Tuesday, 20 January 2015

दिनांक-20 जनवरी 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
--------
क्या तमाशा है ये, दूसरी किश्त क्यों नहीं मिली अब तक?
जनसुनवाई में कलेक्टर ने अधिकारी से पूछा
------------------

                  देवास 20 जनवरी 2015/ क्या तमाशा है ये? आवेदक दो साल से पंचायत, जनपद पंचायत, जिला पंचायत के चक्कर काट रहा है, उसे इंदिरा आवास योजना में कुटीर स्वीकृत है, एक किश्त दो साल पहले मिल गई है, उसने कुटीर बना भी ली है, फिर भी उसकी दूसरी किश्त नहीं दी जा रही। आपसे मामले के बारे में पूछ रहे हैं, तो आप गलत जानकारी दे रहे हैं। इतनी असंवेदनशीलता एवं लापरवाही अक्षम्य है।
           कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के समक्ष आज मंगलवार को जनसुनवाई में जब एक आवेदक रमेश पिता भागीरथ ग्राम डेयरिया-आना, बागली ने अपनी पीड़ा बताई, तो उन्होंने जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी को बुलाकर उक्त शब्दों में सख्त नाराजी जाहिर की। उन्होंने निर्देश दिए कि आज ही कार्रवाई करें, जिससे आवेदक को इंदिरा आवास की दूसरी किश्त तुरंत मिले और भविष्य में ध्यान रखें कि किसी दूसरे हितग्राही के साथ ऐसा न हो।
52 आवेदकों ने दिए आवेदन
           मल्हार स्मृति मंदिर देवास में संपन्न जनसुनवाई में आज मंगलवार को 52 आवेदकों ने कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के समक्ष अपनी समस्याओं/मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर द्वारा आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। जनसुनवाई में एसडीएम धीरज श्रीवास्तव, सीएसपी श्री तरूणेन्द्र सिहं बघेल एवं सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बलदेव को मिली बैसाखी
           आवेदक बलदेव पिता रामाजी ने आवेदन देकर बताया कि उसका दांया पैर खराब है। वह जनसुनवाई में लाठी के सहारे चलकर आया था। बलदेव को तुरंत बैसाखियां दिलवाई गईं। बैसाखी पाकर उसने कलेक्टर को बताया कि अब उसे चलने में आसानी हो रही है। कलेक्टर ने सलाह दी कि यदि वो चाहे तो उसके लिए कैलिपर्स भी बनवाए जा सकते हैं।
ये आपके लिए चुनौती है
           नि:शक्त आवेदक अमर सिंह पिता ओंकार सिंह कोरकू ने आवेदन दिया कि वह ग्राम खुरदली खेड़ा जनपद कन्नौद में चाय की दुकान चलाता है। उसे अब वहां ढाबा खोलना है, उसे शासन की किसी योजना में ऋण दिलाया जाए, जिससे वह ढाबा खोल सके। इस पर कलेक्टर द्वारा जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण को‍ निर्देश दिए गए कि आवेदक अनुसूचित जनजाति का है तथा नि:शक्त है, अत: टांट्या भील स्वरोजगार योजना के अंतर्गत उसका प्रकरण बनाकर उसे बैंक के माध्यम से ऋण दिलाया जाए। कलेक्टर ने अधिकारी से कहा यह आपके लिए चुनौती है कि आप कितनी शीघ्र इस आवेदक को सहायता दिला सकती हैं।  
घर वापस छोड़ने पर ही मिलेगा पूरा भुगतान
            जनसुनवाई में जननी एक्सप्रेस संचालकों ने कलेक्टर को आवेदन दिया कि उन्हें जननी एक्सप्रेस का भुगतान स्वास्थ्य विभाग द्वारा काटकर प्रदान किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने बताया कि शासन के निर्देश अनुसार गर्भवती महिला को अस्पताल तक लाने तथा प्रसव उपरांत घर वापस छोड़ने पर ही जननी एक्सप्रेस का पूरा भुगतान किया जाता है। अत: जननी एक्सप्रेस द्वारा पूरी सेवा दी जाएगी तब ही पूरा भुगतान किया जाएगा।
शिक्षक करते हैं पिटाई
           आवेदक केतन विजयवर्गीय ने आवेदन दिया कि वह एवरेस्ट स्कूल शंकरगढ़ का 10वीं कक्षा का विद्यार्थी है। उसे गत दिवस शिक्षक श्री वीर धवल पोतेकर तथा श्री प्रवीण डोगल द्वारा बुरी तरह पीटा गया। पहले भी उसके साथ मारपीट की गई। प्रकरण में संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बीपीएल कोटे का प्लाट दिलाएं
          आवेदक पवन पिता भागीरथ बकोरे कन्नौद ने आवेदन दिया कि वह बीपीएल श्रेणी का है। उसे शासन की योजना अनुसार मां वैष्णवी नगर कन्नौद में बीपीएल कोटे का प्लाट रियायती दर पर दिलवाया जाए। प्रकरण में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कन्नौद को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
क्रमांक 263/2034/20-01-2015                                                   (फोटो-संलग्न)
               
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
                         ॥ स मा चा र ॥
द्वितीय एवं तृतीय चरण का निर्वाचन कार्यक्रम संशोधित
द्वितीय चरण का मतदान 5 और तृतीय चरण का 22 फरवरी को होगा
     देवास 20 जनवरी 2015/पंचायत आम निर्वाचन 2014-15 के द्वितीय एवं तृतीय चरण का निर्वाचन कार्यक्रम संशोधित किया गया है। अब द्वितीय चरण का मतदान 5 फरवरी और तृतीय चरण का 22 फरवरी को होगा। मतदान सुबह 7 से अपरान्ह 3 बजे तक होगा। देवास जिले में द्वितीय चरण में देवास, सोनकच्छ एवं टोंकखुर्द विकासखंडों के लिए तथा तृतीय चरण में बागली, कन्नौद तथा खातेगांव विकासखंडों के लिए निर्वाचन होंगे।
                  द्वितीय चरण में पंच एवं सरपंच पद के लिये मतगणना मतदान समाप्ति के तुरन्त बाद मतदान केन्द्र में ही की जायेगी। जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य के लिये मतगणना विकासखण्ड मुख्यालय पर 8 फरवरी को होगी। सरपंच एवं पंच पद की मतगणना का सारणीकरण और परिणामों की घोषणा 9 फरवरी को होगी।
            तृतीय चरण में पंच एवं सरपंच पद के लिये मतगणना मतदान समाप्ति के तुरन्त बाद मतदान केन्द्र में ही की जायेगी। जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य के लिये मतगणना विकासखण्ड मुख्यालय पर 25 फरवरी को होगी। सरपंच एवं पंच पद की मतगणना का सारणीकरण और परिणामों की घोषणा 26 फरवरी को होगी।
               सभी चरण के लिये जनपद पंचायत सदस्य के मतों का सारणीकरण और निर्वाचन परिणाम की घोषणा 27 फरवरी को विकासखण्ड मुख्यालय पर होगी। जिला पंचायत सदस्य के मतों का जिला मुख्यालय पर सारणीकरण और निर्वाचन परिणाम की घोषणा 28 फरवरी को की जायेगी। प्रथम चरण में 13 जनवरी को हुए जिला एवं जनपद पंचायत सदस्यों की मतगणना 22 जनवरी को होगी।
क्रमांक 264/2035/20-01-2015
               
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
मनरेगा योजना में गड़बड़ी पर 7 के विरूद्ध कार्रवाई
कलेक्टर ने जारी किया आदेश
                                                                                                                                देवास 20 जनवरी 2015/ जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के क्रियान्वयन में वित्तीय एवं अन्य गड़बड़ियां पाये जाने पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा 7 शासकीय सेवकों के विरूद्ध कार्रवाई की गई है। इसके अन्तर्गत 1 की सेवाएं समाप्त, 1 को निलंबित तथा 2 को कारण बताओ सूचना पत्र दिया गया है। वहीं 3 शासकीय सेवकों के विरूद्ध विभागीय जांच प्रारंभ की गई है।
1 निलंबित, 1 की सेवा समाप्त
     कलेक्टर श्री अवस्थी द्वारा ग्राम पंचायत जिरवाय में मरनेगा योजना के अन्तर्गत खेत तालाब निर्माण के एक मामले में यह पाया गया कि रोजगार सहायक हरेन्द्रसिंह जसोना द्वारा मनरेगा योजना के अन्तर्गत हितग्राही श्रीमती अरूणाबाई गजराजसिंह के खेत पर स्वीकृत तालाब पर तालाब न बनवाये जाकर अन्य हितग्राही श्री जयदीप सिंह गजराजसिंह के खेत पर तालाब खुदवाया गया। कलेक्टर द्वारा हरेन्द्रसिंह जसोना रोजगार सहायक की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई हैं। इसी प्रकार ग्राम चौबाराजागीर में तत्कालीन सचिव कोकसिंह द्वारा मनरेगा की कपिलधारा उपयोजना में श्री ओमप्रकाश, श्री मदनलाल, श्रीमती फुलबाईएवं श्री हरेन्द्र के कूप निर्माण में उपयंत्री के सहयोग से 2 लाख 87 हजार रूपये का फर्जी मस्टर रोल तैयार किया गया। कलेक्टर द्वारा कोकसिंह वर्तमान सचिव ग्राम पंचायत भागसरा को तत्काल प्रभाव से‍ निलंबित किया गया है।
2 को कारण बताओ नोटिस
     कलेक्टर द्वारा मनरेगा योजना में खेत तालाब निर्माण में लगभग ढाई लाख रूपये की वित्तीय अनियमितता तथा गड़बड़ी पाये जाने पर नरोत्तम शाक्य सहायक यंत्री जनपद पंचायत टोंकखुर्द तथा संजय शर्मा अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा देवास को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किये गये हैं तथा कहा गया है कि 7 दिन में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें अन्यथा एकपक्षीय कार्रवाई की जायेगी।
3 के खिलाफ विभागीय जांच
     कलेक्टर द्वारा मनरेगा योजना के अन्तर्गत खेत तालाब निर्माण में गड़बड़ी पाये जाने पर 3 शासकीय सेवकों संजीव शाक्य उपयंत्री जनपद पंचायत सोनकच्छ तथा भरत झकोरे निलंबित उपयंत्री जनपद पंचायत टोंकखुर्द के विरूद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी किये हैं एवं मूलचंद लोधी सहायक यंत्री जनपद पंचायत सोनकच्छ के विरूद्ध विभागीय जांच का प्रस्ताव आयुक्त उज्जैन संभाग को भिजवाया गया है।
क्रमांक 265/2036/20-01-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
                         ॥ स मा चा र ॥
दो स्टाम्प वेंडर्स के लायसेंस निरस्त
अनियमितता पाये जाने पर कलेक्टर ने की कार्रवाई
     देवास 20 जनवरी 2015/                             शासन द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक पर स्टाम्प बेचने तथा कम मूल्य के स्टाम्प नहीं देने पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा दो स्टाम्प वेंडर्स  सुषमा दुबे एवं ज्ञानेन्द्र बालमुकुंद दुबे देवास के स्टाम्प वेंडर लायसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिये गये हैं।
      कलेक्टर द्वारा गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर मामले की उप पंजीयक देवास श्री प्रभाकर सिंह द्वारा जांच कराई गई। जांच के दौरान यह पाया गया कि उक्त्‍ दोनों स्टाम्प वेंडर्स के द्वारा न तो स्टॉक बोर्ड नियमानुसार प्रदर्शित किया गया और न ही स्टॉक रजिस्टर एवं बिक्री रजिस्टर निरीक्षण के लिए मांगे जाने पर प्रस्तुत किया गया।
गड़बड़ी की तो होगी कार्रवाई
     कलेक्टर ने जिले के समस्त स्टाम्प वैंडर्स से कहा है कि वे शासन के निर्देश अनुसार निर्धारित मूल्य पर ही स्टाम्प बेचें, अन्यथा गड़बड़ी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्रमांक 266/2037/20-01-2015




संविदा शाला शिक्षक की सेवाएं समाप्त
                      देवास 20 जनवरी 2015/ पुलिस थाना नेमावर द्वारा संविदा शाला शिक्षक वर्ग-2 रूपेश नायक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इकलेरा विकासखंड खातेगांव जिला देवास के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण क्रमांक 04/15 धारा 302 भादवि का कायम कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
                          मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जिला देवास द्वारा मप्र पंचायत संविदा शाला शिक्षक (नियोजन एवं संविदा की शर्ते) नियम-2005 एवं संशोधन 2008 के प्रावधान अनुसार रूपेश नायक संविदा शाला शिक्षक वर्ग-2 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इकलेरा विकासखंड खातेगांव जिला देवास की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई है।
क्रमांक 267/2038/20-01-2015














                                                                                                               












               
   



No comments:

Post a Comment