Friday, 30 January 2015

दिनांक - 30-01-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
बीपीएल वर्ग को आबंटित करें गंदी बस्ती योजना के आवास
कलेक्टर ने बालगढ़ क्षेत्र में आईएचएसडीपी योजना के आवासों का किया निरीक्षण
               देवास 30 जनवरी 2015/ बालगढ़ क्षेत्र में शासन की आईएचएसडीपी योजना के अंतर्गत बनाए गए आवासों को बीपीएल सूची के हितग्राहियों को आबंटित किया जाए, जिससे इनका उपयोग हो, ये खराब नहीं हों तथा शासन को राशि प्राप्त हो। ये काफी समय से बनकर पड़े हैं तथा इन्हें गंदी बस्ती के हितग्राही, जिनके लिए ये आवास बनवाए गए थे, नहीं ले रहे हैं।
               कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ये निर्देश गुरूवार को बालगढ़ क्षेत्र में आईएचएसडीपी योजना (इंट्रीगेटेड हाउसिंग प्रोग्राम फॉर स्लम ड्वैलर्स) अर्थात गंदी बस्ती में रहने वाले व्यक्तियों के लिए समेकित आवास कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम द्वारा बनाए गए आवासों के निरीक्षण के दौरान उक्त निर्देश दिए। इस अवसर पर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह, नगर निगम यंत्री श्री आशुतोष कानूनगो, श्री सुरेश व्यास  आदि उपस्थित थे।
कुल 788 आवास
      निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को निगम आयुक्त ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत देवास नगर निगम क्षेत्र में कुल 788 आवास बनाए गए हैं। इनमें से 160 आवास बालगढ़ क्षेत्र में बनाए गए हैं, जो तैयार हैं। अन्य दो स्थानों पर 440 एवं 188 आवास बनाए गए हैं।
2 लाख 40 हजार कीमत
      निगम आयुक्त ने बताया कि प्रत्येक आवास की कीमत 2 लाख 40 हजार रूपये है, जिसमें से 1 लाख रूपये का शासन द्वारा अनुदान है तथा शेष राशि बैंक द्वारा ऋण के रूप्‍ में प्रदाय की गई है। प्रत्येक आवास का क्षेत्रफल 33.76 वर्ग मीटर है, जिसमें बिल्ट अप क्षेत्र 27.80 वर्ग मीटर है। इसमें 11.28 वर्ग मीटर का एक हॉल, 8.38 वर्ग मीटर का एक कमरा, 02.53 वर्ग मीटर का एक टॉयलेट तथा 2.80 वर्ग मीटर का एक रसोई घर है।
क्रमांक 317/2088/30-01-2015                            (फोटो- संलग्न)
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
               बहुत अच्छा, कितना सुंदर है !
-------
सघन वृक्षारोपण देखकर कलेक्टर ने कहा
     देवास 30 जनवरी 2015/ बहुत अच्छा, कितना सुंदर है ! जब ये पौधे बड़े हो जाएंगे तब यहां की छटा निराली होगी। यह पूरा क्षेत्र सुरम्य, हरा-भरा एवं मनभावन हो जाएगा। इस कार्य के लिए संबंधित सभी व्यक्ति बधाई के पात्र हैं।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने गुरूवार को मां चामुंडा टेकरी के धूनी मार्ग क्षेत्र में हुए वृक्षारोपण को देखकर ये उद्गार व्यक्त किए। उन्होंने वहां पारस पीपल का पौधा भी लगाया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह, नगर निगम यंत्री श्री आशुतोष कानूनगो, श्री सुरेश व्यास एवं वन विभाग के रेंज अधिकारी आदि मौजूद थे।
हर 100 मीटर पर पानी का स्त्रोत
     टेकरी पर लगाए गए पौधों की सिंचाई के लिए सभी को ड्रिप से जोड़ा गया है तथा हर 100 मीटर पर पानी का स्त्रोत दिया गया है। इसके साथ ही इनकी देखभाल के लिए वहां पर्याप्त अमला तैनात किया गया है। कलेक्टर ने क्षेत्र के रहवासियों से चर्चा कर उन्हें लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
फूलों से बन रही पवित्र खाद
     धूनी मार्ग पर ही 4 चक्रीय वर्मी कम्पोस्ट इकाई तथा नॉडेप इकाई बनाई गई है, जिनमें टेकरी पर चढ़ावे के बाद उतरने वाले फूलों से पवित्र खाद बनाई जा रही है। खाद बनाने के लिए पर्याप्त मात्रा में फूल उपलब्ध हो रहे हैं। यह खाद अत्यंत उपजाऊ होगी।




वॉकिंग ट्रेक का कार्य प्रगति पर
     कलेक्टर द्वारा शंखद्वार से सीढ़ी मार्ग तक बनाए जा रहे वॉकिंग ट्रेक कार्य का भी निरीक्षण किया गया। कार्य तेजी से चल रहा है तथा पूर्णता की ओर है। प्रथम चरण के कार्य के अंतर्गत्‍ लगभग 400 मीटर ट्रेक बन गया है तथा उस पर सुंदर पेवर्स ब्लॉक भी लगाए जा चुके हैं। शेष 300 मीटर के प्रथम चरण के कार्य का अर्थ वर्क पूर्ण हो चुका है। तीन स्थानों पर लोहे के ब्रिज बनाए जाने का कार्य जारी है।
दीवार तोड़ी तो होगी र्कारवाई
     निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि टेकरी के नीचे चारों तरफ बनाई जा रही दीवार को वहां निवासियों ने कई स्थानों से तोड़ दिया है। इस पर कलेक्टर द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए चेतावतनी दी गई कि यदि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया सख्त कार्रवाई होगी।
3-3 के समूह में बनेंगे कियोस्क
     कलेक्टर ने बताया कि सीढ़ी मार्ग के दोनों ओर लगने वाली दुकानों के स्थान पर सुंदर एवं आकर्षक कियोस्क बनाए जाएंगे जो उन्हीं दुकानदारों को प्रदाय किए जाएंगे। ये कियोस्क 3-3 के समूह में बनाए जाएंगे। उन्होंने कार्य आरंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर को बताया गया कि टेकरी पर लगाई गई लाइट्स में टाइमर लगा दिए गए है, जिससे वे समय से जलेंगी तथा समय से अपने आप बंद हो जाएंगी।
प्रवेश द्वार पर कैमिकल से सफाई
     निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए के सीढ़ी मार्ग के प्रवेश द्वार एवं वहां दोनों बने हुए शेरों की कैमिकल से सफाई की जाए। उन्होंने वहां बनी दुकानों के सामने दुकानदारों द्वारा अनधिकृत रूप से बनाए गए शेड हटाए जाने के निर्देश दिए।
क्रमांक 318/2089/30-01-2015                          (फोटो- संलग्न)


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भुगतान नहीं हुआ पूर्ण
अजा, अजजा संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज होगी एफआईआर
     देवास 30 जनवरी 2015/ जिले में शैक्षणिक सत्र 2014-15 में समेकित छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का भुगतान कार्य पूर्ण नहीं किया गया है। साथ ही उनका प्रोफाइल रजिस्ट्रेशन तथा समग्र पोर्टल में मैपिंग का कार्य भी पूरा नहीं किया गया है। इस पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा जिले के समस्त संकुल प्राचार्यों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, जनशिक्षक एवं जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए है कि शेष कार्य 31 जनवरी तक शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए नहीं तो कार्रवाई होगी।
     कलेक्टर द्वारा इस संबंध में मप्र शासन लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशों का हवाला देते हुए चेतावनी दी गई है कि जिन शासकीय व अशासकीय शिक्षण संस्थाओं द्वारा इस कार्य में लापरवाही की जाएगी, उनके संस्था प्रधान के विरूद्ध अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति संरक्षण अधिनियम 1989 के अंतर्गत पुलिस कार्रवाई के लिए एफआईआर की जा सकती है। इसी प्रकार बैंकों द्वारा भी बैंक खातों के संबंध में लापरवाही एवं उदासीनता बरती जाने पर उनके विरूद्ध भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति संरक्षण अधिनियम 1989 के अंतर्गत पुलिस कार्रवाई की जा सकती है।
क्रमांक 319/2090/30-01-2015
लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक 02 फरवरी को
       देवास 30 जनवरी 2015/ लंबित समयावधि पत्रों की बैठक का आयोजन 02 फरवरी सोमवार को प्रातः 10.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में किया जाएगा। कलेक्टर ने सर्वसंबंधितों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
क्रमांक 320/2091/30-01-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
मतदाता की पहचान के लिए 18 दस्तावेज निर्धारित
     देवास 30 जनवरी 2015/ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों के निर्वाचन में मतदाता की पहचान स्थापित करने के लिए 18 दस्तावेज निर्धारित किये गये हैं। इसमें से कोई भी एक दस्तावेज मतदाता दिखा सकता है।
     राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री आर. परशुराम ने जानकारी दी है कि पहचान के लिए निर्धारित दस्तावेज हैं - भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदाय किया गया मतदाता पहचान-पत्र, राशन कार्ड/नीला राशन कार्ड/पीला राशन कार्ड, बेंक/किसान/डाकघर पासबुक, शस्त्र लाइसेंस, फोटो युक्त सम्पत्ति दस्तावेज जैसे पट्टा, रजिस्ट्रीकृत विलेख आदि, विकलांगता प्रमाण-पत्र, निराश्रित प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचान-पत्र (पी.ए.एन. कार्ड), राज्य/केन्द्र सरकार/ सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम/ स्थानीय निकाय या अन्य निजी औद्योगिक संस्थानों द्वारा उनके कर्मचारियों को जारी किए जाने वाले सेवा पहचान-पत्र, छात्र पहचान-पत्र, सक्षम प्राधिकारियों द्वारा जारी अ.जा./अजजा/ अन्य पिछड़ा वर्ग/अधिवासी प्रमाण-पत्र, पेंशन दस्तावेज जैसे भूतपूर्व सैनिक पेंशन अदायगी आदेश/भूतपूर्व सैनिक विधवा/आश्रित प्रमाण-पत्र, रेलवे पहचान-पत्र, स्वतंत्रता सेनानी पहचान-पत्र, फोटोयुक्त आधार कार्ड और राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी फोटोयुक्त मतदाता पर्ची। इनमें से कोई भी दस्तावेज जो परिवार के मुखिया के पास ही उपलब्ध होता है, परिवार के दूसरे सदस्यों की पहचान के लिए भी उपयोग किया जा सकेगा। इसी प्रकार से परिवार के किसी दूसरे सदस्य के नाम से कोई दस्तावेज अन्य सदस्यों की पहचान के लिए भी प्रयोग किया जा सकता है।
     पूर्व में प्रावधान था कि यदि कोई मतदाता कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहता है, तो पीठासीन अधिकारी स्थानीय शासकीय विद्यालय के शिक्षक या किसी शासकीय कर्मचारी अथवा किसी प्रतिष्ठित स्थानीय निवासी से उसकी पहचान सत्यापित कराने के बाद, उसे मत देने के लिए अधिकृत कर सकेगा। अब इस प्रावधान को निरस्त कर दिया गया है।
क्रमांक 321/2092/30-01-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना
द्वारका तीर्थ की यात्रा 7 फरवरी  से
       देवास 30 जनवरी 2015/मप्र मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत देवास जिले से द्वारका तीर्थ यात्रा 7 फरवरी से 12 फरवरी 2015 तक के लिए जाएगी। तीर्थ यात्रा में 108 तीर्थ यात्री एवं 2 अनुरक्षक जाएंगे। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने इसकी व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है।
      कलेक्टर ने तय दिनांक को तीर्थ यात्रियों को मुख्यालय रेलवे स्टेशन रवाना करने तथा वापस लौटने पर तीर्थ यात्रियों को लेने आदि के लिए श्री हरिओम श्रीवास्तव परियोजना अधिकारी जिला शहरी विभाग अभिकरण, सुश्री फरहत जहां खनिज अधिकारी, श्री विनोद कुमार चौहान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, श्री विनोद राठौर अति. तहसीलदार देवास, श्रीमती भावना सेंगर खनिज निरीक्षण देवास, सुश्री मनीषा तावड़े की ड्यूटी लगाई है। ये अधिकारी 7 फरवरी को सुबह 9.00 बजे मल्हार स्मृति मंदिर में उपस्थित होकर सभी यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर पहुंचाने की समुचित व्यवस्था करेंगे तथा वापसी पर यात्रियों को रेलवे स्टेशन से वापस लाने की व्यवस्था करेंगे।
क्रमांक 322/2093/30-01-2015



No comments:

Post a Comment