दोपहर 1.45 बजे बागली रेस्ट हाउस पहुचेंगे। वे दोपहर 2.15 बजे बागली से खातेगांव के लिए प्रस्थान कर दोपहर 3.00 बजे खातेगांव पहुंचेंगे तथा कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के वृहद शिविर में शामिल होंगे। प्रभारी मंत्री श्री पटवा सायं 4.00 बजे से 4.30 बजे तक खातेगांव रेस्ट हाउस में आमजन से भेंट करेंगे तथा 4.30 पर खातेगांव से इन्दौर के लिए प्रस्थान करेंगे।
क्रमांक 140/291/22-05-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

संभाग स्तरीय किसान सम्मेलन 29 मई को
देवास जिले से बड़ी संख्या में किसान सम्मिलित होंगे
--------------------
     देवास 22 मई 2015/ कृषि महोत्सव के तहत संभाग स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन 29 मई को उज्जैन में होगा। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में देवास सहित उज्‍जैन संभाग के सभी जिलों से लगभग 70 हजार किसानों के भाग लेने की संभावना है। उज्जैन के नानाखेड़ा स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विभाग और मत्स्य पालन विभाग से सम्बन्धित विभागीय गतिविधियां होंगी। संभागायुक्त डॉ.रवीन्द्र पस्तोर ने बताया कि इस आयोजन में किसानों की बीज उत्पादक कंपनी, दुग्ध सहकारी समिति और अन्य कृषि संगठनों सहित लेम्पस और पेक्स के सदस्य भाग लेंगे।
          कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया है कि तीन दिवसीय इस आयोजन में उन्नत खाद एवं कृषि यत्रों की प्रदर्शनी भी आयोजित होगी। बायर एण्ड सेल्स मीट का आयोजन होगा। पीपीपी मोड पर पार्टनर डेवलपमेंट की प्रक्रिया भी होगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 29 मई को 2 बजे से 4 बजे तक इस सम्मेलन में उपस्थित रहेंगे और किसानों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। कृषि से सम्बन्धित विषयों पर 30 मई को तकनीकी सत्र का आयोजन होगा। इसमें बिजनेस प्लान डेवलपमेंट, उन्नत खेती प्रोडक्शन प्लान, मार्केटिंग, फायनेंसिंग, ग्रेडिंग, इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर कार्यशाला होगी। तीसरे दिन 31 मई को उन्नत खेती, जैविक खेती पर परिचर्चा होगी। संभाग के प्रगतिशील किसान अपने अनुभवों को साझा करेंगे। जिले के अधिक से अधिक किसानों से इस आयोजन में उपस्थित होने और इसका लाभ उठाने का अनुरोध कलेक्टर श्री अवस्थी ने किया है।
क्रमांक 141/292/22-05-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

बीमा योजनाओं संबंधी शिविर आज बरोठा एवं खातेगांव में

प्रभारी मंत्री होंगे शामिल

-----------------

     देवास 22 मई 2015/ जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना के संबंध में शिविरों का आयोजन 23 मई को बरोठा एवं खातेगांव में किया जाएगा। शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री श्री सुरेंद्र पटवा शामिल होंगे। शिविर बरोठा में दोपहर 12 बजे से एवं खातेगांव में अपराह्न 3 बजे से आयोजित होगा।

अटल पेंशन योजना

     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि अटल पेंशन योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से 40 वर्ष तक की उम्र के व्यक्ति पेंशन का लाभ ले सकते हैं। यह पेंशन उन्हें 60 वर्ष की उम्र के बाद मिलना प्रारंभ होगी। प्रीमियम राशि 42 रूपये से 210 रूपये तक मासिक होगी तथा पेंशन 1 हजार रूपये से 5 हजार रूपये तक मासिक मिलेगी।

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना

     कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से 70 वर्ष की उम्र के सभी व्यक्ति लाभ ले सकते हैं। इसका लाभ लेने के लिए 12 रूपये वार्षिक प्रीमियम जमा करना होगा जो कि हितग्राही के बैंक खाते से काटा जाएगा। प्रीमियम 70 वर्ष की उम्र तक देना होगा। योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु पर 2 लाख रूपये की राशि तथा स्थाई नि:शक्तता होने पर 1 लाख रूपये की राशि देय होगी।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना

     कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से 50 वर्ष की उम्र के सभी व्यक्ति लाभ ले सकते हैं। इसका लाभ लेने के लिए 330 रूपये वार्षिक प्रीमियम जमा करना होगा जो कि हितग्राही के बैंक खाते से काटा जाएगा। योजना के अंतर्गत सामान्य अथवा दुर्घटना में मृत्यु पर 2 लाख रूपये की राशि तथा स्थाई नि:शक्तता होने पर 1 लाख रूपये की राशि देय होगी।

एसएमएस के माध्यम से खाताधारकों को जानकारी दें

     कलेक्टर श्री अवस्थी ने सभी बैंक मैनजर्स को निर्देश दिए हैं कि वे अपने समस्त खाताधारों को मोबाइल एसएमएस के माध्यम से इन बीमा योजनाओं की जानकारी दें, जिससे वे इन योजनाओं का लाभ ले सकें। शिविर स्थल पर सभी बैंकों के काउण्टर्स बनाए जाएं, जिनपर आवेदकों से बीमा योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन प्राप्त किए जाएं।

क्रमांक 142/293/22-05-2015
लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक 25 मई को
      देवास 22 मई 2015/ लंबित समयावधि पत्रों की बैठक का आयोजन 25 मई सोमवार को प्रातः 10.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी सर्वसंबंधितों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
क्रमांक 143/294/22-05-2015
जिला पंचायत की साधारण सभा बैठक 27 मई को
    देवास 22 मई 2015/  जिला पंचायत देवास की साधारण सभा बैठक आगामी 27 मई को दोपहर 2 बजे जिला पंचायत के सभाकक्ष में अध्यक्ष जिला पंचायत श्री नरेंद्रसिंह राजपूत की अध्यक्षता में होगी। जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सिंह ने सभी संबंधितों से बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
क्रमांक 144/295/22-05-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

अपने आधार नम्बर को वोटर आई से लिंक करायें

इसके लिये इन्टरनेट या मोबाइल से एसएमएस, दोनों तरीकों का उपयोग करें

    देवास 22 मई 2015/ जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने आधार नम्बर को वोटर आई से लिंक करायें। उन्हें कहीं चक्कर काटने का काम नहीं है, अब ऑनलाइन सुविधा है। इसके लिये गूगल में nvsp लिखना है उसके बाद होम पेज खुलेगा राइट साइट पर एक आप्शन आयेगा feed aadhar number उस पर क्लिक करना होगा वहां पर नाम, आधार नम्बर, वोटर आईडी, नम्बर, मोबाइल नम्बर, मोबाइल किसका है स्वयं या रिलेटिव या फ्रेन्ड का लिखें, चुनें और OK पर क्लिक करें। एक मिनट में आधार लिंक हो जायेगा मैसेज मिलेगा कि आधार कार्ड लिंक हो गया है।
क्रमांक 145/296/22-05-2015

सिंहस्थ के लिये स्लोगन की प्रविष्टि

ई-मेल व फेसबुक पर भी भेज सकते हैं

   देवास 22 मई 2015/सिंहस्थ-2016 के लिये आयोजित की गई स्लोगन प्रतियोगिता में स्लोगन भेजने के इच्छुक प्रतियोगी अपने स्लोगन ई-मेल एवं फेसबुक पेज पर भी भेज सकते हैं। स्लोगन जनसम्पर्क के ई-मेल एड्रेस ujjnpro@gmail.com पर तथा सिंहस्थ मेला कार्यालय के ई-मेल simhasthparv16@gmail.com एवं फेसबुक पेज www.facebook.comsimhasthujjain2016 पर पोस्ट कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि स्लोगन प्रतियोगिता की विषय वस्तु ‘सिंहस्थ’ रहेगी। सर्वश्रेष्ठ 10 प्रतिष्टियों को 1100 -1100 रूपये का पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। स्लोगन जमा करने की अंतिम तिथि 30 मई है। इस प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के प्रतियोगी भाग ले सकेंगे । प्रतियोगिता में प्राप्त सभी स्लोगन पर सिंहस्थ मेला प्राधिकरण का अधिकार होगा तथा प्राधिकरण इनका उपयोग प्रचार-प्रसार के लिए कर सकेगा। सिंहस्थ-2016 की थीम पर बनाए गये श्रेष्ठ 10 स्लोगन का चयन एक समिति द्वारा किया जाएगा। चयनित स्लोगन के रचयिताओं को समारोहपूर्वक सम्मानित कर 1100 - 1100 सौ रूपये का पुरस्कार दिया जायेगा।
क्रमांक 146/297/22-05-2015
पेंशन भुगतान के लिए पी.पी.ओ. में उल्लेखित प्रमाण-पत्र आवश्यक

प्रमाण पत्र एक सप्ताह में भेजने के निर्देश

    देवास 22 मई 2015/पेंशन कार्यालय द्वारा जिन शासकीय सेवकों के पेंशन भुगतान आदेश (पी.पी.ओ.) जारी किए जा चुके है उन समस्त शासकीय सेवकों के पी.पी.ओ. में उल्लेखित आवश्यक प्रमाण पत्र जैसे न मांग, न जांच, न घटना, अधिक भुगतान की वसूली, अंतिम वेतन प्रमाण पत्र, प्रत्याशित पेंशन, उपादान भुगतान प्रमाण पत्र, आदि सक्षम अधिकारी से प्राप्त कर पेंशन के भुगतान हेतु जिला कोषालय में एक सप्ताह की समय सीमा में भेजना सुनिश्चित करें। न्यायालयीन, विभागीय जांच के कारण ही लंबित पेंशन प्रकरणों में अनन्तिम का भुगतान किया जाये। उक्त कारणों के अलावा अन्य कारणों से लंबित प्रकरणों में कार्यालयों से प्रत्याशित पेंशन एवं उपादान का भुगतान बंद किया जाये। ऐसे प्रकरणों का जिला पेंशन कार्यालय से 30 जून 2015 तक पी.पी.ओ. जारी कराया जाकर जिला कोषालय से पेंशन का भुगतान प्रारंभ कराया जाये। पेंशन प्रकरणों को जिला पेंशन कार्यालय में प्रेषित किये जाने के पूर्व संबंधित सेवा निवृत्त शासकीय सेवकों की सेवा पुस्तिका में दर्ज प्रविष्टयों एवं पेंशन प्रपत्रों का परीक्षण संबंधित कार्यालय प्रमुख अपने स्तर से भी करना सुनिश्चित करें। जिससे पेंशनभोगी के प्रकरणों में आपत्ति की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने कहा है कि जिले के समस्त विभागों के जिला कार्यालय प्रमुख अपने अपने विभाग अंतर्गत मार्च 2015 तक के लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करें तथा की गई कार्यवाही से आगामी समय सीमा बैठक में अवगत करावें।
क्रमांक 147/298/22-05-2015
   मिस्टर देवास बॉडी बल्डिंग ओपन चेम्पियनशिप का शुभारंभ आज
    देवास 22 मई 2015/ खेल एव युवा कल्याण विभाग एवं बॉडी बल्डिंग संघ देवास द्वारा आयोजित मिस्टर देवास जिला स्तरीय ओपन बॉडी बल्डिंग चेम्पियनशिप का शुभारंभ 23 मई को कृष्णाजीराव पवार व्हालीबॉल फीडर केन्द्र स्टेडियम पर शाम 7 बजे से किया जाएगा।
    जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी श्री राजेश रघुवंशी ने बताया कि शुभारंभ अवसर पर एडीएम श्री प्रबल सिपाहा मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
क्रमांक 148/299/22-05-2015
सड़क सुरक्षा समिति में 2 सदस्य मनोनीत
    देवास 22 मई 2015/ पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री सुरेंद्र पटवा ने श्री जितेंद्र अमरचंद मित्तल सतवास एवं श्री सुमेरसिंह विजयसिंह ठाकुर देवास को जिला सड़क सुरक्षा समिति में सदस्य मनोनीत किया है। इस संबंध में आदेश अति.जिला दंडाधिकारी देवास ने जारी कर दिए हैं।
क्रमांक 149/300/22-05-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

घर बैठे बिजली का बिल भरें

योजना के अंतर्गत पाएं इनाम

    देवास 22 मई 2015/ शहर में अब उपभोक्ताओं को बिजली का बिल भरने के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। अब वे घर बैठे ही बिजली का बिल भर सकेंगे। इसके बदले में उपभोक्ता इनाम भी जीत सकते हैं।
    मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री श्री अशोक शर्मा ने बताया कि उपभोक्ता बिजली के बिल को घर बैठे इंटरनेट से नैट बैंकिंग, मोबाइल बैकिंग, एयरटेल मनी, वोडोफोन (एम) तथा ऑनलाइन भी भर सकते हैं। बिल भरने के लिए उन्हें बिजली ऑफिस में लाइन में खड़े नहीं होना पड़ेगा।
इनाम भी जीत सकते हैं
    अधीक्षण यंत्री ने बताया कि जो भी उपभोक्ता लगातार दो माह तक बिजली बिलों का ई-भुगतान (ई-पेमेंट) करके बिल भरता है, तो वह ईनामी योजना में स्वत: शामिल हो जाएगा, जिसमें लॉटरी के माध्यम से चयनित उपभोक्ता को 40 इंच एलईडी टीवी ईनाम में मिलेगा। यह योजना 31 जुलाई तक रहेगी।
क्रमांक 150/301/22-05-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

ग्राम राजोदा में विधिक साक्षरता शिविर संपन्न

    देवास 22 मई 2015/ जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास श्रीमती सरिता सिंह के मार्गदर्शन में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के संबंध में जागरूकता एवं मजदूरों के विवाद/शिकायत या विधिक समस्याओं के निराकरण के लिए आज शुक्रवार को ग्राम राजोदा में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर तथा लोक अदालत आयोजित की गई।
    कार्यक्रम में श्री ओपी रघुवंशी रजिस्ट्रार/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने उपस्थित ग्रामीणजनों को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को दिए गए अधिकार, हक और लाभों के बारे में बताया एवं लोक अदालत की अवधारणा के बारे में जानकारी दी। श्री रघुवंशी द्वारा मध्यस्थता योजना के संबंध में भी विस्तार से ग्रामीणजनों को जानकारी दी गई।
    कार्यक्रम में श्री विनोद कुमार चौहान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवास, परियोजना अधिकारी श्री वीरेंद्रसिंह बघेल, सचिव ग्राम पंचायत राजोदा श्री शेरसिंह ठाकुर, राजोदा ग्राम पंचायत सरंपच श्रीमती विष्णुबाई, उपयंत्री मनरेगा श्री सुश्री गीता विजयवर्गीय, श्री हरिसिंह राठौर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के श्री हरिकिशोर शर्मा, श्री मयंक माधव, श्री अब्दुल रहमान अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
क्रमांक 151/302/22-05-2015                  (फोटो- संलग्न)


No comments:

Post a Comment