Wednesday, 20 May 2015

20 मई 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

कृषि महोत्सव के आयोजन की तैयारियां समय सीमा में करें
कृषि महोत्सव संबंधी बैठक में कलेक्टर ने दिये निर्देश
    देवास 20 मई 2015/ जिले में 25 मई से 15 जून तक आयोजित किए जा रहे कृषि महोत्सव की आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा में कर ली जायें। कृषि महोत्सव के अंतर्गत जिले में भ्रमण करने वाले कृषि क्रान्ति रथ के साथ भ्रमण के लिए विभागीय अधिकारियों/ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाये। सभी अधिकारी/कर्मचारी कृषि महोत्सव के सौंपे गये दायित्वों का पूर्ण गंभीरता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ निर्वहन करें।
    कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज बुधवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न कृषि महोत्सव के आयोजन संबंधी बैठक में उक्त निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। बैठक में उप संचालक कृषि, परियोजना संचालक (आत्मा), उप संचालक उद्यानिकी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
विभागीय अमले का बीमा करवायें
    कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि विभागीय अधिकारी/कर्मचारियों का प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के अन्तर्गत बीमा करवाना सुनिश्चित करें। इसके लिए सभी से निर्धारित फॉर्म भरवाए जाएं। 
छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों का दो दिन में निराकरण करें
    कलेक्टर ने जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग को निर्देश दिये कि जिले में छात्रवृत्ति के लंबित समस्त आवेदनों का आगामी 2 दिन में निराकरण करें तथा जिला कार्यालय को सूचित किया जाये। छात्रवृत्ति के आवेदन लंबित रखना ठीक नहीं है। अपनी कार्यशैली में सुधार लायें।
क्रमांक 126/277/20-05-2015                 (फोटो-संलग्न)
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

बहुत बड़ी सौगात दी है प्रधानमंत्री ने

बीमा योजनाओं के शुभारंभ शिविर में महापौर ने कहा

    देवास 20 मई 2015/ देश में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना एवं अटल पेंशन योजनाएं चालू कर प्रधानमंत्री ने बहुत बड़ी सौगात दी है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा के अंतर्गत 1 रूपए प्रतिमाह अर्थात 12 रूपए वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख तक का बीमा किया जा रहा है। इन सभी योजनाओं का हरेक व्यक्ति लाभ ले।
    जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना एवं अटल पेंशन योजनाओं के ओलम्पिक ग्राउंड वॉलीबाल इंडोर स्टेडियम में आयोजित शुभारंभ शिविर में नगर निगम देवास के महापौर श्री सुभाष शर्मा ने उक्त विचार प्रकट किए। शिविर में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, एडीएम श्री प्रबल सिपाहा नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
इससे कम राशि में नहीं हो सकता बीमा
    कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि इन बीमा योजनाओं के अंतर्गत 12 रूपए वार्षिक एवं 330 रूपए वार्षिक पर 2 लाख रूपए का बीमा कराया जा रहा है। इतनी कम राशि में कहीं भी बीमा संभव नहीं है। सुरक्षा बीमा योजना में 12 रूपए वार्षिक प्रीमियम पर दुर्घटना में मृत्यु एवं घायल होने पर बीमा है, वहीं जीवन ज्योति योजना में 330 रूपए वार्षिक प्रीमियम पर सामान्य एवं दुर्घटना दोनों में मृत्यु एवं घायल होने पर बीमा राशि प्रदाय किए जाने का प्रावधान है।
शिविर में भरे गए फॉर्म
    शिविर में उपस्थित व्यक्तियों के बीमा योजनाओं के फॉर्म भरकर संबंधित बैंक द्वारा लगाए गए काउंटर्स पर जमा कराए गए। दोनों बीमा योजनाओं के अंतर्गत प्रीमियम की राशि खातेदार के खाते से सीधे कट जाएगी।
                     सबका बीमा कराएं  
    कलेक्टर ने शिविर में उपस्थित सभी व्यक्तियों से कहा कि वे इन बीमा योजनाओं में स्वयं का एवं अपने सभी परिचितों का बीमा कराएं। महापौर श्री सुभाष शर्मा ने दोनों बीमा योजनाओं एवं अटल पेंशन योजना का सभी से लाभ लेने का आग्रह किया।
अभी तक 85 हजार फॉर्म भरे गए
    कलेक्टर ने बताया कि तीनों योजनाओं के अंतर्गत अभी तक जिले में हुए 85 हजार फॉर्म भरे जा चुके हैं। सभी को इन बीमाओं का लाभ दिया जाएगा।
महिलाओं  की विशाल उपस्थिति
    शिविर में महिलाओं की उपस्थिति अत्यधिक रही। सभी में बीमा करावाने के प्रति विशेष उत्साह देखा गया। इसके अलावा विज्ञान महाविद्यालय आदि के विद्यार्थियों ने भी शिविर में उप‍स्थित होकर बीमा करवाया। अभार प्रदर्शन एलडीएम श्री भूपेश करोलिया ने किया।
विधायक की ओर से शुभकामनाएं
    शिविर में विधायक प्रतिनिधि श्री दुर्गेश अग्रवाल ने विधायक श्री तुकोजीराव पवार की ओर से योजनाओं की जिले में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
क्रमांक 127/278/20-05-2015            (फोटो-संलग्न)

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

ये अच्छी बात नहीं है

संकुल प्राचार्यों एवं अशासकीय विद्यालय संचालकों से कलेक्टर ने कहा

    देवास 20 मई 2015/ सभी अशासकीय विद्यालय शासन के नियमों के अधीन हैं तथा उनका कर्तव्य है कि वे शासन की योजनाओं के संचालन में रूचि ले। परंतु जिले में देखने में आ रहा है कि अशासकीय विद्यालयों के संचालक जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के कार्य में रूचि नहीं ले रहे हैं। वे अपने विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र के लिए फॉर्म भरवाकर नहीं दे रहे हैं। यह अच्छी बात नहीं है। ये घोर लापरवाही है। यदि शासकीय निर्देशों को नहीं मानेंगे तो आपको कायदे से कार्य करना सिखाएंगे।
    ये तल्ख निर्देश आज बुधवार को कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने शासकीय चिमनाबाई विद्यालय में संपन्न बैठक में संकुल प्राचार्यों एवं अशासकीय विद्यालयों के संचालकों को दिए। बैठक में डीपीसी सहित सभी संबंधित उपस्थित थे।
सेंट थॉम व सेंट्रल स्कूल के प्रितिनिधि नहीं
    बैठक में सेंट थॉम विद्यालय देवास, सेंट्रल स्कूल देवास सहित कुछ बड़े विद्यालयों के प्रतिनिधियों के अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की।
शासन की अनूठी सुविधा
    कलेक्टर ने बताया कि शासन द्वारा प्रदेश के अजा, अजजा एवं पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को स्कूल में ही जाति प्रमाण-पत्र देने का अभियान चलाया जा रहा है, जिससे उन्हें आगे जाति प्रमाण-पत्र के लिए यहां-वहां नहीं भटकना पड़े। इसके लिए संकुल प्राचार्यों एवं अशासकीय विद्यालय के प्राचार्यों को दायित्व सौंपा गया है कि वे कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के जाति प्रमाण-पत्र बनाने के लिए विद्यार्थियों से आवेदन लेकर संबंधित क्षेत्र के लोक सेवा गारंटी केंद्र पर दें।
डिजिटली तैयार हो रहे हैं जाति प्रमाण-पत्र
         कलेक्टर ने बताया कि लोक सेवा गारंटी केंद्र द्वारा प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज कर संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार के पास भिजवाया जाता है। तहसील कार्यालय में कार्रवाई के बाद संबंधित क्षेत्र का एसडीएम जाति प्रमाण-पत्र डिजिटली जारी करता है, जिसका प्रिंटआउट लोक सेवा गारंटी केंद्र के माध्यम से संबंधित विद्यालय को भिजवा दिया जाता है, जहां विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर दिए जाते हैं।
पूरे विश्व में कहीं भी प्रिंट आउट
    इस प्रकार डिजिटली तैयार किए गए जाति प्रमाण-पत्र का संबंधित विद्यार्थी विश्व में कहीं भी प्रिंट आउट ले सकता है। यह मान्य होगा।
क्रमांक 128/279/20-05-2015            (फोटो-संलग्न)


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

बीमा योजनाओं संबंधी शिविर 23 को बरोठा एवं खातेगांव में

प्रभारी मंत्री होंगे शामिल

    देवास 20 मई 2015/ जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना के संबंध में शिविर का आयोजन 23 मई को बरोठा एवं खातेगांव में किया जाएगा। शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री श्री सुरेंद्र पटवा शामिल होंगे। शिविर बरोठा में दोपहर 12 बजे से एवं खातेगांव में अपराह्न 3 बजे से आयोजित होगा।
प्रभारी मंत्री लेंगे बैठक
    कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि इसके पूर्व 23 मई को पूर्वाह्न 11 बजे जिले में कृषि महोत्सव के आयोजन के संबंध में बैठक प्रभारी मंत्री श्री सुरेंद्र पटवा लेंगे। बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित होगी।
क्रमांक 129/280/20-05-2015

देवास जिले में भी मिल्खा सिंह जैसे खिलाड़ी पैदा होंगे

टेलेन्ट-सर्च कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंशी ने कहा

देवास 19 मई 2015/ खिलाडि़यों को यदि उचित खेल संसाधन और माहौल मिले तो देवास जिले में भी मिल्खा सिंह जैसे खिलाड़ी पैदा हो सकते हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी श्री राजेश रघुवंशी ने आज कुषाभाऊ ठाकरे खेल परिसर में एथलेटिक्स के खिलाडि़यों के लिये आयोजित टेलेन्ट-सर्च कार्यक्रम में उक्त विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर श्री राधेश्याम सोलंकी, श्री सैम्मद मकसूद अली, श्री सलीम शेख, श्री अनिल श्रीवास्तव, श्री जावेद पठान उपस्थित थे।

प्रारंभ में टेलेन्ट-सर्च कार्यक्रम में शरीफ खान, खातेगांव, शकिर खान तथा विल्सन निनामा सोनकच्छ, कमल सोलंकी, कन्नौद दुर्गाशंकर कुशवाह टोंकखुर्द, रूचि शर्मा, रेणुसिंह, धर्मेन्द्र सिंह ठाकुर, सत्यजीतसिंह चौहान, राजेश बराना, विजय चैधरी आदि का सम्मान किया गया। टेलेन्ट-सर्च कार्यक्रम में देवास जिले के समस्त विकासखंडों से चयनित खिलाड़ियों भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन यशवंत डागोरा ने एवं आभार युनूस खान ने माना

परिणाम

    100 मी. दौड़ आयु वर्ग 8 से 10 वर्ष- प्रथम:- रेगन निनामा, द्वितीय:- सक्षम यादव, आयु वर्ग 11 से 12 वर्ष- प्रथम:- राजा पांचाल, द्वितीय:- सुमित तोमर, आयु वर्ग 13 से 14 वर्ष-प्रथम:- योगेन्द्र तोमर, द्वितीय:-गोपाल लोवंशी, आयु वर्ग 15 से 16 वर्ष- प्रथम:- निलेश मेश्राम, द्वितीय:- यशवंत झाला, 200 मी. दौड़ आयु वर्ग 8 से 10 वर्ष- प्रथम:-अभिषेक  गुप्ता,                                              द्वितीय:- मनीष ठाकुर, आयु वर्ग 11 से 12 वर्ष- प्रथम:- अनिरूद्ध अनन्यास,द्वितीय:-विशालनिम्बड़वा, आयु वर्ग 13 से 14 वर्ष- प्रथम:- कुन्दन वर्मा, द्वितीय:- योगेन्द्र तोमर, 800 मी. दौड़ आयु वर्ग 8 से 10 वर्ष- प्रथम:- अभिषेक यादव,                                                      द्वितीय:- ऋषि, आयु वर्ग 11 से 12 वर्ष- प्रथम:- समीर खान,                                                      द्वितीय:- भैयालाल, आयु वर्ग 13 से 14 वर्ष- प्रथम:- आनंद कुशवाह, द्वितीय:- दीपक, 1500 मी. दौड़ आयु वर्ग 15 से 16 वर्ष- प्रथम:- अजय सिंह तोमर, द्वितीय:- विजय परमार विजयी रहे।

क्रमांक 130/281/20-05-2015               (फोटो-संलग्न)

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

नेपाल भूकंप त्रासदी  

प्रभावितों की सहायता के लिए 3 करोड़ 63 लाख की राशि एकत्र

   देवास 20 मई 2015/ नेपाल की भूकंप त्रासदी से प्रभावितों की सहायता के लिए शुरू किए गए मुख्यमंत्री सहायता कोष के विशेष खाते में अब तक 3 करोड़ 63  लाख  51 हजार 262 की राशि जमा की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न स्थान से सहायता राशि प्राप्त होने का सिलसिला लगातार जारी है। आज जिला कलेक्टर कार्यालय देवास की ओर से 2 लाख 84 हजार रुपए, टाटा फेक्ट्री देवास ने 2 लाख, सरल इंडिया इंफ्रा लिमिटेड से 2 लाख, परिवहन कार्यालय और बस ऑपरेटर्स, देवास ने एक लाख 28 हजार, जिला सहकारी बैंक देवास से एक लाख रुपए, मुख्य नगरपालिका अधिकारी सोनकच्छ नगरपालिका से 76 हजार, पीपलरावां नगरपालिका देवास से 58 हजार,  देवास मेटल स्टील सेक्शन लिमिटेड से 54 हजार, माहेश्वरी समाज देवास की ओर से 51 हजार, स्वस्थानी सेवा समिति देवास ने 51 हजार, अधीक्षण यंत्री क्षेत्रीय विद्युत वितरण कंपनी ने 49 हजार और मुख्य नगरपालिका अधिकारी टोंकखुर्द  देवास ने 47 हजार की राशि सौंपी गई हैं।
क्रमांक 131/282/20-05-2015 





No comments:

Post a Comment