Friday, 8 May 2015

दिनांक 08 मई 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

शीलनाथ धूनी संस्थान की भूमि कृषि कार्य के लिए की जाएगी नीलाम

20 मई तक आवेदन पत्र आमंत्रित

----------

    देवास 08 मई 2015/ श्री सदगुरू योगंद्र शीलनाथ धूनी संस्थान ट्रस्ट बालगढ़ को भंग किए जाने, शासन द्वारा आधिपत्य प्राप्त किए जाने तथा उसकी संपत्तियों की व्यवस्था एवं संधारण शासन के हाथ में लिए जाने के पश्चात अब उसकी कृषि योग्य भूमि को वर्ष 2015-16 के लिए कृषि कार्य के उद्देश्‍य के लिए नीलाम किया जाएगा। इसके लिए आवेदन पत्र 20 मई गुरूवार तक तहसील कार्यालय देवास में आमंत्रित किए गए हैं।

    तहसीलदार एवं प्रबंधक श्री शीलनाथ धूनी संस्थान ने बताया कि पटवारी हलका नंबर 57 ग्राम शंकरगढ़ तहसील देवास में स्थित श्री सदगुरू योगेंद्र शीलनाथ धूनी संस्थान ट्रस्ट देवास की भूमि का कुल रकबा 6.221 है. है, जिसमें पैकी रकबा 2 है. है। इसे कृषि कार्य के लिए खुली नीलामी द्वारा दिया जाएगा। नीलामी तहसीलदार न्यायालय देवास में 20 मई को दोपहर 2 बजे से होगी। शर्तें तहसील न्यायालय देवास में देखी जा सकती है।

क्रमांक 45/196/08-05-2015




जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ लें
जिले को 150 हितग्राहियों का लक्ष्य प्राप्त
----------------
    देवास 08 मई 2015/ शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2015-16 के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के हितग्राहियों के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना लागू की गई है। योजना अन्तर्गत जिले को 150 हितग्राहियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। आवेदन-पत्र कार्यालय जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति देवास से कार्यालयीन समय में प्राप्त कर सकते हैं।
    कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए स्वयं का उद्योग (विनिर्माण)/सेवा/ व्यवसाय स्थापित करने के लिए बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने के लिए दिया जाएगा, योजना का लाभ नवीन उद्योग/व्यवसाय आदि की स्थापना के लिए दिया जाएगा, जिसमें परियोजना लागत न्यूनतम 20 हजार रूपये से अधिकतम 10 लाख रूपए तक होगी। मार्जिन मनी अनुदान परियोजना लागत का 30 प्रतिशत, अधिकतम 2 लाख तक देय, होगी।
आवश्यक योग्यताएं
    आवेदक अनुसूचित जाति वर्ग का हो, आवेदक म0प्र0 का मूलनिवासी हो, आवेदक की उम्र 18 से 45 वर्ष तक हो। आवेदक न्यूनमत कक्षा 5वीं उत्तीर्ण हो। आवेदक किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक/ वित्तीय संस्था/ सहकारी संस्था का चूककर्ता/अशोधी (डिफॉल्टर) नहीं होना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति किसी शासकीय उद्यमी स्वरोजगार के अन्तर्गत सहायता प्राप्त कर रहा हो तो इस योजना के अन्तर्गत पात्र नहीं होगा। इस योजनान्तर्गत एक व्यक्ति एक ही बार सहायता के लिए पात्र होगा। यह योजना उद्योग/सेवा/व्यवसाय क्षेत्र के लिए ही होगी। आवेदक द्वारा गलत/भ्रामक जानकारी अथवा गलत तरीके से सहायता प्राप्त करने पर उसके विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस योजनांतर्गत परियोजना लागत पर 5 प्रतिशत की दर से (अधिकतम 25 हजार प्रतिवर्ष) ब्याज अनुदान अधिकतम 7 वर्ष तक देय होगा। योजना अंतर्गत गारंटी शुल्क प्रचलित दर पर अधिकतम 7 वर्ष तक देय होगा। आवेदक द्वारा प्रस्तावित गतिविधि का जनरल प्रोजेक्ट तैयार कर आवेदन-पत्र के साथ संलग्न करना होगा, लेकिन 5 लाख से अधिक ऋण राशि पर सीए प्रोजेक्ट रिपोर्ट संलग्न करना होगी।
क्रमांक 46/197/08-05-2015

जिला स्तरीय समिति एवं वरिष्ठ नागरिक समूह की बैठक 11 मई को
   देवास 08 मई 2015/ माता-पिता, वरिष्ठ नागरिक को भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम के लिए गठित जिला स्तरीय समिति एवं वरिष्ठ नागरिक समूह, जिला विकलांग एवं विकास समिति की बैठक 11 मई को दोपहर 12.45 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण ने सभी संबंधितों से बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
क्रमांक 47/198/08-05-2015



जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
19 मई से देवास में होगी 8 जिलों के लिए सेना भर्ती रैली
      देवास 08 मई 2015/  सेना भर्ती कार्यालय महू द्वारा प्रदेश के आठ जिलों देवास, बड़वानी, बुरहानपुर, अलीजराजपुर धार, मंदसौर, नीमच एवं खंडवा के नौजवानों के लिए सेना की भर्ती रैली इस बार देवास में आयोजित की जाएगी। यह 4 दिन की लंबी भर्ती रैली देवास में 19 मई से 22 मई तक कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम देवास में आयोजित होगी। भर्ती रैली का समय प्रात: 4 बजे से 6 रखा गया है।
       अपर कलेक्टर एवं भर्ती रैली के नोडल अधिकारी ने श्री प्रबल सिपाहा बताया कि 19 मई को देवास जिले के बेरोजगार आवेदकों की भर्ती का आयोजन रखा गया है। मंदसौर एवं अलीराजपुर जिले के आवेदक 20 मई को, नीमच तथा बुरहानपुर के आवेदक 21 मई को तथा खंडवा, धार, बड़वानी जिलों के आवेदक 22 मई को सेना भर्ती रैली में शामिल होंगे। सेना भर्ती रैली के संबंध में अधिक जानकारी के लिए भर्ती कार्यालय महू के दूरभाष नंबर 07324-271032 तथा जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 07272-222296 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
क्रमांक 48/199/08-05-2015

भारतीय ग्रामीण समाज पार्टी राजनैतिक दल के रूप में पंजीकृत

    देवास 08 मई 2015/ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा भारतीय ग्रामीण समाज पार्टी को राजनैतिक दल के रूप में पंजीकृत कर लिया गया है। कार्यालय मुख्य पदाधिकारी मप्र शासन द्वारा इस संबंध में सूचना कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को दी गई है।

क्रमांक 49/200/08-05-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
30 मई ये 8 जून तक प्राप्त किए जाएंगे दावे/आपत्तियां
आयोग द्वारा कार्यक्रम जारी
       देवास 08 मई 2015/ मप्र राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन के लिए फोटो युक्त सूची तैयार करने के लिए कार्यक्रम किया गया है। जारी आदेश अनुसार मतदाता सूची के संबंध में दावे तथा आपत्तियां 30 मई से 8 जून तक प्राप्त किए जाएंगे।
    मप्र राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फोटो युक्त मतदाता सूची में दावे/आपत्तियां संबंधी तिथियों, दावे/आपत्तियां प्रस्तुत करने के लिए निर्धारित केंद्रों को जानकारी, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन करने या हटाने की प्रक्रिया, मतदाता सूची की कार्रवाई से संबंधित महत्वपूर्ण अधिकारियों के नाम एवं संपर्क की जानकारी, मतदाता सूची की आम लोगों के निरीक्षण के लिए निर्धारित तिथियों एवं केंद्रों की जानकारी के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए।  
क्रमांक 50/201/08-05-2015
विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक 23 को
       देवास 08 मई 2015/ शिक्षा विभाग की विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक 23 मई को दोपहर 12 बजे जिला शिक्षा कार्यालय में आयोजित की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि समस्त कर्मचारी संगठन संबंधित चर्चा के बिंदु कार्यालय में मुख्य लिपिक को उपलब्ध कराए। बैठक में समस्त कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
क्रमांक 51/202/08-05-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

21 जून को विश्व योग दिवस पर एक लाख विद्यार्थी योग करेंगे

    देवास 08 मई 2015/ विश्व योग दिवस 21 जून के अवसर पर भोपाल में बड़ा योगाभ्यास होगा। स्थानीय जंबूरी मैदान पर होने वाले सामूहिक योगाभ्यास में स्कूल-कॉलेज के एक लाख विद्यार्थी भाग लेंगे।
   अपर मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा विभाग श्री एसआर मोहंती ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के दूरस्थ जिलों सहित भोपाल और समीप के जिलों से बड़ी संख्या में स्कूल के विद्यार्थी इसमें भाग लें। यह सुनिश्चित किया जाये कि स्कूल के अलावा कॉलेज, तकनीकी और चिकित्सा शिक्षा, एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थी भी कार्यक्रम में भाग लें। जून के तीसरे सप्ताह को देखते हुए वॉटरप्रूफ पण्डाल लगाया जाये।
   श्री मोहंती ने कहा कि आयोजन-स्थल पर सुरक्षा, परिवहन, स्वास्थ्य, भोजन एवं पेयजल आदि का इंतजाम रखा जाये। विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने के लिये योग शिक्षकों को भी मास्टर-ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण दिलवाया जायेगा। प्रशिक्षण 10 से 15 जून तक विभिन्न केन्द्र में होगा। कार्यक्रम के संबंध में सी.डी., बुकलेट भी तैयार करवायी जाये। 'स्कूल चलें हम' अभियान का राज्य-स्तरीय कार्यक्रम भी इसी कार्यक्रम में सम्मिलित किया जाये। सामूहिक योगाभ्यास सुबह 7 बजे से प्रारंभ होगा, जो 15 मिनट का रहेगा। इसमें सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम और सूर्य-नमस्कार 5-5 मिनट की अवधि का रहेगा।
क्रमांक 52/203/08-05-2015


जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

बार काउंसिल शीघ्र देगा देवास जिले सहित  29 विधि कॉलेजों को अनुमति

उच्च शिक्षा मंत्री मिले ऑल इण्डिया बार काउंसिल के अध्यक्ष से

   देवास 08 मई 2015/ उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने गत दिवस नई दिल्ली में ऑल इण्डिया बार काउंसिल के अध्यक्ष श्री मनंद मिश्रा और उपाध्यक्ष श्री एस.एल. गौड़ा से मुलाकात की। श्री गुप्ता ने प्रदेश में स्वीकृत 29 विधि कॉलेज को अनापत्ति प्रमाण-पत्र देने पर चर्चा की। श्री मिश्रा ने कहा कि 29 कॉलेज को 5 जोन में बाँट कर जल्दी ही निरीक्षण करवाकर अनापत्ति प्रमाण-पत्र देने की कार्यवाही की जायेगी। बार काउंसिल अध्यक्ष ने कहा कि यह पहला अनुभव है कि कोई मंत्री कॉलेज शुरू करवाने के लिये उनसे मिला है।
   मंत्री श्री गुप्ता ने बताया कि सभी कॉलेज का इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार है। काउंसिल से अनापत्ति प्रमाण-पत्र नहीं मिलने के कारण लगभग तीन वर्ष से कॉलेज शुरू नहीं हो पा रहे हैं। प्रदेश में 29 शासकीय विधि कॉलेज स्वीकृत किये गये हैं। विधि कॉलेज राजगढ़, होशंगाबाद, सीहोर, टीकमगढ़, बीना, अशोकनगर, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, दतिया, भिण्ड, देवास, शाजापुर, उज्जैन, नरसिंहपुर, मण्डला, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, झाबुआ, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, बैतूल, रायसेन, हरदा, सीधी और श्योपुर में मंजूर किये गये हैं।
क्रमांक 53/204/08-05-2015

 

 


जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

यात्री बसों की फिटनेस चेक करने के लिये चलेगा विशेष अभियान

   देवास 08 मई 2015/ मध्यप्रदेश में यात्री बसों की फिटनेस चेक करने के लिये विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। अभियान का उद्देश्य यात्री बसों की दशा सुधारना और बस ऑपरेटरों की मनमानी पर नकेल कसना है। बस की फिटनेस ठीक नहीं होने और आपातकालीन खिड़की की सुविधा उपलब्ध न होने पर यात्रियों को सुविधा दी जा रही है कि वे परिवहन आयुक्त, ग्वालियर के टेलीफोन नम्बर-0751-2423105 एवं 2423113 पर शिकायत दर्ज करवा सकेंगे।
   परिवहन आयुक्त श्री शैलेन्द्र श्रीवास्तव के अनुसार यात्री वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र एक साल की अवधि के लिये जारी किये जाते हैं। प्रमाण-पत्र जारी करते समय वाहन के तकनीकी परीक्षण के साथ ही बैठक व्यवस्था एवं आपातकालीन खिड़की लगी होना सुनिश्चित किया जाता है। कतिपय वाहन स्वामियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद आपातकालीन खिड़की हटाकर अतिरिक्त सीट लगा दी जाती है, जो पूर्णत: गलत है। परिवहन विभाग द्वारा मुहिम चलाकर ऐसे वाहन स्वामियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है।
   यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि आपातकालीन खिड़की की व्यवस्था न होने पर बस का नम्बर नोट कर उसकी सूचना तत्काल परिवहन आयुक्त कार्यालय के दूरभाष पर दें। ऐसी सूचना 24 घंटे ली जा सकेगी। उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध मोटर-यान अधिनियम एवं उसके नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जायेगी। आमजन से इस दिशा में सहयोग की अपील की गयी है।
क्रमांक 54/205/08-05-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
स्वघोषणा से बना सकते हैं आय एवं मूल निवासी प्रमाण-पत्र
मप्र शासन ने की अनूठी पहल
   देवास 08 मई 2015/ मप्र शासन द्वारा नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए स्व-घोषणा पत्र एवं स्‍व-प्रमाणीकरण द्वारा आय प्रमाण पत्र एवं मूल निवासी प्रमाण पत्र बनाने की योजना लागू की है।
   मप्र शासन द्वारा शुरू की गई नवीन पहल अनुसार आय प्रमाण-पत्र एवं स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र अब राजस्व अधिकारियों (नायब तहसीलदार/तहसीलदार) के हस्ताक्षर से जारी नहीं होंगे और न ही आम नागरिकों को किसी राजस्व कार्यालय में जाना होगा। इन दोनों प्रकार के प्रमाण पत्रों के लिए अलग-अलग घोषणा-पत्र का प्रारूप भरना होगा। इसकी पूर्ति करके स्वयं के हस्ताक्षरित घोषणा-पत्र बनाने सुविधा प्राप्त की जा सकती है।
स्व-घोषणा पत्र
   किसी भी कार्य के लिए अब स्टॉम्प पेपर पर या नोटरी से नोटराइज कराकर शपथ-पत्र देने की आवश्यकता नहीं है। इसके लिए स्थान पर निर्धारित प्रारूप में स्वयं का हस्ताक्षरित घोषणा-पत्र देना ही पर्याप्त होगा।
स्व-प्रमाणीकरण पत्र
   अब तक स्कूल/कॉलेजों में दाखिला, नौकरी के लिए आवेदन करने तथा इसी प्रकार के अनेक कार्यों के लिए दस्तावेज (मार्कशीट आदि) राजपत्रित अधिकारी से प्रमाणित कराकर छायाप्रति संलग्न करनी पड़ती थी। अब इस व्यवस्था में परिवर्तन करते हुए आवेदक स्वयं के हस्ताक्षर से अभिप्रमाणित (स्व-प्रमाणित) दस्तावेज संलग्न कर सकेंगे।
क्रमांक 55/206/08-05-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

आँगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की ड्यूटी अन्य कार्य में नहीं लगाने के निर्देश

   देवास 08 मई 2015/ आँगनवाड़ी केन्द्रों द्वारा गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ देने की निरंतरता के लिये आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं को गैर-आईसीडीएस सेवाओं से संबद्ध नहीं किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने एक परिपत्र जारी कर सभी विभाग, विभागाध्यक्ष, संभागायुक्त, कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को अवगत करवाया है।
   आँगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं की आईसीडीएस कार्यों के अतिरिक्त अन्य कार्यों में ड्यूटी नहीं लगाये जाने के संबंध में महिला-बाल विकास विभाग द्वारा समय-समय पर निर्देश जारी किये गये हैं। इसके बावजूद यह देखने में आया कि इनकी ड्यूटी अन्य कार्य जैसे परिवार कल्याण कार्यक्रम में प्रेरक के रूप में, लक्ष्य दम्पति सर्वे, अंत्योदय सर्वे, स्वच्छता दूत, शौचालय की गिनती, आयोडीन नमक की जाँच, गाँव में कुओं की गिनती, उनमें दवा डालने, जन-गणना कार्य, चुनाव ड्यूटी, फोटो चुनाव नामावली, बूथ-लेवल अधिकारी के कार्य, समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन के सर्वे, पशु सर्वे, पशु संगणना आदि में लगायी जाती है। कार्य नहीं करने पर कार्यकर्ता, सहायिका के विरुद्ध कार्रवाई जैसे मानदेय काटना, स्पष्टीकरण दिया जाना इत्यादि भी किया जाता है।
   वर्तमान में प्रदेश में 80 हजार 160 आँगनवाड़ी केन्द्र तथा 12 हजार 70 मिनी आँगनवाड़ी केन्द्र स्वीकृत हैं। आँगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा इन केन्द्रों के माध्यम से 6 वर्ष तक के बच्चों को पूरक-पोषण आहार देकर सुपोषित करने और शाला पूर्व शिक्षा देने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। गर्भवती, धात्री माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएँ दी जाती हैं, जिसकी निरंतरता एवं अति कम वजन वाले बच्चों की निरंतर और विशेष देखभाल की जाती है।
क्रमांक 56/207/08-05-2015


No comments:

Post a Comment