Monday, 19 January 2015

दिनांक-19-01-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय देवास
समाचार

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
अधिकारी जिले में दौरे करें
गणतंत्र दिवस आयोजन, निर्वाचन एवं समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में निर्देश
--------------------
    देवास 19 जनवरी 2015/ जिला अधिकारी जिले में निरंतर दौरे कर शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। सर्वशिक्षा अभियान, आदिम जाति कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग आदि के कार्यों में शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य अनुसार वांछित प्रगति नहीं आ रही है। इसके लिए आवश्यक है कि जिला अधिकारी जिले का निरंतर भ्रमण  करे तथा अपने अधीनस्थ कार्यालयों एवं मैदानी अमले को सक्रिय करें।
    कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न गणतंत्र दिवस की तैयारियों, निर्वाचन की तैयारियों एवं समयावधि पत्रों की संयुक्त समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक सिंह, अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, एडीशनल एसपी श्री राजेश रघुवंशी, सभी जिला अधिकारी एवं सभी संबंधित उपस्थित थे।
शिकायत निवारण के आवेदनों का त्वरित निराकरण करें
    कलेक्टर द्वारा लंबित पत्रों के प्रकरणवार निराकरण के दौरान निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री हैल्प लाइन, जन शिकायत निवारण प्रकोष्ठ, जनसुनवाई आदि के लंबित आवेदनों का संबंधित जिला अधिकारी समय सीमा में निराकरण कर दें। आवेदनों का सकारात्मक निराकरण किया जाए।
सड़क दुर्घटना के प्रकरणों में त्वरित सहायता दें
    बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दुर्घटना एवं आपदा आदि के प्रकरणों में प्रभावितों को आरबीसी 6/4 एवं शासन के अन्य प्रावधानों के अंतर्गत त्वरित सहायता प्रदाय की जाए। ऐसे मामलों में संबंधित क्षेत्र के राजस्व अधिकारी जानकारी मिलने पर स्व विवेक से प्रकरण बनाएं, स्वीकृत कराएं तथा प्रभावित को सहायता राशि का प्रदाय कराएं।
जीवंत रहें झांकियां
    गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियो की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों द्वारा निकाली जाने वाली झांकियां जीवंत हों तथा उनमें शासन की योजनाओं, प्रदेश एवं जिले की संस्कृति आदि के विषय में प्रदर्शन हो। कलेक्टर ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि झांकियों को जीवंत एवं कलात्मक बनाने के लिए स्थानीय कलाकारों का इनमें पूरा योगदान लिया जाए।
डिस्को स्टाइल कुछ नहीं हो
     गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा दी जाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां के विषय में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम गणतंत्र दिवस की गरिमा के अनुरूप हो। इसमें दी जाने वाली प्रस्तुतियां लोक संस्कृति पर आधारित तथा देशभक्ति पूर्ण हों, डिस्को स्टाइल का कुछ नहीं होना चाहिए।
आज 2 बजे तैयारियों को निरीक्षण
     एडीएम प्रबल सिपाहा ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम की पुलिस परेड ग्राउण्ड पर की जा रही तैयारियों की समीक्षा 20 जनवरी को दोपहर 2 बजे से की जाएगी। इस अवसर पर सभी जिला अधिकारियों को अपनी विभागीय तैयारियों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए।
भारत पर्व पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
     बताया गया कि गणतंत्र दिवस की संध्या पर नगर में भारत पर्व आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कलाकार लोक संस्कृति एवं देश भक्तिपूर्ण प्रस्तुतियां देंगे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम ऐसे स्थान पर आयोजित किया जाए, जहां अधिक से अधिक संख्या में आम जन इनका आनंद ले सकें। यह आयोजन सायं 7 बजे से सयाजी गेट पर किए जाने का निर्णय लिया गया। 
उत्कृष्ट कार्य करने वाले होंगे पुरस्कृत
    कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिला अधिकारी अपने विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, मेधावी विद्यार्थियों, उत्कृष्ट किसानों तथा विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठ कार्य करने वाले अशासकीय व्यक्तियों के नाम एडीएम श्री प्रबल सिपाहा को आगामी 2 दिनों में भिजवा दें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इन्हें प्रमाण पत्र के साथ पुरस्कार स्वरूप्‍ कुछ वस्तु भी प्रदान की जाए। 
तैयारियां कर रिपोर्ट 22 तक दें
     पंचायत निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी सैक्टर अधिकारी अपने क्षेत्रों में पूरी तैयारियां करके इसकी रिपोर्ट 22 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे तक जिला निर्वाचन कार्यालय को दें। सारे एसडीएम अपने क्षेत्र के सैक्टर अधिकारियों से आज ही बात कर तैयारियों की जानकारी लें। वोटिंग मशीनें अच्छी तरह से तैयार की जाएं तथा मॉक पोल करके अवश्य देखा जाए। सैक्टर अधिकारियों ने बताया कि उन्हे अभी तक उनके क्षेत्र के क्लस्टर्स की जानकारी संबंधित एसडीएम द्वारा नहीं दी गई है। कलेक्टर ने तुरंत जानकारी दिए जाने के निर्देश दिए।
सिस्टम रहे चुस्त-दुरूस्त
     बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह ने निर्देश दिए कि पंचायत निर्वाचन के मद्देनजर जिले में पुलिस एवं प्रशासन की चुस्त-दुरूस्त व्यवस्था हो। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में संयुक्त भ्रमण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। जिले में चल रहे गजरथ महोत्सव एवं मौनी अमावस्या के मद्देनजर भी सारी व्यवस्थाएं पुख्ता हों।
दीवार पर न लिखें, फ्लैक्स लगाएं
     सीईओ जिला पंचायत ने बताया कि इस बार मतदान केन्द्रों के बाहर उनकी जानकारी दीवार पर न लिखी जाए, इसके स्थान पर वहां मतदान केन्द्र की जानकारी को फ्लैक्स पर लगाया जाए। दीवार पर जानकारी लिखने से दीवारें खराब होती हैं तथा उन्हें बार-बार पुतवाना पड़ता है।

मतदाता पर्चियों का वितरण
     कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आयोग के निर्देश अनुसार मतदान के एक सप्ताह पूर्व तक सभी मतदाताओं को उनके घर-घर जाकर मतदाता पर्चियों का वितरण सुनिश्चित करा लिया जाए। यह कार्य संबंधित क्षेत्र के बीएलओ के माध्यम से कराया जा रहा है।
जन-धन योजना के खोलें शत प्रतिशत खाते
     कलेक्टर ने लीड बैंक अधिकारी को निर्देश दिए कि शासन की जन धन योजना के अंतर्गत‍‍ जिले में सांसद आदर्श ग्राम अजनास सहित शत प्रतिशत परिवारों के खाते खोले जाएं। डेयरी योजना में पशुपालन विभाग एवं डेयरी विभाग द्वारा अधिक से अधिक प्रकरण बनाए जाएं। अजनास में इस योजना के अंतर्गत कम से कम 10 प्रकरण बनाए जाएं।
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ दें
     कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में जनपद पंचायतों के माध्यम से मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह आयोजित करवाएं और पात्र हितग्राहियों को शासन की इस योजना का लाभ दें।
कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी करें
     जिले में परिवार कल्याण कार्यक्रम की धीमी प्रगति पर कलेक्टर द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए गए कि वे प्रत्येक माह की 20 तारीख तक आगामी माह के परिवार कल्याण शिविरों की जानकारी का कलेंडर जारी करें तथा इसकी जानकारी सभी संबंधितों को दें।
पटवारी के रिकॉर्ड की जांच करें
     कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में पटवारियों के पूरे रिकॉर्ड की जांच करें तथा देखें कि राजस्व कार्यों में कोई गड़बड़ी तो नहीं हो रही है। यह भी देखें कि प्रत्येक पटवारी ने अपना रिकॉर्ड जमा किया कि नहीं।
11 से 18 फरवरी तक शिल्प मेला
     11 से 18 फरवरी तक देवास में हस्त शिल्प मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न हस्त शिल्पियों द्वारा अपने स्टॉल्स लगाए जाएंगे। साथ ही कलाकारों द्वारा अपनी कला का प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर जिले के फोटोग्राफर्स द्वारा फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मेले में फूड जोन राइड जोन भी बनाए जाएंगे।
क्रमांक 257/2028/19-01-2015                             ( फोटो- संलग्न)
शासकीय आयोजनों में स्थानीय कलाकारों का लिया जाएगा पूरा योगदान
कलाकारों के नाम किए गए आमंत्रित
----------------
    देवास 19 जनवरी 2015/ कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं के प्रचार-प्रसार आदि में स्थानीय कलाकारों का पूरा-पूरा योगदान लिया जाए। कार्य का शासन के नियमानुसार मानदेय भी उन्हें प्रदाय किया जाए। इसके लिए उनसे नाम आमंत्रित कर, उनकी सूची तैयार की जाए।
    इस संबंध में जिला जनसंपर्क कार्यालय, चामुण्डा कॉम्प्लैक्स प्रथम तल, देवास द्वारा जिले के कलाकारों से नाम आमंत्रित किए गए हैं। इसके साथ कलाकारों की कला विशेषज्ञता का विवरण, उनकी उपलब्यिां, संपर्क आदि की जानकारी दिए जाना आवश्यक है। इच्छुक कलाकार एक सप्ताह में अपना विवरण सादे कागज पर सहपत्रों के साथ डाक द्वारा अथवा कार्यालय के ई-मेल पते  dprodewas@gmail.com पर भिजवा सकते हैं।
क्रमांक 258/2029/19-01-2015                            
स्कूलों में खेल मैदान के निर्माण और खेल सामग्री के लिये नीति बनी
    देवास 19 जनवरी 2015/ राज्य शासन ने शासकीय स्कूलों में खेल सुविधाओं के विकास के लिये नीति बनाई है। नीति के क्रियान्वयन से खेल मैदान का निर्माण, सुदृढ़ीकरण और खेल उपकरण एवं खेल सामग्री को खरीदा जायेगा। शासन ने स्कूल शिक्षा विभाग के सभी संभागीय संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी और विद्यालय प्रमुखों को नीति का अक्षरश: पालन करवाने के निर्देश दिये हैं।
     नीति द्वारा खेल मैदान के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण का लक्ष्य निर्धारित कर यह देखा जायेगा कि किस संभाग में कौन-कौन-से खेल के लिये सुविधाओं का विकास किया जाना उपयुक्त है। लक्ष्य निर्धारित करते समय अंचल में प्रचलित खेलों एवं खिलाड़ियों की प्रतिभा तथा जरूरतों आदि को संज्ञान में लिया जायेगा। सबसे पहले संभाग-स्तर पर खेल सुविधाओं का विकास होगा, बाद में जिलों में चरणबद्ध तरीके से खेल सुविधाओं का विकास होगा। यदि एक साल में कार्य पूरे नहीं होते हैं तो अगले सालों में उसे पूरा करने के लिये जरूरी राशि दी जायेगी। खेल मैदान के निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिये शासकीय एजेंसी द्वारा तैयार किया गया प्राक्कलन ही मान्य होगा।
     नीति में खेल सामग्री, उपकरण को खरीदने के लिये भी प्रावधान किये गये हैं। स्कूलों में खेल सामग्री, उपकरण की खरीदी के लिये जिला-स्तर पर तकनीकी समिति बनेगी। समिति में व्यायाम शिक्षक, उत्कृष्ट खिलाड़ी एवं खिलाड़ी विद्यार्थियों को शामिल किया जायेगा। खुली निविदा के जरिये गुणवत्ता के आधार पर नियमानुसार सामग्री खरीदी जायेगी। समय-समय पर सामग्री का भौतिक सत्यापन भी करवाया जायेगा। इण्डोर गेम्स के लिये जिलों में मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण होगा।
     खेल सामग्री उपकरण खरीदने के प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया भी निर्धारित की गई है। सभी संस्था प्रमुख विद्यार्थियों की अभिरुचि, प्रतिभा, परिवेश, परम्परा एवं उपलब्ध संसाधन के आधार पर विद्यालय की खेलकूद विकास योजना तैयार कर अनुमोदन के लिये डीईओ को प्रस्तुत करेंगे। डीईओ जिले के सभी विद्यालय के प्रस्तावों की एकजाई समीक्षा कर समग्र खेलकूद विकास योजना तैयार करेगा। योजना के आधार पर सुदृढ़ीकरण एवं सामग्री खरीदने के लिये विद्यालयवार प्रस्ताव प्राप्त कर जिले का पूरा प्रस्ताव संभागीय संयुक्त संचालक को भेजा जायेगा। संभागीय संयुक्त संचालक जिलों में प्रचलित खेल, विद्यार्थियों की अभिरुचि आदि को देखते हुए संभाग का समग्र प्रस्ताव तैयार कर संचालनालय को भेजेंगे।
     संचालनालय प्रस्ताव के परीक्षण के बाद अनुमोदित प्रस्ताव के क्रियान्वयन के लिये बजट राशि जारी करेगा। प्राप्त बजट के अनुसार संभाग में कार्य करवाने का उत्तरदायित्व संभागीय संयुक्त संचालक पर होगा। जिला एवं संभाग द्वारा प्रत्येक विद्यालय में उपलब्ध खेल सुविधाओं, खिलाड़ियों, खेल उपकरणों आदि का रिकार्ड संधारित किया जायेगा। निरीक्षण के दौरान इसकी समीक्षा भी होगी। सुदृढ़ीकरण एवं खरीदी जाने वाली खेल सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिये संभाग-स्तर पर सहायक संचालक (खेल), जिला खेल अधिकारी एवं खेल निरीक्षक उत्कृष्ट खिलाड़ियों, व्यायाम शिक्षकों की एक-एक समिति का गठन करेंगे। समिति संभाग में इन कार्य की निरंतर मॉनीटरिंग करेगी तथा कार्य पूरा होने के बाद उसका सत्यापन कर संचालनालय को रिपोर्ट भेजेगी।
क्रमांक 259/2030/19-01-2015                            
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
जिलों से मांगे गये मरम्मत योग्य शौचालयों के प्रस्ताव

वार्षिक कार्य-योजना में शामिल होंगे प्रस्ताव

    देवास 19 जनवरी 2015/राज्य शासन ने वार्षिक कार्य-योजना 2015-16 में शामिल करने के लिये जिलों से मरम्मत योग्य शौचालयों के प्रस्ताव माँगे हैं। इस संबंध में सभी जिला कलेक्टर को स्कूलों के मरम्मत योग्य शौचालयों के मेजर/माइनर रिपेयर्स के प्रस्ताव भेजने को कहा गया है। यदि जिले द्वारा प्रस्ताव नहीं भेजे जाते तो इसकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी जिला परियोजना समन्वयक की होगी। यह समझा जायेगा कि जिले में मरम्मत योग्य शौचालय नहीं है।
    वर्तमान में वार्षिक कार्य-योजना 2015-16 तैयार की जा रही है। इसमें जिले द्वारा चिन्हांकित मरम्मत योग्य शौचालय के सभी प्रस्ताव को मेजर/माइनर रिपेयर्स में शामिल किया जा रहा है। यह सभी जिलों के लिये अनिवार्य गतिविधि है। सहायक यंत्री/उप यंत्री द्वारा शाला में पूर्व से बने शौचालय के निरीक्षण के बाद जरूरी मरम्मत का कार्य प्रस्तावित किया जाना है। प्रस्तावित कार्यों के अलग-अलग प्राक्कलन फोटो सहित भारत सरकार की निर्धारित गाइड-लाइन के आधार पर तैयार किये जाना है। प्रस्ताव में शौचालय के निर्माण के वर्ष का उल्लेख अवश्य होना चाहिये। मेजर मरम्मत की लागत नये शौचालय की लागत का 60 प्रतिशत से अधिक नहीं होना चाहिये। शौचालय के मरम्मत योग्य कार्य के न्यूनतम 3 विभिन्न कोण से लिये गये रंगीन छायाचित्र भी प्रस्ताव के साथ लगाना होगा। शाला प्रबंध समिति एवं तकनीकी अधिकारी की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट भी प्रस्ताव के साथ भेजने को कहा गया है। तैयार प्राक्कलन की सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति भी करवाना होगी।
     प्रधानमंत्री की घोषणा के अनुसार प्रदेश की सभी शाला में बालक-बालिकाओं के लिये अलग-अलग शौचालय उपलब्ध करवाये जाना है। शौचालय उपलब्ध करवाये जाने के लिये उसकी आवश्यकता, मरम्मत योग्य शौचालय का आकलन जिले द्वारा किया जा चुका है। इसी के अनुरूप प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं।
क्रमांक 260/2031/19-01-2015                            
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
विद्यायलों में किया गया नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
बच्चों में मिली हिमोग्लोबिन की कमी
     देवास 19 जनवरी 2015/  कर्मचारी राज्य बीमा सेवाऐं मप्र द्वारा टाटा इंटरनेशनल के सहयोग से शहर के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में जारी नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण अभियान के अंतर्गत अमोना के शासकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय के सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण हीमोग्लोबिन एवं आंखों की जांच की गई। परीक्षण में चौकाने वाले तथ्य सामने आए। 200 बालिकाओं में हीमोग्लोबीन की मात्रा 06 से लेकर 10 मिग्रा तक ही पाई गई। इस तरह करीब 70 प्रतिशत बालक बालिकाओं में कम दिखाई देने की समस्या सामने आई। शिविर के दौरान 353 बच्चों का परीक्षण किया गया। सभी बालिकाओं को रूबेला टीकाकरण भी किया।
            डॉ. संजीव श्रीवास्तव प्रभारी क.रा.बी.से देवास ने बताया कि चिकित्सक दल में शामिल डॉ. विजय प्रधान नोडल अधिकारी कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं, डॉ. अल्पना शर्मा, डॉ. सुप्रीती डोंगरे, डॉ. ए. के. गुप्ता एवं डॉ. संजीव श्रीवास्तव शामिल थे। उन्होंने जांच के दौरान दो बच्चों के आंखों में मोतियाबिन्द व एक बच्चे को जन्मजात समस्या पाई। टाटा इंटरनेश्नल के श्री राकेश अग्रवाल ने बताया कि बच्चों के मोतियाबिन्द आपरेशन में होने वाला व्यय टाटा इंटरनेश्नल द्वारा किया जाएगा। उन्होनें विद्यालय भवन की विद्युत फिटिंग व छत के निर्माण की स्वीकृति दी।
     बच्चों से स्वास्थ्य पर्यावरण एवं स्वच्छता संबंधी प्रश्नोत्तरी का संचालन सुश्री अर्चना नाग एव अनिता व्यास द्वारा किया गया। अतिथियों का स्वागत श्री ओंकार सिंह मालवीय श्री प्रेमनारायण तिवारी एवं श्रीमती शांता चैरसिया ने किया। कार्यक्रम का संचालन श्री प्रदीप जोशी ने किया। आभार श्री देवेन्द्र शर्मा, श्रीमती अनिता चव्हाण ने माना।
क्रमांक 261/2032/19-01-2015                           (फोटो-संलग्न)






No comments:

Post a Comment