Saturday, 23 May 2015

दिनांक 23 मई 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय देवास
समाचार
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

कृषि महोत्सव को बनायें अधिक से अधिक किसान उपयोगी

कृषि महोत्सव की जिला स्तरीय समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री ने दिये निर्देश

     देवास 23 मई 2015/जिले में आयोजित होने वाले कृषि महोत्सव को किसानों के लिए अधिक से अधिक उपयोगी बनाया जाये, जिससे किसान कृषि की उन्न्त तकनीकों को अपनाकर तथा साथ ही पशुपालन, दुग्ध उत्पादन आदि विभिन्न संबंधित गतिविधियों को अपनाकर अच्छा मुनाफा प्राप्त कर सकें और कृषि लाभ का धंधा बने।
     ये विचार प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा ने आज शनिवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न कृषि महोत्सव की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में प्रकट किये। बैठक में शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी, विधायक खातेगांव श्री आशीष शर्मा, कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, महापौर श्री सुभाष शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री अभयसिंह, श्री बहादुर मुकाती, विधायक प्रतिनिधि श्री दुर्गेश अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
महिला दुग्ध उत्पादन समितियां बनायें
     प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिये कि जिले में महिलाओं की अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादन समितियां बनाई जायें। कलेक्टर ने बताया कि जिले में टोंकखुर्द एवं खातेगांव में 1-1 महिला दुग्ध उत्पादन समितियां बनाई गई हैं। इसके अलावा जिले में कुल 59 दुग्ध उत्पादन समितियां बनाई गई हैं, जिनमें पुरूष एवं महिला सदस्य हैं।
1 लाख 2 हजार व्यक्तियों का बीमा
     प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिये कि जिले में प्रधानमंत्री बीमा योजनाओं के अन्तर्गत अधिक से अधिक व्यक्तियों का बीमा कराया जाये। कलेक्टर ने बताया कि इन योजनाओं में अभी तक जिले में 1 लाख 2 हजार व्यक्तियों का बीमा कराया गया है। जिले में 6 लाख 30 हजार व्यक्तियों का बीमा कराने का लक्ष्य रखा गया है।
स्थायी कनेक्शन देने की गति बढ़ायें
     किसानों को कृषि पम्प के लिए बिजली के स्थायी कनेक्शन दिये जाने के कार्य की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने पाया कि कार्य की गति बहुत धीमी है। अप्रैल माह से अभी तक 600 स्थायी कनेक्शन के आवेदन आये हैं, परन्तु अभी तक एक भी कनेक्शन नहीं दिया गया। प्रभारी मंत्री ने कार्य की गति बढ़ाये जाने के निर्देश दिये। बारिश से पहले सभी कनेक्शन दे दिये जायें। स्थायी कनेक्शन के लिए किसान को 6500 रूपये प्रति हार्सपावर राशि देना होती है।
बीज उत्पादक समितियां बनाई जायें
     प्रभारी मंत्री ने जिले में अधिक से अधिक बीज उत्पादक समितियां बनाये जाने पर जोर दिया, जिससे किसान बीज के मामले में आत्मनिर्भरता हासिल कर सकें। कलेक्टर ने बताया कि जिले में 29 नई बीज उत्पादक समितियां बनाई गई हैं। जिले में पहले से 41 बीज उत्पादक समितियां कार्य कर रही हैं।
किसानों को दें पूरी जानकारी
     प्रभारी मंत्री ने कहा कि कृषि महोत्सव के अन्तर्गत गांव गांव जाने वाले कृषि क्रांति रथ के साथ जाने वाले कृषि विशेषज्ञों, प्रगतिशील किसानों द्वारा गांव गांव में की जाने वाली कृषि संगोष्ठियों को प्रभावी एवं उपयोगी बनाया जाये। इनके माध्यम से किसानों को कृषि व संबंधित विषयों की अद्यतन पूरी जानकारी मिल सके एवं उनकी कृषि संबंधी समस्याओं का निराकरण हो। इसी के साथ ग्रामीणों का बीमा कराया जाये तथा गांव गांव में स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया जाये। संगोष्ठी में विधायक, पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य जनप्रतिनिधि आवश्यक रूप से भाग लें।
टोंकखुर्द में गड़बड़ियां
     बैठक में कलेक्टर ने बताया कि बलराम तालाब योजना के अन्तर्गत जिले के टोंकखुर्द क्षेत्र में व्यापक मात्रा में गड़बड़ियां सामने आई थीं। इसमें फर्जी तालाब निर्माण, गहराई कम, दूसरे स्थान पर निर्माण, आर्थिक अनियमितता आदि सामने आई थीं। मामले में 11 शासकीय सेवकों को निलंबित किया जा चुका है। प्रकरण आर्थिक अपराध ब्यूरो को जांच के लिए दिया गया है। इस बार बलराम तालाब स्वीकृत करने में विशेष सावधानी रखी जा रही है। क्षेत्र का अक्षांश-देशांतर निकालकर व स्थान का भौतिक सत्यापन कर बलराम तालाब स्वीकृत किये जा रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों के साथ अच्छा व्यवहार करें
     बैठक में एक महिला पंचायत प्रतिनिधि द्वारा प्रभारी मंत्री से शिकायत की गई कि जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस पर प्रभारी मंत्री द्वारा जांच करवाने की बात कही गई। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी शासकीय सेवक जनप्रतिनिधियों के साथ अच्छा व्यवहार करें।
25 मई से 15 जून तक कृषि महोत्सव
     प्रदेश में 25 मई से 15 जून के मध्य कृषि महोत्सव अन्तर्गत विभिन्न्‍ आयोजन जिला, विकासखण्ड एवं ग्राम स्तर पर आयोजित किये जायेंगे। इसमें किसान कल्याण तथा कृषि विकास, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन, मत्स्य विभाग, सहकारिता, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, वन, जल संसाधन, ऊर्जा, नवीन एवं नवकरणीय उर्जा, राजस्व, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, स्कूल शिक्षा, आदिवासी विकास, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं संबंधित संस्थायें, कृषि विश्वविद्यालय, पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केन्द्र, पंचायती राज संस्थान से सम्बद्ध विभाग एवं संस्थाएं भाग लेंगे।

कृषि महोत्सव के मुख्य आधार स्तम्भ

     कृषि महोत्सव के आधार स्तम्भ होंगे मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, जैविक खेती का चयनित क्षेत्रों में प्रसार, दुग्ध उत्पादन में बढ़ोत्तरी, उद्यानिकी क्षेत्र तथा उत्पादकता एवं गुणवत्ता की बढ़ोत्तरी, कृषि में फसल नुकसानी की रोकथाम के कदम तथा कृषि को लाभकारी धंधा बनाने के उपाय।

प्रत्‍येक विकासखण्ड में कृषि क्रान्ति रथ

     प्रत्‍येक विकासखण्ड के लिए एक कृषि क्रान्ति रथ मध्यप्रदेश माध्यम से तैयार किया जा रहा है। देवास में 6 रथ आयेंगे। ये मेटाडोर, ट्रक के पैनल मॉडल्स, टेलीविजन आदि से सुसज्जित रहेंगे। रथ में जीपीएस सिस्टम लगा रहेगा। जिले के प्रत्‍येक विकासखण्ड के लिए एक-एक कृषि क्रान्ति रथ कलेक्टर द्वारा निर्धारित रूट चार्ट पर‍ नियत ग्रामों का भ्रमण करेगा। प्रत्येक रथ द्वारा प्रत्येक दिवस 3 ग्राम पंचायतों में भ्रमण किया जायेगा तथा तीसरी ग्राम पंचायत में रात्रि विश्राम किया जायेगा।

रथ के साथ तकनीकी दल

     प्रत्येक कृषि क्रांति रथ के साथ जाने वाले तकनीकी दल का गठन कलेक्टर द्वारा किया गया है। इसमें कृषि विभाग के द्वितीय वर्ग के एक अधिकारी को तकनीकी दल का प्रभारी बनाया जायेगा, जिसके साथ पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन का एक-एक अधिकारी भी रहेगा। इस दल में कृषि विज्ञान केंद्र/ कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ एवं प्रगतिशील कृषक को भी नियुक्त किया गया है। प्रगतिशील कृषक को 500 रूपये तथा कृषि विशेषज्ञ को 1000 रूपये प्रतिदिन मानदेय दिया जायेगा। तकनीकी दल कृषि क्रांति रथ के साथ सम्पूर्ण अवधि में रहेगा तथा नियत गांव में रात्रि विश्राम भी करेगा।

मिट्टी की जांच आवश्यक

     कृषि क्रांति रथ के भ्रमण के दौरान मिट्टी की जांच के लिए सैम्पल इकट्ठे करने की व्यवस्था आवश्यक रूप से की जायेगी। यह कार्यवाही सम्पूर्ण माह सतत चलती रहेगी। जिले के प्रत्येक राजस्व ग्राम/वन ग्राम के कृषि भूमि के 10-10 मिट्टी के नमूने लिए जाने का लक्ष्य रहेगा।

कृषि मेला एवं प्रदर्शनी

     कृषि महोत्सव के अन्तर्गत जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन प्रत्येक जिले में किया जायेगा। कृषि मेला एवं प्रदर्शनी में कृषि एवं सम्बद्ध विभाग भाग लेंगे, जिसमें किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों द्वारा तकनीकी अनुभवों का आदान-प्रदान किया जायेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ियों में विशेष पोषण दिवस का आयोजन किया जायेगा।

राजस्व अभिलेखों की प्रतियों का वितरण

     कृषि महोत्सव के दौरान राजस्व विभाग द्वारा किसानों को उनके घर घर जाकर राजस्व अभिलेखों की प्रतियों का वितरण किया जायेगा। यह अभियान पूरे 22 दिन चलेगा तथा जिले के समस्त ग्रामों के समस्त कृषकों को खसरा-खतौनी वितरण का लक्ष्य सुनिश्चित किया जायेगा। सीमांकन, नामांकन एवं बंटवारे का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से अभियान के रूप में राजस्व अधिकारियों द्वारा किया जायेगा।

विभिन्न विभागों की गतिविधियां

     कृषि महोत्सव के दौरान पशुपालन विभाग द्वारा नवीन दुग्ध उत्पादक समितियों का गठन संपूर्ण अवधि में किया जाएगा। सहकारिता विभाग द्वारा किसान क्रेडित कार्ड का वितरण का अभियान सम्पूर्ण अवधि में आयोजित किया जाएगा। ऊर्जा विभाग द्वारा कृषि पम्पों का ऊर्जीकरण करने के लिए पूरे माह अभियान संचालित किया जायेगा। पंचायत एंव ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मेरा खेत मेरी माटी योजना के कराये जा रहे कार्यों का निरीक्षण दल द्वारा किया जायेगा। साथ ही सुदूर ग्राम सम्पर्क एवं खेत सड़क योजना के कार्यों का अवलोकन भी कराया जायेगा। सूरज धारा-अन्नपूर्णा, बीज ग्राम एवं उद्यानिकी फसलों के बीज किट वितरण के लिए लक्ष्य अनुसार किट तैयार करवाना, बीज किट एवं कृषि यंत्रों के लिए पात्र हितग्राहियों का चयन करना तथा उक्त सामग्री वितरण स्थलों तक पहुंचाने की व्यवस्था जिला स्तरीय समिति द्वारा सुनिश्चित की जायेगी।

वेबसाइट का किया लोकार्पण
     प्रभारी मंत्री द्वारा मां चामुण्डा टेकरी की वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। वेबसाइट पर मां चामुण्डा टेकरी तथा जिले के अन्य धार्मिक स्थलों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन दान राशि भी जमा कराई जा सकती है।
पाथ वे किया निरीक्षण
     प्रभारी मंत्री श्री पटवा एवं शिक्षा राज्यमंत्री श्री जोशी द्वारा मां चामुण्डा टेकरी के नीचे बनाये जा रहे पाथ के कार्य का निरीक्षण किया गया तथा कार्य की सराहना। उन्होंने वहां वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने टेकरी पर रपटमार्ग पर बनाये गये जनसुविधा केन्द्र का भी अवलोकन किया। मंत्रीद्वय द्वारा टेकरी पर दोनों माता मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। इसके उपरांत उन्होंने धूनी मार्ग पहुंचकर वहां किये गये वृक्षारोपण के कार्य को देखा। मंत्रीद्वय द्वारा मंडूक पुष्कर तालाब के सौन्दर्यीकरण कार्य को भी देखा गया तथा सराहना की गई।
क्रमांक 152/303/23-05-2015                             (फोटो-संलग्न)           

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

प्रत्येक व्यक्ति का ध्यान रख रही है सरकार

बरोठा में प्रभारी मंत्री श्री पटवा ने किया बीमा योजना का शुभारंभ

----------------

    देवास 23 मई 2015/ भारत सरकार एवं मप्र शासन देश व प्रदेश के एक-एक व्यक्ति का ध्यान रख रहे हैं। प्रधानमंत्री जन-धन योजना से सरकार ने हर परिवार का बैंक खाता खुलवाया था। अब प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा एवं जीवन ज्योति योजना के माध्यम से हर व्यक्ति का, नहीं के बराबर प्रीमियम राशि पर, बीमा किया जा रहा है। इन योजनाओं का पूरा-पूरा लाभ लें।
    ये विचार प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री सुरेंद्र पटवा ने आज शनिवार को बरोठा में बीमा योजनाओं के शुभारंभ शिविर में प्रकट किए। शिविर में प्रदेश के शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी, कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह, सांसद प्रतिनिधि श्री बहादुर मुकाती, अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, श्री प्रवीण श्रीवास्तव, श्री रवींद्र मल्होत्रा (टीटू) आदि उपस्थित थे।
जागेश्वर धाकड़ को नमन
    प्रभारी मंत्री ने बरोठा के वीर सपूत शहीद स्व. श्री जागेश्वर धाकड़ को नमन करते हुए कहा कि जागेश्वर ने जिस प्रकार से देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए, उसे हम हमेशा याद रखेंगे।
कलेक्टर व टीम को बधाई
    प्रभारी मंत्री श्री पटवा ने कहा कि देवास जिले में विकास कार्यों के लिए कलेक्टर सहित पूरी टीम बधाई के पात्र हैं। मां चामुंडा टेकरी पर जिस गति से विकास हुआ है, वैसा विकास पूरे जिले में हो।
12 रूपए से हो जाएगा सुरक्षा बीमा
          शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 12 रूपए वार्षिक प्रीमियम देने पर 2 लाख रूपए का बीमा होगा। दुर्घटना में मृत्यु पर 2 लाख एवं स्थाई नि:शक्तता पर 1 लाख रूपए बीमा कंपनी देगी। इसी प्रकार जीवन ज्योति योजना में 330 रूपए वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख का बीमा होगा। दोनों बीमा योजनाओं का लाभ एक साथ लिया जा सकता है।
48 करोड़ का मार्ग व 10 लाख का सामुदायिक भवन
    मंत्री श्री जोशी ने बताया कि प्रभारी मंत्री श्री पटवा नेवरी-बरोठा-सिरोलिया मार्ग निर्माण के लिए 48 करोड़ रूपए की स्वीकृति लेकर आए हैं। साथ ही 10 लाख की लागत से बरोठा में बनने वाले सामुदायिक भवन के लिए 4 लाख रू. का चैक भी लेकर आए हैं। प्रभारी मंत्री द्वारा उक्त चैक ग्राम के सरपंच को प्रदाय किया गया।
निर्धनों के कल्याण के लिए योजनाएं
    कलेक्टर श्री अवस्थी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा निर्धन व्यक्तियों के कल्याण के लिए बैंक खाता खोले जाने की जन-धन योजना के बाद अब प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा, जीवन ज्योति बीमा योजना व अटल पेंशन योजनाएं प्रारंभ की गई है। जिन व्यक्तियों की उम्र 18 वर्ष या अधिक है वे इन बीमा योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। सुरक्षा बीमा का लाभ 70 वर्ष तक की आयु के व्यक्ति तथा जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ 50 वर्ष की उम्र तक व्यक्ति ले सकते हैं।
1761 व्यक्तियों को बीमा प्रमाण-पत्र वितरित
    शिविर में 1761 व्यक्तियों के बीमा योजनाओं के फॉर्म भरकर उन्हें बीमा प्रमाण पत्र प्रदाय किए गए। इनके अंतर्गत 942 व्यक्तियों को सुरक्षा बीमा एवं 801 व्यक्तियों को जीवन ज्योति बीमा योजनाओं के प्रमाण-पत्र प्रदाय किए गए।
शहीद जागेश्वर धाकड़ के घर पहुंचे
    प्रभारी मंत्री श्री सुरेंद्र पटवा एवं शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी, बरोठा में शहीद स्व. श्री जागेश्वर धाकड़ के घर गए तथा उनके पिता, भाई तथा बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने शहीद जागेश्वर धाकड़ को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

क्रमांक 153/304/23-05-2015                             (फोटो-संलग्न)

                            

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

निर्धन एवं गरीब वर्ग के कल्याण के लिए हैं ये योजनाएं

खातेगांव में प्रभारी मंत्री श्री पटवा ने किया बीमा योजनाओं का शुभारंभ

----------------

     देवास 23 मई 2015/ देश के प्रधानमंत्री द्वारा प्रारंभ की गई ये बीमा योजनाएं निर्धन एवं गरीब व्यक्तियों के लिए अत्यधिक कल्याणकारी एवं उपयोगी है। दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर मृतक के परिवार को 4 लाख रूपए तक राशि तथा दुर्घटना में स्थाई नि:शक्तता होने पर दो लाख रूपए तक राशि इन दोनों के अंतर्गत कुल राशि प्राप्त होगी। इन बीमा योजनाओं का लाभ जिले का हर व्यक्ति ले।
     प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा ने आज शनिवार को खातेगांव में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजनाओं के शुभारंभ शिविर में ये विचार प्रकट किए। शिविर में विधायक श्री आशीष शर्मा, कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, एसपी श्री अभय सिंह, सांसद प्रतिनिधि श्री बहादुर मुकाती, पूर्व विधायक श्री बृजमोहन धूत आदि उपस्थित थे।
प्रदेश में सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं
     प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश में सभी वर्गो के कल्याण के लिए योजनाएं चालू की है। मप्र की योजनाओं को अन्य प्रदेशों में भी अपनाया जा रहा है। प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई हैं। सिंचाई, बिजली, शून्य प्रतिशत पर ब्याज पर ऋण देना प्रदेश सरकार की उल्लेखनीय उपलब्धि हैं। देवास जिले में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा मां चामुंडा टेकरी पर अभूतपूर्व कार्य किया गया हैं। इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।
गरीब वर्ग के लिए बहुत अच्छी योजनाएं
     विधायक श्री आशीष शर्मा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने गरीब व्यक्तियों की मदद के लिए ये बहुत अच्छी बीमा योजनाएं प्रारंभ की गई हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे गांव-गांव में शिविर लगाकर इन योजनाओं का लाभ दें। उन्होंने इन योजनाओं के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार किए जाने की जरूरत बताई। पेंशन योजना का लाभ लें, इसमें 1 हजार से 5 हजार रूपए तक पेंशन मिलेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस योजना में सबसे पहले सबसे अधिक खाते खातेगांव में खुलेंगे। विधायक द्वारा 11 हजार रूपए की राशि भूकंप पीड़ितों को मदद के लिए कलेक्टर को भेंट की गई। सांसद प्रतिनिधि श्री बहादुर मुकाती ने भी अपने विचार प्रकट किए।
दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख की राशि मिलेगी
     कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने बताया कि शासन द्वारा अनूठी बीमा योजनाएं प्रारंभ की गई है। इनके अंतर्गत सुरक्षा बीमा एवं जीवन ज्योति बीमा दोनों कराने पर दुर्घटना की स्थिति में मृतक के परिवार को कुल 4 लाख रूपए की सहायता राशि मिलेगी। साथ ही स्थाई नि:शक्तता होने पर 2 लाख रूपए की कुल राशि मिलेगी। सामान्य मृत्यु पर कुल 2 लाख रूपए की राशि मिलेगी। प्रीमियम के रूप में कुल 342 रूपए की राशि एक साल में एक बार देना होगी।
बैंकों द्वारा भरवाए गए बीमा फॉर्म
     शिविर में विभिन्न बैंकों की शाखाओं द्वारा काउंटर लगाए गए थे, जिन पर शिविर में उपस्थित व्यक्तियों के बीमा योजनाओं के फॉर्म भरवाए गए। शिविर में बीमा की प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद बीमा प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। जिन व्यक्तियों के बैंक खाते नहीं थे, उनके खाते भी खोले गए। शिविर के अंत में आभार प्रदर्शन एसडीएम खातेगांव श्री व्यास द्वारा किया गया।

क्रमांक 154/305/23-05-2015                             (फोटो-संलग्न)


No comments:

Post a Comment